फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament LIVE: लोकसभा कल 11 बजे तक के लिए स्थगित, अविश्वास प्रस्ताव पर सरकार ने कहा- लोगों को मोदी पर भरोसा

Thu, 27 Jul 2023 07:58 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Monsoon Session Live Updates: संसद के मॉनसून सत्र के छठे दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी रहा। वहीं, विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा में जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2023 और राज्यसभा में सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, 2023 पारित किया गया।
विज्ञापन
संसद का मानसून सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:55 PM, 27-Jul-2023

मल्लिकार्जुन खरगे के साथ कल बैठक करेंगे 'इंडिया' गठबंधन दल के सांसद

'इंडिया' (INDIA) गठबंधन दलों के संसद सदस्य सदन के पटल के लिए रणनीति तैयार करने के लिए 28 जुलाई को विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में बैठक करेंगे।

07:19 PM, 27-Jul-2023

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर कसा तंज

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि एक बच्चे और राहुल गांधी में कोई अंतर नहीं है। चूंकि उन्हें सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया है और उन्होंने संसद में आना बंद कर दिया है, इसलिए सदन खाली-खाली लगता है। अगर वह ट्वीट नहीं करेंगे तो लोगों को हंसने के लिए कुछ नहीं मिलेगा...।

07:16 PM, 27-Jul-2023

परिवेश पोर्टल से पर्यावरणीय मंजूरी की आवश्यकता वाली परियोजनाओं की जानकारी को नहीं हटाया जाता: सरकार

सरकार ने राज्यसभा में कहा कि परिवेश पोर्टल से मंजूरी की आवश्यकता वाली परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी को नहीं हटाया जाता है। इसके साथ ही सरकार ने कहा कि उसने मंजूरी देने की प्रक्रिया को वस्तुत: पारदर्शी बना दिया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) सदस्य बिनय विश्वम के एक सवाल के लिखित जवाब में पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने राज्यसभा में यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्रदान की जाने वाली पर्यावरणीय स्वीकृति, वन स्वीकृति, वन्यजीव स्वीकृति और तटीय विनियमन क्षेत्र स्वीकृति के लिए हरित अनुमोदन प्राप्त करने की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने हेतु 'परिवेश' पोर्टल को मुख्य रूप से ‘सिंगल विंडो पोर्टल’ के रूप में तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल पर्यावरण, वन, वन्यजीव और तटीय विनियमन क्षेत्र की स्वीकृतियों से संबंधित आवेदनों की प्रस्तुति, मूल्यांकन, प्रसंस्करण, ‘ट्रैकिंग’ और निगरानी को सुव्यवस्थित करता है।

उन्होंने कहा कि परिवेश पोर्टल का मुख्य उद्देश्य प्रौद्योगिकीय हस्तक्षेप के माध्यम से स्वीकृति प्रदान करने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना और उसमें शीघ्रता लाना है। इसलिए यह पर्यावरणीय नीतियों, दिशा-निर्देशों, नियमों, विनियमों आदि से संबंधित सूचना के प्रसार के लिए एक मंच के रूप में भी कार्य करता है। इस पोर्टल के जरिए, हितधारक किसी भी परियोजना से संबंधित वह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं जो परियोजना हेतु स्वीकृति प्राप्त करने के आवेदन के एक भाग के रूप में प्रस्तुत की गई हो। उन्होंने कहा कि मंत्रालय उन परियोजनाओं से संबंधित कोई भी सूचना इस पोर्टल से नहीं हटाता है जिनके लिए स्वीकृति की आवश्यकता होती है और वास्तव में, मंत्रालय ने पर्यावरणीय स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बना दिया है।

विज्ञापन
07:14 PM, 27-Jul-2023

विपक्षी दलों ने राज्यसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक का बहिष्कार किया

मणिपुर के मुद्दे पर संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्षी दलों ने गुरुवार को राज्यसभा की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक का बहिष्कार किया। कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य घटक दल मानसून सत्र के पहले दिन से ही मणिपुर के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में वक्तव्य देने और चर्चा कराए जाने की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर हंगामे के कारण दोनों सदनों में कार्यवाही बाधित रही है। राज्यसभा की बीएसी में सदन के सभापति सहित 11 सदस्य होते हैं। 26 दलों वाले विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के तीन सांसद जयराम रमेश (कांग्रेस), मीसा भारती (राजद) और डेरेक ओब्रायन (टीएमसी) बीएसी समिति में हैं। इन तीनों के अलावा भारत राष्ट्र समिति के केशव राव भी बैठक में शामिल नहीं हुए।

04:39 PM, 27-Jul-2023

सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, 2023 राज्यसभा में पारित

राज्यसभा ने फिल्म पायरेसी के खतरे को रोकने और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) द्वारा दिए गए आयु-आधारित प्रमाणन में सुधार के साथ-साथ सभी प्लेटफार्मों पर फिल्मों और सामग्री के वर्गीकरण में एकरूपता लाने के लिए सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक 2023 पारित किया।

विज्ञापन
04:18 PM, 27-Jul-2023

जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2023 लोकसभा में पारित

विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा में जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2023 पारित किया गया।

04:01 PM, 27-Jul-2023

लोकसभा कल 11 बजे तक के लिए स्थगित

मणिपुर मुद्दे पर विपक्ष की नारेबाजी के बीच लोकसभा 28 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित।

03:07 PM, 27-Jul-2023

प्रह्लाद जोशी का विपक्ष पर तंज
लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है, जिस पर स्पीकर फैसला लेंगे। अभी 10 दिन का समय बचा है और जब भी स्पीकर तय करेंगे सरकार जवाब देने के लिए तैयार है। हमारे पास संख्या है और लोग हम पर और पीएम मोदी पर विश्वास करते हैं लेकिन उन पर विश्वास नहीं करते। 

02:05 PM, 27-Jul-2023

कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने बताया कि 20 से अधिक सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह के अंत में मणिपुर का दौरा करेगा और राज्य की स्थिति का जायजा लेगा। टैगोर ने कहा कि विपक्षी सांसद काफी समय से हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा करना चाहते थे लेकिन वहां के हालात को देखते हुए उन्हें अनुमति नहीं दी गई। 

01:25 PM, 27-Jul-2023

'संसद का अपमान कर रहे प्रधानमंत्री'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 'सदन में कामकाज हो रहा है। हम मांग कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री सदन में आएं और बयान जारी करें लेकिन वह राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं और राजस्थान में प्रचार में जुटे हैं। जब वह वहां जा सकते हैं तो क्या आधे घंटे के लिए सदन नहीं आ सकते और बयान नहीं दे सकते? इसका मतलब है कि उन्हें लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। वह लोकतंत्र और संविधान को बचाना नहीं चाहते। वह संसद का अपमान कर रहे हैं।' 

01:21 PM, 27-Jul-2023

राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित
हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही भी दो बजे तक स्थगित। इससे पहले राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई थी लेकिन जब कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो विपक्ष ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया। जिसके चलते राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।

12:38 PM, 27-Jul-2023

अखिलेश यादव ने मांगा इस्तीफा
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने मणिपुर मुद्दे पर सरकार से इस्तीफे की मांग की है और आरोप लगाया है कि ऐसा नहीं हो सकता कि सरकार को मणिपुर के हालात के बारे में जानकारी नहीं थी।
 

12:36 PM, 27-Jul-2023

देशहित के मुद्दों पर नहीं होनी चाहिए राजनीति
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि 'मैं बीते कुछ महीनों में हुए घटनाक्रम के बारे में सदन को संबोधित करना चाहता था। आपने देखा कि प्रधानमंत्री ने सफल अमेरिकी दौरा किया लेकिन मुझे बुरा लगा कि विपक्ष सुनने के लिए ही तैयार नहीं है। ऐसा लगता है कि वह देश की हर उपलब्धि की बस आलोचना करना चाहते हैं। विदेश नीति एक ऐसा क्षेत्र है, जहां सब मिलकर काम करते हैं। हम देश में बहस कर सकते हैं लेकिन देश के बाहर जाकर हमें एकजुटता दिखानी चाहिए। विपक्ष को देखना चाहिए कि जब देश हित की बात हो तो राजनीति को एक तरफ रख देना चाहिए और इसकी तारीफ करनी चाहिए।'

12:25 PM, 27-Jul-2023

केंद्रीय मंत्री बोले- विपक्ष का वर्तमान, भविष्य अंधकार में

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राज्यसभा में विपक्ष के काले कपड़े पहनकर विरोध जताने पर कहा कि 'यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति की जा रही है। यह भारत के सम्मान से जुड़ा है। मुझे लगता है कि जो लोग काले कपड़े पहने हुए हैं, वह देश की बढ़ती हुई शक्ति को नहीं समझ सकते। उनका भूत, वर्तमान और भविष्य अंधकार में है लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि उनके जीवन में भी रोशनी हो।' 
 
 

11:32 AM, 27-Jul-2023

राज्यसभा में लगे मोदी-मोदी के नारे...

 

11:26 AM, 27-Jul-2023

विपक्षी सांसदों के विरोध और काले कपड़े पहनने पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि विपक्षी जो तैयारी करके आए हैं, उसमें भी विविधता है। कांग्रेस पार्टी ने बिना किसी विपक्षी पार्टी से बातचीत किए अविश्वास प्रस्ताव दिया है...अविश्वास प्रस्ताव लाने से और काले कपड़े पहनने से कुछ नहीं होगा, बाद में काला पहनकर ही घूमना पड़ेगा। जोशी ने कहा कि गृहमंत्री तीन दिन के लिए मणिपुर गए थे। 

वहीं कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, मणिपुर के लोगों के घाव पर नमक छिड़क रहे हैं। जिस समय हम बोल रहे हैं कि वे मणिपुर जाकर देश की व्यवस्था संभाले, राष्ट्रहित में काम करें, उस समय वे यहां भाषण दे रहे हैं। पहली बार हमें ऐसा पीएम मिला है जो देश के एक हिस्से में आग लगने के बावजूद भाषण में मग्न है। यह काला कपड़ा पीएम  मोदी के अहंकार के खिलाफ है।  

11:20 AM, 27-Jul-2023

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विपक्ष का काम है विरोध करना, वे करें। देश बहुत तेज़ी से तरक्की कर रहा है लेकिन उन्हें यह पसंद नहीं आ रहा। वे कुछ भी करें उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी की सोच बहुत आगे की है। PM ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना देखा है, क्या वे इसे रोकना चाहते हैं?

वहीं विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई है। राज्यसभा में हंगामा जारी है। 
 

10:57 AM, 27-Jul-2023

विपक्षी गठबंधन INDIA के सभी सदस्य आज काले कपड़े पहनकर मणिपुर के हालात पर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताएंगे। विपक्ष, मणिपुर के हालात पर विस्तृत चर्चा और प्रधानमंत्री से इस पर बयान देने की मांग कर रहा है। गुरुवार को विपक्षी नेताओं की बैठक भी हुई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। 

 

10:53 AM, 27-Jul-2023

कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा है कि 'संजय सिंह और टीम इंडिया संसद के बाहर अपने धरने प्रदर्शन के चौथे दिन में प्रवेश कर गए हैं। यह देश और टीम इंडिया मांग कर रही है कि प्रधानमंत्री मोदी संसद आएं और मणिपुर पर बयान जारी करें और उस पर विस्तृत चर्चा भी हो। 20 जुलाई से हम ये मांग कर रहे हैं लेकिन ना इस पर कोई चर्चा हुई है और ना प्रधानमंत्री इस पर बयान दे रहे हैं। हमने ऐसी कई घटनाएं देखी हैं, जहां जो लोग सत्ता में हैं, उन्होंने इस्तीफा दिया और जवाबदेही दिखाई। बीते तीन महीने से मणिपुर जल रहा है और हमारे प्रधानमंत्री ने इस पर एक बयान तक जारी नहीं किया है। सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा भी नहीं होने दे रही है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि आज लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया जाएगा।'

10:41 AM, 27-Jul-2023

Parliament LIVE: लोकसभा कल 11 बजे तक के लिए स्थगित, अविश्वास प्रस्ताव पर सरकार ने कहा- लोगों को मोदी पर भरोसा

राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा कि विपक्ष ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। यह अविश्वास प्रस्ताव इसलिए नहीं है कि हम प्रधानमंत्री को पसंद नहीं करते हैं बल्कि हम मणिपुर के लोगों के लिए जवाबदेही तय करना चाहते हैं। उनके (सरकार) पास सदन में बहुमत है लेकिन नैतिक बहुमत नहीं है....अगर प्रधानमंत्री मोदी इस पर बोलते हैं तो हो सकता है कि मणिपुर में हालात बेहतर हो जाएं। हम सिर्फ चाहते हैं कि संसद मणिपुर की घटना पर एकजुट होकर दुख जाहिर करे...अगर मणिपुर को यह महसूस नहीं कराया गया कि वह हमारा हिस्सा हैं तो पूरी संघीय व्यवस्था के लिए इससे खतरनाक कुछ नहीं हो सकता।  

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें