फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Visit LIVE: पीएम मोदी ने की भारतीय समुदाय की तारीफ, राष्ट्रपति प्राबोवो बोले- हम भारत से सीख रहे हैं

Tue, 07 Jul 2026 07:37 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

PM Modi Indonesia Visit News Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भव्य स्वागत हुआ। पीएम मोदी के विशेष स्वागत के दौरान वाहनों का काफिला और घुड़सवारों की टुकड़ी भी दिखी। आज दोनों देशों के बीच ब्रह्मोस मिसाइल से जुड़ा अहम समझौता हो सकता है। विदेश दौरे के पहले चरण में पीएम किन कार्यक्रमों में शामिल होंगे? आगे कि योजनाएं क्या हैं? अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में जानिए ऐसे तमाम अपडेट्स...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:23 PM, 07-Jul-2026

'इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान 140 करोड़ भारतीयों के लिए है'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कहा, 'आज सुबह मुझे इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित होने का सौभाग्य मिला। यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों के लिए है। यह आप सभी के लिए, यानी भारतीय समुदाय के सदस्यों के लिए सम्मान है। यह पुरस्कार इंडोनेशिया और भारत के बीच गहरी दोस्ती का एक और प्रतीक है'।

07:17 PM, 07-Jul-2026

'कुछ कुछ होता है' गीत यहां बहुत लोकप्रिय है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कहा, 'मैं राष्ट्रपति प्राबोवो का उनकी बातों के लिए दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। महामहिम, आप भारत के सच्चे दोस्त हैं। यहां आने के लिए आपका धन्यवाद। इंडोनेशिया के लोगों ने मुझे जो प्यार और अपनापन दिया है, उससे मैं अभिभूत हूं; इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है... मैंने हर चेहरे पर भारत के लिए प्यार, सम्मान और गहरे जुड़ाव की भावना देखी'। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, 'मैंने देखा कि बॉलीवुड का गाना 'कुछ कुछ होता है' यहां बहुत लोकप्रिय है। आज मैंने राष्ट्रपति प्राबोवो से कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो यह सिर्फ़ 'कुछ कुछ' से कहीं आगे बढ़कर 'बहुत कुछ होता है' तक पहुंच जाता है'।


07:15 PM, 07-Jul-2026

मैं नरेंद्र मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक- राष्ट्रपति सुबियांतो

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने कहा, 'मैं भारत की घरेलू राजनीति में शामिल नहीं होना चाहता। मैं सभी भारतीयों का दोस्त हूं, लेकिन एक बात जरूर कहना चाहूंगा - और मेरे करीबी साथी और सहयोगी भी इस बात की गवाही देंगे - कि मैं नरेंद्र मोदी जी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मैं कोई पेशेवर राजनेता नहीं हूं। इसका सबूत यह है कि मैंने पांच आम चुनावों में हिस्सा लिया और चार बार हारा... राष्ट्रपति बनने से पहले ही मैंने प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) की नीतियों का अध्ययन किया था और चूंकि उन पर कोई कॉपीराइट नहीं है, इसलिए मैंने उनकी कई नीतियों को अपनाया। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत उदारता से मुझे उनकी नीतियों को अपनाने की अनुमति दी। इसलिए मुझ पर किसी अदालत में मुकदमा नहीं चलाया जा सकता'। सुबियांतो ने आगे कहा, 'इंडोनेशिया के लोगों को भारत के अनुभव से सीखना चाहिए। हमारी सभ्यता और संस्कृति पर भारतीय सभ्यता का गहरा प्रभाव है। हमारी भाषा का लगभग 50% हिस्सा संस्कृत से आया है। हमारे बहुत से नाम संस्कृत के हैं। इसलिए, हमारे बीच एक करीबी रिश्ता है और हम और भी करीबी सहयोग का स्वागत करते हैं'।

विज्ञापन
07:10 PM, 07-Jul-2026

'भारतीय संगीत सुनते ही मेरा शरीर थिरकने लगता है'

