कश्मीर में जो कुछ हमने देखा वह अस्वीकार्य, पाकिस्तान को आतंकियों से निपटने की जरूरत- इस्राइल
मध्य-पश्चिम भारत में इस्राइल के महावाणिज्य दूत कोब्बी शोशनी ने कहा कि कश्मीर में हुआ आतंकी हमला अस्वीकार्य है और वहां से सामने आई तस्वीरों को दिल दहला देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को कश्मीर में की गई आतंकी गतिविधियों से निपटने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भारत और इस्राइल के बीच का रिश्ता अटूट है। यह लोगों, सरकारों और नेताओं के बीच का बंधन है। लेकिन सबसे पहले बढ़कर, हमने कुछ दिन पहले कश्मीर में जो देखा वह अस्वीकार्य है। यह कुछ ऐसा है जिसे हम एक इंसान, दोस्त और भारत के भाई के तौर पर नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं। मैंने जो तस्वीरें देखी हैं, वे दिल दहला देने वाली हैं और मुझे लगता है कि इसे देखना भी बहुत मुश्किल था। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि पाकिस्तान को कश्मीर में उनके द्वारा की गई आतंकी गतिविधियों से निपटने की जरूरत है। साथ ही कहा कि मुझे लगता है कि भारत बहुत ही चतुराई से कूटनीति खेल रहा है।
पोलैंड में भारतीय समुदाय ने पहलगाम हमले के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
पोलैंड की राजधानी वारसॉ में भारतीय समुदाय ने पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई। यहां हिंदू मंदिर और गुरुद्वारा सिंह सभा ने मिलकर विशेष सभा आयोजन किया और पीड़ितों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित की। इस दौरान हिंदू मंदिर ने जहां गरुण पुराण का पाठ कराया, वहीं गुरुद्वारा सिंह सभा ने दिवंगत आत्माओं की याद में अरदास की। इसमें पीड़ितों की शांति के लिए प्रार्थना की गई और शोक संतप्त परिवारों को सहायता प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में तमिल, तेलुगु, सिंधी और पंजाबी समेत विभिन्न भारतीय प्रवासी संघों के सदस्यों और उनके अध्यक्षों ने हिस्सा लिया।
विपक्ष के कुछ और सांसदों ने सोमवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि पहलगाम हमले के मद्देनजर संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए ताकि एकजुट होकर राष्ट्र के सामूहिक संकल्प को व्यक्त किया जा सके। राजद सांसद मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस संबंध में पत्र लिखा, जबकि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सांसद पी संदोश कुमार ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को पत्र लिखकर विशेष सत्र बुलाने की मांग उठाई।
RJD सांसद ने पीएम से संसद का विशेष सत्र बुलाने का किया अनुरोध
राज्यसभा सांसद मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय एकता और नागरिक सुरक्षा के समक्ष चुनौतियों से निपटने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया है।
रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक भी आज
रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक भी आज हो सकती है। आज दोपहर 3 बजे संसद भवन परिसर में बैठक होने की संभावना है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पीएम मोदी के बीच अहम बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच प्रधानमंत्री आवास पर अहम बैठक चल रही है। बैठक से पहले रक्षा मंत्री ने कई अहम बैठकें कीं। बताया जा रहा है कि राजनाथ मौजूदा हालात और रणनीति को लेकर प्रधानमंत्री के पास पहुंचे हैं।
LoC पर फायरिंग
भारतीय सेना के मुताबिक, 27-28 अप्रैल 2025 की रात को, पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के विपरीत क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा के पार बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सैनिकों ने तेजी से और प्रभावी ढंग से जवाब दिया।