राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 1 बजे फिर शुरू हुई। पेगासस जासूसी को लेकर विपक्ष की ओर से जोरदार हंगामा और नारेबाजी की जा रही है। राज्यसभा में विपक्ष की ओर से 'वी वॉन्ट जस्टिस' के नारे के बीच कोरोना पर चर्चा हो रही है।
राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश ने बताया कि कोविड पर चर्चा को लेकर सभी नेता अध्यक्ष वेंकैया नायडू से मिले। राज्यसभा के सभापति ने अपनी सहमति दे दी है। राज्यसभा में दोपहर 1 बजे कोरोना पर चर्चा होगी। उच्च सदन को दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
कांग्रेस पार्टी की ओर से मोदी सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसीलिए आज शाम को स्वास्थ्य सचिव की ओर दी जाने वाली प्रजेंटेशन को लेकर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'पहले डिस्कसन उसके बाद प्रेजेंटेशन। अगर वे डिस्कसन नहीं चाहते और सभी सांसदों को प्रेजेंटेशन देना है तो सेंट्रल हाल में दें। अगर कोविड की वजह से आप एक ही जगह नहीं बैठा सकते तो दो दिन कर सकते हैं या सुबह शाम एक दिन में भी कर सकते हैं।'
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव आज राज्यसभा में 'पेगासस प्रोजेक्ट' पर बयान देंगे।
मानसून सत्र का आगाज भी हंगामे के साथ हुआ। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा और राज्यसभा में मंत्रिपरिषद के नए सदस्यों का परिचय कराने के दौरान विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया था, जिसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी थी। पहले दिन पेगासस जासूसी कांड पर विपक्ष ने जमकर हमला किया। वहीं आज पेगासस जासूसी कांड के अलावा कोरोना की भीषण त्रासदी, किसान आंदोलन, महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल के दाम, चीन और रफाल जैसे मुद्दों पर भी बवाल हो सकता है।
संसद के मानसून सत्र का पहला दिन हंगामे की भेंट चढ़ गया। मानसूत्र सत्र के दूसरे दिन भी पेगागस जासूसी के मुद्दे पर जमकर हंगामा होने के आसार नजर आ रहे हैं। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कोरोना पर सदन में राजनीतिक दलों के नेताओं को संबोधित करेंगे और सरकार की ओर से किए गए कोरोना प्रबंधन पर प्रजेंटेशन भी देंगे।