फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session Live: लोकसभा में जम्मू-कश्मीर विनियोग विधेयक पारित; 48.21 लाख करोड़ के बजट पर भी लगी मुहर

Tue, 30 Jul 2024 11:24 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Sansad Satra 2024 News Live: संसद के मानसून सत्र का 10वां दिन है। आज लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बजट पर चर्चा का जवाब देना है। वह दोपहर साढ़े तीन बजे निचले सदन में बोलेंगी। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बजट पर सवाल उठाए थे तो सीतारमण मुस्कुराती नजर आई थीं। वित्त मंत्री बाद में बजट 2024-25 पर राज्यसभा में हुई चर्चा का जवाब भी देंगी।
विज्ञापन
संसद का मानसून सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:24 PM, 30-Jul-2024

खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय में 17,625 पद खाली
 उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत संस्थानों, एजेंसियों और स्वायत्त निकायों में 17,625 पद खाली हैं। सरकार ने संसद को सूचित किया। राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने कहा कि 2014 में संस्थानों, एजेंसियों और स्वायत्त निकायों सहित मंत्रालय के तहत स्थायी और अस्थायी पदों की संख्या क्रमशः 45,915 और 19 थी।

09:44 PM, 30-Jul-2024

पंजाब ने आयुष्मान भारत योजना के लिए ब्रांडिंग दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया: केंद्र
 पंजाब ने आयुष्मान भारत-स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र, जिसे अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में जाना जाता है, के लिए ब्रांडिंग दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया है, जो पूंजी निवेश 2023-24 के लिए राज्यों को विशेष सहायता की योजना, दिशानिर्देशों का उल्लंघन है। केंद्र ने मंगलवार को संसद को बताया। स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 457.90 करोड़ रुपये के केंद्रीय आवंटन में से 91.49 करोड़ रुपये पंजाब को जारी किए गए।

09:43 PM, 30-Jul-2024

 ईडी ने नौ डिफॉल्टर को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया : वित्त राज्य मंत्री
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद को बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नौ डिफॉल्टर को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है। उन्होंने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि भगोड़े आर्थिक अपराधी अधिनियम, 2018 (एफईओए) को भगोड़े आर्थिक अपराधी की संपत्ति की कुर्की और जब्ती के लिए अधिनियमित किया गया है। उन्होंने कहा, विदेश भागे 16 आरोपियों के संबंध में 25 प्रत्यर्पण अनुरोध भी भेजे गए हैं। इसके अलावा, 725.90 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है। खराब ऋणों के संबंध में, उन्होंने कहा, अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों (एससीबी) ने एनपीए खातों में 6,82,328 करोड़ रुपये की कुल वसूली की है, जिसमें बट्टे खाते में डाले गए ऋण भी शामिल हैं।

विज्ञापन
09:43 PM, 30-Jul-2024

सरकार ने नैनो उर्वरक को बढ़ावा देने को छह नैनो यूरिया और चार नैनो डीएपी संयंत्र स्थापित किए
केंद्र सरकार ने नैनो के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए छह नैनो यूरिया संयंत्र और चार नैनो डीएपी संयंत्र स्थापित किए हैं। किसानों के बीच उर्वरक केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार को राज्यसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि सरकार ने किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि नैनो यूरिया के उपयोग को जागरूकता शिविरों, वेबिनार, नुक्कड़ नाटक, प्रदर्शन, किसान सम्मेलन और क्षेत्रीय भाषाओं में फिल्मों जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बढ़ावा दिया जाता है। सरकार संबंधित कंपनियों के जरिये प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों पर नैनो यूरिया को उपलब्ध करा रही है।

08:27 PM, 30-Jul-2024

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी का केंद्र सरकार पर निशाना

तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘मैंने पहले भी कहा था कि श्वेत पत्र प्रकाशित होना चाहिए। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि केंद्र सरकार ने 10 वर्ष में बंगाल को कई हजार करोड़ रुपये दिए, लेकिन राज्य सरकार इसका सही इस्तेमाल नहीं कर पाई। मैं  वित्त मंत्री से पूछता हूं कि बंगाल में हारने के बाद वित्तीय वर्ष 2021-22, 2022-23 और 2023-24 में 100 दिन के काम और आवास योजना के लिए बंगाल सरकार को कितना पैसा दिया गया? उन्हें श्वेत पत्र प्रकाशित करना चाहिए और इसका जवाब देना चाहिए। विपक्ष शासित राज्यों से, केवल ममता बनर्जी नीति आयोग की बैठक में शामिल हुईं। आंध्र प्रदेश, गोवा, असम के मुख्यमंत्रियों को 15-20 मिनट बोलने दिया गया लेकिन ममता बनर्जी के दो मिनट बोलने पर घंटी बज गई। यह व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।’

विज्ञापन
07:27 PM, 30-Jul-2024

लोकसभा में जम्मू-कश्मीर विनियोग विधेयक पारित

लोकसभा में जम्मू कश्नीर विनियोग (संख्या-3) विधेयक 2024 पारित हो गया है। जम्मू-कश्मीर विनियोग (संख्या-3) विधेयक, 2024 का मकसद वित्तीय वर्ष 2024-25 की सेवाओं के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की समेकित निधि से कुछ राशियों के भुगतान और विनियोग को अधिकृत करना है।
 

 

07:27 PM, 30-Jul-2024

रोजगार और बेरोजगारी को लेकर वित्त मंत्री ने पेश किए आंकड़े

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बजट चर्चा का जवाब देते हुए कहा, ‘जुलाई 2024 में जारी एसबीआई की शोध रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में वर्ष 2014 से वर्ष 2023 के बीच 12.5 करोड़ नौकरियों का सृजन हुआ, जबकि यूपीए सरकार के 10 वर्षों के दौरान केवल 2.9 करोड़ नौकरियों का सृजन हुआ था।’ वित्त मंत्री ने आगे कहा कि वर्ष 2017-18 में बेरोजगारी दर छह फीसदी से घटकर 2022-23 में 3.2 फीसदी के निचले स्तर पर आ गई है। उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2017-18 में युवा वर्ग की बेरोजगारी दर 17.8 प्रतिशत और यह वर्ष 2022-23 में तेजी से घटकर 10 फीसदी हो गई है।

06:53 PM, 30-Jul-2024

लोकसभा में ध्वनिमत से स्वीकृत हुआ 48.21 लाख करोड़ का बजट

लोकसभा में वर्ष 2024-25 के लिए 48.21 लाख करोड़ के बजट को स्वीकृति मिल गई है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्नीर के लिए भी ध्वनि मत से बजट को स्वीकृति दी गई। लोकसभा में केंद्रीय बजट और जम्मू-कश्मीर के बजट को ध्वनि मत से स्वीकृत किया गया। इसके अलावा अन्य विधेयकों को भी लोकसभा से स्वीकृति दी गई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बजट चर्चा का जवाब देते हुए कहा, ‘हम राजकोषीय घाटे को 2025-26 तक 4.5 प्रतिशत से नीचे लाएंगे। इसके अलावा 2025-26 में भी राजकोषीय घाटे को 4.5 फीसदी से नीचे लाया जाएगा।’
 

06:26 PM, 30-Jul-2024

कर्नाटक में तीन और महाराष्ट्र में 10 जीका वायरस के मामले

स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने राज्य सभा को जानकारी दी है कि इस वर्ष 22 जुलाई तक कर्नाटक में तीन और महाराष्ट्र में दस जीका वायरस के मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2023 में जीका वायरस के 23, वर्ष 2022 में दो और वर्ष 2021 में 234 मामले दर्ज किए गए थे। उन्होंने आगे बताया कि एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2018 में देश में जीका वायरस के कुल 261 मामले दर्ज किए गए थे। अनुप्रिया पटेल ने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने जीका वायरस से निपटने के लिए एक एक्शन प्लान भी तैयार किया है। 
 

06:15 PM, 30-Jul-2024

हम राजकोषीय घाटे को 2025-26 तक 4.5 प्रतिशत से नीचे लाएंगे- वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बजट चर्चा का जवाब देते हुए कहा, ‘हम राजकोषीय घाटे को 2025-26 तक 4.5 प्रतिशत से नीचे लाएंगे।’
 

05:28 PM, 30-Jul-2024

झारखंड में हुए ट्रेन हादसे को लेकर भाजपा पर बरसे ओवैसी

एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने वायनाड में भूस्खलन और झारखंड में हुए ट्रेन हादसे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ‘वायनाड में आया भूस्खलन प्राकृतिक है लेकिन, हम लगातार हो रहे ट्रेन हादसों को सामान्य घटना करार नहीं दे सकते। इसमें केंद्र सरकार की गलती है, क्योंकि सरकार ऐसे हादसों को रोकने में विफल साबित हो रही है। ऐसे हादसों की वजह से लोगों की मौत हो रही है और साथ ही रलवे की संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा है। इस वजह से भाजपा को बड़ा राजनीतिक नुकसान भी हो रहा है।’

04:49 PM, 30-Jul-2024

यह विकसित भारत का बजट- निर्मला सीतारमण

लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतरमण ने बजट पर जवाब देते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत के लिए है।  उन्होंने आगे कहा कि इस बजट को भौगोलिक विकास के हिसाब से तैयार किया गया है। वित्त मंत्री ने कहा, ‘2047 तक विकसित भारत का निर्माण तकरना है और यही भारत सरकार का सपना भी है।’
 

03:48 PM, 30-Jul-2024

कार्ति चिदंबरम का भाजपा पर निशाना

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भारतीय जनता पार्टी का निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘जब भाजपा महत्वपूर्ण सवालों का जवाब नदीं पाती, तब संसद में विपक्षी पार्टियों द्वारा किसी का नाम लेने पर आपत्ति दर्ज करने लगती है। राहुल गांधी पांच बार के सांसद हैं। वह संसद के क्रिया-कलापों को अच्छी तरह से जानते हैं।’ वायनाड में भूस्खलन की घटना पर उन्होंने कहा कि इस घटना के कारणों की वजह वे नहीं जानते। उन्होंने भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। 

03:18 PM, 30-Jul-2024

जेपी नड्डा ने राज्यसभा में कहा, 'रिसाव सबूत और अंतिम मील वितरण आश्वासन जरूरी है, लेकिन लंबे समय तक जो लोग देश पर राज करते रहे, उन्होंने इस ओर ठोस कदम नहीं उठाए। इस कारण से आमदनी और लीकेज का गहरा रिश्ता रहा। एक समय तो ऐसा था, जब प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं एक रुपया भेजता हूं, 85 पैसा बीच में ही खत्म हो जाता है, 15 पैसा ही उन तक पहुंचता है।'

03:16 PM, 30-Jul-2024

जेपी नड्डा ने सदन में कहा, 'इस बार का बजट सर्वसमावेशी है। ये सतत विकास का बजट है। आज दुनिया के विकसित देशों की आर्थिक स्थितियां डगमगा रही हैं, लेकिन हम आर्थिक लचीलेपन के साथ कोविड महामारी के बाद मजबूती के साथ खड़े हैं।'

01:53 PM, 30-Jul-2024

भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा आज दोपहर ढाई बजे राज्यसभा में केंद्रीय बजट पर बोलेंगे।

01:52 PM, 30-Jul-2024

सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध: शिवराज चौहान

लोकसभा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। जहां तक किसानों के कल्याण की बात है तो यह पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है। आपकी (यूपीए) सरकार के दौरान 2006 में स्वामीनाथन रिपोर्ट आई थी और इसमें कहा गया था कि किसानों की लागत में 50% लाभ जोड़कर एमएसपी तय किया जाए। लेकिन इनकी सरकार ने इससे इनकार कर दिया...

12:40 PM, 30-Jul-2024

मृतकों को तत्काल मुआवजा दिया जाए: राहुल गांधी

वायनाड में हुए भूस्खलन पर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'आज सुबह वायनाड में कई विनाशकारी भूस्खलन हुए। 70 से अधिक लोगों की जान गई है। मैंने रक्षा मंत्री और केरल के मुख्यमंत्री से बात की है। मैं केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि बचाव और चिकित्सा देखभाल के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाए, मृतकों को तत्काल मुआवज़ा दिया जाए। महत्वपूर्ण परिवहन और संचार लाइनों को बहाल किया जाए, जल्द से जल्द राहत की व्यवस्था की जाए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए रोडमैप तैयार किया जाए।'

12:23 PM, 30-Jul-2024

हमारी सरकार ने कांग्रेस के घोटाले, भ्रष्टाचार के लिए ही चक्रव्यूह बनाया: प्रह्लाद जोशी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 'चक्रव्यूह' वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, 'जिस 'चक्रव्यूह' की वो बात कर रहे हैं, मैं राहुल गांधी को कहना चाहता हूं कि हमारी सरकार ने कांग्रेस के घोटाले, भ्रष्टाचार के लिए ही चक्रव्यूह बनाया। हम भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस रखते हैं लेकिन मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि अगर राहुल गांधी और उनकी मां ने रिमोट कंट्रोल के जरिए 10 साल तक सरकार चलाई, तब उन्होंने अध्यादेश फाड़ दिया। उन्होंने जाति जनगणना क्यों नहीं कराई? अब वे 'ड्रामेबाजी' क्यों कर रहे हैं?'

12:21 PM, 30-Jul-2024

यह बहुत गंभीर स्थिति: शशि थरूर

वायनाड भूस्खलन पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'यह बहुत गंभीर स्थिति है। मैं आशा और प्रार्थना करता हूं कि अधिक जिंदगियां खतरे में न पड़ें। हमें जल्द से जल्द ज़मीनी स्तर पर कार्रवाई करने की जरूरत है।'

12:20 PM, 30-Jul-2024

यह सिर्फ केरल की त्रासदी नहीं है, बल्कि पूरे देश की चिंता: जेपी नड्डा

केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन पर राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, 'यहां चर्चा शुरू हुई और सभी सदस्यों ने वहां हुई भारी त्रासदी पर चिंता व्यक्त की। मैं कहना चाहूंगा कि यह सिर्फ केरल की त्रासदी नहीं है, बल्कि पूरे देश की चिंता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार सक्रिय रूप से काम कर रही है और केरल में राहत कार्यों के लिए हर जरूरी काम कर रही है। सरकार की ओर से मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि जो भी जरूरी होगा वो पूरा किया जाएगा। पीएम ने केरल के सीएम से बात की और उन्हें आश्वासन दिया। राहत के लिए केंद्रीय एजेंसियों का सहयोग वहां पहुंच चुका है। राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है। अभी, प्राथमिक बात शवों को बरामद करना और उन लोगों को बचाना है जिन्हें बचाया जा सकता है...हमें आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय करना चाहिए। वो सभी चीजे की जा रही हैं। हम सभी उनके साथ हैं।'

11:23 AM, 30-Jul-2024

संसद की कार्यवाही शुरू

संसद के दोनों सदनों- लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में प्रश्नकाल चल रहा है। आज कृषि मंत्रालय से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। वहीं, राज्यसभा में सभा पटल पर रखे जाने वाले पत्रों की जानकारी दी जा रही है।

11:23 AM, 30-Jul-2024

आईयूएमएल सांसद पीवी अब्दुल वहाब ने मूसलाधार बारिश के कारण वायनाड में हुए भूस्खलन पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया है। वहीं, ट्रेन हादसे का मुद्दा भी आज सदन में उठ सकता है। 

11:13 AM, 30-Jul-2024

Parliament Session Live: लोकसभा में जम्मू-कश्मीर विनियोग विधेयक पारित; 48.21 लाख करोड़ के बजट पर भी लगी मुहर

संसद के मानसून सत्र का 10वां दिन है। आज लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बजट पर चर्चा का जवाब देना है। वह दोपहर साढ़े तीन बजे निचले सदन में बोलेंगी। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बजट पर सवाल उठाए थे तो सीतारमण मुस्कुराती नजर आई थीं। वित्त मंत्री बाद में बजट 2024-25 पर राज्यसभा में हुई चर्चा का जवाब भी देंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें