कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने बृहस्पतिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर आग्रह किया कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा सदन में की गई अपमानजनक और अमर्यादित टिप्पणियों को कार्यवाही से हटाया जाए। टैगोर ने पत्र में आरोप लगाया कि 11 दिसंबर को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने सदन में जो बातें कीं, वे अपमानजनक हैं और सदन की मर्यादा के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा, मंत्री की टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से तत्काल हटाया जाए। गोयल ने कांग्रेस द्वारा सदन में मणिपुर का विषय उठाए जाने पर मुख्य विपक्षी दल पर निशाना साधा था।
लोकसभा में संविधान को लेकर शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से विशेष बहस होगी। यह बहस शनिवार 14 दिसंबर को शाम पांच बजे तक चलेगी।
लोकसभा ने बृहस्पतिवार को ‘आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक, 2024’ को मंजूरी दे दी, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकारों की कार्य क्षमता बढ़ाना, उनकी भूमिका को लेकर स्पष्टता लाना तथा उनके बीच अधिक समन्वय सुनिश्चित करना है। विधेयक पर हुई चर्चा का गृह राज्य मंत्री नित्यांनद राय ने जवाब दिया। मंत्री के जवाब के बाद सदन ने इसे ध्वनिमत से मंजूरी दी।
लोकसभा में आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2024 पर चर्चा चल रही है।
भाजपा ने लोकसभा के अपने सभी सांसदों को 13 और 14 दिसंबर, 2024 को सदन में उपस्थित रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। दोनों सदनों में इस दौरान कुछ महत्वपूर्ण विधायी कार्यों पर चर्चा होनी है।
राज्यसभा में कार्यवाही के दौरान हंगामे के बीच पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस नेता एचडी देवेगौड़ा ने कहा, 'इतिहास में पहली बार वे (विपक्ष) सभापति के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव ला रहे हैं। विपक्ष एक नई मिसाल कायम कर रहा है, यह हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट करने वाला है।'
राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होते ही पूरे दिन के लिए स्थगित हो गई। विपक्ष का हंगामा जारी रहा।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, 'सदन को लगातार बाधित किया जा रहा है। हम सभी चर्चा के लिए तैयार हैं और कांग्रेस सांसदों को संसद में बोलने का मौका दिया जाता है लेकिन जब सत्ताधारी सांसद बोलते हैं, तो विपक्षी सांसद वेल में आ जाते हैं। सदन की कार्यवाही को रोकना ठीक नहीं है।'
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, 'सरकार के पास अदाणी, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों का जवाब नहीं है...इसलिए वे जॉर्ज सोरोस का मुद्दा उठा रहे हैं...वे (भाजपा) शून्यकाल में बार-बार एक ही मुद्दे को उठा रहे हैं...भाजपा सांसदों को हर दिन संसद में बोलने की इजाजत है, वह भी एक ही मुद्दे पर...क्या संसद के कानून भाजपा पर लागू नहीं होते?'
दोपहर एक बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही फिर से दो बजे तक स्थगित हो गई। दरअसल सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सदन में फिर से हंगामा शुरू हो गया।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे पर कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके राज्यसभा सभापति पर आक्षेप लगाए, ये निंदनीय है। ये दुर्भाग्यपूर्ण और हास्यास्पद है। सदन में बोलने का मल्लिकार्जुन खरगे को पूरा मौका दिया गया लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उन्हें चैंबर में भी कई बार बुलाया गया लेकिन वे नहीं गए। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस सदन में सहयोग करना नहीं चाहती। वे अराजकता लाने का प्रयास करते हैं।
नड्डा ने कहा, 'भारत के उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी होते हैं। सदन में उनकी मिमिक्री हो और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष उसका वीडियो बनाए और उकसाएं कि फिर से कीजिए... कॉलेज के लड़के जैसा करते हैं, उस तरह की हरकत संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए की गई।'
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और राहुल गांधी से 10 सवाल पूछे, जिनमें उन्होंने पूछा कि कश्मीर को अलग देश मानने वाले संगठन के साथ राहुल गांधी के क्या संबंध हैं। सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस का क्या संबंध है। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे। राहुल गांधी, सैम पित्रोदा और जॉर्ज सोरोस का क्या संबंध है। सोरोस और गांधी परिवार का संबंध क्या है। राजीव गांधी फाउंडेशन को सबसे ज्यादा पैसा सोरोस ने दिया। राजीव गांधी फाउंडेशन के साथ सोरोस का रिश्ता क्या है। सोरोस ने कई फंड बनाए, वो सारे कांग्रेस के 300 लोगों को इन फंड से पैसा दिया है। भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस ने कितना पैसा खर्च किया और सोरोस फाउंडेशन ने उसमें कितना पैसा दिया। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया और सदन की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक स्थगित कर दी गई।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, 'कल सदन में जो कुछ भी हुआ वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था और किसी भी सम्मानित सदस्य, खासकर महिलाओं पर कोई टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। यह सदन की गरिमा के अनुरूप नहीं है। मैं सम्मानित सदस्यों से अनुरोध करूंगा कि वे अपने भाषणों में किसी भी जाति, समाज, महिला, पुरुष आदि पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने से बचें। माननीय सदस्य (कल्याण बनर्जी) ने सदन में इसके लिए माफी भी मांगी है और मुझे लिखित में भी दिया है।'
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, 'अनर्गल आरोप लगाना कांग्रेस की सबसे बड़ी विशेषता है। दुर्भाग्य है कि विपक्ष के अन्य दल बगैर किसी चीज का विश्लेषण किए कांग्रेस की भाषा बोलने लगते हैं। मुझे लगता है कि विपक्ष नेतृत्व विहीन है।'
हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई है।
संसद परिसर में विपक्ष का अदाणी मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने संसद भवन परिसर में कांग्रेस संसदीय समिति की अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने कांग्रेस पार्टी (नेतृत्व) के अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के बीच संबंध होने का गंभीर आरोप लगाया।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है।
संसद भवन परिसर में विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने प्रदर्शन किया।
संसद भवन में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक चल रही है। इसमें सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने पर चर्चा की जा रही है।