कल बहम बैठक
कल 31 जुलाई को मणिपुर का दौरा करने वाले सांसदों का प्रतिनिधिमंडल सुबह 9:30 बजे संसद भवन में I.N.D.I.A पार्टियों के फ्लोर नेताओं से मिलेगा। इस दौरान मणिपुर के हालात की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
गौरव गोगोई ने पीएम मोदी से की यह मांग
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि वहां लोगों के साथ जो हुआ उससे हम निराश हैं। राज्यपाल से मुलाकात में हमने सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक अखिल भारतीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल यहां आए, हम पहले दिन से यही सुझाव दे रहे हैं लेकिन पीएम गायब हैं। उनके मंत्री दिल्ली में बैठकर बयान दे रहे हैं। उन्हें वहां की जमीनी हकीकत देखने के लिए मणिपुर का दौरा करना चाहिए।
जब PM मोदी संसद में आएंगे, तब हम अपनी बात रखेंगे: सुष्मिता देव
TMC सांसद सुष्मिता देव ने कहा कि हमने मणिपुर की राज्यपाल से कहा कि हम एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल चाहते थे लेकिन सरकार सहमत नहीं थी इसीलिए I.N.D.I.A गठबंधन ने दौरा किया... जब PM मोदी संसद में आएंगे, तब हम अपनी बात रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी को भी मणिपुर का दौरा करना चाहिए: गोगोई
मणिपुर से लौटने के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि लोगों ने वहां (मणिपुर) हमारा स्वागत किया। एनडीए गठबंधन और प्रधानमंत्री मोदी को भी मणिपुर का दौरा करना चाहिए।
मणिपुर में शांति बहाल हो: मनोज झा
मणिपुर से लौटने के बाद राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि हम चाहते हैं कि मणिपुर में शांति बहाल हो। हमारी एकमात्र मांग है कि दोनों समुदाय सद्भाव से रहें। मणिपुर में स्थिति खौफनाक, दर्दनाक और पीड़ादायक है। संसद में पहले ही चर्चा हो चुकी है कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को मणिपुर का दौरा करना चाहिए।
विपक्ष को संसद में बैठकर चर्चा करनी चाहिए: सुकांता मजूमदार
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के सासंदों के मणिपुर दौरे पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक दौरे के अलावा और कुछ नहीं है। उन्हें पश्चिम बंगाल का दौरा करना चाहिए और मालदा एवं कूच बिहार के पीड़ितों से मिलना चाहिए। मणिपुर में जो घटना हुई वह राजनीति से ऊपर है। विपक्ष को इस मुद्दे पर संसद में बैठकर चर्चा करनी चाहिए।
चौधरी ने आगे कहा कि जैसे ही हमें मौका मिलेगा, हम संसद में केंद्र सरकार पर दबाव बनाएंगे और लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों और केंद्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से जो कमियां हमने यहां देखीं, उन्हें पेश करेंगे। हम भारत सरकार से अपील करते हैं कि वह देरी न करें, हमारे अविश्वास प्रस्ताव को स्वीकार करें और मणिपुर मुद्दे पर चर्चा करें। स्थिति बिगड़ रही है और यह राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा रहा है।
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के सांसद मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके से मिलने इंफाल के राजभवन पहुंचे हैं। इस बीच, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि मुख्य बात यह है कि मणिपुर में हो रही हिंसा को नजरअंदाज किया गया है। चूंकि राज्य और केंद्र सरकार ने इसे नजरअंदाज किया है, इसलिए स्थिति बिगड़ रही है। जल्द से जल्द शांति बहाल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सद्भाव और न्याय बनाए रखने के लिए यह जरूरी है। हम मांग करेंगे कि राज्यपाल सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सभी प्रयास करें। यह सरकार की विफलता है।
मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इसको लेकर अब विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के नेता मणिपुर दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने शांति बहाल करने के लिए राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने का फैसला लिया है।