राहुल गांधी ने लोकसभा स्पीकर से की मुलाकात
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विपक्षी नेताओं के साथ लोकसभा स्पीकर बिरला से मुलाकात की।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को आपातकाल पर पत्र लिखा। उन्होंने अपने अध्यक्ष के संदर्भ के साथ संसदीय परंपराओं के उपहास पर गहरी चिंता और पीड़ा व्यक्त की।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि इमरजेंसी एक काला दिन था। उसको याद करना बहुत जरूरी था। उस समय कांग्रेस ने ही संविधान की धज्जियां उड़ाई थीं और आज वो हर जगह संविधान की प्रतियां लेकर घूमते हैं। देश की जनता को समझना चाहिए कि आज संविधान को खतरा नहीं है
एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भाजपा अभी भी ये समझ रही है कि वो 2019 के नतीजों में है। राष्ट्रपति के भाषण में कहीं भी अल्पसंख्यक शब्द का इस्तेमाल नहीं हुआ। आखिर क्यों? इतनी नफरत क्यों है? देश में सबसे ज्यादा बेरोजगार नौजवान हैं, उनके बारे में सिर्फ बातें हो रही हैं।
बिहार झारखंड और मध्य प्रदेश के छह नए सांसदों ने आज राज्यसभा में शपथ ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने नए सदस्यों का स्वागत किया। शपथ लेने वालों में सबसे पहले बिहार के कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, झारखंड के झामुमों सांसद सरफराज अहमद और भाजपा के प्रदीप कुमार वर्मा थे। भाजपा नेता बंशलाल गुर्जर, माया नारोलिया और बालयोगी उमेशनाथ ने भी उच्च सदन के सदस्य के तौर पर शपथ ली। भाजपा और कांग्रेस के सभी सदस्यों ने हिंदी में शपथ ली।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। तिरुवनंतपुरम के सांसद ने हाथ में संविधान की कॉपी लेकर अंग्रेजी में शपथ ली। उन्होंने जय हिंद, जय संविधान कहकर शपथ को खत्म किया। राज्य सभा सदस्य के तौर पर छह नए सांसदों ने भी शपथ ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को राज्य सभा के नेता के तौर पर नियुक्त किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में मंत्रिपरिषद का परिचय कराया।
लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के बाद राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हुईं।
सेनगोल को लेकर सपा सांसद आर.के. चौधरी की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जो किया है सही किया है। इसे (सेनगोल) रहना चाहिए। केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा, "उन्होंने क्या सोचा है कि रोज कुछ ऐसी बात बोलें जिससे हम चर्चा में आ जाएं। इन बातों का कोई अर्थ नहीं है।"
लोकसभा चुनाव पर बात करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ये दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। करीब 64 करोड़ मतदाताओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपना कर्तव्य निभाया है। इस बार भी महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया है। इस चुनाव की बहुत सुखद तस्वीर जम्मू-कश्मीर से भी सामने आई है। कश्मीर घाटी में वोटिंग के अनेक दशकों के रिकॉर्ड टूटे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। उन्होंने सबसे पहले सभी नवनिर्वाचित सांसदों को बधाई दी। सदन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "मैं 18वीं लोक सभा के सभी नव निर्वाचित सदस्यों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। आप सभी यहां मतदाताओं का भरोसा जीतकर आए हैं। देश सेवा और जन सेवा का मौका बहुत कम लोगों को मिलता है।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संसद पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उनके साथ उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू भी मौके पर मौजूद रहे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राष्ट्रपति का भाषण ऐसा होता है जो एक विजन दस्तावेज होता है। उन्होंने आगे कहा, "हमें अबतक ऐसा कोई विजन दस्तावेज नहीं दिखा। अब सिर्फ जो सरकार कहती है वही बात राष्ट्रपति के भाषण में आती है। इस बार देखेंगे कि कोई नई चीज आएगी या नहीं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद पहुंचे।
राष्ट्रपति हर साल संसद के पहले सत्र में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को भी संबोधित किया जाता है। राष्ट्रपति के अभिभाषण के माध्यम से सरकार अपने कार्यक्रमों और नीतियों की रूपरेखा बताती है।
संविधान के अनुच्छेद 87 के अनुसार, राष्ट्रपति को हर लोकसभा चुनाव के बाद सत्र की शुरुआत में संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करना जरूरी है।
विपक्ष नीट-यूजी में कथित अनियमितताओं, यूजीसी-नेट को रद्द करने, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमलों, देश में ट्रेन दुर्घटनाओं और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों जैसे कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उनके संबोधन के आधे घंटे बाद लोकसभा की कार्यवाही शुरू होगी। इसके अलावा राज्यसभा का 264वां सत्र भी आज से शुरू हो रहा है। इस दौरान दोनों सदनों में राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा होगी।