फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pahalgam Attack News Live: पीएम मोदी ने की ताबड़तोड़ बैठकें, पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर रणनीति पर चर्चा

Wed, 30 Apr 2025 02:18 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

PM Modi Cabinet Meet Amid Pahalgam Attack News Live in Hindi: 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पहली बार बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को सुबह 11 बजे बैठक बुलाई गई है। पिछले सप्ताह केंद्रीय मंत्रिमंडल की कोई बैठक नहीं हुई थी और केवल सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की 23 अप्रैल को बैठक हुई थी और उसने आतंकी हमले की निंदा की थी।
विज्ञापन
बीते दिन पीएम मोदी ने सीसीएस की बैठक की अध्यक्षता की थी। - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:26 PM, 30-Apr-2025




 

09:24 PM, 30-Apr-2025

भारत से घबराया पाकिस्तान
भारत की ओर से कार्रवाई के डर से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस से गुहार लगाई है। शरीफ ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव से टेलीफोन पर बातचीत की। मैंने आतंकवाद के सभी रूपों की पाकिस्तान की निंदा की पुष्टि की, भारत के निराधार आरोपों को खारिज किया और पहलगाम घटना की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन चुनौती मिलने पर पूरी ताकत से अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा। पीएम कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया कि पीएम शरीफ ने महासचिव को भारत को जिम्मेदारी से काम करने और संयम बरतने की सलाह देने की अपील की है।

09:24 PM, 30-Apr-2025

भारत ने यूएनएससी के अस्थायी सदस्यों से साधा संपर्क, पहलगाम आतंकी हमले की दी जानकारी
 भारत ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के अस्थायी सदस्यों को पहलगाम में हुए क्रूर आतंकवादी हमले के बारे में अवगत कराने के लिए अपने कूटनीतिक प्रयासों के तहत डेनमार्क से संपर्क किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को परिषद के सात अस्थायी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों से बात की थी।

जयशंकर ने बुधवार को डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन के साथ फोन पर बातचीत की और उन्हें पहलगाम आतंकी हमले के साजिशकर्ताओं को न्याय के दायरे में लाने के भारत के संकल्प से अवगत कराया। उन्होंने एक्स पर लिखा, डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन से बात की। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर उनके समर्थन और एकजुटता की सराहना करता हूं। आपसी द्विपक्षीय सहयोग के बारे में भी विचारों का आदान-प्रदान किया। सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ जयशंकर की फोन पर बातचीत इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पाकिस्तान भी 2025-26 तक के लिए इस प्रभावशाली संगठन का सदस्य है। विदेश मंत्री ने मंगलवार को अल्जीरिया, ग्रीस, गुयाना, पनामा, स्लोवेनिया, सियरा लियोन और सोमालिया के विदेश मंत्रियों से बातचीत की थी। पहलगाम भयावह हमले के पीछे सीमा पार संबंधों का हवाला देते हुए भारत ने हमले में शामिल लोगों को कड़ी सजा देने का वादा किया है।


 

विज्ञापन
02:11 PM, 30-Apr-2025

कांग्रेस ने 26/11 को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना
कांग्रेस ने बुधवार को 2008 में मुंबई हमलों के दो दिन बाद गुजरात के सीएम के तौर पर नरेंद्र मोदी के मीडिया संबोधन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी ने इस बात पर जोर दिया कि हमें इस सबसे संवेदनशील समय में एकजुट होना चाहिए। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि मुंबई में घातक आतंकवादी हमले शुरू होने के दो दिन बाद 28 नवंबर, 2008 को भाजपा ने क्या किया? एक अभूतपूर्व कदम उठाते हुए तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री मुंबई गए और मीडिया को संबोधित किया। आइए हम इस सबसे संवेदनशील समय में एकजुट हों। देश इंतजार कर रहा है। रमेश ने भाजपा के 2008 के विज्ञापन को भी साझा किया।

01:21 PM, 30-Apr-2025

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन
सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन किया है। पूर्व रॉ प्रमुख आलोक जोशी को इसका अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पूर्व पश्चिमी एयर कमांडर एयर मार्शल पीएम सिन्हा, पूर्व दक्षिणी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह और रियर एडमिरल मोंटी खन्ना सैन्य सेवाओं से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। राजीव रंजन वर्मा और मनमोहन सिंह भारतीय पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त दो सदस्य हैं। सात सदस्यीय बोर्ड में बी वेंकटेश वर्मा सेवानिवृत्त आईएफएस हैं।

विज्ञापन
12:58 PM, 30-Apr-2025

घातक पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक बुलाई। इसके बाद राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीपीए), आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) की बैठक हुई। एक पूर्ण कैबिनेट की बैठक भी होगी, जिसकी विस्तृत जानकारी दोपहर तीन बजे के बाद दी जाएगी। 

पहलगाम हमलों के बाद दूसरी बार बुलाई गई सीसीएस पहलगाम की घटना के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों पर चर्चा हुई। सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (सीसीएस) की पिछली बैठक 23 अप्रैल को हुई थी और पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई थी, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारे गए थे। सीसीएस ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा व्यक्त की। 

12:29 PM, 30-Apr-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति या CCPA की एक महत्वपूर्ण बैठक कर रहे हैं। कैबिनेट की सबसे महत्वपूर्ण समिति जिसे 'सुपर कैबिनेट' भी कहा जाता है। यह सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक के ठीक बाद हो रही है, जो पिछले हफ्ते कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों की नृशंस हत्या के बाद दूसरी बैठक है।

12:01 PM, 30-Apr-2025

प्रधानमंत्री मोदी के आवास पर एक अहम बैठक हुई। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई लोग शामिल हुए।

11:26 AM, 30-Apr-2025

संसद के विशेष सत्र पर सीसीपीए फैसला करेगी: मेघवाल
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बुधवार को कहा कि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति पहलगाम आतंकी हमले को लेकर संसद के विशेष सत्र के लिए कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों की मांग पर फैसला करेगी। संसदीय मामलों के विभाग में राज्य मंत्री और कानून मंत्रालय में स्वतंत्र प्रभार संभालने वाले मेघवाल ने संवाददाताओं से कहा कि सीसीपीए का फैसला, जो सत्र बुलाने पर फैसला करता है, उसके बाद ही बताया जाएगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बुधवार को बैठक हो रही है। कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद सामूहिक संकल्प पेश करने के लिए संसद का सत्र बुलाने की मांग की है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे।

10:19 AM, 30-Apr-2025

सीसीएस की बैठक के बाद भारत ने लिए थे ये निर्णय
इससे पहले पिछली सीसीएस की बैठक के बाद भारत ने पिछले बुधवार को पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों को कम करने सहित कई उपायों की घोषणा की थी। भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के सीमापार संबंधों के मद्देनजर पाकिस्तानी सैन्य अताशे को निष्कासित करने, छह दशक से अधिक पुरानी सिंधु जल संधि को निलंबित करने और अटारी भूमि-पारगमन चौकी को तत्काल बंद करने की घोषणा की।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना में पाकिस्तान का हाथ होने की बात सामने आई है। भारत ने कुल चार आतंकियों में से दो के पाकिस्तानी होने का खुलासा किया है। भारत ने इस घटना के मद्देनजर पाकिस्तान पर एक के बाद एक कार्रवाई जारी रखी है और सिंधु जल समझौता तोड़ने के बाद सोमवार को पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल्स से जुड़ी सामग्री को भी बैन करने का फैसला किया है। 

10:19 AM, 30-Apr-2025

प्रधानमंत्री की सेना को खुली छूट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश के शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल हुए। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान भी इस बैठक का हिस्सा थे। बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली। यह बैठक उस समय हुई है, जब दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत जवाबी कार्रवाई के विकल्पों पर विचार कर रहा है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकांश पर्यटक थे।   

सरकारी सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद पर करारी चोट करना हमारा राष्ट्रीय संकल्प है। पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमताओं पर पूरा विश्वास और भरोसा जताया। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा, उन्हें (सशस्त्र बलों को) हमारी प्रतिक्रिया के तरीके, लक्ष्य और समय तय करने की पूरी स्वतंत्रता है।

10:13 AM, 30-Apr-2025

कभी भी हो सकती है कार्रवाई 
पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई कभी भी हो सकती है। सख्त कार्रवाई का सीधा संकेत देने के लिए ही पीएम ने सेना को खुली छूट दी। इसके लिए सेना ने कराची बंदरगाह का संपर्क काटने, पीओके में सीधा हमला बोलने सहित अन्य विकल्पों पर विस्तार से मंथन किया है। सैन्य कार्रवाई से पहले कूटनीतिक मोर्चे पर वैश्विक मंच पर पाकिस्तान को अलग-थलग करने की रणनीति बनाई गई है।

10:13 AM, 30-Apr-2025

आज अहम फैसला संभव
इसके अलावा, आज सीसीएस की बैठक होगी। सूत्रों का कहना है कि सीसीएस की बैठक में आर या पार का निर्णय किया जा सकता है। इसीलिए सेना प्रमुखों के साथ पीएम ने बैठक की। दरअसल, सीसीएस में देश की सुरक्षा के संदर्भ में अहम निर्णय लिए जाते हैं।

10:04 AM, 30-Apr-2025

Pahalgam Attack News Live: पीएम मोदी ने की ताबड़तोड़ बैठकें, पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर रणनीति पर चर्चा

PM Modi Cabinet Meet Amid Pahalgam Attack News Live Updates in Hindi: 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पहली बार बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को सुबह 11 बजे बैठक बुलाई गई है। पिछले सप्ताह केंद्रीय मंत्रिमंडल की कोई बैठक नहीं हुई थी और केवल सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की 23 अप्रैल को बैठक हुई थी और उसने आतंकी हमले की निंदा की थी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें