AAP सांसद राघव चड्डा ने संसद में महत्वपूर्ण मांग उठाई, जिसमें उन्होंने हर नागरिक के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच को कानूनी अधिकार बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि 'कोविड-19 महामारी के बाद हार्ट अटैक और अन्य बीमारियों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अगर समय रहते बीमारी का पता चल जाए, तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि कई देशों में सरकार नागरिकों की सालाना स्वास्थ्य जांच का खर्च उठाती है और इसे अनिवार्य बनाती है। तो फिर भारत में क्यों नहीं? स्वास्थ्य सेवा सिर्फ अमीरों का विशेषाधिकार नहीं होनी चाहिए।'
आप के राज्यसभा सांसद ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को लेकर लिखा, 'नोट: संयोग से, मैं वही अंतिम सांसद था जिसने उस समय सदन में बोलने का मौका पाया, जब जगदीप धनखड़ अध्यक्ष की कुर्सी पर थे; उनके इस्तीफे से ठीक पहले।'
विपक्ष के हंगामे के चलते संसद की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। विपक्ष के हंगामे पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 'विपक्ष चर्चा की मांग कर रहा है और हम इसके लिए तैयार हैं। तो फिर विपक्ष सदन को क्यों नहीं चलने दे रहा है? यह दोहरा रवैया है और ये गलत है। अगर ये चर्चा चाहते हैं तो फिर इसमें रुकावट न डालें। आप सदन न चलने देकर जनता के पैसे बर्बाद कर रहे हैं।'
विपक्षी सांसदों के बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मामले पर विरोध प्रदर्शन पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि 'विपक्षी पार्टियां जानती हैं कि वे बिहार में हार रही हैं और वे सरकार नहीं बना पाएंगी। बिहार के लोगों का एनडीए सरकार पर विश्वास है। ऑपरेशन सिंदूर का भी बिहार के लोगों पर गहरा असर पड़ा है। बिहार में एनडीए सरकार ही चुनी जाएगी।'
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि 'केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर के लोगों को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया था फिर अब उनके साथ धोखाधड़ी क्यों की जा रही है। केंद्र सरकार अपना वादा नहीं निभा रही है। हम जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग करते हैं। कांग्रेस पार्टी जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ खड़ी है।'
विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है। वहीं लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। हालांकि विपक्षी सांसद लगातार नारेबाजी और हंगामा कर रहे हैं।
बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहे।
संसद की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा में हंगामा हो गया। विपक्ष ने बिहार मतदाता सूची के पुनरीक्षण और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा को लेकर नारेबाजी की। हंगामा होने पर लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। वहीं राज्यसभा में भी हंगामा होने पर सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल नहीं हुए और उनकी जगह उपसभापति हरिवंश ने सदन का संचालन किया।
मानसून सत्र को लेकर इंडी गठबंधन के नेताओं ने बैठक की। इस बैठक में संसद में सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेता मौजूद रहे। बैठक में राहुल गांधी के लोकसभा में बोलने और बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे को सदन में जोर-शोर से उठाने पर बात हुई।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि 'आज देश के सामने सबसे बड़ा मुद्दा ऑपरेशन सिंदूर पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है, जो भारत के लिए शर्म की बात है। प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर संसद में सफाई देनी चाहिए। बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक साजिश हो रही है, जिसे रोका जाना चाहिए।' संजय सिंह ने ये भी बताया कि उनकी पार्टी जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का दोनों सदनों में समर्थन कर रही है।
उपराष्ट्रपति के इस्तीफे पर कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि 'क्या उपराष्ट्रपति ने खुद इस्तीफा दिया या उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। ये बात सार्वजनिक होनी चाहिए। यह हैरान करने वाला है क्योंकि वे सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही में शामिल रहे। यहां कोई भी सुरक्षित नहीं है।'
केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा के नेता जेपी नड्डा संसद पहुंचे।
उपराष्ट्रपति के इस्तीफे को लेकर जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि 'सिर्फ वे ही (उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़) ही जानते हैं कि इस्तीफे की क्या वजह है। हम इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। या तो सरकार को इसके बारे में पता है या फिर खुद उन्हें। यह सरकार पर है कि वे उनका इस्तीफा स्वीकार करते हैं या नहीं।'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर एमडीएमके के सांसद दुरई वाइको ने कहा कि 'यह बेहद चौंकाने वाला रहा। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर इस्तीफा दिया है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए कामना करता हूं।'
कांग्रेस के लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने बिहार मतदाता सूची की जांच के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव दिया है। साथ ही लोकसभा सांसद सप्तगिरि शंकर उलाका ने ओडिशा में छात्रा के आत्मदाह के मामले पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव दिया है।
राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी बिजनेस ऑफ सस्पेंशन नोटिस दिया है और बिहार मतदाता सूची पुनरीक्षण मुद्दे पर चर्चा की मांग की है। AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया है और बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा की मांग की है।
ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर सरकार से चर्चा का आश्वासन मिलने के बाद अब विपक्ष बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है। इसे लेकर आज कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने स्थगन प्रस्ताव पेश किया है और बिहार मुद्दे पर तुरंत चर्चा की मांग की है। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए खतरा बताया है।