कल एसआईआर का मुद्दा उठाएगा विपक्ष
विपक्ष कल 22 जुलाई को संसद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा उठाएगा। सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी नेताओं की ओर से संसद के मकर द्वार पर सुबह 10:30 बजे विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।
राज्यसभा सभापति ने आप नेता संजीव अरोड़ा का इस्तीफा 1 जुलाई से स्वीकार किया
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को सदन को सूचित किया कि उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजीव अरोड़ा का उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा 1 जुलाई से स्वीकार कर लिया है। पहली बार सांसद बने संजीव अरोड़ा 10 अप्रैल, 2022 को पंजाब से राज्यसभा के लिए चुने गए थे और उनका कार्यकाल 9 अप्रैल, 2028 तक था। इस महीने की शुरुआत में, संजीव अरोड़ा ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतने के बाद अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा अध्यक्ष ने सुबह के सत्र (शून्यकाल) के दौरान कहा, 'मुझे सदस्यों को सूचित करना है कि मुझे 1 जुलाई को पंजाब राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले संजीव अरोड़ा का एक पत्र मिला था, जिसमें उन्होंने राज्यसभा से अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया था। मैंने 1 जुलाई, 2025 से उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।'
लोकसभा के बाद राज्यसभा की कार्यवाही 22 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित।
राज्यसभा ने बिल ऑफ लैडिंग विधेयक 2025 पारित किया।
इस विधेयक का उद्देश्य पुराने भारतीय माल लदान अधिनियम, 1856, जो एक पूर्व-संवैधानिक कानून था, को प्रतिस्थापित करके संबंधित प्रावधानों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाना है।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव नोटिस पर कहा, 'यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है। न्यायपालिका की स्वतंत्रता के लिए एक न्यायाधीश का आचरण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हमने इस संबंध में अपना नोटिस दायर कर दिया है।'
जस्टिस यशवंत वर्मा के सरकारी आवास से भारी मात्रा में नकदी मिलने के मामले में राज्यसभा के 63 सांसदों ने जस्टिस वर्मा को पद से हटाने का नोटिस दिया है। वहीं लोकसभा में भी जस्टिस वर्मा को हटाने के लिए नोटिस दिया गया है, जिसे 145 सदस्यों ने समर्थन दिया है। सदस्यों ने संविधान के अनुच्छेद 124, 217 और 218 के तहत महाभियोग का प्रस्ताव दिया है। विभिन्न पार्टियों के सांसदों ने इस नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनमें कांग्रेस, टीडीपी, जेडीयू जेडीएस, जन सेना पार्टी, शिवसेना, लोक जनशक्ति पार्टी, सीपीएम आदि के सांसद शामिल हैं। इन सांसदों में राहुल गांधी, अनुराग वर्मा, रवि शंकर प्रसाद, सुप्रिया सुले और केसी वेणुगोपाल का नाम शामिल है।
AAP सांसद राघव चढ़ा ने संसद में विमान सुरक्षा से जुड़ा एक अहम मुद्दा उठाया। राघव चड्ढा ने राज्यसभा में कहा कि 'भारत का नागरिक उड्डयन क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसका नियमन, दबाव के कारण कमजोर हो रहा है। DGCA में न तो पर्याप्त स्टाफ है, न पर्याप्त फंडिंग, और न ही वह स्वायत्तता जो उसके लिए जरूरी है। आज इसके 55% तकनीकी पद खाली हैं। जो पद खाली हैं, उनकी जिम्मेदारियों में-
* विमान सुरक्षा निरीक्षण
* पायलट लाइसेंस जारी करना
* विमान रख-रखाव
* विमान की उड़ान-योग्यता प्रमाणित करना जैसे काम शामिल हैं। यह केवल कमी नहीं है, यह एक संकट है। आसमान में गलती की कोई गुंजाइश नहीं होती। DGCA को SEBI और TRAI की तरह स्वायत्त बनाना होगा, क्योंकि सुरक्षा कोई विकल्प नहीं, एक आवश्यकता है।'
सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है। हालांकि लोकसभा की कार्यवाही फिर से शाम 4 बजे तक स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में विपक्ष का जमकर हंगामा
लोकसभा में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। विपक्षी नेता नारेबारी कर के सदन का वक्त बर्बाद न करें और चर्चा करें।
विपक्ष के हंगामे के बाद राज्सभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमले पर जवाब मांगा और साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा बार-बार भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता के दावे पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में पहलगाम आतंकी हमले और एअर इंडिया विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी गई।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सांसद खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। विपक्षी सांसद ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। वहीं लोकसभा अध्यक्ष का कहना है कि अभी प्रश्नकाल चल रहा है और प्रश्नकाल के बाद नियमों के तहत हर विषय पर चर्चा की जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्षी सांसदों के व्यवहार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जिन सांसदों को नारेबाजी करनी है, वो सदन के बाहर जाएं। सदन नारेबाजी करने के लिए नहीं बल्कि चर्चा करने के लिए है।
संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में दिवंगत पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं राज्यसभा में नए सांसदों को पद की शपथ दिलाई गई।
ओम बिरला, जेपी नड्डा संसद भवन पहुंचे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता (राज्यसभा) जेपी नड्डा संसद पहुंचे।
हवाई दुर्घटना का मुद्दा भी उठेगा
डीएमके सांसद टीआर बालू ने कहा कि हम पहलगाम हमले का मुद्दा जरूर उठाएंगे। यह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। हम हवाई दुर्घटना का मुद्दा भी उठाएंगे। प्रधानमंत्री को सदन में आकर बताना चाहिए कि क्या हुआ था।
शशि थरूर का जिक्र
कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन के शशि थरूर पर दिए गए बयान पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, 'यह किसी मतभेद का मामला नहीं है। हर पार्टी का अपना अनुशासन होता है। अगर कोई नेता इस अनुशासन को तोड़ता है तो यह ठीक नहीं है।'