फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Budget Session Live: वित्त मंत्री बोलीं- बजट में देश की समृद्धि पर जोर, लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

Tue, 11 Feb 2025 08:07 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Budget Session Live Updates News in Hindi: संसद का बजट सत्र अब तक हंगामेदार रहा है। विपक्ष ने महंगाई, अमेरिका से वापस भेजे गए भारतीयों समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की है। इस बीच दिल्ली के चुनावी नतीजे के बाद सरकार ने विपक्ष जमकर खरीखोटी सुनाई। संसद की कार्यवाही से जुड़े हर अपडेट्स यहां पढ़ें-
विज्ञापन
संसद का बजट सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:06 PM, 11-Feb-2025

राज्यसभा की कार्यवाही 13 फरवरी सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

06:31 PM, 11-Feb-2025

लोकसभा की कार्यवाही 13 फरवरी को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

06:02 PM, 11-Feb-2025

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि कृषि उत्पादन में सबसे पिछड़े 100 जिलों में उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले 45% घरों में एलपीजी कनेक्शन या स्वच्छ ईंधन नहीं था। अब करीब 32 करोड़ घरों तक यानि करीब 100% घरों तक खाना पकाने का स्वच्छ ईंधन उपलब्ध है। 10.3 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को 503 रु में एलपीजी सिलिंडर मिल रहा है। 

विज्ञापन
06:01 PM, 11-Feb-2025

लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री की ओर से बजट को लेकर दिए जा रहे सवालों के जवाब के बीच विपक्ष का हंगामा जारी है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन का समय बढ़ाने की बात कही। 

05:37 PM, 11-Feb-2025

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मंत्रालयों में परिचालन दक्षता में सुधार के लिए स्वतंत्रता के बाद से चौथा बड़ा कदम उठाया गया है। उन्हें छोटी-छोटी राशियों के लिए अनुमति लेने के लिए हमारे पास आना पड़ता था। मंत्रालय अब अधिक सशक्त हैं, इसलिए धन के वितरण के बारे में निर्णय जल्दी हो जाते हैं। 

विज्ञापन
05:29 PM, 11-Feb-2025

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बजट ऐसे समय में आया है जब वैश्विक मैक्रो-इकोनॉमिक माहौल में भारी अनिश्चितताएं और बदलाव हैं। बजट का फोकस गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी पर है। इसका आधार कृषि, एमएसएमई और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं और सुधारों को प्रस्तुत करना था। जो विकास, ग्रामीण समृद्धि और लचीलेपन के प्रावधान के साथ-साथ विकास के इंजन के रूप में थे। उन्होंने कहा कि 2025-26 के लिए प्रभावी पूंजीगत व्यय 4.3% है और राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 4.4% है। यह दर्शाता है कि सरकार प्रभावी पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण और पूंजीगत परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए संपूर्ण उधार संसाधनों का उपयोग कर रही है।

05:15 PM, 11-Feb-2025

कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात को ग्रोथ इंजन बनाने पर जोर

 केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में कहा कि सरकार कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात को ग्रोथ इंजन बनाने के साथ गांवों में समृद्धि लाने पर जोर दे रही है।

05:09 PM, 11-Feb-2025

बजट पर उठे सवालों के जवाब दे रहीं केंद्रीय वित्त मंत्री
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में बजट को लेकर उठे सवालों के जवाब दे रही हैं। इसके साथ ही विपक्ष का हंगामा जारी है। 
 

04:23 PM, 11-Feb-2025

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पांच बजे लोकसभा में केंद्रीय बजट 2025-26 पर हो रही चर्चा का जवाब देंगी।

02:57 PM, 11-Feb-2025

चक्रवात के जोखिम को कम करने के लिए सरकार ने उठाए कदम

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने संसद में बताया कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय चक्रवात जोखिम न्यूनतमकरण परियोजना को दो चरणों में क्रियान्वित किया है। पहले चरण में आंध्र प्रदेश और ओडिशा को शामिल किया गया। दूसरे चरण में परियोजना को 6 राज्यों में क्रियान्वित किया गया है, जिनमें गोवा, गुजरात, केरल, कर्नाटक महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इसके तहत प्रारंभिक चेतावनी प्रसार प्रणाली (EWDS)को तैयार करना, चक्रवात जोखिम न्यूनीकरण अवसंरचना (CRMI) का निर्माण, तकनीकी सहायता और क्षमता निर्माण प्रशिक्षण देना और योजना के क्रियान्वयन में मदद करना शामिल है। 
 

02:53 PM, 11-Feb-2025

बांग्लादेश सीमा पर बाड़ेबंदी पर क्या बोली सरकार

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में बताया कि 'भारत-बांग्लादेश सीमा की कुल लंबाई 4096.70 किलोमीटर है। बांग्लादेश के साथ सीमा साझा करने वाले राज्य पश्चिम बंगाल (2216.7 किलोमीटर), असम (263 किलोमीटर), मेघालय (443 किलोमीटर), त्रिपुरा (856 किलोमीटर) और मिजोरम (318 किलोमीटर) हैं। भारत-बांग्लादेश सीमा की 864.4 किलोमीटर लंबाई पर अभी भी बाड़ लगाई जानी है, जिसमें 174.5 किलोमीटर सीमा पर भौगोलिक चुनौतियों के चलते, बांग्लादेश सीमा बल की आपत्ति और जमीन अधिग्रहण की दिक्कतों के चलते यहां बाड़ लगाना मुश्किल है।'

02:20 PM, 11-Feb-2025

अखिलेश यादव ने अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर केंद्र को घेरा

सपा मुखिया अखिलेश यादव लोकसभा में महाकुंभ हादसे में मृतकों के आंकड़ों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही अखिलेश यादव ने भारत की अर्थव्यवस्था, रुपये की गिरती कीमत जैसे मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि देश में असमानता बढ़ रही है औऱ कुछ ही लोगों के पास देश की अधिकतर संपदा है। 

01:15 PM, 11-Feb-2025

अब संस्कृत, उर्दू समेत छह और भाषाओं में होगा लोकसभा की कार्यवाही का भाषा रूपांतरण

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कहा कि अब संस्कृत, उर्दू तथा मैथिली समेत छह और भाषाओं में सदन की कार्यवाही का भाषा रूपांतरण होगा। सदन की कार्यवाही का भाषा रूपांतरण पहले अंग्रेजी और हिंदी के अलावा 10 क्षेत्रीय भाषाओं में हो रहा था। बिरला ने कहा कि उनका प्रयास है कि मान्यताप्राप्त सभी 22 भाषाओं में सदन की कार्यवाही का रूपांतरण एक साथ हो। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन की उपलब्धता होने के साथ ही यह सुनिश्चित कर दिया जाएगा।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, 'अब बोडो, डोगरी, मैथिली, मणिपुरी, संस्कृत और उर्दू में सदन की कार्यवाही का रूपांतरण होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत की संसद ही एकमात्र विधायी संस्था है जहां एकसाथ इतनी भाषाओं में कार्यवाही का रूपांतरण हो रहा है। द्रमुक सांसद दयानिधि मारन ने संस्कृत भाषा में कार्यवाही के रूपांतरण के फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़े के मुताबिक देश में सिर्फ 73 हजार लोग संस्कृत बोलते हैं तो फिर करदाताओं के पैसे को क्यों बर्बाद किया जा रहा है। बिरला ने उनकी आपत्ति को खारिज करते हुए कहा, 'आप किस देश में रह रहे हैं? भारत की मूल भाषा संस्कृत रही है। आपको संस्कृत पर आपत्ति क्यों हुई? हम तो सभी 22 भाषाओं में रूपांतरण की बात कर रहे हैं।'

12:49 PM, 11-Feb-2025

डिंपल यादव ने महाकुंभ में अव्यवस्था का लगाया आरोप

सपा सांसद डिंपल यादव ने महाकुंभ में अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि महाकुंभ के आयोजन पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। ऐसे में सरकार को अव्यवस्था पर जवाब देना चाहिए। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि 300 किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है औऱ लोग वहां फंसे हुए हैं।

12:46 PM, 11-Feb-2025

अमित शाह और राहुल गांधी संसद पहुंचे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी संसद पहुंचे।
 

12:22 PM, 11-Feb-2025

रणबीर इलाहाबादिया की टिप्पणी के मामले पर बवाल

यूट्यूबर रणबीर इलाहाबादिया के विवादित बयान पर बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और संचार और आईटी पर संसदीय समिति का सदस्य होने के नाते मैं इस मामले को समिति के सामने भी उठाऊंगा। ऐसी अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सख्त दिशा-निर्देश होने चाहिए।

11:32 AM, 11-Feb-2025

महा विकास अघाड़ी के सांसदों ने किया विरोध प्रदर्शन

महा विकास अघाड़ी के सांसदों ने मंगलवार को संसद के मकर द्वार पर हाथों में बैनर पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सांसदों ने महाराष्ट्र के सोयाबीन किसानों के समर्थन में ये विरोध प्रदर्शन किया। 
 

11:25 AM, 11-Feb-2025

इंजीनियर रशीद को संसद जाते समय नियमित चिकित्सा जांच के लिए ले जाया गया

दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा जेल में बंद जम्मू कश्मीर के सांसद रशीद इंजीनियर को मौजूद बजट में हिस्सा लेने के लिए दो दिन की अभिरक्षा पैरोल की अनुमति दिए जाने के बाद बारामुला से सांसद को मंगलवार सुबह नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए पुलिस सुरक्षा में राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। रशीद को अस्पताल से संसद से जाया जाएगा। तिहाड़ जेल सूत्रों ने यह जानकारी दी।

आतंक के वित्तपोषण के मामले में 2019 से तिहाड़ जेल में बंद रशीद ने लोकसभा में अपने निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए अंतरिम जमानत या अभिरक्षा पैरोल का अनुरोध किया था। रशीद की पैरोल में कुछ शर्तें भी शामिल हैं, जिसमें सेलफोन या इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करना या सांसद के तौर पर अपनी सीमित जिम्मेदारी को छोड़कर मीडिया या किसी भी व्यक्ति को संबोधित नहीं करना शामिल है। बारामुला के सांसद पर आरोप है कि उन्होंने जम्मू कश्मीर में अलगाववादियों और आतंकी समूहों को वित्तीय मदद दी थी।

11:12 AM, 11-Feb-2025

संसद की कार्यवाही शुरू

संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में फिलहाल प्रश्नकाल चल रहा है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने मालदीव के सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। यह प्रतिनिधिमंडल सदन की कार्यवाही देखेगा। 

10:33 AM, 11-Feb-2025

  • कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने मणिपुर की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए राज्यसभा में स्थगन नोटिस दिया।  
  • कांग्रेस सांसद विजय कुमार उर्फ विजय वसंत ने सदन में महंगाई पर नियंत्रण के लिए चर्चा की मांग करते हुए स्थगन प्रस्ताव पेश किया। 
  • लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने अमेरिका से भारतीय नागरिकों के निर्वासन के मुद्दे और इस मामले पर भारत सरकार की प्रतिक्रिया पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया। 
  • कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा के मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया।

10:15 AM, 11-Feb-2025

Parliament Budget Session Live: वित्त मंत्री बोलीं- बजट में देश की समृद्धि पर जोर, लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

Parliament Budget Session Live Updates News in Hindi: संसद का बजट सत्र अब तक हंगामेदार रहा है। विपक्ष ने महंगाई, अमेरिका से वापस भेजे गए भारतीयों समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की है। इस बीच दिल्ली के चुनावी नतीजे के बाद सरकार ने विपक्ष जमकर खरीखोटी सुनाई। इस बीच आज भी लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही हंगामेदार रहने के आसार हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में बजट पर चर्चा का जवाब देंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें