पश्चिम बंगाल के कल्याणी स्थित नए एम्स के उद्घाटन पर केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि पीएम मोदी जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। आज उन्होंने कल्याणी और देश भर में अन्य स्थानों पर एम्स का उद्घाटन किया। पश्चिम बंगाल सरकार को राज्य के लोगों के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय में काम करना चाहिए ताकि वे राजस्थान, एमपी, यूपी, असम और अन्य भाजपा शासित राज्यों के लोगों की तरह लाभ उठा सकें।
पीएम मोदी ने देश को पांच नए एम्स समर्पित किए। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि यह ऐतिहासिक घटनाओं में से एक है। वास्तव में पीएम मोदी देश को बदल रहे हैं। पश्चिम बंगाल के कल्याणी में एम्स एक मील का पत्थर है।
पीएम मोदी ने कहा कि एयरपोर्ट से लेकर इस कार्यक्रम तक आज कई लोग को देखने का मुझे सौभाग्य मिला। पुराने साथियों के चेहरे कई वर्षों बाद देखने का अवसर मिला। सभी को मैंने प्रणाम किया, क्योंकि मुझे अच्छा लगा। मैं भाजपा के राजकोट के साथियों को भी धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया।
पीएम मोदी ने कहा कि 13 हजार करोड़ रुपये की पीएम विश्वकर्मा योजना से अभी तक लाखों लोग जुड़ चुके हैं। इससे उन्हें अपने व्यापार, हुनर को बढ़ाने में मदद मिल रही है। इस योजना के मदद से गुजरात में 20 हजार से ज्यादा लोगों की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। हमारी योजनाओं से लोगों को फायदा हुआ है। हम लोगों को सम्मानित कर रहे हैं। जब हमारे साथी सशक्त होते हैं, तो विकसित भारत का मिशन सशक्त होता है। जब मोदी भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की मोदी गारंटी देता है, तो उसका लक्ष्य सबका आरोग्य और समृद्धि है। जो आज ये प्रोजेक्ट देश को मिले हैं, ये हमारे संकल्प को पूरा करेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि जन औषधी केंद्र में 80 प्रतिशत डिस्काउंट पर दवा मिलने से गरीब, मध्यम वर्गों को लाभ मिला। हमने मध्यम वर्गों पर पड़ने वाले बोझ को कम किया। उज्ज्वला योजना के जरिए भी लोगों को लाभ मिला। टैक्स पेयर को भी हमारी सरकार में लाभ मिला है। हम बिजली का बिल जीरो करने पर जुटे हैं। हम बिजली से कमाई का भी काम कर रहे हैं। देश के लोगों की योजना से बचत और कमाई भी कराएंगे। हम देश के हर परिवार को सौर ऊर्जा का उत्पादक बना रहे हैं। सूर्य और पवन ऊर्जा के बड़े प्लांट भी लगा रहे हैं। आज मैंने गुजरात के कच्छ में ऐसे प्लांट का भी उद्धाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने करोनो को कैसे हराया, इसकी चर्चा पूरी दुनिया में होती है। हम इसलिए कर पाए क्योंकि पीछे 10 वर्षों में भारत का हेल्थ सिस्टम पूरी तरह से बदल गया है। बीते दशक में एम्स, मेडिकल कॉलेज का विस्तार हुआ है। हमने छोटी-छोटी बीमारियां के लिए गांव-गांव में डेढ़ लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाएं है। आज देशभर में 706 मेडिकल कॉलेज हैं।
राजकोट स्थित सार्वजनिक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि आज के कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देश के दूसरे राज्यों से भी कई लोग जुड़े हैं। मैं उन सभी लोगों का स्वागत करता हूं। आज राजकोट के इस कार्यक्रम से राज्यों में भी विकास की कई परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजकोट में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के राजकोट, पजांब के बठिंडा, उत्तर प्रदेश के रायबरेली, पश्चिम बंगाल के कल्याणी, आंध्र प्रदेश के मंगलागिरी में बने नई एम्स को राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजकोट में 48,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजकोट में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचकर लोगों का अभिवादन किया, जहां कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के राजकोट में रोड शो किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा 'हमने वो दिन देखें हैं, जब सौराष्ट के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करते थे। नदियों का पानी सौराष्ट्र और कच्छ लाया गया। कांग्रेस ने मेरी आलोचना की, लेकिन आज सौराष्ट्र नर्मदा अवतरण सिंचाई योजना से सौराष्ट्र की कायापलट कर दी है। 1300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई, जो इतनी चौड़ी है कि इससे कार भी गुजर सकती है। सैंकड़ों गांवों के पास अब पानी है।'
प्रधानमंत्री ने कहा 'जब आपने मुझे दिल्ली भेजा तो मैंने वादा किया था कि देश को और लुटने नहीं दूंगा। कांग्रेस के समय हुए हजारों करोड़ के घोटालों पर रोक लगी। बीते 10 वर्षों में देश पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। पूरे देश में निर्माण कार्य हो रहे हैं। हमारे तीर्थ स्थल आधुनिक हो रहे हैं। भारत के मेगा प्रोजेक्ट्स से दुनिया में भारत की छवि तेजी से उभर रही है।'
प्रधानमंत्री ने कहा 'जब मैंने नया भारत बनाने की गारंटी दी तो विपक्ष मुझे गाली देने लगा और इसे नकार दिया। आज सभी लोग नए भारत को अपनी आंखों के सामने बनते देख रहे हैं। जिन्होंने लंबे समय से देश पर राज किया, उनके पास इच्छा शक्ति ही नहीं थी, उनकी सोच सिर्फ आम जनता को बातें सुनाने की ही थी। कांग्रेस ने सिर्फ एक परिवार को समृद्ध किया। उनकी सारी सोच सिर्फ पांच साल के लिए सरकार बनाने और घोटालों को छिपाने तक सीमित थी। 2014 से पहले वे भारत को 11वीं अर्थव्यवस्था बना पाए। जिस बजट से इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होना चाहिए था, उसे घोटालों के जरिए लूटा गया। कांग्रेस ने 2जी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला, सबमरीन घोटाला किया। कांग्रेस ने देश की हर जरूरत से मुंह फेरा।'
प्रधानमंत्री मोदी ने आज द्वारकाधीश मंदिर में पूजा अर्चना भी की और वहां द्वारका शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज का आशीर्वाद भी लिया।
पीएम मोदी ने आज सुदर्शन सेतु का उद्घाटन किया। इस पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा यह पुल सिर्फ एक सुविधा नहीं है बल्कि ये इंजीनयरिंग का अद्भुत नमूना भी है। निर्माण इंजीनयिरिंग के छात्रों को यहां आकर सुदर्शन सेतु को देखना चाहिए। यह भारत का सबसे लंबा केबल पुल है।
समुद्र में डूबी द्वारका नगरी के दर्शन के अनुभव को साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'आज जो मैंने अनुभव किया, वो हमेशा मेरे साथ रहेगा। मैं समुद्र के भीतर गया और प्राचीन द्वारका नगरी के दर्शन किए। पुरातत्वविदों ने द्वारका के बारे में काफी कुछ लिखा है। हमारे धार्मिक ग्रंथों में भी बताया गया है कि द्वारका में ऊंची ऊंची इमारतें थी और सुंदर दरवाजे थे। समुद्र के भीतर मैंने दिव्यता का अनुभव किया। मैंने द्वारकाधीश के सामने शीश झुकाया। मैं मोर के पंख भी अपने साथ लेकर गया था और उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में समर्पित किया। मैं हमेशा से वहां जाने का इच्छुक था और द्वारका नगरी के अवशेषों को छूना चाहता था, आज मैं भावुक हूं क्योंकि मेरा दशकों पुराना सपना पूरा हो गया है।'
प्रधानमंत्री ने द्वारका में चार हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'अहीर माताओं को मैं उनके आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देता हूं। कुछ दिनों पहले एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें 37 हजार अहीर महिलाओं ने साथ में गरबा किया। मैंने भगवान श्रीकृष्ण की कार्यस्थली द्वारका धाम में शीश झुकाया। यहां सबकुछ भगवान श्रीकृष्ण की मर्जी से ही होता है।'
प्रधानमंत्री मोदी ने समुद्र में डूबी भगवान श्रीकृष्ण की प्राचीन नगरी द्वारका के दर्शन किए। अपने इस अनुभव को उन्होंने आलौकिक बताया।
पीएम मोदी ने द्वारकाधीश मंदिर में पूजा अर्चना की। इससे पहले प्रधानमंत्री ने बेट द्वारका मंदिर में भी दर्शन पूजन किए।
थोड़ी देर में द्वारकाधीश मंदिर पहुंचेंगे पीएम मोदी। पीएम मोदी द्वारका में 4150 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, वह सुबह करीब 9.30 बजे द्वारकाधीश मंदिर जाएंगे। दोपहर करीब एक बजे द्वारका में 4,150 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे एम्स राजकोट जाएंगे। रेसकोर्स ग्राउंड, राजकोट में लगभग 4:30 बजे 48,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारका में बने सुदर्शन सेतु पहुंच गए हैं। यह देश का सबसे लंबा केबल ब्रिज है, जो कि 2.32 किलोमीटर लंबा है। यह पुल ओखा को बेट द्वारका मंदिर से जोड़ेगा। प्रधानमंत्री ने इस पुल को जनता को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे बेट द्वारका मंदिर में पूजा और दर्शन किए। प्रधानमंत्री काफी देर तक मंदिर परिसर में रहे। ऐसा माना जाता है कि द्वारका का बेट मंदिर ही भगवान श्रीकृष्ण का घर था और यहीं पर भगवान श्रीकृष्ण की अपने मित्र सुदामा से भेंट हुई थी। इस मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की प्रतिमाओं की पूजा होती है। ऐसी मान्यता है कि द्वारका यात्रा का पूरा फल तभी मिलता है, जब श्रद्धालु बेट द्वारका मंदिर जाते हैं।