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने इस दौरान कहा, 'भारत की राजकीय यात्रा पर आने से ठीक पहले, मैंने जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट करवाया था। मैंने अपना डीएनए टेस्ट करवाया और मुझे पता चला कि मुझमें भारतीय डीएनए है। और इसीलिए मुझे लगता है कि जब भी मैं कोई संगीत सुनता हूं, खासकर भारतीय संगीत, तो मेरा शरीर थिरकने लगता है'।
 

07:01 PM, 07-Jul-2026

मेरे ज्यादातर मंत्री भारतीय गाने बहुत अच्छे से गाते हैं- सुबियांतो

इस दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने कहा, 'मेरे मंत्री और जनरल, सभी को नाचना और गाना पसंद है। हो सकता है कि उनमें से ज्यादातर लोगों में भारतीय डीएनए हो। मेरे ज्यादातर मंत्री भारतीय गाने बहुत अच्छे से गाते हैं'। उन्होंने यह भी कहा, 'हम भारत के चुनाव आयोग से बहुत बारीकी से सीख रहे हैं। सच कहूं तो, हम भारत को 1.4 अरब लोगों वाले देश के तौर पर देखते हैं। वहां हमारी तरह ही कई जातीय समूह और अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाएं हैं, फिर भी कई राज्यों और खुद भारत संघ में इतने वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से सरकार का बदलाव होता रहा है। यह एक शानदार उपलब्धि है। मैं भी इसका अध्ययन कर रहा हूं और भारत की इन शानदार उपलब्धियों का अनुसरण कर रहा हूं'।
 

विज्ञापन
06:56 PM, 07-Jul-2026

इंडोनेशिया में भी फुटबॉल के लिए बहुत जुनून है- पीएम मोदी

जकार्ता में एक सामुदायिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आजकल पूरी दुनिया में फुटबॉल का बुखार छाया हुआ है। यहां इंडोनेशिया में भी फुटबॉल के लिए बहुत जुनून है, और यह साफ है कि आप सभी वही ऊर्जा और उत्साह अपने साथ यहां लाए हैं। एक दिलचस्प संयोग भी है... जब भी मैं इंडोनेशिया आया हूं, यहां फीफा वर्ल्ड कप का उत्साह देखने को मिला है। पहला कार्यक्रम 2018 में जकार्ता में हुआ था, फिर हम 2022 में बाली में मिले, और अब 2026 में हम एक बार फिर जकार्ता में मिल रहे हैं। इन तीनों मौकों पर इंडोनेशिया में फुटबॉल की धूम रही है। इंडोनेशिया में इन तीनों कार्यक्रम के 'मैन ऑफ द मैच' एक ही हैं: आप सभी जो यहां इंडोनेशिया में रहते हैं। आप सभी 'मैन ऑफ द मैच' हैं'।
 

03:50 PM, 07-Jul-2026

आतंकवाद के खिलाफ भारत-इंडोनेशिया साथ खड़े हैं- पीएम मोदी

इंडोनेशिया की संसद को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यह भी कहा कि आतंकवाद जैसे मुद्दों पर भारत और इंडोनेशिया हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद इंडोनेशिया ने मजबूती से भारत का समर्थन किया था। पीएम मोदी ने इसके लिए इंडोनेशिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों देश संयुक्त कार्य समूह (जॉइंट वर्किंग ग्रुप) के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम कर रहे हैं और इस सहयोग को आगे भी मजबूत किया जाएगा।

03:47 PM, 07-Jul-2026

भारत और इंडोनेशिया भविष्य के स्वाभाविक साझेदार

संसद को संबोधित करते हुए कहा आगे कि भारत और इंडोनेशिया दुनिया के सबसे युवा समाजों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश प्रमुख समुद्री शक्तियां हैं और ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज बनकर उभरे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों प्राचीन सभ्यताएं हैं और भविष्य के लिए स्वाभाविक साझेदार हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।

03:37 PM, 07-Jul-2026

इंडोनेशिया की संसद में पीएम मोदी ने किया नेहरू का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि 1950 में जब भारत ने अपना पहला गणतंत्र दिवस मनाया था, तब उस समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति सुकार्णो थे। उस दौर में बांडुंग सम्मेलन में राष्ट्रपति सुकार्णो और प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया था कि स्वतंत्र देशों को अपने फैसले स्वयं लेने का अधिकार है।
 

03:34 PM, 07-Jul-2026

समुद्र शेयर नहीं करते, हमारी हिस्ट्री भी शेयर्ड है- पीएम मोदी

इंडिया और इंडोनेशिया सिर्फ समुद्र शेयर नहीं करते, हमारी हिस्ट्री भी शेयर्ड है। हमारा संबंध वायांग नृत्य और संगीत से है। हम बोरोबुदुर और प्रामबानन जैसी अद्भुत स्मारकों से जुड़े हैं, हम इंडोनेशिया के राष्ट्रीय प्रतीक गरुड़ से जुड़े हैं, हम बाली के जात्रा के उत्सव और उसके उल्लास से जुड़े हैं। जब हम स्वाद की बात करते हैं तो क्रुपुक और पापड़ है, कौन ज्यादा क्रंची है, ये कहना कठिन हो जाता है, लेकिन ये बात तो तय है कि मसाला और बुंबू दोनों हमारे जीवन में फ्लेवर लाते हैं।

03:30 PM, 07-Jul-2026

रामायण और महाभारत से जुड़ा है भारत-इंडोनेशिया का रिश्ता- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में कहा कि भारत और इंडोनेशिया का रिश्ता सदियों पुराना है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की साझा विरासत रामायण और महाभारत से जुड़ी है। पीएम मोदी ने कहा कि नालंदा की ज्ञान परंपरा ने भी दोनों देशों को जोड़ा है। उन्होंने बोरोबुदुर और प्रम्बानन जैसे ऐतिहासिक स्मारकों का जिक्र करते हुए कहा कि यही साझा सांस्कृतिक विरासत भारत और इंडोनेशिया की दोस्ती को और मजबूत बनाती है।
 

03:26 PM, 07-Jul-2026

भारत विस्तारवाद नहीं, विकासवाद में विश्वास रखता है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में कहा कि भारत विस्तारवाद नहीं, बल्कि विकासवाद में विश्वास रखने वाला देश है। उन्होंने कहा कि भारत का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास है और इसी सोच के साथ वह दुनिया के देशों के साथ आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि यही मंत्र भारत की नीतियों और वैश्विक सहयोग की दिशा तय करता है।

03:22 PM, 07-Jul-2026

राष्ट्रपति प्रबोवो से दोस्ती सबसे ऊपर- पीएम मोदी

उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की उस टिप्पणी का भी जवाब दिया, जिसमें उन्होंने मोदी की योजनाओं को अपनाने और उन पर कॉपीराइट नहीं होने की बात कही थी। पीएम मोदी ने कहा कि सम्मान पर किसी का कॉपीराइट नहीं हो सकता। राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ मेरी दोस्ती कॉपीराइट की सीमाओं से भी परे है। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

03:15 PM, 07-Jul-2026

'यहां मिला स्नेह जीवनभर नहीं भूलूंगा', इंडोनेशिया की संसद में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 140 करोड़ भारतीयों का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जननी भारत की ओर से वह सभी को शुभकामनाएं देते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया के लोगों, बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने इस दिन को उनके जीवन के सबसे यादगार दिनों में शामिल कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस आत्मीयता और प्रेम के साथ उनका स्वागत किया गया, उसे वह कभी नहीं भूल पाएंगे।
 

03:10 PM, 07-Jul-2026

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति पीएम मोदी की तारीफ में क्या बोले?

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने जकार्ता में आयोजित राजकीय भोज के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से मोदी के कामकाज पर नजर रखते रहे हैं और उनकी कई सफल योजनाओं को इंडोनेशिया में अपनाया है। प्रबोवो ने मुस्कुराते हुए कहा कि मुझे खुशी है कि आपके कार्यक्रमों पर कोई कॉपीराइट नहीं है। उन्होंने बताया कि हाल ही में इंडोनेशिया का एक दल भारत की विभिन्न संस्थाओं और योजनाओं का अध्ययन कर लौटा है। उनके इस बयान पर समारोह में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं।

12:09 PM, 07-Jul-2026

पीएम मोदी को अबतक कितने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले?

