पीएम की दोस्ती का नहीं हुआ फायदा- धर्मेंद्र यादव
अमेरिका की तरफ से 25% टैरिफ लगाए जाने पर समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, 'प्रधानमंत्री को दोस्ती इस तरह रखनी चाहिए कि देश को फायदा हो। उनकी दोस्ती का फायदा न तो ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दिखा, न ही टैरिफ लगाने के दौरान'। वहीं बिहार एसआईआर के बारे में उन्होंने कहा, 'यह अल्पसंख्यकों, गरीबों, दलितों, पिछड़ों के वोट काटने की साजिश है... चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी मांगे गए दस्तावेज नहीं दे पा रहे हैं।'
ट्रंप ने कहा है कि भारत एक डेड अर्थव्यवस्था है- दिग्विजय सिंह
अमेरिका की तरफ से भारत पर 25% टैरिफ और जुर्माना लगाने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, 'डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत एक डेड अर्थव्यवस्था है। ऐसा कहा जाता है कि पीएम नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। लेकिन एक तरफ उन्होंने भारत पर टैरिफ बढ़ाया, और दूसरी तरफ उन्होंने पाकिस्तान के साथ समझौता किया। पीयूष गोयल की तरफ से (संसद में) दिए गए बयान में हम जानना चाहते थे कि उनका इस बारे में क्या कहना है। जब कोई मंत्री कोई बयान या नीतिगत बयान देता है, तो विपक्ष के नेता को उस पर बोलने का अधिकार है। लेकिन उपाध्यक्ष ने हमारी मांग के बावजूद समय नहीं दिया।'
राहुल गांधी का काम ही भारत का विरोध करना है- अनुराग ठाकुर
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'राहुल गांधी का काम ही भारत का विरोध करना है और दुनियाभर से कोई भी भारतविरोधी बयान देता है तो राहुल गांधी वही बोलने लगते हैं। राहुल गांधी जी दुनिया के बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था आज भारत है....भारत ने 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला, आज 21 शहरों में मेट्रो हो गई, मेडिकल कॉलेज दोगुने हो गए, हर तरफ भारत का बोल बाला है...दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता पीएम मोदी जी हैं। शायद यही बात राहुल गांधी को नहीं पचती....भारत विरोध बंद करो भारत के विकास की चर्चा करो।'
अमेरिकी टैरिफ पर जवाब नहीं दिया गया- मनोज झा
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, 'अमेरिकी टैरिफ पर जवाब नहीं दिया है एक वक्तव्य दिया है और वक्तव्य के बाद राज्यसभा की एक परंपरा रही है कि हम स्पष्टीकरण पूछते थे लेकिन आज इस तरह की किसी भी संभावनाओं को मैं समझता हूं कि खत्म कर दिया गया है....मैं समझता हूं कि एक विसब चर्चा इस पर होनी चाहिए।'
सरकार देश की संसद को गुमराह करने का काम कर रही है- कांग्रेस सांसद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से 25% टैरिफ लगाने की घोषणा पर कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने कहा, 'दुखद बात है अभी संसद में एक वक्तव्य पीयूष गोयल के द्वारा दिया गया लेकिन उस वक्तव्य में कही भी अमेरिका के ऊपर, अमेरिकी राष्ट्रपति और उनके द्वारा लगाए गए टैरिफ के ऊपर कुछ नहीं कहा गया। देश की संसद को गुमराह करने का काम सरकार कर रही है। जो कि कांग्रेस पार्टी को बर्दाश्त नहीं है और सरकार ने कही न कही घुटने टेकने का काम किया है...भारत मजबूती के साथ कहे कि ट्रंप जो कह रहे हैं वो गलत कह रहे हैं और अगर समझौता होगा तो हमारी शर्तों पर होगा...लेकिन भारत सरकार ये कहने से बचने का काम कर रही है।'
अमेरिका हमें रोज धमका रहा है- इमरान मसूद
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की डेड अर्थव्यवस्था वाली टिप्पणी पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, 'ट्रंप डेड अर्थव्यवस्था बता रहे हैं और ये ट्रंप के बारे में एक शब्द भी बोलने को तैयार नहीं हैं...अमेरिका हमें रोज धमका रहा है और हम अमेरिका के लिए एक भी शब्द बोलने का काम नहीं कर रहे हैं...पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा होगा लेकिन वो ट्रंप को जवाब दें।'
सपा सांसद ने सरकार पर साधा निशाना
अमेरिकी टैरिफ पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा, 'मंत्री (पीयूष गोयल) जी को खुद ही नहीं पता कि वो क्या बोल रहे थे उन्हें लिखकर दे दिया था और वो पढ़कर चले गए। हकीकत से बहुत दूर, सच को छुपाना और चुनौती को स्वीकार न करने की मंशा थी ये सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है।'
राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
सदन में नारेबाजी को लेकर राज्यसभा के उपसभापति की अपील
राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश ने आज घोषणा की है कि 'लोगों की तरफ से दिया गया जनादेश पूरा नहीं हुआ है। यह सही समय है कि हम स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती के अवसर पर 1 सितंबर 1997 को राज्य सभा की तरफ से सर्वसम्मति से अपनाए गए संकल्प के संदर्भ में आत्मचिंतन करें, जिसमें अन्य बातों के साथ-साथ कहा गया था, 'संसद की प्रतिष्ठा को संरक्षित और संवर्धित किया जाए, साथ ही सदनों के प्रक्रिया और कार्य संचालन के नियमों की संपूर्ण व्यवस्था और व्यवस्थित कार्य संचालन से संबंधित पीठासीन अधिकारियों के निर्देशों का सचेत और सम्मानजनक पालन किया जाए, विशेष रूप से प्रश्नकाल की अनुल्लंघनीयता बनाए रखते हुए, सदन के आधिकारिक क्षेत्रों का अतिक्रमण करने से परहेज किया जाए, या किसी भी प्रकार की नारेबाजी न की जाए।'
अमेरिकी ‘टैरिफ’ के प्रभावों का आकलन कर रहे हैं- गोयल
लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी टैरिफ को लेकर जवाब दिया है। वहीं इसके बाद विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
अमेरिकी टैरिफ पर सरकार का जवाब
लोकसभा में अमेरिकी टैरिफ के मुद्दे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल जवाब दे रहे हैं। पीयूष गोयल ने कहा, '2 अप्रैल 2025 को, अमेरिकी राष्ट्रपति ने पारस्परिक टैरिफ पर एक कार्यकारी आदेश जारी किया...5 अप्रैल 2025 से 10% बेसलाइन शुल्क प्रभावी। 10% बेसलाइन टैरिफ के साथ, भारत के लिए कुल 26% टैरिफ की घोषणा की गई। पूर्ण देश-विशिष्ट अतिरिक्त टैरिफ 9 अप्रैल 2025 को लागू होने वाला था। लेकिन 10 अप्रैल 2025 को इसे शुरू में 90 दिनों के लिए बढ़ाया गया और फिर 1 अगस्त 2025 तक बढ़ा दिया गया।' उन्होंने कहा कि आयात पर 10-50 फीसदी टैरिफ की बात थी और द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत हुई थी। पीयूष गोयल ने बताया कि अमेरिका और भारत के बीच चार दौर की बातचीत हुई है। इसके साथ ही समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बैठकें की जा रही हैं। आखिरी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- हम अपने घरेलू उद्योगों की सुरक्षा करेंगे।
संसद में अमेरिकी टैरिफ के मुद्दे पर हंगामा हो रहा है। इसे लेकर राज्यसभा में 4.30 बजे केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल जवाब देंगे।
विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही चार बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही 4:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। बिहार एसआईआर और ट्रंप के टैरिफ के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा जारी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के मृत अर्थव्यवस्था वाले बयान पर लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य सवाल यह है कि ट्रंप ने 30-32 बार दावा किया है कि उन्होंने युद्धविराम किया। उन्होंने यह भी कहा कि पांच भारतीय जेट गिर गए। ट्रंप अब कहते हैं कि वह 25 फीसदी टैरिफ लगाएंगे। पीएम मोदी जवाब क्यों नहीं दे पा रहे हैं? असली वजह क्या है? उनके हाथ में नियंत्रण किसके पास है?
हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित।
राज्यसभा की कार्यवाही शुरू।
राज्यसभा में बिहार एसआईआर और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा का पीएम मोदी की ओर से जवाब न दिए जाने पर हंगामा हुआ। इसके बाद कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
ट्रंप के टैरिफ और बिहार एसआईआर के मुद्दे पर लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 25% टैरिफ लगाने पर सीपीआई (एम) सांसद पी संदोष कुमार ने कहा कि ट्रंप सरकार का यह नया फैसला वास्तव में चौंकाने वाला है। भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता चल रही है। अचानक ट्रंप प्रशासन द्वारा इसकी घोषणा की गई। अगर आप ठीक से विश्लेषण करें तो ट्रंप के अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद भारत दिन-प्रतिदिन अपमानित हो रहा है। अमेरिका के किसी भी राष्ट्रपति ने हमारे देश का इस तरह अपमान नहीं किया। इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि सरकार की प्रतिक्रिया बहुत नरम है। ट्रंप के खिलाफ वे एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। यही समस्या है।
विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं ने राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष कार्यालय में बैठक की।
ट्रंप के टैरिफ को लेकर जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। ऐसी जानकारी थी कि अलग-अलग देशों ने अलग-अलग दरों पर टैरिफ लगाए हैं। सरकार वही करेगी जो देश के हित में होगा। सरकार कृषि और एमएसएमई क्षेत्र के हित में काम करेगी। सरकार ने यह भी कहा है कि बातचीत जारी है। सरकार और पीएम मोदी समाधान निकालने में सक्षम हैं।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और भाजपा शासित राज्यों में मजदूरों की गिरफ्तारी के खिलाफ संसद के बाहर विपक्षी गठबंधन इंडिया के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ पर जो कहा, वह सबने देखा है और उन्होंने दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोक दिया है। भारत को दोनों मुद्दों पर जवाब देना होगा। प्रधानमंत्री मोदी हर जगह जाते हैं, दोस्त बनाते हैं और फिर हमें यही मिलता है।
विपक्षी गठबंधन इंडिया के सांसदों ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने शाह और जयशंकर के भाषण की सराहना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हुई चर्चा में गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आतंकवादी नेटवर्कों को जड़ से उखाड़ फेंकने सहित राष्ट्रीय सुरक्षा पर सरकार का रुख स्पष्ट रूप से व्यक्त किया। एक्स पर पोस्ट में मोदी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के असाधारण भाषण की भी प्रशंसा की।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने आतंकवाद को वैश्विक ध्यान का विषय बनाने के भारत के प्रयासों पर जोर दिया। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश की उचित प्रतिक्रिया पर प्रकाश डाला और बताया कि कैसे सरकार नागरिकों की सुरक्षा बढ़ा रही है। शाह के भाषण का लिंक पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का राज्यसभा में शानदार भाषण। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकी नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंकने और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से जुड़े प्रमुख पहलुओं पर हमारी सरकार का दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से व्यक्त किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा पर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि कुछ दिन पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब एक पत्रकार ने ट्रंप से पीएम मोदी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा था कि मोदी मेरे दोस्त हैं, लेकिन मैं पाकिस्तान से प्यार करता हूं। दुनिया भर के अन्य देशों के प्रति ट्रंप का व्यवहार ऐसा है जैसे वह राजा हों और अन्य उनकी प्रजा हो। किसी भी बड़े या शक्तिशाली देश ने कभी अन्य देशों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया है। भारत को नए सिरे से सोचना होगा।
Parliament Monsoon Session 2025, Operation Sindoor Debate News: संसद के दोनों सदनों में अमेरिका की ओर से भारत पर लगाए गए टैरिफ पर हंगामा हो सकता है। विपक्ष इस मसले पर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। इस बीच राज्यसभा में कई अहम विधेयक पेश होंगे। इसमें मणिपुर में राष्ट्रपति शासन बढ़ाने की मांग वाला प्रस्ताव और 'कैरेज ऑफ गुड्स बॉय सी बिल 2025' शामिल है।