फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monsoon Session Live: पांचवें दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ी संसद, लोकसभा सोमवार तक स्थगित

Fri, 22 Jul 2022 10:45 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Monsoon Session Live Updates: संसद में मानसून सत्र का आज पांचवा दिन है। पिछले चार दिन विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ चुके हैं। लगातार हंगामे के बाद गुरुवार को संसद में प्रश्नकाल हुआ। इस दौरान मौखिक उत्तरों के लिए सूचीबद्ध 15 में से 13 सवाल लिए गए। हालांकि, सवाल-जवाब के बीच भी विपक्षी सांसदों के महंगाई और जीएसटी जैसे मुद्दों पर हंगामा जारी रहा। पांचवे दिन यानी शु्क्रवार को भी महंगाई और बढ़ते दामों के खिलाफ विपक्ष संसद में प्रदर्शन कर रहा है। 
विज्ञापन
महंगाई को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:45 PM, 22-Jul-2022

किसान-खेती का सम्मान होना चाहिए:तोमर
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों और खेती-बाड़ी का सम्मान करने की बात दोहराई। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि जैविक और प्राकृतिक खेती से उगाई जाने वाली फसलों में अंतर करने के लिए एक सरल, सस्ती और आसानी से अपनाने वाली प्रमाणन प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता है। तोमर ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि हालांकि जैविक और प्राकृतिक दोनों तरह की खेती, गैर-रासायनिक खेती है, लेकिन उनके लिए विशिष्ट प्रमाणन प्रणाली अपनाने की जरूरत है।

10:24 PM, 22-Jul-2022

समान नागरिक संहिता को लागू करने पर अभी कोई निर्णय नहीं: सरकार
देश में समान नागरिक संहिता लागू करने पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है, क्योंकि मामला विचाराधीन है। एक लिखित जवाब में केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में कुछ रिट याचिकाएं लंबित हैं। चूंकि मामला विचाराधीन है, देश में समान नागरिक संहिता को लागू करने पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

10:04 PM, 22-Jul-2022

देश में 854 लोगों पर एक डॉक्टर, यह डब्ल्यूएचओ के मानक से बेहतर : केंद्र
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती प्रवीण पवार ने लोकसभा में शुक्रवार को कहा कि भारत में 854 लोगों पर एक डॉक्टर है और यह विश्व स्वास्थ्य संगठन के 1000 लोगों पर एक डॉक्टर के मानक से बेहतर है। उन्होंने कहा कि देश में 34.33 लाख पंजीकृत नर्सिंग कर्मी और 13 लाख संबद्ध और स्वास्थ्य देखभाल पेशेवर हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल मेडिकल कमीशन के मुताबिक, प्रदेश चिकित्सा परिषदों और नेशनल मेडिकल कमीशन के साथ पंजीकृत  13,08,009 एलोपैथिक डॉक्टर हैं। 

विज्ञापन
09:27 PM, 22-Jul-2022

विदेशों में मेडिकल की पढ़ाई करने वालों पर सरकार का बयान

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा विदेशों में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्र को किसी भी भारतीय चिकित्सा संस्थान में स्थानांतरित करने या समायोजित करने की अनुमति नहीं दी गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ भारती पवार ने लोकसभा में कुछ सदस्यों के प्रश्नों के लिखित उत्तर में यह बात कही। सदस्यों ने पूछा था कि क्या पश्चिम बंगाल ने यूक्रेन से लौटे 400 से अधिक मेडिकल की पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिया है? पवार ने अपने उत्तर में कहा कि एनएमसी ने कहा है कि उसके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है।

09:00 PM, 22-Jul-2022

पड़ोस के पांच देशों को 14 अरब डॉलर की 37 ऋण सहायता दी गई
सरकार ने बताया कि भारत ने बांग्लादेश, मालदीव, म्यांमार, नेपाल और श्रीलंका को 162 परियोजनाओं के लिए कुल 37 ऋण सहायताएं दीं। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि इनके अलावा अफ्रीका के 42 देशों को 357 परियोजनाओं के लिए 14.07 अरब डॉलर की 222 ऋण सहायताएं दी गई हैं।

विज्ञापन
04:34 PM, 22-Jul-2022

संसद की स्थाई समिति की बैठक से वॉकआउट
कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल, उत्तम के रेड्डी और रक्षा पर संसद की स्थाई समिति के सदस्यों ने समिति की बैठक से वॉकआउट किया। ऐसा उन्होंने उस वक्त किया, जब अध्यक्ष ने अग्निपथ और एलएसी की स्थिति पर चर्चा करने की उनकी मांग को कथित रूप से खारिज कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, सभापति ने निर्धारित एजेंडे से बाहर किसी भी बात पर चर्चा करने से इनकार कर दिया। बसपा सांसद दानिश अली भी बैठक से बाहर निकल गए।

04:13 PM, 22-Jul-2022

बिरसा मुंडा रेजिमेंट बनाने पर सरकार का जवाब
सरकार द्वारा भारतीय सेना में बिरसा मुंडा रेजिमेंट बनाने के प्रस्ताव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में रक्षा राज्य मंंत्री अजय भट्ट ने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। स्वतंत्रता के बाद से सरकार की यह नीति रही है कि किसी विशेष वर्ग/समुदाय/धर्म या क्षेत्र के लिए कोई नई रेजिमेंट नहीं बनाई जाएगी। असम रेजिमेंट पहले से ही स्वतंत्रता के बाद से भारतीय सेना का हिस्सा है, जिसे 15 जून 1941 को स्थापित किया गया था।

03:31 PM, 22-Jul-2022

रिजिजू ने कांग्रेस को दिया जवाब

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। इस मामले में जब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास कोई एजेंडा नहीं है, कोई मुद्दा नहीं है, उनके पास कोई काम भी नहीं है। इसलिए वे अप्रासंगिक मुद्दों को उठा रहे हैं, जो राष्ट्रीय हित के लिए हानिकारक हैं। देश का कोई सम्मान करने के लिए सहायक भूमिका निभाने के बजाय, वे देश में देशभक्ति या राष्ट्रवाद को प्रेरित करने के किसी भी प्रयास या कदम को हमेशा खारिज करते रहेंगे। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से दिवालिया हो चुकी है।

03:01 PM, 22-Jul-2022

लोकसभा ने ‘भारतीय अंटार्कटिक विधेयक, 2022’ को मंजूरी दी।

लोकसभा ने ‘भारतीय अंटार्कटिक विधेयक, 2022’ को मंजूरी दी। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि भारतीय अंटार्कटिक विधेयक, 2022 में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत भारतीय अंटार्कटिक प्राधिकरण (IAA) को सर्वोच्च निर्णय लेने वाले प्राधिकरण के रूप में स्थापित करने का प्रस्ताव है। लोकसभा में भारतीय अंटार्कटिक विधेयक, 2022 को पेश करते हुए केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री ने कहा कि यह विधेयक एक सुस्थापित कानूनी तंत्र के माध्यम से भारत की अंटार्कटिक गतिविधियों के लिए एक सामंजस्यपूर्ण नीति और नियामक ढांचा प्रदान करता है।

02:52 PM, 22-Jul-2022

सोमवार तक लोकसभा स्थगित

महंगाई और जीएसटी के मुद्दों पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद सोमवार अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित।

02:48 PM, 22-Jul-2022

भारत ‘पड़ोस प्रथम’ नीति के तहत श्रीलंका की सहायता कर रहा : जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को लोकसभा को बताया कि भारत सरकार पड़ोस प्रथम नीति के अनुरूप श्रीलंका को आर्थिक चुनौतियों से उबरने में उसकी सहायता कर रहा है । लोकसभा में एस रामलिंगम के प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यह बात कही। सदस्य ने श्रीलंका को वर्तमान आर्थिक संकट से उबरने के लिये वित्तीय सहायता के बारे में जानकारी मांगी थी।

01:36 PM, 22-Jul-2022

भारतीय सेना में 1.16 लाख पद रिक्त: सरकार

 सरकार ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय सेना में 1.16 लाख से अधिक पद रिक्त हैं जिनमें 7,308 पद अधिकारियों के शामिल हैं।केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना में अधिकारियों के 7,308 पद खाली हैं तो सैन्य नर्सिंग सेवा अधिकारी के 471 पद रिक्त हैं। इसके अलावा जूनियर कमीशन प्राप्त अधिकारी एवं अन्य रैंक के 1,08,685 पद रिक्त हैं।भट्ट ने जानकारी दी कि नौसेना में अधिकारियों (चिकित्सा और दंत चिकित्सा को छोड़कर) के 1,446 पद रिक्त हैं तथा नौसैनिक के 12,151 पद खाली हैं। मंत्री ने बताया कि वायुसेना में अधिकारियों के 572 और वायुसैनिकों के 5,217 पद रिक्त हैं।
 

01:12 PM, 22-Jul-2022

राज्यसभा 2.30 बजे तक स्थगित

विपक्ष के हंगामे के बाद पांचवे दिन दूसरी बार राज्यसभा की कार्यवाही रोकनी पड़ी। सदन की कार्यवाही 2.30 बजे तक स्थगित की गई है।

12:58 PM, 22-Jul-2022

हमारे पैसे का इस्तेमाल उद्योगपतियों के लिए हुआ- राघव चड्ढा

आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा, केंद्र हमारे पैसे का इस्तेमाल बड़े उद्योगपतियों का कर्ज चुकाने के लिए कर रही है। उन्होंने बताया, मैंने संसद में प्रश्न (संसद में) पूछा कि सरकार ने पिछले 6 वर्षों में पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क के माध्यम से कितनी राशि अर्जित की है। इसके जवाब में मुझे बताया गया कि पिछले 6 वर्षों में 16 लाख करोड़ रुपये से अधिक की उत्पाद शुल्क अर्जित किया गया। चड्ढा ने कहा, आप भारत के कई राज्यों के बजट को मिला भी लें तो यह शायद 16 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार नहीं करेगा। इसे लूट नहीं तो क्या कहेंगे? इसमें सरकार ने क्या किया? उन्होंने हमारे पैसे का इस्तेमाल बड़े उद्योगपतियों का कर्ज चुकाने और आम आदमी और गरीबों को लूटने के लिए किया गया। 

12:53 PM, 22-Jul-2022

महंगाई, जीएसटी और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर विपक्षी दलों का हंगामा जारी है। इसके चलते लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक स्थगित किया गया।

12:50 PM, 22-Jul-2022

जनसंख्या नियंत्रण बिल पर साथ दे विपक्ष- रवि किशन

 भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, हम विश्व गुरू तभी बन सकते हैं, जब जनसंख्या नियंत्रण बिल लाया जाएगा। उन्होंने कहा, विपक्ष इसमें हमारा समर्थन करे। भाजपा सांसद ने कहा, यह विकास का बिल है। मैं इसे धर्म के पहलू से नहीं देख रहा। पढ़ें पूरी खबर 

12:19 PM, 22-Jul-2022

सोनिया-राहुल को लगता है, वे कानून से ऊपर हैं- प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को कहा, सोनिया व राहुल गांधी को लगता है कि वे कानून से ऊपर हैं। नेशनल हेराल्ड मामले में वे सुप्रीम कोर्ट गए थे। कोर्ट ने उन्हें जमानत पर बाहर भेजा है। मामला अभी तक खारिज नहीं हुआ है। संसद के बारे में केंद्रीय मंत्री ने कहा, हम महंगाई के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थे, लेकिन उन्होंने संसद चलने नहीं दिया। 

11:25 AM, 22-Jul-2022

लोकसभा भी हंगामे के बाद स्थगित

लोकसभा में भी विपक्षी दलों ने महंगाई को लेकर हंगामा काटा। इसके बाद सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया। 

11:22 AM, 22-Jul-2022

राज्यसभा 12 बजे तक स्थगित

मानसून सत्र के पांचवें दिन भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। विपक्ष ने महंगाई, जीएससटी पर सत्तापक्ष को घेरने की कोशिश की। इसको लेकर राज्यसभा में भारी हंगामा हुआ, जिसके बाद उच्च सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया है। 

11:13 AM, 22-Jul-2022

विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश करेंगे- मल्लिकार्जुन खड़गे

राष्ट्रपति चुनाव के बाद उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने हैं। इससे पहले टीएमसी ने इन चुनावों से दूरी बनाने का फैसला किया है। इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम चाहते हैं कि पूरा विपक्ष एकजुट होकर काम करेंगे। हम टीएमसी के फैसले के पीछे का कारण जानने की कोशिश करेंगे। 

11:11 AM, 22-Jul-2022

पीएम मोदी ने बुलाई बैठक

संसद के सत्र की शुरुआत से पहले आगामी रणनीति पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शीर्ष मंत्रियों के साथ बैठक की। इस दौरान बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, प्रह्लाद जोशी, अनुराग सिंह ठाकुर, किरेन रिजिजू, पीयूष गोयल शामिल हुए।

11:01 AM, 22-Jul-2022

Monsoon Session Live: पांचवें दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ी संसद, लोकसभा सोमवार तक स्थगित

मानसून सत्र के पांचवे दिन की शुरुआत भी हंगामे के साथ हुई। बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेसी सांसद संसद भवन में प्रदर्शन करते नजर आए। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें