फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budget Session Live: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज सर्वदलीय बैठक की, विपक्ष के कई बड़े नेता रहे मौजूद

Mon, 31 Jan 2022 04:12 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Budget Session of Parliament, Budget 2022 Date Live News Updates: आज से संसद का बजट सत्र शुरू हो रहा है। साल के पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से हुई। राष्ट्रपति ने दोनों  सदनों को संबोधित किया। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण(Economic Survey 2021-22) पेश करेंगी।
विज्ञापन
लोकसभा अध्यक्ष ओम ने आज सर्वदलीय बैठक की - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:11 PM, 31-Jan-2022

बीएसी की बैठक कल
राज्यसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) की बैठक कल संसद में होगी। संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक चल रही है।

04:10 PM, 31-Jan-2022

ओम बिरला ने सर्वदलीय बैठक की
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सर्वदलीय बैठक की। ओम बिरला ने कहा कि सभी दलों के नेताओं ने आश्वस्त किया है कि बजट सत्र में सब सदन की कार्यवाही चलाने में सहयोग करेंगे। मैंने सब दलों से आग्रह किया कि राष्ट्रपति अभिभाषण और बजट पर व्यापकता के साथ संवाद किया जा सकता है। 

04:07 PM, 31-Jan-2022

राज्यसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश, दिन भर के लिए सदन स्थगित
संसद के बजट सत्र के पहले दिन राज्यसभा की बैठक वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आर्थिक सर्वेक्षण (2021-22) सदन के पटल पर रखे जाने के बाद दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। 

विज्ञापन
02:52 PM, 31-Jan-2022

राज्यसभा स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

02:50 PM, 31-Jan-2022

सभी नेताओं ने सहयोग देने का भरोसा दिया: ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई जिसमें विपक्ष के कई बड़े नेता मौजूद रहे। इस बैठक में विपक्ष के कई बड़े नेता मौजूद रहे। बैठक संपन्न होने के बाद लोकसभा स्पीकर ने कहा कि सभी दलों के नेताओं ने आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण बजट सत्र में वे संसद को चलाने में सहयोग करेंगे। मैंने उनसे यह भी आग्रह किया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण और बजट पर व्यापक चर्चा की जा सकती है। हम देश के मुद्दे उठा सकते हैं और चर्चा हो सकती है।  

विज्ञापन
12:55 PM, 31-Jan-2022

कांग्रेस लोकसभा सांसदों की बैठक आज शाम 5 बजे

कांग्रेस लोकसभा सांसदों की बैठक आज शाम 5 बजे संसद में कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) कार्यालय में होगी।

12:55 PM, 31-Jan-2022

वित्त मंत्री ने लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण 2021-22 को पेश किया

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण 2021-22 को पेश किया। इसी के साथ हंगामा के चलते लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

12:47 PM, 31-Jan-2022

पेगासस पर सदन में विशेषाधिकार प्रस्ताव पेश किया: अधीर रंजन

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हमने पेगासस के मुद्दे पर सदन में विशेषाधिकार प्रस्ताव पेश किया है। यह सरकार सदन, सुप्रीम कोर्ट, लोगों को गुमराह कर रही है। विपक्ष के रूप में, यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस मुद्दे को उठाएं। केंद्र सरकार इसके बारे में झूठ फैलाने का प्रयास कर रही है। 

12:15 PM, 31-Jan-2022

जीडीपी 9 फीसदी रहने का अनुमान

थोड़ी देर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी । जीडीपी 9 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया है।

12:03 PM, 31-Jan-2022

मेरी सरकार देश की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित होकर काम कर रही

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि मेरी सरकार देश की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित होकर काम कर रही है। सरकार की नीतियों की वजह से रक्षा क्षेत्र में, विशेषकर रक्षा उत्पादन में, देश की आत्म-निर्भरता लगातार बढ़ रही है।राष्ट्रपति ने कहा कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ 83 एलसीए तेजस फाइटर एयरक्राफ्ट के निर्माण हेतु अनुबंध किए गए हैं। सरकार ने ऑर्डिनेन्स फैक्ट्रियों को 7 डिफेंस PSU का रूप देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राष्ट्रपति ने आगे कहा कि हमने अपने पड़ोसी देश अफगानिस्तान में अस्थिरता और नाजुक हालात को देखा है, भारत ने इन परिस्थितियों में मानवता को सर्वोपरि रखते हुए ऑपरेशन देवी शक्ति को संचालित किया। हमने हमारे कई नागरिकों और कई अफगान हिन्दू, सिख, अल्पसंख्यकों को काबुल से सफलतापूर्वक एयरलिफ्ट किया। 

11:56 AM, 31-Jan-2022

खादी एक बार फिर छोटे उद्यमियों का संबल बन रही

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि आजादी की लड़ाई में बापू के नेतृत्व में देश की चेतना का प्रतीक रही खादी एक बार फिर छोटे उद्यमियों का संबल बन रही है। सरकार के प्रयासों से 2014 की तुलना में देश में खादी की बिक्री तीन गुना बढ़ी है। 

11:51 AM, 31-Jan-2022

राष्ट्रपति बोले- 44 करोड़ से अधिक गरीब लोग बैंकिंग सिस्टम से जुड़े

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि जनधन-आधार-मोबाइल अर्थात JAM ट्रिनिटी को मेरी सरकार ने जिस तरह नागरिक सशक्तीकरण से जोड़ा है, उसका प्रभाव भी हम लगातार देख रहे हैं। 44 करोड़ से अधिक गरीब देशवासियों के बैंकिंग सिस्टम से जुड़ने के कारण महामारी के दौरान करोड़ों लाभार्थियों को सीधे कैश ट्रांसफर का लाभ मिला है।
 

11:48 AM, 31-Jan-2022

इस वित्त वर्ष के पहले 7 महीनों में 48 बिलियन डॉलर का विदेशी निवेश

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि सरकार के निरंतर प्रयासों से भारत एक बार फिर विश्व की सर्वाधिक तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन गया है। इस वित्त वर्ष के पहले 7 महीनों में 48 बिलियन डॉलर का विदेशी निवेश आना, इसका प्रमाण है कि अंतरराष्ट्रीय निवेशक भारत के विकास को लेकर आश्वस्त हैं। 

11:46 AM, 31-Jan-2022

भारत उन देशों में है जहां इंटरनेट और स्मार्ट फोन की कीमत सबसे कम

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि मेरी सरकार की नीतियों की वजह से आज भारत उन देशों में है जहां इंटरनेट की कीमत सबसे कम है तथा स्मार्ट फोन की कीमत भी सबसे कम है। इसका बहुत बड़ा लाभ भारत की नौजवान पीढ़ी को मिल रहा है। 

11:40 AM, 31-Jan-2022

तीन तलाक को अपराध घोषित करना सरकार का अच्छा कदम

राष्ट्रपति कोविंद ने आगे कहा कि सरकार ने तीन तलाक को अपराध घोषित कर समाज को इस कुप्रथा से मुक्त करने की शुरुआत की है। मुस्लिम महिलाओं पर केवल मेहरम के साथ ही हज यात्रा करने जैसे प्रतिबंधों को भी हटाया गया है। 

11:39 AM, 31-Jan-2022

महिला सशक्तिकरण मेरी सरकार की उच्च प्राथमिकताओं में से एक

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि महिला सशक्तिकरण मेरी सरकार की उच्च प्राथमिकताओं में से एक है। बेटे-बेटी को समानता का दर्जा देते हुए मेरी सरकार ने महिलाओं के विवाह के लिए न्यूनतम आयु को 18 वर्ष से बढ़ाकर पुरूषों के समान 21 वर्ष करने का विधेयक भी संसद में प्रस्तुत किया है।  

11:37 AM, 31-Jan-2022

मेरी सरकार की आस्था, अंत्योदय के मूल मंत्र में

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि मेरी सरकार की आस्था, अंत्योदय के मूल मंत्र में है, जिसमें सामाजिक न्याय भी हो, समानता भी हो, सम्मान भी हो और समान अवसर भी हों।

11:36 AM, 31-Jan-2022

महिला पुलिस-कर्मियों की संख्या में दोगुनी वृद्धि

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि मेरी सरकार के नीतिगत निर्णय और प्रोत्साहन से विभिन्न पुलिस बलों में महिला पुलिस-कर्मियों की संख्या में, 2014 के मुकाबले दोगुनी से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है। 

11:35 AM, 31-Jan-2022

आयुष उत्पादों का निर्यात जबरदस्त तरीके से बढ़ा

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप योग, आयुर्वेद एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। साल 2014 में आयुष उत्पादों का निर्यात 6600 करोड़ रुपये का था जो कि अब बढ़कर 11 हजार करोड़ रुपये हो गया। 

11:32 AM, 31-Jan-2022

हमारी सरकार ने कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध कराई

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि हमारी सरकार ने 8000 से अधिक जन-औषधि केंद्रों के माध्यम से कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध कराकर, इलाज पर होने वाले खर्च को कम किया है।

11:29 AM, 31-Jan-2022

यूपीआई प्लेटफॉर्म की सफलता के लिए सरकार को बधाई

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि डिजिटल इंडिया और डिजिटल इकॉनमी के बढ़ते प्रसार के संदर्भ में देश के UPI प्लेटफॉर्म की सफलता के लिए मैं सरकार के विजन की प्रशंसा करूंगा। दिसबंर 2021 में देश में 8 लाख करोड़ रुपए से ज़्यादा का लेन-देन UPI के माध्यम से हुआ है: संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति

11:27 AM, 31-Jan-2022

हमारी सरकार की कोशिश रही कि कोई भी भूखा न रहे: कोविंद

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि कोरोना के इस महासंकट में हमने बड़े-बड़े देशों में खाद्यान्न की कमी और भूख की परेशानी देखी है लेकिन मेरी संवेदनशील सरकार ने इस बात का पूरा प्रयास किया कि 100 साल के इस सबसे बड़े संकट में कोई गरीब भूखा न रहे। 

11:21 AM, 31-Jan-2022

देश के छोटे किसानों का अहम योगदान, किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों का कल्याण

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि देश में 80 फीसदी किसान छोटे किसान ही हैं जिनका देश के विकास में अहम योगदान है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को एक लाख अस्सी हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं। इस निवेश से कृषि क्षेत्र में आज बड़े बदलाव दिखाई दे रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि  पुराने संसाधन से भी नए रास्ते निकाले जा सकते हैं। इसके लिए हमारे अंदर इच्छाशक्ति होनी चाहिए।

11:17 AM, 31-Jan-2022

प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना हमारी सरकार की अच्छी पहल 

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा 64 हज़ार करोड़ रुपए की लागत से शुरू किया गया प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इनफ्रास्ट्रक्चर मिशन एक सराहनीय उदाहरण है। इससे न केवल वर्तमान की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि आने वाले संकटों के लिए भी देश को तैयार किया जा सकेगा। राष्ट्रपति ने कहा कि मेरी सरकार की संवेदनशील नीतियों के कारण देश में अब स्वास्थ्य सेवाएँ जन साधारण तक आसानी से पहुंच रही हैं। 80 हजार से अधिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स और करोड़ों की संख्या में जारी आयुष्मान भारत कार्ड से गरीबों को इलाज में बहुत मदद मिली है।

11:16 AM, 31-Jan-2022

देश में एक ही साल में 150 करोड़ से भी ज्यादा वैक्सीन लग गई 

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत के सामर्थ्य का प्रमाण वैक्सीनेशन प्रोग्राम में नजर आया है। हमने एक साल से भी कम समय में 150 करोड़ से भी ज्यादा वैक्सीन डोज़ लगाने का रिकॉर्ड पार किया। आज हम पूरी दुनिया में सबसे ज़्यादा वैक्सीन डोज़ देने वाले अग्रणी देशों में से एक हैं।

11:13 AM, 31-Jan-2022

वैश्विक महामारी के दौरान देश के नागरिक मजबूत दिखे: कोविंद

संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि कोरोना वायरस से उत्पन्न वैश्विक महामारी का ये तीसरा वर्ष है, इस दौरान हमने भारत के लोगों की लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता को और मजबूत होते देखा है। 

11:08 AM, 31-Jan-2022

लाखों स्वाधीनता सेनानियों को नमन करता हूं: राम नाथ कोविंद

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दोनों सत्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं देश के उन लाखों स्वाधीनता सेनानियों को नमन करता हूं, जिन्होंने अपने कर्तव्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और भारत को उसके अधिकार दिलाए। आजादी के इन 75 वर्षों में देश की विकास यात्रा में अपना योगदान देने वाले सभी महानुभावों का भी मैं श्रद्धा-पूर्वक स्मरण करता हूं। 

10:45 AM, 31-Jan-2022

बजट सत्र को फलदायी बनाएं: पीएम मोदी

बजट सत्र के शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। मैं इस सत्र में आपका और सभी सांसदों का स्वागत करता हूं। आज की वैश्विक स्थिति में भारत के लिए बहुत सारे अवसर हैं। यह सत्र देश की आर्थिक प्रगति, टीकाकरण कार्यक्रम, मेड इन इंडिया वैक्सीन के बारे में दुनिया में एक विश्वास पैदा करता है। पीएम मोदी ने कहा कि इस सत्र में भी चर्चा, चर्चा के मुद्दे और खुले विचारों वाली बहस वैश्विक प्रभाव के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बन सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि सभी सांसद, राजनीतिक दल खुले मन से गुणवत्तापूर्ण चर्चा करेंगे और देश को तेजी से विकास के पथ पर ले जाने में मदद करेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि यह सच है कि देश में चुनाव होने वाले हैं और ये सत्रों और चर्चाओं को प्रभावित करते हैं। लेकिन मैं सभी सांसदों से अनुरोध करता हूं कि चुनाव चलेंगे लेकिन बजट सत्र पूरे साल का खाका खींच लेता है। हम इस सत्र को जितना अधिक फलदायी बनाएंगे, देश को आर्थिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए शेष वर्ष के लिए बेहतर अवसर होगा।

10:26 AM, 31-Jan-2022

हम महंगाई, किसान के साथ कई मुद्दों को उठाएंगे: खड़गे

कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम नए मुद्दों और महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, सरकार में खाली पड़े पदों, महिलाओं व दलितों पर हो रहे अत्याचार के मुद्दों को समय-समय पर उठाते रहेंगे। हम पेगासस के मुद्दे को भी उठाएंगे। 

10:10 AM, 31-Jan-2022

Budget Session Live: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज सर्वदलीय बैठक की, विपक्ष के कई बड़े नेता रहे मौजूद

संसद का बजट सत्र आज यानी 31 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। साल के पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण(Economic Survey 2021-22) पेश करेंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें