फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pahalgam Attack: राहुल गांधी कल जाएंगे कश्मीर, हमले में घायल लोगों से अनंतनाग में करेंगे मुलाकात

Thu, 24 Apr 2025 06:31 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ-साथ पूरे देश में आक्रोश है। केंद्र सरकार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। राज्यों में मृतकों की पार्थिव देह पहुंच रही है। वहां उनके अंतिम संस्कार कराए जा रहे हैं। पहलगाम हमले से जुड़ी अहम अपडेट्स के लिए पढ़ें ये खबर
विज्ञापन
सीसीएस की बैठक - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:29 PM, 24-Apr-2025

पहलगाम आतंकी हमले पर इस्राइली पीएम ने प्रधानमंत्री मोदी से की बात
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर भारत की धरती पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि, उन्होंने भारत के लोगों और पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा पार से हुए आतंकी हमले की बर्बर प्रकृति को साझा किया और अपराधियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए भारत के दृढ़ संकल्प को दोहराया।
 

05:39 PM, 24-Apr-2025

कल जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी
भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी कल पहलगाम हमले के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे। रक्षा अधिकारी के मुताबिक, स्थानीय सैन्य संरचनाओं के शीर्ष कमांडर उन्हें घाटी में और नियंत्रण रेखा पर बल की तरफ से उठाए गए आतंकवाद विरोधी उपायों के बारे में जानकारी देंगे।

05:09 PM, 24-Apr-2025

राष्ट्रपति से मिले अमित शाह और जयशंकर
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद होने वाली सर्वदलीय बैठक से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें हमले की जानकारी दी है।

विज्ञापन
04:18 PM, 24-Apr-2025

विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को लेकर जारी किए निर्देश
विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी निर्देश के मुताबिक- भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने की सख्त सलाह दी जाती है। वर्तमान में भारत में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को संशोधित वीजा की अवधि समाप्त होने से पहले भारत छोड़ देना चाहिए। पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध होंगे। भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर दिए गए हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा- सरकार ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति के निर्णय के अनुरूप पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है।

04:16 PM, 24-Apr-2025

पाकिस्तान में रह रहे भारतीय लौटे स्वदेश- MEA
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की तरफ से वर्तमान में पाकिस्तान में रह रहे भारतीयों को स्वदेश लौटने की सलाह दी गई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा- भारत के नागरिकों को भी जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी जाती है।

विज्ञापन
03:06 PM, 24-Apr-2025

प्रधानमंत्री से सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करने की मांग

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ-साथ पूरे देश में आक्रोश है। केंद्र सरकार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बीच कांग्रेस ने मांग की है कि पहलगाम आतंकी हमले पर प्रधानमंत्री मोदी को सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करनी चाहिए। कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि उसे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहलगाम आतंकी हमले पर आज शाम होने वाली सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वे सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेंगे तथा सामूहिक संकल्प लेंगे। कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि 22 अप्रैल की रात को ही उनकी पार्टी ने पहलगाम आतंकी हमले तथा इतने सारे पर्यटकों की लक्षित हत्याओं के परिणामों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक की मांग की थी। जयराम रमेश ने कहा कि इस मुद्दे की गंभीरता तथा राष्ट्र के मूड को देखते हुए कांग्रेस को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री आज शाम 6 बजे होने वाली सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

02:59 PM, 24-Apr-2025

पहलगाम हमले की कांग्रेस ने की कड़ी आलोचना

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'कांग्रेस कार्यसमिति 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले पर गहरा शोक और कड़ी निंदा व्यक्त करती है। इस जघन्य हमले में 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए और 20 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए। कांग्रेस कार्यसमिति शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करती है और इस गहन पीड़ा की घड़ी में उनके साथ पूरी तरीके से एकजुटता के साथ खड़ी है। यह कायराना और सुनियोजित आतंकी हमला जिसकी साजिश पाकिस्तान के द्वारा रची गई, हमारे गणराज्य के मूल्यों पर सीधा हमला है। हिंदू नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाना, पूरे देश में भावनाएं भड़काने की एक सोची समझी साजिश थी। हम इस गंभीर उकसावे के बावजूद शांति बनाए रखने की अपील करते हैं और संकट की इस घड़ी में हमारी सामूहिक शक्ति को दोहराते हैं।'

01:09 PM, 24-Apr-2025

'140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में पहलगाम आतंकी हमले पर देश के दुश्मनों को चेतावनी देते हुए कहा, 'मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि इन आतंकियों को और इस हमले की साजिश करने वालों को उनकी कल्पना से बड़ी सजा मिलेगी, सजा मिलकर रहेगी। अब आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति अब आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी।'
 

12:53 PM, 24-Apr-2025

उमर अब्दुल्ला की अपील- कश्मीरियों को दुश्मन न समझें

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, 'हम उन परिवारों के साथ अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं जो इस घटना से प्रभावित हुए हैं। चाहे वह हमारे मेहमान हों, वह 25 लोग जो छुट्टियां मनाने आए थे या हमारा बहादुर जवान जो दूसरों को बचा रहा था। मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों का शुक्रगुजार हूं कि कठुआ से लेकर कुपवाड़ा तक शायद ही कोई ऐसा इलाका हो जहां लोग अपनी मर्जी से बाहर न आए हों... मेरी बाकी देश से एक ही गुजारिश है, कृपया कश्मीरियों को दुश्मन न समझें। हम दोषी नहीं हैं... जम्मू-कश्मीर के लोग शांति के दुश्मन नहीं हैं, जम्मू-कश्मीर के लोग शांति चाहते हैं... भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, उन्हें हमसे जो भी मदद चाहिए होगी हम करेंगे... सरकार ने कुछ कदम उठाए हैं, ये अच्छी बात है... घायलों का इलाज जारी है।'

11:28 AM, 24-Apr-2025

पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर विरोध प्रदर्शन

पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में गुरुवार को एंटी टेरर एक्शन फोरम और भाजपा कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। 
 
 

11:26 AM, 24-Apr-2025

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से पहले पहमलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि

आज दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत में कांग्रेस नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा।
 

10:35 AM, 24-Apr-2025

भारत में पाकिस्तान का एक्स अकाउंट बंद

भारत में पाकिस्तान सरकार के 'X' अकाउंट पर रोक लगा दी गई है। 

10:17 AM, 24-Apr-2025

अमेरिका ने दी अपने नागरिकों को जम्मू-कश्मीर न जाने की सलाह

अमेरिकी विदेश विभाग ने नागरिकों को जम्मू-कश्मीर की यात्रा न करने की सलाह दी है। इसमें कहा गया है कि पहलगाम में एक आतंकी हमले के बाद भारत के कई शहर हाई अलर्ट पर हैं। अमेरिकी नागरिकों को याद दिलाया जाता है कि विदेश विभाग ने जम्मू और कश्मीर के लिए यात्रा न करने की सलाह जारी की है। इसमें कहा गया है कि जम्मू और कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश में आतंकी हमले और हिंसक नागरिक अशांति संभव है। इस राज्य की यात्रा न करें (पूर्वी लद्दाख क्षेत्र और इसकी राजधानी लेह की यात्राओं को छोड़कर)। इस क्षेत्र में हिंसा छिटपुट रूप से होती है और भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर आम है। यह कश्मीर घाटी के पर्यटन स्थलों: श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम में भी होती है। भारत सरकार विदेशी पर्यटकों को एलओसी के साथ कुछ क्षेत्रों में जाने की अनुमति नहीं देती है। अमेरिकी सरकारी कर्मियों के जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

09:52 AM, 24-Apr-2025

'सरकार जो फैसला करेगी, हम सब साथ हैं'

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा, 'यह संकट की घड़ी है। यह हमला सिर्फ कश्मीर में नहीं हुआ, जो पर्यटक वहां गए थे सिर्फ उनपर हमला नहीं हुआ यह देश पर हमला हुआ है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा पूरे देश के पर्यटक वहां गए थे यह देश पर, सरकार पर हमला है। संकट की घड़ी में हम सब एक हैं। चाहे सत्ताधारी पक्ष हो या विपक्ष हो, हम सब एकसाथ बैठकर फैसले करेंगे और हमारी यह भूमिका है कि इस संकट की घड़ी पर सरकार जो फैसला लेगी उनके साथ हम सब है।'

09:46 AM, 24-Apr-2025

पाकिस्तान में डर का माहौल

भारत की कड़ी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में डर का माहौल है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आज नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की बैठक बुलाई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने सोशल मीडिया पर ये जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने युद्धाभ्यास भी शुरू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने एक बार फिर गीदड़भभकी दिखाते हुए पाकिस्तान के पास एटमी बम होने की बात कही है। 

09:34 AM, 24-Apr-2025

इंदौर के सुशील नथानियल के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए मध्य प्रदेश के इंदौर के निवासी सुशील नथानियल के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा है।

09:12 AM, 24-Apr-2025

राजस्थान के नीरज उधवानी को सीएम ने दी श्रद्धांजलि

राजस्थान के सीएम ने पहलगाम हमले में मारे गए नीरज उधवानी को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी कैबिनेट के कई नेता और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे। 
 

08:43 AM, 24-Apr-2025

ओडिशा लाए गए पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के शव

ओडिशा में प्रशांत सतपथी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए बालासोर स्थित उनके आवास लाया गया। प्रशांत सतपथी 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए थे।
 

08:41 AM, 24-Apr-2025

गुजरात के मुख्यमंत्री ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को दी श्रद्धांजलि

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए सुमित परमार और यतीश परमार को अंतिम श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की।

06:42 AM, 24-Apr-2025

कर्नाटक के मृतक का शव बंगलूरू पहुंचा
पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए कर्नाटक के दो पर्यटकों- मंजूनाथ राव और भरत भूषण के शव केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाए गए। केंद्रीय मंत्री वी सोमन्ना और बंगलूरू दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या पर्यटकों के पार्थिव शरीर के साथ थे। राव का पार्थिव शरीर उनके गृहनगर शिवमोगा ले जाया गया, जबकि भूषण का अंतिम संस्कार बंगलूरू में किया जाएगा। 

  • इसके अलावा तमिलनाडु के मदुरै में रहने वाले 68 पर्यटकों को भी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम से सुरक्षित निकाल लिया गया है। पर्यटकों को लेकर विमान देर रात चेन्नई एयरपोर्ट पर पहुंचा।
  • पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मधु सुधन राव के पार्थिव शरीर को भी चेन्नई लाया गया, एयरपोर्ट पर नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।
  • महाराष्ट्र के पुणे में रहने वाले संतोष जगदाले और कौस्तुभ गणबोटे भी पहलगाम में मारे गए। उनके पार्थिव शरीर को भी पुणे एयरपोर्ट पर लाया गया। सभी के अंतिम संस्कार की तैयारियां हो रही हैं।

05:40 AM, 24-Apr-2025

Pahalgam Attack: राहुल गांधी कल जाएंगे कश्मीर, हमले में घायल लोगों से अनंतनाग में करेंगे मुलाकात

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले को लेकर केंद्र सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सूत्रों का कहना है कि राजनाथ सिंह बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। गृह मंत्री अमित शाह व राजनाथ ने कई दलों के नेताओं से इस पर चर्चा की है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने पहलगाम के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक की मांग की थी।

ये भी पढ़ें- Pahalgam Attack: भारत ने लिए पांच बड़े फैसले, पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द; अटारी बॉर्डर भी बंद

सैन्य कार्रवाई संभव
सूत्रों ने बताया कि राजनाथ के साथ सीडीएस व तीनों रक्षा सेवाओं के प्रमुखों की बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ उठाए जा सकने वाले सैन्य कदमों पर चर्चा हुई। बाद में राजनाथ ने इन कदमों की जानकारी सीसीएस बैठक में पीएम मोदी व अन्य मंत्रियों के साथ साझा की। राजनयिक कदमों के अलावा पाकिस्तान को जल्द ही किसी सैन्य कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें- Pahalgam Attack Live: राहुल गांधी अमेरिका दौरा बीच में छोड़ स्वदेश लौटे; ब्रिटेन के पूर्व PM सुनक ने जताया दुख
ये भी पढ़ें- Kashmir Terrorist Attack Live: पाकिस्तानियों के भारत आने पर रोक, आतंकियों पर 20 लाख के इनाम की घोषणा

कब और कहां हुई आतंकी वारदात, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री क्या बोले
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ‘मिनी स्विटरलैंड’ नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर मंगलवार दोपहर हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं। यह 2019 में पुलवामा में हुए हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे घातक हमला है। एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि 26 मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय निवासी हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस आतंकी हमले को 'हाल के वर्षों में आम लोगों पर हुए किसी भी हमले से कहीं बड़ा' हमला बताया। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत की यात्रा पर हैं। इसी समय जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और ट्रैकिंग का मौसम जोर पकड़ रहा है।

74 महीने बाद आतंकी हमले से दहली घाटी
2019 की फरवरी में जम्मू-कश्मीर के ही पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला पहलगाम में हुआ है। पहलगाम शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर बैसरन चीड़ के पेड़ों के घने जंगलों और पहाड़ों से घिरा एक विशाल घास का मैदान है तथा देश व दुनिया के पर्यटकों के बीच पसंदीदा स्थान है। 

आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी
पहलगाम हमले के संबंध में अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हथियारबंद आतंकवादी 'मिनी स्विट्जरलैंड' में घुस आए और भोजनालयों के आसपास घूम रहे, खच्चर की सवारी कर रहे, पिकनिक मना रहे पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पाकिस्तान में स्थित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें