फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session 2024 Live: लोकसभा में तटीय नौवहन विधेयक पेश; शिवसेना यूबीटी सांसद ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी

Mon, 02 Dec 2024 04:35 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Winter Session of Parliament News Live Updates: अदाणी समूह पर लगे आरोपों और संभल हिंसा समेत कई विभिन्न मुद्दों को लेकर संसद में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण अब तक संसद के दोनों सदन ठीक से नहीं चल पाए हैं। आज भी गतिरोध बरकरार रहा। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
विज्ञापन
Parliament Winter Session - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:25 PM, 02-Dec-2024

TMC नेता कल्याण बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ बैठक पर कहा, "आज की बैठक में हम सभी इस बात पर सहमत हुए हैं कि सदन कल से शुरू होगा। 13-14 को संविधान पर चर्चा होगी... कल समाजवादी पार्टी को संभल पर बोलने की अनुमति दी जाएगी और हम बांग्लादेश पर बोलेंगे।"

03:54 PM, 02-Dec-2024

शिवसेना यूबीटी सांसद ने बांग्लादेश के मुद्दे पर पीएम को लिखी चिट्ठी

शिवसेना यूबीटी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले की घटनाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में शिवसेना यूबीटी सांसद ने प्रधानमंत्री से बांग्लादेश की कार्यवाहक सरकार से इस मुद्दे पर द्विपक्षीय बातचीत करने और मोहम्मद यूनुस सरकार को लक्षित हिंसा के लिए जवाबदेह ठहराने की मांग की। साथ ही बांग्लादेश में हिंदुओं को वहां से सुरक्षित निकालने पर भी विचार करने को कहा। 
 
 

01:26 PM, 02-Dec-2024

लोकसभा में तटीय नौवहन विधेयक पेश किया गया

तटीय व्यापार को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा वाणिज्यिक जरूरतों के लिए भारतीय नागरिकों के स्वामित्व वाले तथा उनके द्वारा संचालित जहाजों की भागीदारी को बढ़ाने के लिए एक विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किया गया। संभल हिंसा तथा अदाणी मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने यह विधेयक पेश किया। कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहीं संध्या रे ने कांग्रेस सदस्यों मनीष तिवारी तथा गौरव गोगोई से बोलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि सदन में व्यवस्था ठीक नहीं है। यह विधेयक संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले पांच नए उपायों में से एक है।
 

विज्ञापन
12:38 PM, 02-Dec-2024

संसद का एक या दो सत्र दक्षिणी शहरों में कराने पर हो विचार

तिरुपति से वाईएसआरसीपी सांसद मदिला गुरुमूर्ति ने संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू को पत्र लिखकर संसद के सत्र दक्षिण भारत के शहरों में भी कराने की मांग की है। मीडिया से बात करते हुए पत्र लिखने वाले सांसद ने कहा कि 'दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति खराब है और अब वायु गुणवत्ता 500 पीपीएम तक पहुंच गई है। गर्मियों के मौसम में यहां बहुत गर्मी होती है। यही वजह है कि मुझे लगता है कि संसद के एक या दो सत्र देश के दक्षिणी हिस्से के शहरों जैसे हैदराबाद, बंगलूरू, चेन्नई या केरल में भी होने चाहिए, इससे हमें खुशी होगी। मैंने इस संदर्भ में संसदीय मामलों के मंत्री को पत्र लिखा है।' 

12:14 PM, 02-Dec-2024

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर करीब 12.08 बजे दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

विज्ञापन
12:10 PM, 02-Dec-2024

अदाणी समूह के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कराए जाने की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

12:09 PM, 02-Dec-2024

विपक्ष संसद चलाने के लिए तैयार, पर...: कांग्रेस
कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि विपक्षी दल संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही चलने देने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि संविधान पर चर्चा हो, जैसा कि सरकार ने खुद वादा किया था। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलवमेंटल इन्क्लूसिल अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों की बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार ने संविधान पर चर्चा कराने का वादा किया था और अब उसे यह करना चाहिए।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन स्थित कक्ष में विपक्षी दलों के नेताओं ने संसद में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की। इस बैठक में खरगे के अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, द्रमुक नेता टी आर बालू, आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा, राष्ट्रीय जनता दल के संजय यादव और कुछ अन्य दलों के नेता शामिल हुए।

11:58 AM, 02-Dec-2024

विपक्ष के हंगामे पर भाजपा सांसद का तंज

विपक्ष के हंगामे पर भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा कि 'विपक्ष क्या उदाहरण पेश करना चाहता है? विरोध प्रदर्शन का एक सभ्य तरीका होना चाहिए, ये बेहद निंदनीय है।'

11:24 AM, 02-Dec-2024

'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म देखेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम चार बजे 'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म देखेंगे। प्रधानमंत्री इस फिल्म को संसद भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में देखेंगे। इस दौरान कैबिनेट के कई मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी साथ रहेंगे। 

11:16 AM, 02-Dec-2024

राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है। विपक्ष मणिपुर हिंसा, अदाणी मामले, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और अजमेर शरीफ दरगाह विवाद के साथ ही मणिपुर हिंसा पर चर्चा की मांग कर रहा था। 

11:08 AM, 02-Dec-2024

लोकसभा 12 बजे तक स्थगित

आज भी लोकसभा की कार्यवाही नहीं चल पाई और विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है। राज्यसभा में कार्यवाही चल रही है। 

11:04 AM, 02-Dec-2024

संसद की कार्यवाही शुरू

संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है, लेकिन दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा बदस्तूर जारी है। विपक्षी सांसद सदन के भीतर नारेबाजी कर रहे हैं और अदाणी मामले, संभल हिंसा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग पर अड़े हैं। 

10:43 AM, 02-Dec-2024

लोकसभा महासचिव को एक साल का विस्तार मिला
लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह को एक साल का नया विस्तार दिया गया है। आदेश के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सिंह का कार्यकाल 30 नवंबर 2025 तक बढ़ा दिया है। उत्तराखंड कैडर के 1986 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सिंह ने 1 दिसंबर, 2020 को लोकसभा महासचिव का पदभार संभाला था और इससे पहले भी कई मौकों पर उनका कार्यकाल बढ़ाया जा चुका है। वे 31 जुलाई, 2020 को उत्तराखंड के मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए और 1 सितंबर, 2020 को लोकसभा सचिवालय के सचिव के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने तत्कालीन महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने के तीन महीने बाद लोकसभा महासचिव के रूप में पदभार संभाला।

10:41 AM, 02-Dec-2024

राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और किंजरापु राममोहन रायडू द्वारा संबंधित मंत्रालयों के लिए विधेयक पेश किए जा सकते हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा तेल क्षेत्र (विनियमन और विकास) संशोधन विधेयक, 2024 को विचार और पारित करने के लिए पेश किए जाने की संभावना है। मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू द्वारा भारतीय वायुयान विधेयक, 2024 को विचार और पारित करने के लिए पेश किए जाने की उम्मीद है। 

10:38 AM, 02-Dec-2024

केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर, जयंत चौधरी और पंकज चौधरी प्रमुख मामलों पर बयान देंगे। जयशंकर के 'चीन के साथ भारत के संबंधों में हाल के घटनाक्रम' के बारे में बयान देने की संभावना है, जबकि जयंत चौधरी के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय से संबंधित आजीविका संवर्धन के लिए कौशल अधिग्रहण और ज्ञान जागरूकता (संकल्प) परियोजना के कार्यान्वयन पर श्रम, कपड़ा और कौशल विकास संबंधी स्थायी समिति की 56वीं रिपोर्ट में शामिल सिफारिशों के कार्यान्वयन की स्थिति के बारे में बयान देने की उम्मीद है।

10:27 AM, 02-Dec-2024

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा रेलवे अधिनियम, 1989 में संशोधन करने के लिए एक विधेयक को विचार और पारित करने के लिए आगे बढ़ाने की भी उम्मीद है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा तटीय पोत परिवहन विधेयक, 2024 को लोकसभा में पेश किए जाने की उम्मीद है। 

10:17 AM, 02-Dec-2024

बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक, 2024 सोमवार को संसद के निचले सदन में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री सीतारमण की ओर से भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934, बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949, भारतीय स्टेट बैंक अधिनियम, 1955, बैंकिंग कंपनियां (उपक्रमों का अधिग्रहण और हस्तांतरण) अधिनियम, 1970 और बैंकिंग कंपनियां (उपक्रमों का अधिग्रहण और हस्तांतरण) अधिनियम, 1980 में संशोधन करने के लिए विधेयक को आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद है।

10:08 AM, 02-Dec-2024

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने अदाणी मुद्दे पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। इसके अलावा कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने संभल हिंसा और अजमेर शरीफ दरगाह याचिका के मुद्दों पर राज्यसभा में बिजनेस सस्पेंशन नोटिस दिया। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा इस मुद्दे पर चर्चा करने की उम्मीद है। 

10:08 AM, 02-Dec-2024

संसद के शीतकालीन सत्र का पहला सप्ताह धुल जाने के बाद दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी। इस बीच दोनों सदनों के शुरू होने से पहले इंडिया ब्लॉक के फ्लोर नेताओं की कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन कार्यालय में बैठक होने वाली है। 

10:02 AM, 02-Dec-2024

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को संभल दौरा स्थगित करने के लिए भेजे गए नोटिस पर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, "वे (भाजपा) किसी को भी वहां (संभल) जाने नहीं देना चाहते हैं। जो लोग पाप करते हैं, वे हमेशा उसे छिपाने की कोशिश करते हैं।"

08:47 AM, 02-Dec-2024

Parliament Session 2024 Live: लोकसभा में तटीय नौवहन विधेयक पेश; शिवसेना यूबीटी सांसद ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी

Winter Session of Parliament News Live Updates: अदाणी समूह पर लगे आरोपों और संभल हिंसा समेत कई विभिन्न मुद्दों को लेकर संसद में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण अब तक संसद के दोनों सदन ठीक से नहीं चल पाए हैं। ऐसे में आज भी गतिरोध बने रहने के आसार हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी गतिरोध कायम रहा। राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद, जबकि लोकसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत 25 नवंबर को हुई थी और विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण पहले सप्ताह दोनों सदनों में गतिरोध कायम रहने से कोई महत्वपूर्ण विधायी कामकाज नहीं हो पाया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें