फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संसद का विशेष सत्र: लोकसभा कल दोपहर 1.15 और राज्यसभा 2.15 बजे तक के लिए स्थगित, कल से नए भवन में कार्यवाही

Mon, 18 Sep 2023 10:07 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Special Parliament Session News Live Updates: संसद के विशेष सत्र में पहले दिन सोमवार को आजादी के बाद 75 साल की उपलब्धियों पर चर्चा जारी है। पीएम मोदी ने सबसे पहले संसदीय यात्रा की शुरुआत, उपलब्धियां, अनुभव, स्मृतियां और उनसे मिली सीख के मुद्दे पर लोकसभा में संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने संसद के पुराने भवन से नए भवन में जाने को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि वे इस मौके पर भावुक हैं। पढ़ें विशेष सत्र के पहले दिन के सभी बड़े अपडेट्स...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:04 PM, 18-Sep-2023

पहले दिन ये कर सकते हैं संबोधित
जानकारी के अनुसार, कल संसद के संयुक्त सत्र में पहले दिन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, अधीर रंजन के अलावा जिन स्पीकर को बोलने का आग्रह किया गया है वे हैं-
  • मेनका गांधी- सबसे अधिकबार लोकसभा से निर्वाचित सांसद
  • डॉ. मनमोहन सिंह- सबसे अधिक बार राज्यसभा से निर्वाचित सांसद
  • शिबू सोरेन- दोनों सदनों को मिलाकर सबसे अधिक बार निर्वाचित सांसद

08:16 PM, 18-Sep-2023

मेरे भाषण के बीच में माइक बंद किया गया: डेरेक ओब्रायन
तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओब्रायन ने सोमवार को दावा किया कि राज्यसभा में चर्चा के दौरान उनके भाषण के बीच में ही माइक बंद कर दिया गया। ओब्रायन ने कहा कि आज पुराने संसद भवन में जो हुआ वह दुखद था। मैं आज विपक्ष की ओर से आखिरी वक्ता था, मेरी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को बोलने के लिए 18 मिनट का समय दिया गया था। मुझसे कहा गया कि मुझे केवल 10 मिनट बोलने का मौका मिलेगा। अचानक छह बजकर 10 मिनट पर मेरे भाषण के बीच में मुझे रोक दिया गया और सदन स्थगित कर दिया गया।

06:41 PM, 18-Sep-2023

सितंबर 2020 से चीन के मुद्दे पर लोकसभा में कोई बहस नहीं: मनीष तिवारी
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने सोमवार को कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोकसभा में पिछले तीन वर्षों से चीन के मुद्दे पर कोई बहस नहीं हुई, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। उन्होंने संविधान में बदलाव के किसी भी प्रयास की निंदा करते हुए कहा कि यह देश के लिए विनाशकारी होगा।

विज्ञापन
06:06 PM, 18-Sep-2023

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, लोकसभा की बैठक कल दोपहर 1:15 बजे और राज्यसभा की बैठक कल दोपहर 2:15 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। कल से दोनों सदनों की कार्यवाही नए संसद भवन में होगी।

राज्यसभा में व्हीलचेयर पर पहुंचे मनमोहन सिंह
इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को संसद के पांच दिवसीय सत्र के पहले दिन व्हीलचेयर पर राज्यसभा की कार्यवाही में भाग लिया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाले दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सदस्यों ने महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन में सदन में चमकीले गुलाबी रंग के पोस्टर प्रदर्शित किए।

05:51 PM, 18-Sep-2023

संसद भवन परिसर में संविधान की कॉपियां पहुंचीं
संसद भवन परिसर में संविधान की कॉपियां पहुंच गई हैं। कल यानी मंगलवार को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर नए भवन में संविधान की कॉपी के साथ पीएम मोदी पहुंचेगे।

विज्ञापन
05:33 PM, 18-Sep-2023

समय से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर लोकसभा में हंगामा
लोकसभा में सोमवार को समय से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर विपक्षी दलों के कुछ सदस्यों ने विरोध जताया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से हस्तक्षेप की मांग की। लोकसभा अध्यक्ष ने इसे तकनीकी चूक बताते हुए जांच कराने की बात कही। लोकसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू होते समय अध्यक्ष बिरला के आसन ग्रहण करने से पहले ध्वनि यंत्रों से राष्ट्रगान की धुन सुनाई देने लगी। इस चूक पर ध्यान जाते ही राष्ट्रगान की धुन को बजाना बंद कर दिया गया।