क्रमांक वर्ष/माह देश सम्मान
1 अप्रैल 2016 सऊदी अरब ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअजीज
2 जून 2016 अफगानिस्तान स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान
3 फरवरी 2018 फलस्तीन ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन
4 अप्रैल 2019 संयुक्त अरब अमीरात ऑर्डर ऑफ जायद
5 अप्रैल 2019 रूस ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल
6 जून 2019 मालदीव ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश्ड रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन
7 अगस्त 2019 बहरीन किंग हमद ऑर्डर ऑफ द रिनेसां
8 दिसंबर 2020 अमेरिका लीजन ऑफ मेरिट
9 मई 2023 पापुआ न्यू गिनी ऑर्डर ऑफ लोगोहू
10 मई 2023 फिजी कंपैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी
11 जून 2023 मिस्र ऑर्डर ऑफ द नाइल
12 जुलाई 2023 फ्रांस ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर
13 अगस्त 2023 ग्रीस ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर
14 मार्च 2024 भूटान ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो
15 नवंबर 2024 नाइजीरिया ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर
16 नवंबर 2024 डोमिनिका डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर
17 नवंबर 2024 गुयाना ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस
18 दिसंबर 2024 कुवैत ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर
19 मार्च 2025 मॉरीशस ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन
20 मार्च 2025 बारबाडोस ऑर्डर ऑफ फ्रीडम
21 जून 2025 साइप्रस ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ माकारियोस तृतीय
22 जुलाई 2025 घाना ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना
23 जुलाई 2025 त्रिनिदाद और टोबैगो ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो
24 जुलाई 2025 ब्राजील ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस
25 जुलाई 2025 नामीबिया ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेलविट्स्चिया मिराबिलिस
26 दिसंबर 2025 ओमान ऑर्डर ऑफ ओमान (प्रथम श्रेणी)
27 फरवरी 2026 इस्राइल नेसेट स्पीकर पदक
28 जून 2026 स्लोवाकिया ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी)
29 2026 नॉर्वे रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट का ग्रैंड क्रॉस
30 2026 स्वीडन रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार
31 2026 इथियोपिया ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया
32 2026 श्रीलंका मित्र विभूषण
33 2026 पलाऊ गणराज्य एबाकल पुरस्कार
34 जुलाई 2026 इंडोनेशिया बिंतांग आदिपूर्णा (इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान)

11:30 AM, 07-Jul-2026

भारत-इंडोनेशिया के बीच हुए प्रमुख समझौते और सहयोग

  • अस्त्र एयर-टू-एयर मिसाइल की खरीद
इंडोनेशिया ने भारत में विकसित अस्त्र एयर-टू-एयर मिसाइल खरीदने का फैसला किया।
 
  • ब्रह्मोस मिसाइल सहयोग का विस्तार
भारत, इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली की अतिरिक्त बैटरियां उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा।
 
  • रक्षा सहयोग को मजबूत करना
दोनों देशों ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति जताई।
 
  • इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम में सहयोग
भारत, इंडोनेशिया की जरूरतों के अनुसार विशेष ईवीएम विकसित करने में मदद करेगा।
 
  • महत्वपूर्ण खनिज में निवेश
भारत, इंडोनेशिया में स्टील, निकेल और रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट के विनिर्माण में निवेश करेगा।
 
  • सबांग बंदरगाह का संयुक्त विकास
दोनों देश सबांग पोर्ट को संयुक्त रूप से विकसित करेंगे, जिससे समुद्री संपर्क और रणनीतिक सहयोग बढ़ेगा।
 
  • समुद्री सुरक्षा सहयोग
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और समुद्री संपर्क को मजबूत करने पर सहमति बनी।
 
  • रणनीतिक बुनियादी ढांचे का विकास
दोनों देशों ने रणनीतिक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया।
 
  • व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना
2018 में बने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर दोनों नेताओं ने सहमति जताई।
 
  • प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग
रक्षा, समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, चुनावी तकनीक और रणनीतिक बुनियादी ढांचे सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

11:16 AM, 07-Jul-2026

सर्वोच्च सम्मान पर पीएम मोदी बोले- यह सम्मान करोड़ों भारतीयों का है

इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा' से सम्मानित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश के करोड़ों भारतीयों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज सुबह मुझे बड़े स्नेह और सम्मान के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान दिया गया। यह सम्मान करोड़ों भारतीयों का है। यह भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक और गहरे रिश्तों का प्रतीक है। अब हमारे रिश्ते वैश्विक स्तर पर भी आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने टैगोर को भी याद किया।

11:10 AM, 07-Jul-2026

इंडोनेशिया ने पीएम मोदी को दिया सर्वोच्च नागरिक सम्मान

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा' (Bintang Adipurna)  से सम्मानित किए जाने की घोषणा की। यह सम्मान दोनों देशों के बीच मजबूत होते रणनीतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है। राष्ट्रपति सुबियांतो ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों को नई ऊंचाई देने में प्रधानमंत्री मोदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह सम्मान इंडोनेशिया की ओर से विदेशी नेताओं को दिए जाने वाले सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल है। 

10:55 AM, 07-Jul-2026

जकार्ता में बच्चों ने लहराए भारत-इंडोनेशिया के झंडे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के दौरान बच्चों ने हाथों में भारत और इंडोनेशिया के राष्ट्रीय ध्वज लहराकर पीएम मोदी का अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों देशों की मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों की झलक भी देखने को मिली। बच्चों का उत्साह और गर्मजोशी से किया गया स्वागत समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय सहयोग को नई मजबूती देने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

10:53 AM, 07-Jul-2026

पीएम मोदी ने इंडोनेशिया का जताया आभार

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने इस स्वागत के लिए इंडोनेशिया का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने स्वागत की कुछ झलकियां भी साझा कीं। प्रधानमंत्री ने लिखा, इस्ताना मर्देका में गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद। उनके स्वागत के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। पीएम मोदी की इस यात्रा को भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

10:27 AM, 07-Jul-2026

PM मोदी की इंडोनेशिया यात्रा से क्या मायने?

  • भारत के चुनाव प्रबंधन मॉडल को बड़ी मान्यता, इंडोनेशिया के लिए भारतीय सहयोग से ईवीएम विकसित की जाएंगी।
  • ऑपरेशन सिंदूर में प्रदर्शन के बाद इंडोनेशिया ने भारत की अस्त्र (Astra) एयर-टू-एयर मिसाइल खरीदने का फैसला किया।
  • महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति मजबूत करने के लिए भारत इंडोनेशिया में स्टील, निकेल और रेयर अर्थ मैग्नेट निर्माण में निवेश करेगा।
  • इंडोनेशिया अपने ब्रह्मोस मिसाइल बेड़े का विस्तार करेगा, भारत अतिरिक्त बैटरियों की आपूर्ति में सहयोग देगा।
  • भारत और इंडोनेशिया मिलकर सबांग बंदरगाह का विकास करेंगे, जो मलक्का जलडमरूमध्य के पास और भारत की ग्रेट निकोबार परियोजना से करीब 100 मील की दूरी पर स्थित है।

09:59 AM, 07-Jul-2026

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ की द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने ऊर्जा, व्यापार, रक्षा, समुद्री सहयोग, महत्वपूर्ण खनिज, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर चर्चा की। इससे पहले पीएम मोदी का जकार्ता में भव्य स्वागत किया गया और राष्ट्रपति सुबियांतो ने स्वयं एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। दोनों नेता योग्याकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर प्रांबानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। इंडोनेशिया यात्रा के बाद पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाएंगे।

08:45 AM, 07-Jul-2026

जकार्ता के राष्ट्रपति भवन में पीएम मोदी का भव्य स्वागत

जकार्ता के राष्ट्रपति भवन में पीएम मोदी का आज भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी के स्वागत में इंडोनेशिया की सैन्य टुकड़ी ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

11:57 PM, 06-Jul-2026

तस्वीरों में देखें पीएम मोदी के दौरे की झलकियां









10:25 PM, 06-Jul-2026

कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर की योजना

पीएम मोदी की यात्रा के दौरान दोनों देश कई समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे जिसमें स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य सुरक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, फार्मास्यूटिकल्स, शिक्षा, विनिर्माण और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्र शामिल हैं। दोनों देश द्विपक्षीय आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने पर भी ध्यान केंद्रित करेंगे। खासकर ऐसे समय में जब पिछले तीन वित्तीय वर्षों में द्विपक्षीय वस्तु व्यापार में गिरावट आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों का द्विपक्षीय वस्तु व्यापार वित्त वर्ष 2023 के 38.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर से घटकर 2026 में 24.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर रह गया।

09:15 PM, 06-Jul-2026

दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अध्याय खुलेंगे

इंडोनेशिया में भारत के राजदूत संदीप चक्रवर्ती ने कहा कि भारत-इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक रूप से मैत्रीपूर्ण रिश्ते रहे हैं और और पीएम मोदी की यात्रा सहयोग के नए अध्याय खोलेगी। चाहे वह विनिर्माण हो, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, परमाणु या फिर शैक्षणिक आदान-प्रदान ही क्यों न हो। उन्होंने आगे कहा, यह बहुआयामी रिश्ता है, और मुझे लगता है कि वर्तमान भू-राजनीतिक संदर्भ में जहां दुनिया में इतनी उथल-पुथल है, भारत और इंडोनेशिया का मिलकर काम करना, दुनिया को एक मजबूत संदेश देता है।

08:05 PM, 06-Jul-2026

हवाईअड्डे पर परंपरागत नृत्य ने मोहा मन

जकार्ता पहुंचने पर हवाईअड्डे पर पीएम मोदी के स्वागत के लिए राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ उनके चार मंत्री भी मौजूद थे। इंडोनेशियाई कलाकारों ने वहां पर परंपरागत नृत्य की प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। पीएम मोदी को हवाईअड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं, होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।

07:25 PM, 06-Jul-2026

इंडोनेशिया के बाद किन देशों का दौरा करेंगे पीएम मोदी?

इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर मेलबर्न जाएंगे। यह यात्रा व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेगी और अल्बनीज के साथ बातचीत में रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, शिक्षा और गतिशीलता तथा लोगों के बीच संबंधों को और आगे बढ़ाने पर बात होगी। यात्रा के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर ऑकलैंड जाएंगे। यह दौरा मार्च 2025 में प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों में बनी मजबूत गति को सार्थक रूप से आगे बढ़ाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि वह लक्सन के साथ इस बात पर चर्चा करेंगे कि आर्थिक, व्यापारिक और वाणिज्यिक संबंधों को और कैसे बढ़ाया जाए।

06:53 PM, 06-Jul-2026

किन सौदों पर मुहर लगा सकते हैं भारत-इंडोनेशिया?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच मंगलवार को द्विपक्षीय बैठक होगी। इसमें रक्षा, व्यापार, ऊर्जा व रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने वाले कदम उठाने पर चर्चा करेंगे। इस दौरान इंडोनेशिया और भारत के बीच ब्रह्मोस सौदे पर भी मुहर लग सकती है। भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने के लिए 2,500 करोड़ के सौदे पर बातचीत अंतिम चरण में है।

06:06 PM, 06-Jul-2026

पीएम मोदी के दौरे पर भारतीय समुदाय की प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री मोदी के जकार्ता पहुंचने पर भारतीय समुदाय लोगों ने उनका स्वागत किया और उनके दौरे को लेकर प्रतिक्रिया भी दी है। 

06:05 PM, 06-Jul-2026

जकार्ता में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों का किया अभिवादन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जकार्ता में भारतीय समुदाय के लोगों का अभिवादन किया।
 



06:01 PM, 06-Jul-2026

प्रवासी भारतीयों ने 'भारत माता की जय' के लगाए नारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जकार्ता में होटल पहुंचे, जहां प्रवासी भारतीयों ने 'भारत माता की जय' और 'मोदी, मोदी' के नारे लगाए।
 



पीएम मोदी ने देखा सांस्कृतिक कार्यक्रम
 

05:29 PM, 06-Jul-2026

पीएम मोदी ने एक्स पर किया पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया किया, 'जकार्ता पहुंच गया हूं। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के स्वागत करने के अंदाज से मैं बहुत प्रभावित हुआ। 2018 में हमने अपने रिश्तों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक पहुंचाया, जिससे हमारे लोगों को फायदा हुआ है। इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो और मैं अलग-अलग क्षेत्रों में इस साझेदारी को और मजबूत करने के लिए बातचीत करेंगे।राष्ट्रपति प्राबोवो और मैं योग्याकार्ता में प्रम्बानन मंदिर परिसर जाएंगे। इससे हमारे देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध और गहरे होंगे। इंडोनेशिया में रहने के दौरान, मैं भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं'। पीएम मोदी का यह दौरा भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
 

05:28 PM, 06-Jul-2026

इंडोनेशिया के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाएंगे पीएम

प्रधानमंत्री इंडो पैसिफिक मिशन के तहत छह दिवसीय विदेश दौरे पर इंडोनेशिया के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों सहित कई अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

05:28 PM, 06-Jul-2026

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी का किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया के जकार्ता पहुँचने के बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे हैं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।
 


 

05:22 PM, 06-Jul-2026

जकार्ता पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति सुबियांतो ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंच गए। एयरपोर्ट पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लैंडिंग से पहले इंडोनेशियाई वायुसेना के फाइटर जेट्स ने पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया। यह सम्मान विशेष राजकीय स्वागत का हिस्सा माना जाता है। यह पहली बार नहीं है कि पीएम मोदी के किसी देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले उनके विमान को एस्कॉर्ट किया जा रहा है। कई बार मेजबान देश की वायुसेना के लड़ाकू विमान उनके विमान को एस्कॉर्ट करते हैं। इसे विशेष राजकीय सम्मान और स्वागत का प्रतीक माना जाता है। हाल ही में (मई 2026) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा के दौरान देखने को मिला था, जब यूएई वायुसेना के एफ-16 लड़ाकू विमानों ने प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट किया था। स्वीडन में भी ग्रिपेन फाइटर जेट्स ने विमान को इसी तरह एस्कॉर्ट कर उनका स्वागत किया था।
 

05:12 PM, 06-Jul-2026

क्या है पीएम मोदी का कार्यक्रम?

प्रधानमंत्री ने एक्स हैंडल पर जो संदेश साझा किया है, इसमें उन्होंने लिखा कि वे राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ योग्याकार्ता में प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा भी करेंगे। पीएम मोदी ने लिखा, 'यह यात्रा हमारे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और भी मजबूत करेगी। इंडोनेशिया में रहने के दौरान, मैं भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करने के अवसर का भी बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।'

05:03 PM, 06-Jul-2026

PM Modi Visit LIVE: पीएम मोदी ने की भारतीय समुदाय की तारीफ, राष्ट्रपति प्राबोवो बोले- हम भारत से सीख रहे हैं

तीन देशों की विदेश यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा, 'जकार्ता पहुंच गया हूं। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के स्नेहपूर्ण व्यवहार से मैं बहुत प्रभावित हुआ। उन्होंने हवाई अड्डे पर व्यक्तिगत रूप से मेरा स्वागत किया। 2018 में हमने दोनों देशों के संबंधों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक पहुंचाया, जिससे दोनों देशों के लोगों को बहुत लाभ हुआ है।' उन्होंने लिखा कि इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और मैं विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और गति देने के उद्देश्य से चर्चा करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें