लोकसभा से कराधान कानून विधेयक 2025 पारित
लोकसभा ने कराधान कानून (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित कर दिया है। यह विधेयक आयकर अधिनियम, 1961 और वित्त अधिनियम, 2025 में और संशोधन करता है।
लोकसभा से आयकर विधेयक किया गया पारित
लोकसभा ने आयकर (संख्या 2) विधेयक, 2025 पारित कर दिया। यह विधेयक आयकर से संबंधित कानून को समेकित और संशोधित करता है।
लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
विपक्षी सांसदों को हंगामे और नारेबाजी के चलते लोकसभा की कार्यवाही शाम 4 बजे तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही भी 4 बजे तक स्थगित हो गई है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आयकर विधेयक 2025 और कराधान कानून संशोधन विधेयक, 2025 लोकसभा में पेश किया।
संसद की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी और विपक्ष ने बहुत समय बर्बाद किया है। अब हम देश और संसद का समय और बर्बाद नहीं होने देंगे। सरकार महत्वपूर्ण विधेयक पारित करना चाहती है। आज हम लोकसभा और राज्यसभा दोनों में महत्वपूर्ण विधेयक पारित करेंगे। एक व्यक्ति की मूर्खता और एक परिवार की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता। कई विपक्षी सांसदों ने भी आकर कहा कि वे असहाय हैं। उनके नेता उन्हें जबरदस्ती हंगामा करने के लिए कहते हैं। हर दिन, हम देश और संसद का समय एक मुद्दे पर बर्बाद नहीं होने देंगे। इसलिए, हम महत्वपूर्ण विधेयक पारित करेंगे।'
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'वो बात नहीं कर सकते हैं, हकीकत यह है। सच्चाई देश के सामने है और यह लड़ाई राजनीतिक नहीं है, यह संविधान को बचाने की लड़ाई है, यह एक व्यक्ति, एक वोट की लड़ाई है। हमें एक साफ-सुथरी मतदाता सूची चाहिए।'
नई दिल्ली DCP देवेश कुमार महला ने कहा, 'चुनाव आयोग की ओर से लगभग 30 सांसदों की अनुमति थी लेकिन उनकी (विपक्षी नेताओं) तादाद काफी ज्यादा थी इसलिए उन्हें हिरासत में लिया गया है।'
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'जब तक लोगों के मन में चुनावों की निष्पक्षता को लेकर संदेह है, तब तक चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंच रहा है। अगर ये संदेह दूर हो जाते हैं, तो चुनाव आयोग की विश्वसनीयता फिर से हासिल की जा सकती है। चुनाव आयोग का अपना हित इन सवालों का समाधान करने में है।'
विपक्षी दलों का विरोध मार्च पुलिस ने रोका। पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संजय राउत और सागरिका घोष सहित INDI ब्लॉक के सांसदों को हिरासत में लिया, जो SIR के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और संसद से भारत के चुनाव आयोग तक मार्च निकाल रहे थे।
विरोध मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पुलिस बैरिकेड के ऊपर से कूद गए क्योंकि दिल्ली पुलिस ने संसद से चुनाव आयोग तक मार्च कर रहे INDIA ब्लॉक नेताओं को रोक दिया। विपक्षी सांसद बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान कथित 'मतदाता धोखाधड़ी' के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।
विरोध मार्च के दौरान विपक्षी नेताओं की पुलिसकर्मियों के साथ नोंक-झोंक भी देखने को मिली। केसी वेणुगोपाल प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस अधिकारी से भिड़ गए।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'कांग्रेस केवल बांग्लादेशी मतदाताओं की बदौलत जीत सकती है और यह साजिश 1972-73 से चल रही है... यह चुनाव भारतीय मतदाताओं की मदद से होगा या बांग्लादेशी मतदाताओं की मदद से?'
पुलिस द्वारा विरोध मार्च रोके जाने पर हंगामा हो गया है और विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च रोका है और कई विपक्षी सांसद बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी कर रहे हैं।
विपक्षी सांसद एसआईआर के मुद्दे पर जल्द ही संसद भवन से निर्वाचन आयोग तक विरोध मार्च शुरू हो गया। इस मार्च में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई सांसद मौजूद हैं। वहीं मार्च के शुरू होते ही दिल्ली पुलिस ने मार्च को रोक दिया है।
मतदाता सूची के मुद्दे पर जारी विवाद को लेकर विपक्ष ने सदन में जमकर नारेबाजी की। विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।
JDU सांसद संजय कुमार झा ने SIR के मुद्दे पर कहा, 'SIR बिहार में हो रहा है। बिहार में लोगों में इसको लेकर कोई मुद्दा नहीं है, तो जब वहां कोई मु्द्दा नहीं है तो ये (विपक्ष) लोग यहां हल्ला क्यों कर रहे हैं। बिहार के लोग खुश हैं। चुनाव आयोग ने बढ़िया काम किया है।'
संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। वहीं सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष का हंगामा भी शुरू हो गया। विपक्षी सांसद एसआईआर के मुद्दे पर नारेबाजी कर रहे हैं।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, 'चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देने की जरूरत है। हमने पहले भी चुनाव आयोग के साथ बैठकें की हैं, उन्होंने सुना लेकिन वे अपने जवाब नहीं दे पाए...'