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और बहुजन समाज पार्टी के दानिश अली समेत कुछ सदस्यों को लोकसभा अध्यक्ष के सदन में पहुंचने से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर विरोध जताते हुए देखा गया। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को शांत करने का प्रयास करते हुए कहा कि यह इलेक्ट्रॉनिक तकनीकी चूक है और वह इसकी जांच कराएंगे।

04:46 PM, 18-Sep-2023

अधीर के निलंबन के मामले पर रिपोर्ट लोकसभा के पटल पर रखी गई
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी की प्रधानमंत्री मोदी के संदर्भ में की गई टिप्पणी के कारण हुए उनके निलंबन के मामले से संबंधित विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट सोमवार को सदन के पटल पर रखी गई। इस रिपोर्ट को पटल पर रखे जाने से कुछ दिनों पहले 30 अगस्त को इसकी सिफारिशों के आधार पर लोकसभा से चौधरी के निलंबन को निरस्त कर दिया गया था।

बीते मानसून सत्र में लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता चौधरी को प्रधानमंत्री मोदी को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों और उनके आचरण के कारण 10 अगस्त को सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया गया था। इसके साथ ही उनके खिलाफ इस मामले को जांच के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया गया था।

04:26 PM, 18-Sep-2023

इंडिया’ गठबंधन ने जनता के मुद्दे उठाने का फैसला किया
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों ने सोमवार को फैसला किया कि वे संसद के इस विशेष सत्र में भाग लेने के साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे। राज्यभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन स्थित कक्ष में विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के नेताओं ने बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, वामपंथी दल, झामुमो, समाजवादी पार्टी, द्रमुक और कुछ अन्य दलों के नेता शामिल थे।

04:10 PM, 18-Sep-2023

भाजपा सांसद ने हेमंत सोरेन को घेरा
सुप्रीम कोर्ट द्वारा ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन के खिलाफ झारखंड CM हेमंत सोरेन की याचिका को खारिज किए जाने पर भाजपा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। ED उनसे पूछताछ कर उनका पक्ष जानना चाहती है, लेकिन हेमंत सोरेन ED का सामना नहीं करना चाहते। इसको लेकर वे सुप्रीम कोर्ट में गए और उनकी याचिका खारिज हुई है। अब उनको पूछताछ में सहयोग करना पड़ेगा। वे ED से भाग रहे हैं जिससे महसूस होता है कि वे भ्रष्टाचार का संरक्षण, समर्थन करने वालों में से हैं।

04:10 PM, 18-Sep-2023

नए सपनों को संजोने का अवसर: दिनेश शर्मा
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि यह मेरे लिए भी एक सुवसर है। मैं पुराने दायित्वों को छोड़कर आज नए दायित्वों को शुरू कर रहा हूं और हम पुरानी संसद को छोड़कर कल नए संसद भवन में प्रवेश करेंगे। आज पुरानी संसद की सुखद स्मृतियों को ले जाने का और नए सपनों को संजोने का अवसर है।

04:02 PM, 18-Sep-2023

शत्रुघ्न सिन्हा ने कही यह बात
महिला आरक्षण विधेयक पर TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि चर्चा हो रही है लेकिन देर से हो रही है। इस पर ममता बनर्जी ने सबसे पहले अवाज उठाई थी। यह सबको पता है कि यह बिल किन कारणों और लोगों की वजह से सार्थक नहीं हुआ था। यह सब चर्चा शीत सत्र में भी सकती थीं। ऐसी कौन सी बात है कि इस विशेष सत्र का एजेंडा अभी तक तय किया जा रहा है। अभी तक जो एजेंडा है उससे लग रहा है कि इसकी (विशेष सत्र) जरूरत नहीं थी। हम इसके (महिला आरक्षण विधेयक) समर्थक हैं।

04:02 PM, 18-Sep-2023

नीतीश कुमार जी अब भविष्यवाणी भी करने लगे हैं: राजीव प्रताप रूडी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'चुनाव' वाले बयान पर भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि नीतीश कुमार जी अब भविष्यवाणी भी करने लगे हैं। बिहार की स्थिति बदल रही हैं और जो 4 करोड़ लोग बिहार छोड़कर गए हैं वे सवाल उठा रहे हैं कि बिहर में इतनी बदहाली, गरीबी क्यों? नीतीश कुमार पहले इन सवालों को जवाब दें।

04:01 PM, 18-Sep-2023

कविता ने कांग्रेस को घेरा
BRS MLC के. कविता ने हैदराबाद में कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का एक और चुनावी हथकंडा है। तेलंगाना के लोग जानते हैं और समझते हैं कि कांग्रेस पार्टी कभी भी अपने वादों पर खरी नहीं उतरती... यह कांग्रेस पार्टी ही है जिसने पीढ़ियों से तेलंगाना के लोगों की भावनाओं, उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है... मुझे विश्वास है कि तेलंगाना की जनता हमें तीसरी बार आशीर्वाद देगी।

03:38 PM, 18-Sep-2023

एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कही यह बात
एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि मैं आज प्रधानमंत्री के भाषण की सराहना करती हूं जहां उन्होंने सराहना की कि शासन निरंतरता है। इस देश के निर्माण में पिछले 7 दशकों में विभिन्न लोगों ने योगदान दिया है, जिसे हम सभी समान रूप से प्यार करते हैं। चाहे आप इसे इंडिया कहें या भारत, यह आपका अपना देश है। हम सभी यहीं पैदा हुए हैं, हम सभी यहां आकर धन्य हैं...मैं उन दो लोगों को रिकॉर्ड पर रखना चाहूंगी जिनका आज भाजपा ने उल्लेख नहीं किया है, जिनसे मैं अपने संसदीय कार्यों में अत्यधिक प्रभावित रही हूं, जो भाजपा से आते हैं। मुझे अब भी लगता है कि वे सबसे बड़े नेताओं में से एक थे और असाधारण सांसद थे जिनका हम आदर करते थे - सुषमा स्वराज और अरुण जेटली। वे लगातार सहकारी संघवाद की बात करते रहे।

03:16 PM, 18-Sep-2023

‘विपक्ष को ईडी के जरिए कमजोर किया जा रहा’, कांग्रेस का आरोप

संसद का पांच दिवसीय सत्र शुरू हो चुका है। पहले दिन, पुराने भवन में कार्यवाही चली। लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चर्चा की शुरुआत की। वहीं, संसद के विशेष सत्र में विपक्षी नेताओं ने जमकर सरकार पर हमला किया। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नेहरू जी का मानना था कि अगर मजबूत विपक्ष नहीं है तो यह ठीक नहीं है। अब जब एक मजबूत विपक्ष है, तो उसे जांच एजेंसियों के माध्यम से कमजोर करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पूछा कि ये भारत, इंडिया का मुद्दा कहां से उठ गया है? पढें पूरी खबर...

02:54 PM, 18-Sep-2023

विपक्ष पर बिफरे धनखड़: जयराम रमेश से बोले- आप मेरी कुर्सी पर बैठिए

संसद के विशेष सत्र की आज से शुरुआत हो गई है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के तमाम नेता सदन में मौजूद रहे। इस दौरान सदन में हंगामा भी हुआ। वहीं, सभापति विपक्ष के नेताओं को डांटते दिखे। उन्होंने गुस्से में यह तक कह दिया कि आइए आप बैठ जाइए मेरी जगह। जानें राज्यसभा में क्यों नाराज हुए सभापति...

02:22 PM, 18-Sep-2023

प्रधानमंत्री ने गिनाईं संसद की ऐतिहासिक उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में दिए अपने भाषण में संसदीय इतिहास के कई बड़े मौकों को याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि इसी सदन में अमेरिका के साथ ऐतिहासिक परमाणु समझौते पर अंतिम मुहर लगाई थी। इसी सदन में अनुच्छेद 370 हटाने, वन पेंशन-वन टैक्स...जीएसटी लागू करने और वन रैंक-वन पेंशन का फैसला भी हुआ। गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला भी यहीं हुआ। पढ़ें पूरी खबर... 

01:48 PM, 18-Sep-2023

विपक्ष पर बिफरे धनखड़: जयराम रमेश से बोले- आप मेरी कुर्सी पर बैठिए,

संसद के विशेष सत्र की आज से शुरुआत हो गई है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के तमाम नेता सदन में मौजूद रहे। इस दौरान सदन में हंगामा भी हुआ। वहीं, सभापति विपक्ष के नेताओं को डांटते दिखे। उन्होंने गुस्से में यह तक कह दिया कि आइए आप बैठ जाइए मेरी जगह। पढ़ें पूरी खबर...

01:23 PM, 18-Sep-2023

नए संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ नए संसद भवन में जाएं : पीयूष गोयल

राज्यसभा द्वारा देश के संसदीय लोकतंत्र में दिये गये योगदान को ‘महत्वपूर्ण’ बताते हुए सदन के नेता पीयूष गोयल ने सोमवार को उम्मीद जताई कि सभी सदस्य नए संसद भवन में देश की 140 करोड़ जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक नए संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ जाएंगे।

उच्च सदन में देश की संसदीय यात्रा के बारे में चर्चा की शुरुआत करते हुए गोयल ने यह बात कही। सदन के नेता ने गणेश चतुर्थी उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि आज की चर्चा हम सभी को और उत्साह देगी और इस बात के लिए प्रेरित करेगी कि आगे भी हम देश के निर्माण में अपना योगदान कैसे दे सकते हैं।

12:59 PM, 18-Sep-2023

12:15 PM, 18-Sep-2023

'वर्तमान सांसदों को मिला इतिहास और भविष्य की कड़ी बनने का मौका'

वर्तमान सांसदों के लिए यह विशेष सौभाग्य का अवसर है क्योंकि हमें इतिहास और भविष्य दोनों की कड़ी बनने का अवसर मिल रहा है। कल और आज से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। नई उमंग, नए उत्साह से हम यहां से विदा लेने वाले हैं। सदन की दीवारों से हमने जो प्रेरणा, नया विश्वास पाया है, उसे हम आगे लेकर जाएंगे। आज का दिन उन पुरानी स्मृतियों का याद करने का समय दिया, उसके लिए मैं धन्यवाद देता हूं। मैं इस धरती को, सदन को प्रणाम करता हूं।

12:12 PM, 18-Sep-2023

इसी सदन में न्यूक्लियर समझौते पर अंतिम मुहर लगी और इसी सदन में आर्टिकल 370, वन पेंशन वन टैक्स...जीएसटी, वन रैंक-वन पेंशन भी इसी सदन में देखा। गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला भी यहीं हुआ। भारत के लोकतंत्र में तमाम उतार-चढ़ाव हमने देखे हैं और ये सदन लोकतंत्र की ताकत हैं और लोकतंत्र के साक्षी हैं। इसी सदन में चार सांसदों वाली पार्टी सत्ता में होती थी और 100 सांसदों वाली पार्टी विपक्ष में होती थी। इसी सदन में एक वोट से सरकार गिरी थी। नरसिम्हा राव घर जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन  इस सदन की ताकत से अगले पांच साल के लिए देश के पीएम बने। 2000 की अटल जी की सरकार में तीन राज्यों का गठन हुआ। जिसका हर किसी ने उत्सव मनाया। इसी सदन ने कैंटीन में मिलने वाली सब्सिडी को खत्म किया। इसी सदन के सदस्यों ने कोरोना काल में सांसद फंड का पैसा जनहित में दिया।

12:09 PM, 18-Sep-2023

पीएम मोदी ने गिनाए संसदीय इतिहास के अहम मौके

पंडित नेहरू के कार्यकाल के दौरान जब बाबा साहब भीमराव अंबेडकर मंत्री थे तो देश में बेस्ट प्रैक्टिस को लागू करने की दिशा में बहुत काम हुआ। अंबेडकर हमेशा कहते थे कि देश में सामाजिक समानता के लिए देश में औद्योगिकीकरण होना बेहद जरूरी है। उस समय जो उद्योग नीति लाई गई थी, वो आज भी उदाहरण है। लाल बहादुर शास्त्री ने 65 के युद्ध में देश के जवानों को इसी सदन से प्रेरित किया था और यहीं से उन्होंने हरित क्रांति की नींव रखी थी। बांग्लादेश की मुक्ति का आंदोलन और उसका समर्थन भी इसी सदन में इंदिरा गांधी के नेतृत्व में किया गया। इसी सदन में देश के लोकतंत्र पर आपातकाल के रूप में हुआ हमला भी देखा था। ये सदन हमेशा इसी बात का ऋणी रहेगा कि मतदान की उम्र 21 से 18 करने का फैसला किया गया। इसी सदन ने गठबंधन की सरकारें देखीं।

12:03 PM, 18-Sep-2023

'2001 आतंकी हमले से सांसदों को बचाने वालों का नमन'

लोकतंत्र का ये सदन, आतंकी हमला हुआ। यह हमारी जीवात्मा पर हमला था, ये देश कभी उसे भूल नहीं सकता। जिन्होंने सदस्यों को बचाने  केलिए अपने  सीने पर गोलियां झेलीं, आज मैं उनकों भी नमन करता हूं। आज जब हम इस सदन को छोड़ रहे हैं तो मैं उन पत्रकारों को भी नमन करता हूं, जिन्होंने यहां की पल-पल की जानकारी देश को उपलब्ध कराई। उनका सामर्थ्य था कि वह अंदर की बात भी पहुंचाते थे और अंदर के अंदर की बात भी पहुंचाते थे...भारत की विकास यात्रा को सदन के माध्यम से समझाने की कोशिश की। आज उनके लोकतंत्र की महत्वपूर्ण ताकत बनने को याद करने का भी समय है।

11:59 AM, 18-Sep-2023

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने संसद में काम करने वाले कर्मियों का भी शुक्रिया जताया। उन्होंने कहा, "हम जनप्रतिनिधि अपनी-अपनी भूमिका निभाते हैं लेकिन हमारे बीच एक टोली भी बैठती है, जिनकी भी कई पीढ़ियां बदल गई, जो हमें कागज पत्र पकड़ाने के लिए दौड़ते हैं। इनके काम ने भी सदन के कार्य में गुणवत्ता लाने में अहम भूमिका निभाई और मैं हृदय से उनका अभिनंदन करता हूं। ऐसे ही किसी ने इसकी सफाई की, किसी ने सुरक्षा, ऐसे ही कितने अनगिनत लोगों ने हमें अच्छे ढंग से काम करने में मदद की। उन्हें मैं हमारी तरफ से हमारे सदन की तरफ से विशेष अभिनंदन करता हूं।" 

11:59 AM, 18-Sep-2023

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "सेंट्रल भवन से नेताओं का लगाव इतना ज्यादा है कि वह जनप्रतिनिधि ना होने के बावजूद अभी भी सेंट्रल हॉल आ जाते हैं। इसी भवन में दो साल 11 महीने तक संविधान सभा हुई और उसने देश को मार्गदर्शक संविधान दिया। इन 75 वर्षों में देशवासियों का संसद पर विश्वास बढ़ता ही गया है। लोकतंत्र की सबसे बड़ी खासियत यही है कि लोगों का इस संस्था के प्रति विश्वास अटूट रहे। पंडित नेहरू जी, शास्त्री जी, अटल जी, मनमोहन सिंह तक एक बहुत बड़ी श्रंखला ने सदन में सेवा की और देश को नई दिशा दी। आज उनका गुणगान करने का भी समय है। सरदार वल्लभ भाई पटेल, लोहिया जी ने देशवासियों की आवाज को ताकत देने का काम इस सदन में किया है। उमंग, उत्साह के पल के बीच में कभी सदन की आंख से आंसू भी बहे और देश के तीन प्रधानमंत्रियों को अपने कार्यकाल में ही खोने का दुख भी झेलना पड़ा। तब इस सदन में अश्रुपूर्ण विदाई दी थी।"

11:46 AM, 18-Sep-2023

पीएम मोदी ने गिनाईं पुराने संसद भवन में हुई कार्यवाही की उपलब्धियां

"आज जब हम इस सदन को छोड़कर नए भवन में जाने वाले हैं तो बहुत कुछ याद आ रही है। जब मैं पीएम बना था तो मैंने सदन की सीढ़ियों पर शीश झुकाया था। प्लेटफॉर्म पर रहने वाला संसद पहुंच गया। मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी ये देश इतना सम्मान और प्यार देगा। समाज के हर वर्ग का प्रतिनिधि इस सदन में नजर आता है और समाज के सभी तबके के लोग हैं। ये भारत के लोकतंत्र की ताकत है कि 25 साल की चंद्राणी मुर्मू इस सदन की सबसे छोटी सदस्य बनीं थी। अनेक संकटों और परेशानियों के बावजूद सांसद, संसद में आए हैं और शारीरिक परेशानी के बावजूद अपने जनप्रतिनिधि कर्तव्य का पालन किया। कई व्हीलचेयर पर आए और किसी ना किसी तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई है। कोरोना काल के दौरान भी हमारे सांसद सदन में आए।"

11:42 AM, 18-Sep-2023

पुराना संसद भवन हम सबकी सांझी विरासत

पीएम मोदी ने संसद के नए भवन में जाने को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, "ये बहुत ही भावुक पल है। परिवार भी जब पुराना घर छोड़कर नया जाता है तो बहुत सारी यादें कुछ पल के लिए उसे झकझोर देती हैं। ये हम सब की सांझी विरासत है।"

11:37 AM, 18-Sep-2023

जी-20 ने देश का मान बढ़ाया: पीएम मोदी

इस सदन में जी20 की सफलता को सर्वसम्मति से सराहा है, मैं इसके लिए आपका आभार व्यक्त करता हूं। जी20 की सफलता भारत की सफलता है, किसी व्यक्ति या दल की सफलता है। भारत के संघीय ढांचे ने, विविधता ने 60 स्थानों पर 200 से अधिक सम्मेलन और उनकी मेजबानी पूरी विविधता और आन-बान शान से की और इसका प्रभाव पूरे विश्व पर पड़ा है। यह देश के गौरवगान को बढ़ाने वाला है। भारत इस बात के लिए गर्व करेगा। अध्यक्ष जी, आज भारत विश्व पटल पर अपनी जगह बना रहा है। इसकी वजह हमारे संस्कार हैं, सबका साथ, सबका विकास का मंत्र दुनिया को हमसे जोड़ रहा है।

11:25 AM, 18-Sep-2023

चंद्रयान-3 मिशन के लिए वैज्ञानिकों को बधाई

पीएम ने कहा, "इन 75 वर्ष की हमारी यात्रा ने अनेक लोकतांत्रिक परंपरा और उत्तम से उत्तम सृजन किया और इसके सांसदों ने इसमें योगदान दिया। हम भले नए भवन में जाएंगे लेकिन पुराना भवन भी आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। ये भारत के लोकतंत्र की स्वर्णिम यात्रा का गवाह है। अमृत काल की प्रथम प्रभा का काल, राष्ट्र में नया विश्वास, आत्मविश्वास, नए सपने और राष्ट्र का नया सामर्थ्य की चर्चा है। ये हमारे 75 साल के संसदीय इतिहास का एक सामूहिक प्रयास रहा है जिसके चलते आज दुनिया में देश की गूंज सुनाई दे रही है। चंद्रयान 3 की सफलता से पूरा देश अभिभूत है और इसमें भारत के सामर्थ्य का नया रूप, जो विज्ञान, तकनीक से जुड़ा है। मैं सदन के माध्यम से देश के वैज्ञानिकों को कोटि कोटि बधाई देता हूं उनका अभिनंदन करता हूं।"

11:18 AM, 18-Sep-2023

पीएम मोदी ने संसद के पुराने भवन पर कही ये बात

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, "संसदीय यात्रा उसका एक बार फिर स्मरण करने के लिए और नए सदन में जाने से पहले इतिहास की महत्वपूर्ण घड़ी को याद करते हुए आगे बढ़ने का अवसर है। आजादी के पहले ये सदन का स्थान हुआ करता था। आजादी के बाद इस संसद को पहचान मिली। इस इमारत के निर्माण का फैसला विदेशी सांसदों का था लेकिन ये हम बात हम ना कभी भूल सकते हैं कि इसके निर्माण में पसीना देशवासियों का लगा है, परिश्रम और पैसे भी मेरे देश के लोगों के लगे हैं।"

11:05 AM, 18-Sep-2023

संसद की कार्यवाही शुरू, विपक्ष का हंगामा

संसद के विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई हैं। इस दौरान विपक्ष ने हंगामा किया, जिसे लेकर लोकसभा के सभापति ओम बिरला ने नाराजगी भी जताई। 

10:45 AM, 18-Sep-2023

गणेश चतुर्थी के दिन का अहम महत्व

कल गणेश चतुर्थी का पावन पर्व है। गणेश जी विघ्नहर्ता माने जाते हैं। अब भारत की विकास यात्रा में कोई विघ्न नहीं रहेगा, अब निर्विघ्न रूप से सारे संकल्प और सपनें भारत परिपूर्ण करेगा। इसलिए गणेश चतुर्थी के दिन ये नव प्रस्थान नए भारत के सारे सपनों को चरितार्थ करने वाला बनेगा।

10:40 AM, 18-Sep-2023

'संसद का यह सत्र ऐतिहासिक निर्णयों का'

इस समय सारे देश में उमंग का माहौल और एक नया आत्मविश्वास हम सभी महसूस कर रहे हैं। उसी समय संसद का ये सत्र हो रहा है। ये सत्र छोटा है, लेकिन समय के हिसाब ये बहुत बड़ा है। ऐतिहासिक निर्णयों के ये सत्र है। इस सत्र की एक विशेषता ये है कि 75 साल की यात्रा अब नए मुकाम से शुरू हो रही है।  

पीएम ने कहा, "नए स्थान पर उस यात्रा को आगे बढ़ाते समय, नए संकल्प, नई ऊर्जा और नए विश्वास से काम करना है। 2047 तक देश को विकसित बनाना है। इसके लिए जितने भी निर्णय होने वाले हैं, वो सभी इस नए संसद भवन में होंगे। मैं सभी आदरणीय सांसदों से आग्रह करता हूं कि छोटा सत्र है। वो यहां उमंग और उत्साह के साथ अपना ज्यादा से ज्यादा समय यहां दें।"

10:34 AM, 18-Sep-2023

जी-20 आयोजन को बताया गौरव का क्षण

पीएम मोदी ने जी-20 के आयोजन पर भी बात की। उन्होंनने कहा कि जी20 में हम ग्लोबल साउथ की आवाज बने। जी-20 की अभूतपूर्व सफलता देश के लिए गर्व का विषय है। पीएम ने कहा कि जी-20 में भारत की विविधता का जश्न मना। पूरे विश्व में इस प्रकार की उपलब्धि को आधुनिकता, विज्ञान और तकनीक से जोड़कर देखा जाता है और जब ये सामर्थ्य विश्व के सामने आता है, तो अनेक संभावना, अनेक अवसर हमारे दरवाजे पर आकर खड़े हो जाते हैं। अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता और सर्वसम्मति से G20 का डिक्लेरेशन, ये सारी बातें भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत दे रही हैं।

10:21 AM, 18-Sep-2023

पीएम मोदी पहुंचे संसद, चंद्रयान-3 मिशन पर कही ये बात

पीएम मोदी सुबह ही संसद पहुंच गए। यहां उन्होंने प्रेस से बातचीत के दौरान चंद्रयान-3 मिशन पर बात की। पीम ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन भारत के लिए गौरव का विषय है। चंद्रयान-3 मिशन नई प्रेरणा का स्रोत बना। भारत चांद पर भी तिरंगा फहरा रहा है। शिव शक्ति पॉइंट भारत के लिए प्रेरणा का केंद्र बना है। 

10:00 AM, 18-Sep-2023

राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संसद के विशेष सत्र के लिए दिल्ली स्थित अपने आवास से रवाना हुए।

09:41 AM, 18-Sep-2023

पीएम मोदी 11 बजे लोकसभा को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे लोकसभा में संबोधन देंगे। बता दें कि पुरानी संसद में यह पीएम मोदी का आखिरी संबोधन होगा। संसद के विशेष सत्र में पहले दिन सोमवार को आजादी के बाद 75 साल की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।

09:19 AM, 18-Sep-2023

नए संसद भवन में कार्यवाही शुरू होने के बाद पुराने का क्या होगा?

संसद का विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है। 22 सितंबर तक चलने वाले इस सत्र में पहले दिन को छोड़कर बाकी दिन की कार्यवाही नए संसद भवन में होगी। गणेश चतुर्थी के दिन यानी 19 सितंबर को नए भवन में कार्यवाही की शुरुआत होगी। 

इसी साल 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नए संसद भवन का उद्घाटन किया था। अब संसद के विशेष सत्र के दूसरे दिन की कार्रवाई नए संसद भवन में शुरू होने के साथ यह पुरानी इमारत का स्थान ले लेगी, जिसमें अब कई खामियां आ चुकी हैं। पुराने संसद भवन को एक स्थायी संग्रहालय में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। 

जानते हैं कि आखिर नए और पुराने संसद भवन में क्या अंतर है? नए भवन में क्या-क्या खास है? नए संसद भवन की शुरुआत के बाद पुराने संसद भवन का क्या होगा? 

09:00 AM, 18-Sep-2023

दूसरे दिन खींची जाएगी सांसदों की सामूहिक तस्वीर

लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों को संसद के विशेष सत्र के दूसरे दिन मंगलवार सुबह ग्रुप फोटो के लिए बुलाया गया है। आधिकारिक बुलेटिन में रविवार को यह जानकारी दी गई। संसदीय कार्यवाही मंगलवार से नए संसद भवन में चलेगी। लोकसभा सचिवालय बुलेटिन के अनुसार, सभी सांसदों को मंगलवार सुबह 9.30 बजे ग्रुप फोटो के लिए बुलाया गया है। नए संसद भवन में प्रवेश के लिए सांसदों को नए पहचान पत्र भी जारी किए जा रहे हैं। सांसदों की ग्रुप फोटो आमतौर पर उनके कार्यकाल की शुरुआत और अंत में ली जाती है। सूत्रों ने कहा कि यह मौजूदा संसद का आखिरी सत्र होने का एक संकेत है और सरकार लोकसभा चुनाव समय से पहले करवा सकती है।

08:55 AM, 18-Sep-2023

08:25 AM, 18-Sep-2023

पीएम मोदी कर सकते हैं लोकसभा को संबोधित

संसद के विशेष सत्र में पहले दिन संसद की कार्यवाही पुराने भवन में होगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा को संबोधित कर सकते हैं। 

08:13 AM, 18-Sep-2023

मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति समेत आठ विधेयक होंगे पेश

संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि विशेष सत्र के दौरान कुल 8 विधेयकों को चर्चा और पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यालय की अवधि) विधेयक, 2023, द प्रेस एंड रजिस्ट्रेशन ऑफ पीरियोडिकल्स बिल, डाकघर विधेयक प्रमुख हैं।

07:55 AM, 18-Sep-2023

आजादी के बाद 75 साल की उपलब्धियों पर होगी चर्चा

संसद के विशेष सत्र में पहले दिन सोमवार को आजादी के बाद 75 साल की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। विषय होगा संसदीय यात्रा की शुरुआत, उपलब्धियां, अनुभव, स्मृतियां और उनसे मिली सीख। सूत्रों के अनुसार, इस पर चर्चा के बाद संभवत: बुधवार को पीएम जवाब देंगे। अंतिम दो दिन विधायी कामकाज निपटाए जाएंगे।

07:43 AM, 18-Sep-2023

संसद का विशेष सत्र: लोकसभा कल दोपहर 1.15 और राज्यसभा 2.15 बजे तक के लिए स्थगित, कल से नए भवन में कार्यवाही

संसद के विशेष सत्र में पहले दिन सोमवार को आजादी के बाद 75 साल की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। विषय होगा संसदीय यात्रा की शुरुआत, उपलब्धियां, अनुभव, स्मृतियां और उनसे मिली सीख। सूत्रों के अनुसार, इस पर चर्चा के बाद संभवत: बुधवार को पीएम जवाब देंगे।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें