Parliament Monsoon Session Live Updates: संसद के मॉनसून सत्र का आज पांचवां दिन है। लेकिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है। मणिपुर मुद्दे पर कांग्रेस और बीआरएस ने अलग-अलग सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इसे स्वीकार करते हुए चर्चा के लिए मंजूरी दे दी। संसद सत्र से जुड़ी पल-पल की खबर पढ़ें यहां...
2020 के बाद अनाथ बच्चों की संख्या में 25 प्रतिशत का इजाफा
महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राज्यसभा में बताया कि पिछले तीन वर्षों में सरकार के बच्चों के गोद लेने वाले पोर्टल केयरिंग पर अनाथ, परितक्त व समर्पण किए जाने वाले बच्चों के पंजीकरण में 25 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वर्ष 2020-21 के दौरान ऐसे बच्चों की संख्या 4,521 थी, जो 2022-23 में बढ़कर 5,663 हो गई।
पिछले पांच वर्षों में चाइल्ड हेल्पलाइन को 31 करोड़ कॉल
स्मृति ईरानी ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन को पिछले पांच वर्षों में 31 करोड़ से अधिक कॉल आई हैं। उन्होंने बताया कि चाइल्ज हेल्पलाइन व गृह मंत्रालय की आपतकालीन मदद प्रणाली-112 को एकीकृत करने का प्रस्ताव है, जिसपर चरणबद्ध तरीके से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन को 2022-23 में 50,69,126, 2021-22 में 54,84,203, 2020-21 में 50,08,300, 2019-20 में 72,94,688 व 2018-19 में 90,12,362 कॉल प्राप्त हुईं।
कांग्रेस-आप ने जारी किया व्हिप
आम आदमी पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसदों को 27 और 28 जुलाई को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है। साथ ही कांग्रेस ने भी अपने सांसदों को संसद में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है।
अगले हफ्ते अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा संभव
अगले हफ्ते अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। कल सुबह 10 बजे विपक्षी नेताओं की बैठक होगी। साथ ही स्पीकर भी गुरुवार को सभी दलों के नेताओं से बातचीत करेंगे। वहीं संभावना जताई जा रही है कि अविश्वास प्रस्ताव पर दो दिन चर्चा की जा सकती है।
कल संसद में काले रंग के कपड़े पहनेंगे 'इंडिया' गठबंधन के सांसद
'इंडिया' गठबंधन दलों के सभी सांसद कल संसद में चर्चा किए जाने वाले जरूरी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए 27 जुलाई को राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में मिलेंगे। साथ ही मणिपुर मुद्दे पर विरोध स्वरूप 'इंडिया' गठबंधन के सभी सांसद कल संसद में 'काले' रंग के कपड़े पहनेंगे।
राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जनजातियों (एसटी) की सूची में कुछ समुदायों को शामिल करने के लिए संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (तीसरा संशोधन) विधेयक, 2022 पारित किया गया।
मणिपुर में जातीय हिंसा पर विपक्षी सदस्यों के विरोध के बीच लोकसभा दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।
मणिपुर की स्थिति पर विपक्ष के विरोध के बीच लोकसभा ने वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक पारित किया।
मणिपुर पर चर्चा के लिए सदन में पीएम की मौजूदगी की मांग कर रहे विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
मणिपुर पर चर्चा की मांग कर रहे सांसदों की नारेबाजी के बीच राज्यसभा दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच लोकसभा दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। उनकी मांग है कि पीएम सदन में आएं और मणिपुर मुद्दे पर चर्चा हो।
राज्यसभा के सदस्यों ने कारगिल विजय दिवस 2023 के अवसर पर 1999 के कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
लोकसभा सदस्यों ने कारगिल विजय दिवस 2023 के अवसर पर 1999 के कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
बीआरएस सांसद नामा नागेश्वर राव ने भी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दायर किया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल किया।
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 में संशोधन के लिए सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, 2023 को चर्चा और पारित करने के लिए आज राज्यसभा में पेश करेंगे।