फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament LIVE: गृह मंत्री बोले- नहीं पता विपक्ष चर्चा क्यों नहीं चाहता, हम चाहते हैं सच्चाई देश के सामने आए

Mon, 24 Jul 2023 09:18 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Monsoon Session Today Live News in Hindi : लोकसभा-राज्यसभा में आज भी मणिपुर मुद्दे पर हंगामे के बीच चर्चा नहीं हो पाई। खुद गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष से चर्चा करने की अपील की। हालांकि, राज्यसभा और लोकसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
विज्ञापन
लोकसभा में अमित शाह। - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:17 PM, 24-Jul-2023

गो फर्स्ट के 54 विमानों का पंजीकरण रद्द करने के लिए आवेदन आया: सरकार
पट्टादाताओं ने विमानन कंपनी गो फर्स्ट के 54 विमानों का पंजीकरण रद्द करने की मांग की है। विमानन नियामक डीजीसीए मई में उड़ानें रद्द करने की एयरलाइन की घोषणा के बाद से स्थिति पर नजर रख रहा है। सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी। नकदी की कमी से जूझ रही सस्ते परिवहन वाली विमानन कंपनी गो फर्स्ट ने 3 मई को अपनी उड़ानें बंद कर दी और वह स्वैच्छिक दिवाला समाधान प्रक्रिया से गुजर रही है। राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वीके सिंह ने यह जानकारी दी।

04:21 PM, 24-Jul-2023

प्रधानमंत्री को सदन में बोलना चाहिए: दिग्विजय सिंह
कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब यह प्रधानमंत्री बनकर आए थे, उन्होंने नौटंकी की थी। पिछले 9 सालों उन्होंने लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं को तिलांजली दी है। मणिपुर ढाई महीने से जल रहा है। प्रधानमंत्री को सदन में बोलना चाहिए। सदन से बाहर उन्होंने इसका राजनीतिकरण किया। मणिपुर के जैसे हालात किस राज्य में हैं, जो उन्होंने राजस्थान और छत्तीसगढ़ से जोड़ा? अगर उन्होने (संजय सिंह) वेल में आकर कुछ कह दिया तो उन्होंने ऐसा कौन सा अपराध कर दिया कि उनको पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया? हम इसकी निंदा करते हैं।

04:15 PM, 24-Jul-2023

हमारी बस छोटी सी मांग: अधीर रंजन
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री आकर मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा करेंगे तो आसमान तो नहीं फट जाएगा? पूरी दुनिया में इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है...हमारी बस छोटी सी मांग है कि मणिपुर में आज जो गंभीर हालात हैं उस पर प्रधानमंत्री चर्चा के लिए आए।

विज्ञापन
04:15 PM, 24-Jul-2023

सांसद राघव चड्ढा ने कही यह बात
राज्यसभा सभापति द्वारा आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को संसद से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने उनके निलंबन का 'खंडन' और 'विरोध' किया।

04:14 PM, 24-Jul-2023

सब संजय सिंह के साथ: कांग्रेस सांसद
राज्यसभा सभापति द्वारा आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को संसद से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारत में जितने राजनीतिक दल हैं, वे सब संजय सिंह के साथ हैं। सभी (राजनीतिक दल) के प्रतिनिधि यहां मौजूद हैं। हम सब संजय सिहं के साथ गांधी जी की प्रतिमा के पास जाकर विरोध करेंगे।

विज्ञापन
04:14 PM, 24-Jul-2023

संजय सिंह ने कही यह बात
राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री सदन में आकर मणिपुर की हिंसा पर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। एक कारगिल के योद्धा की पत्नी को निर्वस्त्र कर परेड कराया गया। भारत के 140 करोड़ लोगों का सर शर्म से झुक गया है, लेकिन प्रधानमंत्री सदन में आकर जवाब देने के लिए तैयार नहीं हैं।
 

03:15 PM, 24-Jul-2023

ऋण भुगतान के मामलों में कठोर कार्रवाई न करें: सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सार्वजनिक और निजी दोनों बैंकों को निर्देश दिया गया है कि जब ऋण भुगतान की प्रक्रिया की बात आती है तो कठोर कदम नहीं उठाया जाना चाहिए और उन्हें ऐसे मामलों को संवेदनशीलता के साथ संभालना चाहिए। सीतारमण ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान छोटे कर्जदारों के कर्ज पुनर्भुगतान से जुड़े एक सवाल पर हस्तक्षेप करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि मैंने इस बारे में शिकायतें सुनी हैं कि कुछ बैंकों की ओर से ऋण चुकाने में बहुत ही कड़ाई चल रही है। सरकार ने सभी सार्वजनिक और निजी बैंकों को निर्देश दिया है कि जब ऋण भुगतान की प्रक्रिया की बात आती है तो ऐसे सख्त कदमों से बचना चाहिए। उन्हें मानवता और संवेदनशीलता को ध्यान में रखना चाहिए।

03:08 PM, 24-Jul-2023

राज्यसभा दिन भर के लिए स्थगित
AAP सांसद संजय सिंह के निलंबन के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने जमकर विरोध दर्ज कराया। भारी हंगामे की वजह से राज्यसभा को भी दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश संजय सिंह से कहा कि मैं आप सांसद से फिर से सदन से बाहर जाने का अनुरोध करता हूं, ताकि सदन की कार्यवाही जारी रह सके।

02:53 PM, 24-Jul-2023

राजनाथ सिंह ने मल्लिकार्जुन खरगे से फोन पर की बात

रक्षा मंत्री और लोकसभा के उप नेता राजनाथ सिंह ने संसद में मणिपुर के विषय पर जारी गतिरोध को खत्म करने के प्रयास के तहत कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से फोन पर बात की है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि रक्षा मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष को रविवार रात फोन किया था, लेकिन खरगे ने स्पष्ट कर दिया कि विपक्ष मणिपुर के मामले पर सदन में विस्तृत चर्चा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वक्तव्य चाहता है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राजनाथ सिंह जी ने कल रात कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी को फ़ोन कर सदन में गतिरोध के बारे में बात की। कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ़ तौर पर कहा कि हम सदन में विस्तृत चर्चा चाहते हैं, रोज़ इस बारे में नियम 267 के अन्तर्गत नोटिस भी दे रहे हैं क्योंकि मणिपुर में हो रही हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, प्रधानमंत्री जी को सदन में आकर बयान देना चाहिए।” विपक्षी दल मानसून सत्र के पहले दिन से ही मणिपुर के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद में वक्तव्य देने और चर्चा की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर हंगामे के कारण संसद के मानसून सत्र के पहले दो दिन दोनों सदनों की कार्यवाही बार बार बाधित हुई।

02:37 PM, 24-Jul-2023

लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

मणिपुर मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही कल 25 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित की गई।

02:30 PM, 24-Jul-2023

विपक्ष से चर्चा के लिए तैयार हैं: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में बयान दिया। उन्होंने विपक्ष से कहा कि मैं इस पर सदन में चर्चा के लिए तैयार हूं। मैं विपक्ष से अनुरोध करता हूं कि इस मुद्दे पर चर्चा होने दें। यह महत्वपूर्ण है कि देश को इस संवेदनशील मामले पर सच्चाई पता चले। पर पता नहीं क्यों विपक्ष इस मामले पर चर्चा नहीं चाहता।

02:17 PM, 24-Jul-2023

आप सांसद राघव  चड्ढा ने संजय सिंह के निलंबन पर कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सभापति ने संजय सिंह को निलंबित कर दिया। यह सही नहीं है, यह लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ है। सदन के स्थगित होने के बाद हमने सभापति से मुलाकात की और उनसे निलंबन वापस लेने की अपील की। सभापति को सभी सांसदों को बुलाकर बात करनी चाहिए और स्वस्थ चर्चा करनी चाहिए। 

02:10 PM, 24-Jul-2023

सदन में जारी हंगामे पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि मुझे लगता है कि मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री द्वारा सदन में उपस्थित होकर मुश्किलों को हल किया जा सकता है। वह खुद भी संसद के सदस्य हैं औऱ इसके प्रति जवाबदेह हैं। थरूर ने कहा कि यह इतना अहम मुद्दा है कि सरकार के मुख्य कार्यकारी से कम कोई भी इस पर शुरुआत में नहीं बोल सकता। प्रधानमंत्री ने संसद के बाहर मीडिया से बात करना उचित समझा लेकिन जब संसद के सत्र चल रहे हैं तो यह अस्वीकार्य है।  

01:01 PM, 24-Jul-2023

राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने सभी दलों की बैठक बुलाई है। सदन में गतिरोध खत्म करने के लिए यह बैठक बुलाई गई है। बता दें कि मणिपुर मामले पर सदन में जमकर हंगामा हो रहा है। हंगामे के चलते सोमवार को सभापति ने आप सांसद संजय सिंह को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया है। 

12:34 PM, 24-Jul-2023

संजय सिंह के संसद के पूरे सत्र से निलंबन को लेकर आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर संजय सिंह को सच्चाई की आवाज उठाने के लिए निलंबित किया गया है तो हम उससे बिल्कुल भी दुखी नहीं हैं। हमारी कानूनी टीम इस मामले को देखेगी लेकिन यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। 

12:23 PM, 24-Jul-2023

मणिपुर मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। राज्यसभा में हंगामे के चलते सभापति ने आप सांसद संजय सिंह को पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया है। इससे पहले विपक्ष की नारेबाजी के चलते लोकसभा की कार्यवाही भी दो बजे तक स्थगित कर दी गई थी। 
 

10:53 AM, 24-Jul-2023

सोनिया गांधी संसद पहुंची
 

10:33 AM, 24-Jul-2023

मणिपुर मुद्दे पर विपक्ष खासा हमलावर रुख अपनाए हुए है। विपक्षी सांसदों ने सोमवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले मणिपुर की घटना को लेकर धरना प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री से घटना को लेकर संसद में बयान देने की मांग की। 
 

10:21 AM, 24-Jul-2023

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोमवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में मणिपुर पर बयान दें। सरकार मणिपुर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हो गई है लेकिन विपक्ष प्रधानमंत्री के बयान की मांग पर अड़ा है। 

10:11 AM, 24-Jul-2023

कांग्रेस भी मणिपुर के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी कर चुकी है। यही वजह है कि कांग्रेस ने सोमवार को मणिपुर मुद्दे पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश किया है। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर और मनीष तिवारी ने स्थगन प्रस्ताव पेश किया है। 

10:02 AM, 24-Jul-2023

Parliament LIVE: गृह मंत्री बोले- नहीं पता विपक्ष चर्चा क्यों नहीं चाहता, हम चाहते हैं सच्चाई देश के सामने आए

मणिपुर के मुद्दे पर आज मानसून सत्र के दौरान फिर हंगामे के आसार हैं। दरअसल आप के सांसद राघव चड्ढा ने मणिपुर में खराब होती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा के लिए सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें