फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session Highlights: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लोकसभा की मंजूरी, कल राज्यसभा में बोल सकते हैं पीएम मोदी

Mon, 07 Feb 2022 11:28 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

 LIVE Parliament Session Updates: संसद के बजट सत्र का आज का दिन बेहद खास है। संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे वहीं आज अमित शाह ने ओवैसी पर हुए हमले को लेकर जवाब दिया। इससे पहले संसद की कार्यवाही शुरू होते ही दोनों सदनों के सदस्यों द्वारा भारत रत्न और स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।संसद से जुड़े हर अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
 
विज्ञापन
ओवैसी पर हुए हमले पर जवाब देते गृह मंत्री अमित शाह - फोटो : संसद टीवी
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:28 PM, 07-Feb-2022

रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने दी जानकारी

राज्यसभा में रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2021-22 से सभी मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में बालिका कैडेटों को प्रवेश दिया गया है। 2021-22 सत्र से मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 में 312 बालिका कैडेटों को प्रवेश दिया गया है।

11:11 PM, 07-Feb-2022

रिजिजू और जोशी का कांग्रेस पर पलटवार

कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि एक समय था जब पूर्वोत्तर में कांग्रेस का शासन था। धीरे-धीरे लोगों ने देखा कि उन्हें कोई फायदा नहीं हो रहा है। पीएम के नेतृत्व में पूर्वोत्तर विकास की ओर बढ़ रहा है। पीएम ने आज संसद में भारत के लोगों की भावनाओं को प्रतिध्वनित किया है। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि राहुल गांधी के पिता, दादा और दादी ने चीन के साथ समस्या पैदा करने की कोशिश की है। कांग्रेस के तहत शुरू हुए तिब्बत मुद्दे को सभी जानते हैं। राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वह एक अंशकालिक राजनीतिज्ञ हैं। 

11:11 PM, 07-Feb-2022

कांग्रेस ने पीएम पर साधा निशाना

लोकसभा में पीएम मोदी के भाषण पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम 'मेक इन इंडिया' से इनकार नहीं करते, यह नारा पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने दिया था। चीन से भारत का आयात फिलहाल 69 अरब डॉलर है, आपका 'आत्मनिर्भर भारत' कहां है? बेरोजगारी दर भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना की पहली लहर के दौरान पीएम ने अचानक लॉकडाउन की घोषणा की थी। प्रवासी मजदूरों के लिए कोई भोजन उपलब्ध नहीं था। कई प्रवासी श्रमिक पैदल घर लौटे और कई लोगों की जान चली गई।

विज्ञापन
09:26 PM, 07-Feb-2022

सपा नेता ने सेना में अहीर रेजिमेंट स्थापित करने की मांग की

समाजवादी पार्टी (सपा) सदस्य चौधरी सुखराम सिंह यादव ने सोमवार को राज्यसभा में मांग की कि देश द्वारा लड़े गए विभिन्न युद्धों में यादव जाति के सैनिकों की शौर्यगाथा को देखते हुए सेना में विभिन्न रेजिमेंट की भांति अहीर रेजिमेंट की भी स्थापना की जाए।

09:23 PM, 07-Feb-2022

प्रधानमंत्री ने लोकसभा में सिर्फ हंसी-ठिठोली की: कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए लॉकडाउन में परेशान में होने वाले मजदूरों और कोरोना वायरस से प्रभावित परिवारों से माफी मांगने की बजाय हंसी-ठिठोली की। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री ने एक राजा की तरह दुष्प्रचार किया, लेकिन हकीकत उनके दावों से अलग है।

विज्ञापन
09:13 PM, 07-Feb-2022

कल राज्यसभा में बोल सकते हैं मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सुबह यानी मंगलवार को 11 बजे राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दे सकते हैं।

09:10 PM, 07-Feb-2022

लोकसभा ने सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री के जवाब के बाद सदन ने प्रस्ताव को मंजूरी दी।

08:59 PM, 07-Feb-2022

कोरोनाकाल में भी विपक्ष राजनीति करता रहा: भाजपा

राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी की एक सदस्य ने सोमवार को आरोप लगाया कि कोविड महामारी के दौरान जब पूरी दुनिया परेशान थी और केंद्र सरकार स्थिति से निपटने के लिए पूरा प्रयास कर रही थी, उस दौरान भी विपक्ष राजनीति करता रहा और उसने टीकों को लेकर अफवाह फैलाने की कोशिश की। भाजपा सदस्य सीमा द्विवेदी ने राष्ट्रपति अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर हुयी चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि कोरोना महामारी से पूरा विश्व प्रभावित हुआ और भारत भी इससे अछूता नहीं रहा तथा हमने भी अपने कई नजदीकी लोगों को खोया।

08:59 PM, 07-Feb-2022

कांग्रेस राष्ट्रपति के अभिभाषण को बताया निराशाजनक

कांग्रेस ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में हुए राष्ट्रपति के अभिभाषण को निराशाजनक बताया है। पार्टी की ओर से सोमवार को कहा गया कि इसमें जमीनी हकीकत के बारे में अपने विचार नहीं रखे गए और न ही मौजूदा चुनौतियों का उल्लेख किया गया। यह पूरी तरह से दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि घृणा और हिंसा से देश का हित नहीं होता। इससे समाज में दूरियां बढ़ने और अमीर व गरीब के बीच खाई गहरी होती जाएगी।

राज्यसभा में अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि एक लकीर खींची जा रही है। बांटने की बातें की जा रही हैं। कई संगठन हैं जो घृणा फैला रहे हैं। यह किसी की भलाई के बारे में नहीं सोचते। हम नहीं चाहते कि भारत की ऐसी छवि बने। हम वही चाहते हैं जो विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस और गांधी के दर्शन में है। कृपा कर उसको बचा कर रखें। यह दूसरा दर्शन बड़ा खतरनाक है।

08:41 PM, 07-Feb-2022

घरेलू उड़ानों के किराये में छूट कोरोना के हालात और मांग पर निर्भर होगी : मंत्री

सरकार ने कहा है कि घरेलू उड़ानों के किराये में छूट मांग और कोरोना के हालात पर निर्भर होगी। नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री वीके सिंह ने राज्यसभा में कहा कि पिछले दो साल में कोरोना महामारी ने विमानन क्षेत्र सहित कारोबार से प्राप्त होने वाले राजस्व को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थिति में हवाई किराये को सरकार न तो तय करती है न उसका नियमन करती है। कोरोना के अप्रत्याशित हालात में सरकार को विमान किराये की ऊपरी और निचली सीमा को विशेष परिस्थिति में निर्धारित करना पड़ा। 

08:40 PM, 07-Feb-2022

पीएम आवास योजना में अब तक दी गई 41415 करोड़ की सब्सिडी

सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 17 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को अब तक 41,415 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है। राज्यसभा में आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री ने 2015 में इस योजना की शुरुआत की थी। इसका मकसद 2022 में सभी को आवास मुहैया कराने के लिए वित्तीय सहायता देना है। पुरी ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम के तहत 8000 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

08:40 PM, 07-Feb-2022

केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री ने दिया जवाब

केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री ने राज्यसभा को एक लिखित उत्तर में सूचित किया कि 2011 की जनगणना के अनुसार भारत में बेघर आबादी की संख्या 17,73,040 थी, जिसमें शहरी क्षेत्रों से 9,38,348 और ग्रामीण क्षेत्रों से 8,34,692 शामिल हैं।

04:15 PM, 07-Feb-2022

शाम पांच बजे शुरू होगी लोकसभा की कार्यवाही

लोकसभा में भी लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सदन के अध्यक्ष ओम बिरला ने शोक संदेश पढ़ा। इसके बाद सदन में एक मिनट का मौन रखा गया। लोकसभा की कार्यवाही अब एक घंटे बाद शाम पांच बजे शुरू होगी।

03:22 PM, 07-Feb-2022

कर्नाटक हिजाब विवाद पर चर्चा की मांग के लिए लोकसभा में स्थगन नोटिस

Udupi Hijab row in Karnataka: लोकसभा में यूएमएल सांसद, ईटी मोहम्मद बशीर, अब्दुस्समद समदानी और के. नवासकानी ने कर्नाटक में हाल ही में उडुपी हिजाब विवाद पर चर्चा की मांग के लिए स्थगन नोटिस दिया।

02:43 PM, 07-Feb-2022

असदुद्दीन ओवैसी पर हमले को लेकर अमित शाह ने दिया जवाब

एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी के वाहन पर फायरिंग मामले पर राज्यसभा में जवाब देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ओवैसी का हापुड़ जिले में कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम नहीं था, उनके आंदोलन की कोई सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को पहले नहीं भेजी गई थी। शाह ने कहा कि दो अज्ञात लोगों ने काफिले पर फायरिंग की थी। ओवैसी सुरक्षित बाहर आ गए लेकिन उनके वाहन के निचले हिस्से पर गोली के 3 निशान थे। इस घटना को तीन गवाहों ने देखा। त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, आरोपियों के पास से दो अनधिकृत पिस्तौल और एक ऑल्टो कार बरामद की गईं। फोरेंसिक टीम  कार और घटना स्थल की सूक्ष्म जांच कर रही है।, साक्ष्य जुटाने की कोशिश भी हो रही है।

 

12:38 PM, 07-Feb-2022

जावड़ेकर का सपा पर निशाना

भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रकाश जावड़ेकर ने राज्यसभा में समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो पार्टी कहती थी कि कोई परिंदा पर नहीं मारेगा वह कहती है राम मंदिर पहले हम बनाएंगे। उन्होंने कहा कि गोली चलाने वालों को अभी अयोध्या भूली नहीं है।  दरअसल, रामगोपाल यादव ने कहा था कि समाजवादी पार्टी के राज में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तेजी से होगा। अगर इस बार सरकार आई तो सबसे पहले राम मंदिर का काम पूरा करवाया जाएगा।

10:10 AM, 07-Feb-2022

राज्यसभा में महान गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि 

Rajyasabha tribute to Lata Mangeshkar : राज्यसभा में स्वर कोकिला और सदन की पूर्व सदस्य लता मंगेशकर को आज श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान वेंकैंया नायडू ने शोक संदेश भी पढ़ा। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर के निधन से, देश ने भारतीय संगीत और फिल्म उद्योग की दुनिया में एक महान पार्श्व गायिका, एक दयालु इंसान और एक महान व्यक्तित्व खो दिया है। उनके निधन से एक युग का अंत हुआ और संगीत की दुनिया में अपूरणीय शून्य पैदा हो गया।  

लता मंगेशकर के सम्मान में एक मिनट का मौन
महान गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए राज्यसभा सदस्यों ने एक मिनट का मौन रखा।

09:00 AM, 07-Feb-2022

राज्यसभा में पहले सप्ताह में 100 फीसदी कामकाज

राज्यसभा ने बजट सत्र के पहले सप्ताह में सौ प्रतिशत उत्पादकता दर्ज की। इस दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस हुई। सभा के सुचारू कामकाज  के लिए सभापति एम वेंकैया नायडू ने सांसदों को बधाई दी और सराहना की और आह्वान किया कि वे इस भावना को जारी रखें। 

08:31 AM, 07-Feb-2022

संसद: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लोकसभा की मंजूरी, कल राज्यसभा में बोल सकते हैं पीएम मोदी

संसद के बजट सत्र का आज का दिन बेहद खास रहने वाला है। संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे वहीं अमित शाह ओवैसी पर हुए हमले को लेकर भी बोलेंगे। वहीं इससे पहले संसद की कार्यवाही शुरू होते ही दोनों सदनों के सदस्यों द्वारा भारत रत्न और स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी जाएगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें