फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pm Modi Gujarat Visit Live: PM बोले- EV से देश में आएगी साइलेंट क्रांति, 2070 के लिए ‘नेट जीरो’ का लक्ष्य तय

Sun, 28 Aug 2022 09:03 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुज

खास बातें

पीएम मोदी ने गुजरात के भुज में स्मृतिवन स्मारक का उद्घाटन किया। यह स्मारक भुज में 2001 में आए भयानक भूकंप में जान गंवाने वाले 13 हजार लोगों की याद में बनाया गया है। साथ ही करीब 470 एकड़ इलाके में बना यह स्मारक इस दिल दहला देने वाली त्रासदी से उबरने के लोगों के जज्बे को भी दर्शाता है।
विज्ञापन
पीएम मोदी ने सुजुकी EV बैटरी प्लांट की आधारशिला रखी। - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:32 AM, 28-Aug-2022

गुजरात के बयान पर कांग्रेस ने पीएम मोदी पर कसा तंज

कांग्रेस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'गुजरात को बदनाम करने की साजिश' वाले बयान पर पलटवार किया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कि सच्चाई यह है कि उनके मुख्यमंत्री बनने से बहुत पहले ही राज्य एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरा था।

इस साल के अंत में होने वाले गुजरात चुनाव से पहले कच्छ जिले में विकास कार्यों का उद्घाटन और आधारशिला रखने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुजरात को बदनाम करने और उनके गृह राज्य में निवेश रोकने की साजिशें हुई हैं, लेकिन राज्य ने उनकी अनदेखी की और प्रगति का एक नया मार्ग प्रशस्त किया। 

उनके इस बयान पर कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने से बहुत पहले ही गुजरात उद्यम की भावना के कारण एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरा था।

07:01 AM, 28-Aug-2022

सुजुकी की सफलता का श्रेय भारत सरकार के समर्थन को- पीएम फुमियो किशिदा

भारत में सुजुकी के 40 साल पूरे होने पर जापान के पीएम फुमियो किशिदा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम मारुति सुजुकी की सफलता का श्रेय भारत के लोगों और भारत सरकार के समर्थन को देते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व द्वारा निर्देशित विनिर्माण क्षेत्र के लिए विभिन्न सहायता उपायों के कारण भारतीय आर्थिक विकास में और तेजी आई है। 

उन्होंने ये भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वे जापान-भारत विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और विकसित करने और स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक को साकार करने के लिए प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

06:07 AM, 28-Aug-2022

2070 के लिए ‘नेट ज़ीरो’ का लक्ष्य तय किया 

भारत ने COP-26 में ये घोषणा की है कि वो 2030 तक अपनी स्थापित विद्युत क्षमता का 50% क्षमता गैर जीवाश्म स्त्रोतों से हासिल करेगा। उन्होंने ये भी कहा कि हमने 2070 के लिए ‘नेट ज़ीरो’ का लक्ष्य तय किया है। 

विज्ञापन
06:02 AM, 28-Aug-2022

गुजरात और जापान के बीच का रिश्ता डिप्लोमैटिक दायरों से भी ऊंचा

पीएम ने कहा कि गुजरात और जापान के बीच जो रिश्ता रहा है, वो डिप्लोमैटिक दायरों से भी ऊंचा रहा है। मुझे याद है जब 2009 में Vibrant Gujarat Summit का आयोजन शुरू हुआ था, तभी से जापान इसके साथ एक पार्टनर कंट्री के तौर पर जुड़ गया था। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की एक बड़ी खासियत ये होती है कि वो शांत होते हैं। 2 पहिया हो या 4 पहिया, वो कोई शोर नहीं करते। ये शांति केवल इसकी इंजीन्यरिंग का ही नहीं है, बल्कि ये देश में एक साइलेंट क्रांति के आने की शुरुआत भी है।

06:00 AM, 28-Aug-2022

गुजरात के लोग आबे शान को करते हैं याद

अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि आबे शान जब गुजरात आए थे, उन्होंने जो समय यहां बिताया था, उसे गुजरात के लोग बहुत आत्मीयता से याद करते हैं। हमारे देशों को और करीब लाने के लिए जो प्रयास उन्होंने किए थे, आज पीएम किशिदा उसे आगे बढ़ा रहे हैं।

विज्ञापन
05:57 AM, 28-Aug-2022

मारुति-सुज़ुकी की सफलता भारत-जापान की मजबूत पार्टनरशिप का प्रतीक

सुजुकी के भारत में 40 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी ने कहा कि मारुति-सुज़ुकी की सफलता भारत-जापान की मजबूत पार्टनरशिप का भी प्रतीक है। बीते आठ वर्षों में तो हम दोनों देशों के बीच ये रिश्ते नई ऊंचाइयों तक गए हैं।
 

05:54 AM, 28-Aug-2022

शिंजो आबे को किया याद

पीएम मोदी ने कहा कि आज गुजरात-महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन से लेकर यूपी में बनारस के रुद्राक्ष सेंटर तक, विकास की कितनी ही परियोजनाएं भारत-जापान दोस्ती का उदाहरण हैं। इस दोस्ती की जब बात होती है, तो हर एक भारतवासी को हमारे मित्र पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय शिंजो आबे जी की याद जरूर आती है। 

05:35 AM, 28-Aug-2022

पीएम मोदी ने रखी सुजुकी EV बैटरी प्लांट की आधारशिला

भारत में सुजुकी कंपनी के 40 साल पूरे होने के मौके पर गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के लिए मारुति सुजुकी वाहन निर्माण सुविधा और गुजरात के हंसलपुर के लिए सुजुकी EV बैटरी प्लांट की आधारशिला रखी।
 

05:00 AM, 28-Aug-2022

पीएम मोदी और सीएम पटेल कार्यक्रम में हुए शामिल

भारत में सुजुकी कंपनी के 40 साल पूरे होने के मौके पर गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शामिल हुए। 
 

03:40 AM, 28-Aug-2022

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया भुज में चेक डैम का दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भुज में चेक डैम का दौरा किया।
 

02:11 PM, 28-Aug-2022

कच्छ का विकास, सबका प्रयास से सार्थक परिवर्तन का एक उत्तम उदाहरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कच्छ का विकास, सबका प्रयास से सार्थक परिवर्तन का एक उत्तम उदाहरण है। कच्छ सिर्फ एक स्थान नहीं है, बल्कि ये एक स्पिरिट है, एक जीती-जागती भावना है। ये वो भावना है, जो हमें आजादी के अमृतकाल के विराट संकल्पों की सिद्धि का रास्ता दिखाती है।

02:09 PM, 28-Aug-2022

कच्छ में बोले पीएम- आपदा से गुजरात निपट ही रहा था कि साजिशों का दौर शुरू हो गया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक दौर था जब गुजरात पर एक के बाद एक संकट आ रहे थे। प्राकृतिक आपदा से गुजरात निपट ही रहा था, कि साजिशों का दौर शुरू हो गया। देश और दुनिया में गुजरात को बदनाम करने के लिए, यहां निवेश को रोकने के लिए एक के बाद एक साजिशें की गईं। ऐसी स्थिति में भी गुजरात देश में आपदा प्रबंधन एक्ट बनाने वाला पहला राज्य बना। इसी एक्ट की प्रेरणा से पूरे देश के लिए भी ऐसा ही कानून बना। 

02:05 PM, 28-Aug-2022

2001 में पूरी तरह तबाह होने के बाद से कच्छ में जो काम हुए हैं, वो अकल्पनीय

पीएम मोदी ने कहा कि 2001 में पूरी तरह तबाह होने के बाद से कच्छ में जो काम हुए हैं, वो अकल्पनीय हैं। कच्छ में 2003 में क्रांतिगुरू श्यामजी कृष्णवर्मा यूनिवर्सिटी बनी तो वहीं 35 से भी ज्यादा नए कॉलेजों की भी स्थापना की गई है

02:04 PM, 28-Aug-2022

पीएम बोले- आज मैं फिर कहता हूं कि 2047 में भारत विकसित देश बनेगा

पीएम मोदी ने कहा कि साल 2001 में कच्छ में भूकंप के बाद मुश्किल भरे उन दिनों में मैंने बड़े आत्मविश्वास से कहा था कि 'हम आपदा को अवसर में बदल के रहेंगे। मैंने ये भी कहा था कि आपको जो 'रण' दिखता है, मुझे उसमें भारत का 'तोरण' दिखता है। आज मैं कहता हूं कि 2047 में भारत 'विकसित देश' बनेगा।

01:58 PM, 28-Aug-2022

26 जनवरी को जब कच्छ में भूकंप आया था तब मैं दिल्ली में था: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 26 जनवरी को जब कच्छ में भूकंप  आया था तब मैं दिल्ली में था और उसके दूसरे दिन ही मैं कच्छ पहुंच गया था। तब मैं सीएम नहीं था एक साधारण सा कार्यकर्ता था। मुझे नहीं पता था कि मैं कैसे और कितने लोगों की मदद कर पाऊंगा। लेकिन मैंने ये तय किया कि मैं यहां आप सबके बीच में रहूंगा। 


 

01:56 PM, 28-Aug-2022

आज कच्छ के विकास से जुड़े 4,000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास 

पीएम मोदी ने कहा कि आज कच्छ के विकास से जुड़े 4,000 करोड़ रुपये से अधिक के अन्य प्रोजेक्ट्स का भी शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इनमें पानी, बिजली, सड़क और डेयरी से जुड़े प्रोजेक्ट हैं। ये गुजरात के कच्छ के विकास के लिए डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।  

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में भुज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पटेल ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता और नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेता मेधा पाटकर एक "शहरी नक्सल" थीं, जिन्हें राजनीतिक समर्थन भी मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि ''शहरी नक्सलियों'' ने नर्मदा नदी पर बने महत्वाकांक्षी सरदार सरोवर बांध का विरोध किया है ताकि राज्य और कच्छ क्षेत्र को पानी और विकास से वंचित किया जा सके। "वे शहरी नक्सली गुजरात और कच्छ के भी खिलाफ थे। उन्होंने गुजरात और कच्छ को विकास से वंचित करने की बहुत कोशिश की।
 

01:53 PM, 28-Aug-2022

पीएम मोदी बोले- स्मृतिवन स्मारक पूरे देश की साझी वेदना का प्रतीक

पीएम मोदी ने कहा कि आज मन बहुत सारी भावनाओं से भरा हुआ है। भुज में स्मृतिवन स्मारक और अंजार में वीर बालक स्मारक का लोकार्पण कच्छ की, गुजरात की और पूरे देश की साझी वेदना का प्रतीक है। इनके निर्माण में सिर्फ पसीना ही नहीं बल्कि कितने ही परिवारों के आंसुओं ने भी इसके पत्थरों को सींचा है। 
 

12:24 PM, 28-Aug-2022

संग्रहालय में 5डी सिम्युलेटर की मदद

उद्घाटन के बाद पीएम मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ, संग्रहालय परिसर के अंदर चले गए, जहां अधिकारियों और टूर गाइड ने उन्हें इसके विभिन्न पहलुओं के बारे में बताया। इसमें 5डी सिम्युलेटर की मदद से भूकंप के अनुभव को फिर से जीने के लिए एक ब्लॉक और लोगों के लिए खोई हुई आत्माओं को श्रद्धांजलि देने के लिए एक अन्य ब्लॉक भी है।

12:18 PM, 28-Aug-2022

भूकंप में जान गंवाने वाले लोगों को एक श्रद्धांजलि: पीएम मोदी

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि स्मृति वन भूकंप में जान गंवाने वाले लोगों को एक श्रद्धांजलि है।

10:56 AM, 28-Aug-2022

सुबह 11.30 में जनसभा को करेंगे संबोधित

इसके बाद सुबह 11.30 बजे श्यामजी कृष्ण वर्मा यूनिवर्सिटी ग्राउंड में होने वाले जन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और फिर दोपहर 2.30 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से राजभवन लौटेंगे।  शाम 5.30 बजे गांधीनगर के महात्मा मंदिर में  भारत में सुजुकी के 40 वर्ष' के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। 

10:31 AM, 28-Aug-2022

Pm Modi Gujarat Visit Live: PM बोले- EV से देश में आएगी साइलेंट क्रांति, 2070 के लिए ‘नेट जीरो’ का लक्ष्य तय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन कच्छ जिले स्थित भुज पहुंचे जहां उन्होंने रोड शो कर जनता का अभिवादन किया। रोड शो के बाद उन्होंने स्मृतिवन स्मारक का उद्घाटन भी किया जिसे 2001 के भूकंप में अपनी जान गंवाने वालों की स्मृति के सम्मान में बनाया गया था। साथ ही करीब 470 एकड़ इलाके में बना यह स्मारक इस दिल दहला देने वाली त्रासदी से उबरने के लोगों के जज्बे को भी दर्शाता है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें