फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Speech In LS: पीएम मोदी बोले- ये हमारा तीसरा ही टर्म है, विकसित भारत के लिए अनेक वर्षों तक जुटे रहेंगे

Tue, 04 Feb 2025 06:43 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

PM Modi in Lok Sabha Live News in Hindi: संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही जारी है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना जवाब दे रहे हैं।
विज्ञापन
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:25 PM, 04-Feb-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कांग्रेस सांसद का तंज

लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, 'सोनिया गांधी पर आरोप झूठे हैं, प्रियंका गांधी ने भी इसे स्पष्ट किया, वह राष्ट्रपति का सम्मान करती हैं और उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा। झूठ फैलाया जा रहा है और दुर्भाग्य से प्रधानमंत्री संसद में वही दोहरा रहे हैं... हर समय गांधी परिवार को बेवजह कोसना... दिन भर उन्हें गाली देना, क्या यह भी भाषण है?'

09:24 PM, 04-Feb-2025

कांग्रेस ने तो केवल नारे ही दिए कोई काम नहीं किए- संजय झा

लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर JDU सांसद संजय कुमार झा ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने बिल्कुल सही कहा कि अब जनकल्याण का पैसा सीधा हितधारकों के खातों में जाता है... यह तो क्रांतिकारी कदम उठाया गया है... गरीबों के लिए जितने कल्याणकारी काम हो रहे हैं, कांग्रेस ने तो केवल नारे ही दिए कोई काम नहीं किए... उनके(कांग्रेस) पास काम करने का मौका भी था... प्रधानमंत्री मोदी ने देश से पूछा है कि किस पर परिवार के तीन लोग आज संसद में बैठे हुए हैं? जनता को विचार करना चाहिए।'

09:23 PM, 04-Feb-2025

बहुत सकारात्मक भाषण था- अरुण गोविल

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी का हमेशा देश के प्रति ही भाव रहता है...बहुत सकारात्मक भाषण था'।

विज्ञापन
09:22 PM, 04-Feb-2025

वे जनता से और उनकी जरूरतों से कट चुके हैं- प्रियंका गांधी

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'मुझे उनके भाषण से यह लग रहा था कि वे जनता से और उनकी जरूरतों से कट चुके हैं'।

09:21 PM, 04-Feb-2025

संसद में हमारी यह अपेक्षा भी नहीं मानी गई- डिंपल यादव

वहीं सपा सांसद डिंपल यादव ने प्रधानमंत्री के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'हम बस यही चाह रहे थे कि महाकुंभ में जिन लोगों की जान गई है, उनके लिए 2 मिनट का मौन रखा जाए और आज संसद में हमारी यह अपेक्षा भी नहीं मानी गई'।

विज्ञापन
09:06 PM, 04-Feb-2025

सरकार को जानमाल के नुकसान की कोई चिंता नहीं- अखिलेश

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'यह बहुत अफसोस की बात है कि जब कुंभ में इतनी बड़ी घटना हुई, यह सिर्फ विपक्ष का सवाल नहीं है, पूरी दुनिया ने देखा कि कुंभ में क्या हुआ, सरकार लापता लोगों और मौतों का आंकड़ा छिपा रही है...हमने 2 मिनट का मौन रखने की भी मांग की लेकिन आज किसी ने इसकी परवाह नहीं की...सरकार को जानमाल के नुकसान की कोई चिंता नहीं है'।

09:05 PM, 04-Feb-2025

2047 तक विरोधियों को विपक्ष में ही बैठना है- रवि किशन

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि ये हताश-निराश हैं। 2047 तक विरोधियों को विपक्ष में ही बैठना है'।

09:04 PM, 04-Feb-2025

प्रधानमंत्री मोदी का भाषण ऐतिहासिक था- रविशंकर प्रसाद

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी का भाषण ऐतिहासिक था...विकसित भारत का पूरा रोडमैप क्या है, इस पर उन्होंने बात रखी...विपक्ष तो बोलता ही रहेगा'।

09:02 PM, 04-Feb-2025

प्रधानमंत्री ने संविधान का मुद्दा भी बहुत अच्छी तरह से रखा- अठावले

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह पिछले 10 सालों में काम किया है, उसका नतीजा हमें महाराष्ट्र और हरियाणा में मला है...उन्होंने संविधान का मुद्दा भी बहुत अच्छी तरह से रखा...उनका भाषण बहुत अच्छा था'।

09:01 PM, 04-Feb-2025

प्रधानमंत्री देश के सामने सच्चाई लाए- अनुराग ठाकुर

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'वो सच्चाई देश के सामने लाए गए कि कुछ लोग, कुछ पार्टियां केवल गरीबी हटाओ का नारा लगाते थे लेकिन गरीबी हटा नहीं पाए और प्रधानमंत्री मोदी 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर लाए...उन्होंने बहुत स्पष्ट किया है कि केवल राजनीति करने के लिए देश का नुकसान ना करें'।

08:59 PM, 04-Feb-2025

प्रधानमंत्री ने एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया- वेणुगोपाल 

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'उन्होंने राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा उठाए गए एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। अखिलेश यादव ने भी बहुत अच्छा बोला, उन्होंने उस पर कुछ भी जवाब नहीं दिया। यह प्रधानमंत्री के भाषण की वही पुनरावृत्ति है जो हम इतने सालों से सुनते आ रहे हैं'।

08:56 PM, 04-Feb-2025

प्रधानमंत्री मोदी ने आज कहा हम संविधान को जीते हैं- जगदंबिका पाल

लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, 'उन्होंने जिस तरह से कहा कि 2047 के लिए हम एक फाउंडेशन तैयार कर रहे हैं...25 साल बचे हैं और उन 25 सालों में हम भारत को विकसित भारत बनाना चाहते हैं...प्रधानमंत्री मोदी ने आज कहा कि हम संविधान को केवल मानते नहीं है बल्कि हम संविधान को जीते हैं।

06:59 PM, 04-Feb-2025

लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पारित, भाजपा सांसदों ने पीएम को दी बधाई

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का विस्तार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवाब दिया। वहीं धन्यवाद प्रस्ताव लोक सभा में पारित किए जाने प्रधानमंत्री को मंत्रिमंडल के सहयोगियों और वरिष्ठ सांसदों ने बधाई दी।
 

06:54 PM, 04-Feb-2025

लोकसभा की कार्यवाही 6 फरवरी तक के लिए स्थगित

लोकसभा में मतदान के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण में संशोधन करने के विपक्ष के प्रस्ताव गिरे। इसके बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लोक सभा में मंजूरी दी गई। फिलहाल लोकसभा की कार्यवाही 6 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
 
 

06:43 PM, 04-Feb-2025

'PM Modi Speech : 'तो हमारा तीसरा ही टर्म है, हमें और बढ़े लक्ष्य पार करके रहेंगे'

2014 से पहले खिलौने जैसी चीजें आयात करते थे। आज छोटे उद्योग दुनिया में निर्यात कर रहे हैं और खिलौने के आयात में कमी आई, खिलौनों के निर्यात में 239 फीसदी की बढ़ोतरी आई है। हम इलेक्ट्रिकल सामानों का भी निर्यात कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए देश बड़े आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। ये कोई सरकारी सपना नहीं है, हर एक भारतवासी का सपना है। दुनिया के कई देशों ने 20-25 साल में ऐसा करके दिखाया है। भारत के पास सामर्थ्य अपार है, हमारे पास तो डेमोग्राफी है। हम क्यों नहीं कर सकते। 2047 तक हम ऐसा करके रहेंगे। अभी हमें और भी बड़े लक्ष्य प्राप्त करने हैं और हम करके रहेंगे, ये तो हमारा तीसरा ही टर्म है। हम देश की आवश्यकता के अनुसार विकसित भारत बनाने के लिए आने वाले अनेक वर्षों तक जुटे रहने वाले हैं। मैं सभी दलों, सभी नेताओं, सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि अपनी-अपनी विचारधारा होगी लेकिन देश से बड़ा कुछ भी नहीं है। देश विकसित होगा, हमारे बाद की जो पीढ़ियां होंगी वो कहेंगी कि 2025 में एक संसद ऐसी थी जहां बैठा हुआ हर सांसद विकसित भारत के सपने के लिए, उसे पूरा करने के लिए काम कर रहा था।

06:40 PM, 04-Feb-2025

प्रदूषण को कम करने की दिशा में भी कई पहल- पीएम

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि- प्रदूषण को कम करने की दिशा में भी हमारी सरकार ने कई पहल किए हैं। 12 हजार इलेक्ट्रिक बस हमने देशभर में दिए हैं और दिल्ली को भी दिया है, आज बड़े शहरों में गिग इकोनॉमी डेवलप हो रहा है, लाखों युवा जुड़ रहे हैं। हमने बजट में कहा है कि ई-श्रम पोर्टल पर गिग वर्कर रजिस्ट्रेशन कराएं और आईडी कार्ड मिले, आयुष्मान योजना का भी लाभ दिया जाएगा। अनुमान है कि आज देश में एक करोड़ गीग वर्कर हैं। हम उस दिशा में भी काम कर रहे हैं। एमएसएमई सेक्टर बड़ी मात्रा में रोजगार के अवसर लेकर आता है। ये छोटे उद्योग आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक हैं, देश की अर्थव्यवस्था में ये सेक्टर बहुत बड़ा योगदान दे रहा है। हमारी नीति साफ है, इस क्षेत्र को सहूलियत, सहायता और संबल पर फोकस है। पूरे इकोसिस्टम को बल देते हुए आगे बढ़ रहे हैं। कई पहलुओं पर काम शुरू किया है, 2006 में मानदंड बनाया गया था और सुधार नहीं किया गया था, हमने दो बार सुधार का प्रयास किया और अब बड़ी छलांग लगाई है। हर तरफ उनको आर्थिक सहायता दी जा रही है। एमएसएमई के सामने चुनौती फॉर्मल फाइनेंशियल रिसोर्सेज की रही है।

06:36 PM, 04-Feb-2025

PM Modi Speech: बिहार का मखाना दुनिया में पहुंचने वाला है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- हर देशवासी का सपना होना चाहिए कि दुनिया की हर डाइनिंग टेबल पर मेड इन इंडिया फूड क्यों न हो। भारत की चाय और कॉफी आज दुनिया में महक पहुंचा रही है। हमारी हल्दी की सबसे ज्यादा मांग बढ़ी है। हमारा प्रोसेस्ड सी फूड, जिसे लेकर कुछ लोगों को दर्द पता नहीं क्यों हुआ, बिहार का मखाना दुनिया में पहुंचने वाला है। मोटा अनाज यानी श्री अन्न दुनिया के बाजारों में भारत की शान बढ़ाएगा। विकसित भारत के लिए फ्यूचर रेडी शहर भी जरूरी हैं। हमारा देश तेजी से अर्बनाइजेशन की तरफ बढ़ रहा है और इसे चुनौती और संकट नहीं मानना नहीं चाहिए।इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार अवसरों का प्रसार होता है। कनेक्टिविटी से संभावनाएं बनती हैं, दिल्ली-यूपी को रोकने वाली पहली नमो रेल, जिसमें मैंने यात्रा की। आने वाले दिनों में हम भारत के सभी देशों में ऐसी कनेक्टिविटी लाएंगे। दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क डबल हो गया है। आज देश की टियर टू सिटीज में भी मेट्रो नेटवर्क पहुंचा है। 

06:34 PM, 04-Feb-2025

PM Modi Live: 'संविधान की बात करने वालों को ज्यादा ज्ञान नहीं'

पीएम मोदी ने आगे कहा- पीएम किसान सम्मान निधि से साढ़े तीन लाख करोड़ किसान के खाते में पहुंचे हैं, बीते दशक में तीन गुना अधिक खरीदी की है, किसान को ऋण में भी तीन गुना वृद्धि की गई है। आपदा में किसान को उसके हाल पर छोड़ दिया जाता था, किसानों को पौने दो लाख करोड़ रुपये मिले हैं, सिंचाई के लिए कदम उठाए गए हैं, संविधान की बात करने वालों को ज्यादा ज्ञान नहीं है। पानी को लेकर बाबा साहब का विजन इतना क्लियर था कि आज भी हम लोगों को प्रेरणा देता है, सौ से अधिक दशकों से लटकी सिंचाई परियोजनाएं पूरा करने का अभियान चलाया। नदियों को जोड़ने की वकालत अंबेडकर ने की, लेकिन दशकों तक कुछ नहीं हुआ। आज हमने केन-बेतवा लिंक समेत कई प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया। गुजरात में ऐसा मेरा सफल अनुभव रहा है।

06:30 PM, 04-Feb-2025

PM Modi in Lok Sabha: 2014 से पहले यूरिया मांगने पर लाठी मिलती थी- पीएम

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा- विकसित भारत का लक्ष्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किए बिना पूरा नहीं हो सकता है। ग्रामीण इकॉनमी के हर क्षेत्र को छूने का हमने प्रयास किया है। खेती-किसानी अहम है। किसान मजबूत स्तंभ है। खेती के बजट में हमने 10 गुना बढ़ोतरी की है। आज जो लोग यहां किसान की बातें करते हैं, 2014 से पहले यूरिया मांगने पर लाठी मिलती थी। रात-रात कतारों में खड़ा रहना पड़ता था। वो जमाना था जब खाद किसानों के नाम पर निकलती थी, कहीं और कालाबाजारी होती थी। एक रुपया 15 पैसा वाला सफाई का खेल चलता था। आज किसान को पर्याप्त खाद मिल रही है। कोविड संकट के बाद दुनिया में दाम अनाप-शनाप बढ़ गए, यूरिया का जो बोरा 3000 रुपए का पड़ रहा है, सरकार ने झेला और किसान को 300 रुपये में दिया। किसान को ज्यादा लाभ मिले, हम काम कर रहे, किसान को सस्ती खाद मिले, इसके लिए 12 लाख करोड़ खर्च किया गया है।

06:28 PM, 04-Feb-2025

'भारत इस प्रकार की विकृत मानसिकता से आगे बढ़ रहा है'

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा- राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद एक महिला राष्ट्रपति, एक गरीब परिवार की बेटी का सम्मान न कर सके, आपकी मर्जी लेकिन क्या-क्या कहकर उनको अपमानित किया जा रहा है। राजनीति, हताशा, निराशा समझ सकता हूं, आज भारत इस प्रकार की विकृत मानसिकता को छोड़ वीमेन लेड डेवलपमेंट के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहा है। आधी आबादी को पूरा अवसर मिले तो भारत दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ सकता है। सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं का सामर्थ्य बढ़ा, हमने इनकी मदद बढ़ा दी है और इसका ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ा है। हमारी तीसरी बार सरकार बने के बाद 50 लाख से ज्यादा लखपति दीदी की जानकारी हम तक पहुंची है, अब तक सवा करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। हम तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे। देश के गांवों में ड्रोन दीदी की चर्चा होती है। मनोवैज्ञानिक बदलाव आया। महिलाओं के हाथ में ड्रोन देखकर गांववालों को उन्हें देखने का नजरिया बदला। आज ये लाखों रुपए कमाने लगी हैं। करोड़ों महिलाएं मुद्रा योजना लेकर उद्योगपति की भूमिका में आईं। 4 करोड़ परिवारों को घर दिए उनमें 75 फीसदी मकानों का मालिकाना हक महिलाओं को मिला है।

06:18 PM, 04-Feb-2025

'नेहरू के वक्त विदेश नीति के नाम पर खेल हुआ'

पीएम मोदी ने कहा कि  संविधान की भावना है कि सबको बेहतर स्वास्थ्य मिले, आज कैंसर डे भी है, कुछ लोग हैं जो गरीब को, बुजुर्ग को आरोग्य की सेवा मिलने में अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण अड़ंगे डाल रहे हैं। आज आयुष्मान से जहां 30 हजार से अधिक अच्छे हॉस्पिटल जुड़े हैं। पीएम मोदी ने कहा- राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान यहां विदेश नीति की चर्चा हुई और कुछ लोगों को लगता है फॉरेन पॉलिसी न बोले तो लगता ही नहीं विदेश नीति पर चर्चा हो रही है। मैं ऐसे लोगों को कहना चाहता हूं कि वे एक किताब पढ़ें-  JFK's Forgotten Crisis। ये किताब एक प्रसिद्ध विदेश नीतिज्ञ ने लिखी है। इसमें महत्वपूर्ण घटनाओं का जिक्र है। इस किताब में भारत के पहले प्रधानमंत्री और वे विदेश नीति को भी नेतृत्व करते थे। इस किताब में पंडित नेहरू और अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी के बीच हुई चर्चाओं और निणर्यों को विस्तार से वर्णन है। जब देश ढेर सारी चुनौतियों का सामना कर रहा था, तब विदेश नीति के नाम पर क्या खेल हुआ था। उस किताब के माध्यम से सामने आ रहा है।

06:14 PM, 04-Feb-2025

PM Modi in Lok Sabha: 'हमने तुष्टीकरण नहीं संतुष्टीकरण का रास्ता चुना'

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा- पिछले 10 साल में हर सप्ताह एक नई यूनिवर्सिटी बनी है। हर दिन एक नई आईटीआई बनी। हर 2 दिन में एक नया कॉलेज खुला है। एससी-एसटी-ओबीसी युवाओं के लिए कितनी वृद्धि हुई है। हम हर योजना के पीछे लगे, 100 फीसदी लागू कर रहे हैं। एक रुपया और 15 पैसे वाला खेल नहीं चल सकता। कुछ लोगों ने तुष्टीकरण किया। कुछ ही लोगों को दो दूसरे को तरसाओ। हमने रास्ता चुना है तुष्टीकरण नहीं संतुष्टीकरण और उस पर हम चलें हैं। हर समाज और हर वर्ग के लोगों को बिना भेदभाव उनके हक का देने का काम किया। हर समाज, हर वर्ग के लोगों को जो उसके हक का है, उसको मिलना चाहिए, जब सौ प्रतिशत परिपूर्णता की बात करता हूं तो ये असल में सामाजिक न्याय और संविधान का सम्मान है।

06:08 PM, 04-Feb-2025

कुछ लोगों के लिए जाति की बात करना फैशन- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा- कुछ लोगों के लिए जाति की बात करना फैशन हो गया है। पिछले 30 साल से सदन में आने वाले ओबीसी समाज के सांसद एक होकर मांग कर रहे थे कि ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। जिन लोगों को आज जातिवाद में उन्हें उस वक्त ओबीसी की याद नहीं आई। हमने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया। पिछड़ा वर्ग आयोग आज संवैधानिक व्यवस्था बन गया। हर सेक्टर में एससी, एसटी, ओबीसी के अवसरों के लिए हमने काम किया। कोई मुझे बताए क्या एक ही समय में संसद में एससी वर्ग के एक ही परिवार के तीन सांसद हुए हैं क्या? दूसरा सवाल- कोई बताए कि एक ही कालखंड में संसद में एसटी वर्ग के एक ही परिवार के तीन एमपी हुए हैं क्या? कुछ लोगों की वाणी और व्यवहार में कितना फर्क होता है, मेरे एक सवाल के जवाब में ये दिख जाएगा। जमीन-आसमान का अंतर होता है। हम एससी-एसटी समाज को कैसे सशक्त कर रहे हैं।

06:03 PM, 04-Feb-2025

PM Modi News: हमने लंबे विजन के साथ काम किया है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- संविधान भेदभाव का अधिकार नहीं देता, जो संविधान को जेब में लेकर घूमते हैं, उन्होंने मुस्लिम बेटियों को कैसी स्थिति में जीने को मजबूर कर दिया था। हमने उन बेटियों को समानता का अधिकार दिया। जब भी देश में एनडीए की सरकार रही, हमने लंबे विजन के साथ काम किया है। पता नहीं देश बांटने के लिए कैसी भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन हमारी सोच कैसी है। एनडीए के साथी किस दिशा में सोचते हैं। हमारे लिए जो आखिरी हैं, मंत्रालयों की रचना करते हैं पूर्वोत्तर के लिए अलग मंत्रालय बनाते हैं, आदिवासी मंत्रालय बनाया, फिशरीज के लिए अलग मंत्रालय बनाया।

05:53 PM, 04-Feb-2025

PM Modi Live: खुद के जीने वालों की जमात बहुत छोटी नहीं- पीएम

लोकतंत्र के मुद्दे पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा- लोकतंत्र का स्पिरिट क्या होता है, संविधान को जीना किसे कहते हैं। हमने पीएम म्यूजियम बनाया और देश के पहले पीएम से लेकर मेरे पूर्व तक, सभी प्रधानमंत्रियों के जीवन को और उनके कार्यों को बताया गया है। ये होती है संविधान की भावना। अपने लिए तो सब करते हैं, खुद के जीने वालों की जमात बहुत छोटी नहीं है। संविधान के लिए जीने वाले यहां बैठे हैं। पीएम मोदी ने इस बयान पर भाजपा और एनडीए सांसदों ने जमकर तालियां बजाई। पीएम ने आगे कहा- हम संविधान को सर्वोपरि रखते हैं, जहर की राजनीति नहीं करते हैं। हम स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि - ये देश का दुर्भाग्य है कि आज कल कुछ लोग अर्बन नक्सल की भाषा खुलेआम बोल रहे हैं। और अर्बन नक्सल की भाष बोलने वाले जिन बातों को बोलते हैं, इंडियन स्टेट्स के सामने मोर्चा लेना। ये अर्बन नक्सल की भाषा बोलने वाले न संविधान को समझ सकते हैं और न देश की एकता को समझ सकते हैं। सात दशक तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को संविधान के अधिकारों से वंचित रखा गया। ये अन्याय है। हमने आर्टिकल 370 की दीवार गिरा दी। उन राज्यों को देशवासियों जैसे अधिकार दे हैं।

05:52 PM, 04-Feb-2025

PM Modi in Lok Sabha: 'कुछ दल युवाओं के भविष्य पर आपदा बनकर गिरे'

पीएम मोदी ने कहा- 21वीं सदी पूरी तरह टेक्नोलॉजी ड्रिवेन सेंचुरी है, ऐसे में इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना जरूरी है। हम लगातार युवा भविष्य को ध्यान में रखते हुए काम कर रहे हैं। कुछ दल हैं जो लगातार युवाओं को धोखा दे रहे हैं। ये दल चुनाव के समय ये भत्ता देंगे, वो भत्ता देंगे वादे करते हैं, पूरा नहीं करते।

पीएम मोदी के इस हमले पर  विपक्ष के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर स्पीकर ने गरिमा प्रतिष्ठा बनाए रखने की अपील की और कहा कि बैठे बैठे टिप्पणी न करें। पीएम ने आगे कहा कि ये दल युवाओं के भविष्य पर आपदा बनकर गिरे हुए हैं। हम कैसे काम करते हैं, ये हरियाणा में देश ने देखा है, बिना खर्ची, बिना पर्ची नौकरी देने का वादा किया था, सरकार बनते ही युवाओं को नौकरी मिल गई। हम जो कहते हैं, उसी का परिणाम है हरियाणा में तीसरी बार भव्य विजय. हरियाणा में इतिहास में तीसरी बार विजय ऐतिहासिक घटना है,महाराष्ट्र में भी ऐतिहासिक परिणाम, इतिहास में सत्ता पक्ष के पास इतनी सीटें पहली बार हम जनता के आशीर्वाद से कर के आए हैं।

'2014 में जब हम आए तब मान्य विपक्ष नहीं था'
पीएम मोदी ने आगे कहा2014 में जब आए तब मान्य विपक्ष नहीं था। उतने अंक भी लेकर कोई नहीं आया था, अनेक कानून ऐसे थे हमें पूरी स्वतंत्रता थी। हमारा संविधान को मानने का चरित्र था, हमने तय किया कि भले विपक्ष नहीं होगा, लेकिन जो सबसे बड़े दल का नेता है, उसे मीटिंग में बुलाएंगे। ये लोकतंत्र की आत्मा होती है, तब होता है।
 

05:46 PM, 04-Feb-2025

PM Modi Speech: बजट में 50 हजार टिंकरिंग लैब्स का प्रावधान- पीएम

पीएम मोदी ने अपने भाषण में एआई, थ्रीडी प्रिंटिंग, रोबोटिक्स, वर्चुअल रियलटी की चर्चा। पीएम ने कहा- हम तो गेमिंग का महात्म्य क्या है, इसके लिए भी प्रयास करते हैं। क्रिएटिविटी वर्ल्ड का कैपिटल भारत क्यों न बने। एआई शब्द फैशन में है तो कुछ लोग बोलते हैं। मेरे लिए डबल एआई है। एक एआई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, दूसरा एस्पिरेशनल इंडिया। हमने स्कूलों में 10 हजार टिंकरिंग लैब बनाए। उसमें से निकले बच्चे रोबोट बनाकर चकित कर रहे हैं। इस बजट में 50 हजार टिंकरिंग लैब्स का प्रावधान किया गया। विश्व के एआई प्लेटफॉर्म में भारत महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त कर चुका है।

05:35 PM, 04-Feb-2025

हमने न्यूक्लियर सेक्टर को खोल दिया है- पीएम

पीएम मोदी ने कहा- हमने जनधन, आधार, मोबाइल की जेएएम ट्रिनिटी बनाई और डायरेक्ट ट्रांसफर करना शुरू किया। हमारे कार्यकाल में हमने 40 लाख करोड़ रुपया सीधा जनता-जनार्दन के खाते में जमा किया। पीएम ने कहा- 2014 के पहले ऐसे बमगोले फेंके गए कि देशवासियों का जीवन छलनी कर दिया गया था, हम धीरे-धीरे उन घावों को भरते आगे बढ़े, 2014 के पहले सिर्फ दो लाख रुपये पर इनकम टैक्स से माफी थी, हमने 12 लाख तक की आय करमुक्त कर दी है। पहली अप्रैल के बाद देश में वेतनभोगियों के पौन तेरह लाख रुपये तक कोई इनकम टैक्स नहीं देना पड़ेगा।  पीएम ने आगे कहा- 12 लाख की आय पर टैक्स न लगाने की बात इतनी फैली की लोगों का अन्य फैसलों पर ध्यान नहीं गया, मैं बता दूं कि सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए, हमने न्यूक्लियर सेक्टर को खोल दिया है,  इसका असर आगे देखने को मिलेगा।

 

05:31 PM, 04-Feb-2025

'हमने पैसों का इस्तेमाल शीशमहल बनाने में नहीं किया'

पीएम मोदी ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा- हमने पैसों का इस्तेमाल शीशमहल बनाने में नहीं किया, देश बनाने में किया है। इन्फ्रास्ट्रक्चर का बजट 1.80 लाख करोड़ था। आज 11 लाख करोड़ रुपया बजट है। सरकारी खजाने में बचत हुई वो तो एक बात है, हमने इस बात पर भी ध्यान रखा कि जन सामान्य को भी बचत का लाभ मिलना चाहिए। आपने देखा होगा कि आयुष्मान भारत योजना, बीमारी के कारण आम आदमी को होने वाला खर्च करीब देश में एक लाख 20 हजार करोड़ रुपए जनता के बचे हैं। जनऔषधि केंद्र में 80 फीसदी डिसकाउंट होता है। जनता के 30 हजार करोड़ रुपए बचे हैं। यूनिसेफ का भी अनुमान है कि जिसके घर में शौचालय बना, उस परिवार को करीब करीब 70 हजार की बचत हुई है। पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान बताया कि, डब्ल्यूएचओ का कहना है कि नल से शुद्ध जल मिलने के कारण उन परिवारों में औसतन 40 हजार प्रति परिवार बचा है। ऐसी अनेक योजनाएं हैं जिन्होंने सामान्य आदमी के खर्च में बचत की है, करोड़ों देशवासियों को मुफ्त अनाज से भी परिवार के हजारों रुपये बचते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि एक प्रधानमंत्री रट गए थे इक्कीसवीं सदी, इक्कीसवीं सदी। आरके लक्ष्मण ने एक कार्टून बनाया था, एक हवाई जहाज था, एक पायलट था और 21वीं सदी लिखा था, ये हवाई जहाज एक ठेले पर रखा हुआ था और मजदूर उसे धक्का लगा रहे थे। ये कार्टून बताता है कि तब के प्रधानमंत्री कितने कटे हुए थे। तब 21वीं सदी की बातें की थी जो 20वीं सदी की जरूरतें भी पूरा नहीं कर पाए थे।

05:22 PM, 04-Feb-2025

हंगामे के बीच पीएम मोदी का संबोधन जारी

पीएम मोदी ने हंगामे के बीच अपना संबोधन जारी रखा, पीएम मोदी ने कहा- जब ज्यादा बुखार हो जाता है, तो वे कुछ भी बोलते हैं और ज्यादा हताशा में भी। 10 करोड़ लोग जिनका भारत में जन्म भी नहीं हुआ, वे तमाम योजनाओं का फायदा ले रहे थे, हमने उनको हटाया और असली लाभार्थियों को खोज-खोज के लाभ पहुंचाने का अभियान चलाया। हिसाब लगाएं तो तीन लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बच गया। पीएम मोदी ने कहा- हमारे स्वच्छता अभियान का मजाक उड़ाया जाता था, न जाने क्या-क्या कहा जाता था। इस अभियान के तहत कबाड़ बेचकर दो हजार 300 करोड़ रुपये सरकार के खजाने में आया है। पीएम मोदी ने कहा- लेकिन पहले अखबारों की हैडिंग होती थी। इतने लाख के घोटाले, 10 साल हो गए ये घोटाले न होने से भी लाखों करोड़ रुपए बचे हैं। जो जनता की सेवा में लगे।

05:17 PM, 04-Feb-2025

पीएम मोदी ने राहुल-केजरीवाल पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि- जो लोग गरीबों की झोपड़ियों में फोटो सेशन कराकर सुर्खियां बटोरते हैं, उन्हें संसद में गरीबों की बात बोरिंग ही लगेगी। पीएम ने कहा- समस्या की पहचान करके छूट नहीं सकते, समस्या का समाधान भी करना होता है। हमारा प्रयास समस्या के समाधान का रहता है और हम समर्पित भाव से प्रयास करते हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा - कुछ लोगों का फोकस आलीशान घरों में जकूजी और शॉवर पर है। पीएम ने कहा कि कुछ नेताओं का फोकस अपने घर के स्टाइलिश बाथरूम पर है। हमारा फोकस तो हर घर नल से जल पहुंचाने पर है। 12 करोड़ लोगों को नल से जल दिया, हमारा फोकस गरीबों के घर बनाने पर है। पीएम मोदी के संबोधन के दौरान विपक्ष ने जोरदार नारेबाजी की, इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष को फटकार लगाई।

05:05 PM, 04-Feb-2025

'हमने पांच-पांच दशक तक गरीबी हटाओ के नारे सुने'

लोकसभा में पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा, मैं आज जनता जर्नादन का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। सदन में जिन लोगों ने भी इस चर्चा में हिस्सा लिया, मैं उन सभी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि सदन में सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह की बातें हुईं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि 21वीं सदी का 25 फीसदी हिस्सा बीत चुका है। राष्ट्रपति ने देश के सामने भविष्य के 25 साल की बात रखी। एक प्रकार से आदरणीय राष्ट्रपति जी का ये उद्बोधन विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने वाला है, नया विश्वास पैदा करने वाला है और जन-सामान्य को प्रेरित करने वाला है। पिछले 10 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले। हम लोगों ने पांच-पांच दशक तक गरीबी हटाओ के नारे सुने। हमने गरीब को झूठे नारे नहीं दिए, सच्चा विकास दिया। हम जमीन से जुड़कर काम करते हैं, तो बदलाव होते ही हैं। अब तक गरीबों को चार करोड़ घर मिले हैं, जिन लोगों ने वो जिंदगी जी है वो जानते हैं कि पक्की छत मिलने का क्या मतलब होता है। आजादी के 75 साल के बाद देश में 16 करोड़ से ज्यादा घरों में नल का कनेक्शन नहीं था। हमारी सरकार ने 5 साल में 12 करोड़ परिवारों के घरों में नल-से-जल देने का काम किया है।

05:02 PM, 04-Feb-2025

लोकसभा में पहुंचे पीएम मोदी

लोकसभा में पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दें रहे हैं।

04:35 PM, 04-Feb-2025

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही की मांग की
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ सदन में उनके भाषण के दौरान 'झूठ और बदनामी अभियान' के लिए विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सोमवार को विपक्ष के नेता के भाषण पर सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद दुबे ने अध्यक्ष को अपना नोटिस सौंपा और दावा किया कि कांग्रेस नेता अपने संसदीय विशेषाधिकार का इस्तेमाल अपने आरोपों को प्रमाणित किए बिना झूठ फैलाने के लिए कर रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी के भाषण में मुख्य रूप से दावे किए गए थे, जिसमें यह भी शामिल था कि मोबाइल फोन भारत में नहीं बनते बल्कि यहां केवल असेंबल किए जाते हैं और चीन ने भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।

राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया था कि भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण देने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर को अमेरिका भेजा था। उनके आरोप महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची और चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के कानून से भी संबंधित थे।

04:34 PM, 04-Feb-2025

खाद्यान्न खरीद में कोई भ्रष्टाचार नहीं: प्रहलाद जोशी
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी ने मंगलवार को दावा किया कि खाद्यान्न खरीद में कोई भ्रष्टाचार नहीं है और किसानों को 100 प्रतिशत भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है। खरीद प्रक्रिया में बिचौलियों के माध्यम से कथित भ्रष्टाचार पर पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए, मंत्री ने राज्यसभा में इन आरोपों को खारिज कर दिया कि अब प्रणाली में कोई भ्रष्टाचार है।

प्रश्नकाल के दौरान, उन्होंने कथित भ्रष्टाचार पर कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह पर भी कटाक्ष किया और कहा कि वह संभवतः यूपीए कार्यकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार के बारे में बात करेंगे। बिहार से आरएलएम सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने भी बिचौलियों के माध्यम से खरीद प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, जिन्होंने किसानों का शोषण किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि खरीद में तीसरे पक्ष के लोगों का प्रवेश था और किसानों को उनके लिए निर्धारित धन नहीं मिल रहा था और बिचौलिए उनसे पैसा हड़प रहे थे। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया और कहा कि खाद्यान्न खरीदने वाले लोग दिहाड़ी मजदूर हैं और खरीद एजेंसियों और सरकार के बीच मध्यस्थ का काम करते हैं और इसीलिए भ्रष्टाचार है।

04:32 PM, 04-Feb-2025

महाकुंभ को लेकर पप्पू यादव की विवादित टिप्पणी
लोकसभा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को कहा कि वह चाहते हैं कि महाकुंभ में आने वाले राजनेताओं और बड़े पैसे वालों को वहीं मर जाना चाहिए ताकि उन्हें मोक्ष मिल सके। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस में भाग लेते हुए बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद ने यह भी दावा किया कि 29 जनवरी की भगदड़ के बाद कुंभ क्षेत्र से 300-600 शवों को हटा दिया गया था, जिनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार नहीं किया गया था।

उन्होंने कहा, 'मैं 'बाबा' का नाम नहीं लूंगा, लेकिन उन्हें उद्धृत करूंगा... उन्होंने कहा कि भगदड़ में मरने वाले सभी लोग 'मोक्ष' प्राप्त कर चुके हैं। इसलिए, मैं चाहता हूं कि अधिकांश 'बाबा', राजनेता और बड़े पैसे वाले लोग भी संगम में डुबकी लगाएं और 'मोक्ष' या 'कल्याण' प्राप्त करने के लिए वहीं मर जाएं। मैं कह रहा हूं कि ऐसे 'बाबाओं' को 'मोक्ष' मिलना चाहिए।' उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मौनी अमावस्या (29 जनवरी) को दूसरे 'अमृत स्नान' के दौरान प्रयागराज में हुई भगदड़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य घायल हो गए।

02:53 PM, 04-Feb-2025

देश के सभी थाने अपराध ट्रैकिंग नेटवर्क से जुड़े

सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि देश के सभी 17,166 पुलिस थाने अपराधी और अपराध ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (Crime and Criminal Tracking Network) से जुड़ चुके हैं। केंद्र सरकार ने ये भी बताया कि चार राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और उत्तराखंड में राष्ट्रीय ग्लेशियल झील विस्फोट बाढ़ (जीएलओएफ) जोखिम शमन परियोजना (एनजीआरएमपी) को लागू करने की मंजूरी दे दी है। इस योजना का कुल खर्च 150 करोड़ रुपये है,जिनमें से 135 करोड़ रुपये केंद्र सरकार और बाकी के 15 करोड़ रुपये राज्य सरकारें देंगी।

02:14 PM, 04-Feb-2025

केजरीवाल को मिला अखिलेश का साथ

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली चुनाव पर कहा, 'भाजपा जितना अन्याय करेगी, आम आदमी पार्टी उतनी ही मजबूत होगी। जनता आम आदमी पार्टी के साथ है। यह कोई नई बात नहीं है, चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम करता है। अयोध्या में भी यही होगा, इसीलिए जाति के आधार पर अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। अरविंद केजरीवाल जो आरोप लगा रहे हैं, वह सच है, भाजपा चुनाव आयोग की मिलीभगत से अन्याय करती है।'
 
 

01:18 PM, 04-Feb-2025

'विधेयक में वक्फ में गैर मुसलमानों को सदस्य बना रहे हैं'

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने वक्फ विधेयक को लेकर कहा, 'जो फाइनल रिपोर्ट दी गई थी उसमें भाजपा सांसदों ने जो संशोधन दिए थे, वह पास हो गए क्योंकि उनके पास नंबर थे, हम ये नहीं करवा पाए क्योंकि हमारे पास नंबर नहीं थे। वक्फ बोर्ड मुसलमानों की उन संपत्तियों के लिए है जो हमारे बुजुर्गों ने दान दिया था, उसमें आप गैर मुसलमान को सदस्य बना रहे हैं, और उसमें चुनाव नहीं होगा, आप मनोनीत करेंगे। बाबरी मस्जिद व राम मंदिर मामले में वक्फ बाय यूजर को सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा था, उस जजमेंट के मुताबिक राम मंदिर बनाया गया, उस जजमेंट में सुप्रीम कोर्ट ने वक्फ बोर्ड के बारे में जो कहा था, उसके उलट सरकार काम कर रही है। जब हिंदू एंडोमेंट बोर्ड में गैर हिंदू सदस्य नहीं बन सकता, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में सिख ही सदस्य बन सकता है तो आप यहां गैर मुसलमान को क्यों बनाना चाह रहे हैं। सरकार वक्फ की संपत्ति छीनने की कोशिश कर रही है। सिर्फ नफरत के आधार पर मुसलमानों और वक्फ की संपत्ति छीनी जा रही है।'

12:17 PM, 04-Feb-2025

'सरकार पुरानी बातें दोहरा रही'

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार पुरानी बातें दोहरा रही है। सरकार ने एक भी नया राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल नहीं खोला है। सरकार अपनी छवि चमकाने और दूसरे की छवि बर्बाद करने की कोशिश कर रही है। अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में आज जितनी भी मेट्रो चल रही हैं, वो सपा सरकार ने शुरू की थीं।  अखिलेश यादव ने चीन मुद्दे पर कहा कि चीन हमारी जमीन ही नहीं छीन रहा, हमारा बाजार भी छीन रहा है। सरकार को इस बारे में विचार करना चाहिए। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त नहीं की। जब देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त की, तो 17 घंटे बाद (राज्य) सरकार ने इसे स्वीकार किया। ये वो लोग हैं जो आज भी सच्चाई को स्वीकार नहीं कर सकते।'

12:13 PM, 04-Feb-2025

लोकसभा में सरकार पर बरसे अखिलेश यादव

लोकसभा में महाकुंभ में हुई भगदड़ पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि 'सरकार लगातार बजट के आंकड़े दे रही है। आंकड़ें देने से पहले लेकिन महाकुंभ में मरने वालों के आंकड़े भी दे... मैं मांग करता हूं कि महाकुंभ की व्यवस्थाओं के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए। महाकुंभ आपदा प्रबंधन और खोया-पाया केंद्र की जिम्मेदारी सेना को दी जाए। महाकुंभ हादसे में हुई मौतों, घायलों के इलाज, दवाइयों, डॉक्टरों, भोजन, पानी, परिवहन की उपलब्धता के आंकड़े संसद में पेश किए जाएं। महाकुंभ त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई हो और सच्चाई छिपाने वालों को सजा मिले। हम डबल इंजन सरकार से पूछते हैं कि अगर कोई दोष नहीं था तो आंकड़े क्यों दबाए गए, छिपाए गए और मिटाए गए?' अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अगर वह झूठे निकले तो लोकसभा से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि 'भगदड़ के बाद लोगों के सामान को जेसीबी से उठाकर कहां फेंका गया, ये कोई नहीं जानता। शव पड़े हुए थे और भगदड़ के बाद हेलीकॉप्टर से फूल भी बरसाए गए।' अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भगदड़ से जुड़ी खबरों को बाहर नहीं आने दिया जा रहा है। यूपी के मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना भी जाहिर नहीं की। 
 

11:45 AM, 04-Feb-2025

राहुल गांधी पर भाजपा सांसद का निशाना

भाजपा सांसद अरुण गोविल ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भाषण पर कहा, 'उन लोगों (विपक्ष) और कुछ काम नहीं रह गया है, उन्हें(राहुल गांधी) यह भी नहीं पता होता कि वे कह क्या रहे हैं, इस बात का मुझे बहुत दुख होता है।'

11:35 AM, 04-Feb-2025

राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने खारिज किया स्थगन प्रस्ताव

राज्यसभा में महाकुंभ हादसे पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश किया गया था, लेकिन सभापति जगदीप धनखड़ ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। 

11:27 AM, 04-Feb-2025

लोकसभा में प्रश्नकाल

लोकसभा में प्रश्नकाल जारी है और उसमें कृषि संबंधी सवाल पूछे गए हैं। जिनका केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जवाब दिए गए हैं। 

11:15 AM, 04-Feb-2025

राज्यसभा में उठा गिद्धों को बचाने का मुद्दा

राज्यसभा में भाजपा सांसद बृजलाल ने गिद्धों का मुद्दा उठाया और उन्हें बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने डाइक्लोपेनिक दवा पर रोक लगाई है क्योंकि इस दवाई के असर से गिद्धों की मौत हो रही है और उनकी संख्या में तेजी से गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में और कदम उठाने की जरूरत है। 

11:09 AM, 04-Feb-2025

कांग्रेस सांसद ने महाकुंभ हादसे पर लोकसभा में पेश किया स्थगन प्रस्ताव

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव में महाकुंभ में हुई भगदड़ के मुद्दे पर चर्चा की मांग की गई है। 

11:01 AM, 04-Feb-2025

संसद कार्यवाही शुरू

संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में फिलहाल प्रश्नकाल चल रहा है। 

10:55 AM, 04-Feb-2025

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'भारत का संविधान किसी के पिता जी का नहीं है। असदुद्दीन ओवैसी को इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, ये देश कानून से चलेगा। कोई भी समाज, चाहे वो मुस्लिम हो या हिंदू, कानून से ऊपर नहीं है। किसी को भी कानून से ऊपर बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। जो कानून कहेगा वह वक्फ बोर्ड में होगा... वे सामाजिक समानता के बारे में कांग्रेस से जाकर पूछें, कोई भी समाज कानून से ऊपर नहीं है... देश डर से नहीं चलता, देश कानून से चलता है।'

10:54 AM, 04-Feb-2025

लोकसभा में कांग्रेस के व्हिप मणिकम टैगोर ने कुलपतियों की नियुक्ति और अनुबंध शिक्षकों की भर्ती पर नए यूजीसी नियमों के खिलाफ आज लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा, 'मैंने UGC के उन प्रस्तावों के खिलाफ लोकसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव पेश किया, जो राज्यों की शक्तियों को सीमित करता है। जब से भाजपा ने केंद्र में सरकार बनाई, उस दिन से वे शिक्षा का सांप्रदायिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं और RSS कई तरह के तरीकों से इसे हथियाने की कोशिश कर रहा है और अब UGC कुलपति और अन्य संस्थानों को नियंत्रित करने के लिए एक नई योजना के साथ आया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने इसके खिलाफ शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि इस तरह की चीजों को रोका जाना चाहिए।'

10:53 AM, 04-Feb-2025

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नियम 267 के तहत कार्यस्थगन का नोटिस दिया है। इसमें यमुना में अमोनिया के बढ़ते स्तर और दिल्ली में जल संकट के मुद्दे पर उच्च सदन में चर्चा की मांग की है। उन्होंने महाकुंभ में भगदड़ की घटना के मुद्दे पर उच्च सदन में शून्यकाल का नोटिस भी दिया है।

10:50 AM, 04-Feb-2025

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने प्रयागराज में महाकुंभ भगदड़ के मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। इसके अलावा कांग्रेस सांसद विजयकुमार उर्फ विजय वसंत ने रेलवे के बुनियादी ढांचे और तमिलनाडु के लिए धन के आवंटन पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

10:31 AM, 04-Feb-2025

PM Modi Speech In LS: पीएम मोदी बोले- ये हमारा तीसरा ही टर्म है, विकसित भारत के लिए अनेक वर्षों तक जुटे रहेंगे

Budget Session 2025 live News in Hindi: संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही में आज भी हंगामे के आसार है। राहुल गांधी ने सोमवार को सदन में चर्चा में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक देश के रूप में हम विनिर्माण में विफल रहे हैं। राहुल ने चीन के साथ सीमा के मुद्दे पर भी सरकार पर हमला बोला। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल पर सदन में गलत बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपने सभी दावों को प्रमाणित करें, अन्यथा विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा दें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि राहुल गांधी अपने दावों को प्रमाणित नहीं कर पाते तो लोकसभा अध्यक्ष के निर्देशानुसार उन पर विशेषाधिकार संबंधी कार्यवाही हो।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें