तमिलनाडु में सोमवार को 24 घंटे में 1,728 लोगों की कोरोना रिपोर्ट सामने आई। इस दौरान छह संक्रमितों की मौत हुई और 662 मरीज ठीक हुए। राज्य में सक्रिय मामले 10,364 हैं।
गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,259 नए मामले सामने आए। इस दौरान तीन संक्रमितों की मौत हुई। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 5,858 हो गए हैं।
पश्चिम बंगाल में सोमवार को लगातार दूसरे दिन छह हजार से अधिक कोरोना के मामले सामने आए। बीते 24 घंटे में यहां कुल 6,078 नए मामले सामने आए। इनमें से 2801 नए मामले सिर्फ कोलकाता से हैं।
बृहन्मुंबई नगर निगम ने कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सीलिंग के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक, अगर इमारत या विंग में फ्लैटों की संख्या के 20 फीसदी से अधिक कोरोना मरीज हुए, तो पूरी इमारत या एक विंग को सील कर दिया जाएगा।
2020-21 में होनी वाली जनगणना को कोरोना महामारी के कारण स्थगित करना पड़ा था। अब तीसरी लहर की आशंका के बीच इसकी हाल में होने की भी कोई संभावना नहीं है। केंद्र ने राज्यों को जून 2022 तक जिलों और अन्य नागरिक और पुलिस इकाइयों की सीमाओं में बदलाव नहीं करने का निर्देश दिया है। देश की सबसे बड़ी गणना अभ्यास से तीन महीने पहले यह एक अनिवार्य आवश्यकता है।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा जिले में तैनात सीआरपीएफ के कोबरा यूनिट के 38 जवान कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी का कैंप में ही इलाज चल रहा है। सभी जवान कोबरा यूनिट के 202 बटालियन से जुडे़ हैं। रविवार को देश के अन्य हिस्सों से जवान सुकमा पहुंचे थे। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी सीवी बंसोड ने बताया कि तेमेलवाड़ा कैंप में तैनात 75 जवानों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया, जिसमें 38 का परिणाम पॉजिटिव आया। बाकी जवानों के नमूने को जांच के लिए जगदलपुर में भेजा गया है। एजेंसी।
महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना के 12,160 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 11 लोगों की मौत हुई। राज्य में फिलहाल 52,422 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। यहां अब तक कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 578 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें से 259 लोग ठीक भी हो चुके हैं।
ब्रिटेन के एक वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रॉन का पैटर्न डेल्टा स्वरूप जैसा नहीं है। ओमिक्रॉन से संक्रमित ज्यादातर लोगों को वेंटिलेटर की जरूरत नहीं पड़ रही है और उनके गहन देखभाल ईकाई (आईसीयू) में रहने का समय भी कम हुआ है।
शिक्षा मंत्री नदीम जहावी ने बताया कि सरकार अस्पताल में भर्ती होने के आंकड़ों पर करीब से निगाह रख रही है, क्योंकि ओमिक्रॉन से संक्रमित होने वाले लोगों में अधिकतर संख्या 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की है। बहरहाल, यह वह समूह है जिसके 90 फीसदी लोगों को कोविड टीके की तीसरी (बूस्टर) खुराक दी जा चुकी है जो गंभीर रूप से बीमार होने से बचाव करती है।
15-17 आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण अभियान के पहले दिन रात आठ बजे तक 40 लाख से ज्यादा किशोरों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगाई गई।
देश में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक स्थगित किया जा रहा है। अवर सचिव के स्तर से नीचे के सरकारी कर्मचारियों की शारीरिक उपस्थिति 50 फीसदी तक सीमित होगी। बाकी सभी घर से ही काम करेंगे। विकलांग व्यक्तियों और गर्भवती महिला कर्मचारियों को कार्यालय में आने से छूट होगी। बढ़ते कोविड मामलों के बीच केंद्र अपने सभी विभागों को यह आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक, कंटेनमेंट जोन में रहने वाले सरकारी अधिकारियों या कर्मचारियों को तब तक कार्यालय में आने से छूट दी गई है, जब तक कि कंटेनमेंट जोन डी-नोटिफाइड नहीं हो जाते। भीड़भाड़ से बचने के लिए सरकारी अधिकारी और कर्मचारी अलग-अलग समय का पालन करेंगे।
मुंबई में सोमवार यहां कोरोना के 8,082 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान दो मरीजों की मौत हुई और 622 लोग ठीक हुए। यहां अभी सक्रिय मामले 37,274 हैं।
15-17 आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण अभियान के पहले दिन 37 लाख 84 हजार 212 किशोरों को कोरोना वैक्सीन की खुराक लगाई गई। यह आंकड़े शाम सात बजे तक के हैं। अंतिम रिपोर्ट बनने तक आंकड़े बढ़ भी सकते हैं।
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महेंद्र नाथ चंदौली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। वे दूसरी बार सांसद बने थे। उन्हें कौशांबी के यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
गोवा में ओमिक्रॉन के चार नए मामले सामने आए हैं। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने सोमवार को बताया कि गोवा में ओमिक्रॉन वैरिएंट के कोरोना के चार और मामले सामने आए हैं, जिससे अब तक ऐसे मामलों की संख्या पांच हो गई है। उन्होंने बताया कि चार रोगियों में से एक का कोई विदेश यात्रा इतिहास नहीं था। राणे ने कहा कि इसकी विस्तार से जांच करने की जरूरत है।
देश में सोमवार को 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण अभियान के पहले दिन दोपहर तीन बजे तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में12.3 लाख से अधिक बच्चों को कोरोना वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोमवार को यहां आरएमएल अस्पताल में बच्चों के लिए एक कोविड टीकाकरण स्थल का दौरा किया और कुछ लाभार्थियों से बातचीत की। दोपहर तीन बजे पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, 15 से 18 वर्ष की आयु के 39.88 लाख से अधिक लाभार्थियों ने सोमवार दोपहर तक कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराया है और देश भर में अब तक 12.3 लाख से अधिक बच्चों ने कोरोना वैक्सीन की खुराक प्राप्त की है।
मीडिया रिपोर्ट्स में आरोप लगाया गया है कि भारत में कोरोना के राष्ट्रीय कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम के तहत एक्सपायर्ड टीके लगाए जा रहे हैं। भारत सरकार ने इस रिपोर्ट का खंडन किया है। सरकार ने बताया कि यह पूरी तरह से गलत और भ्रामक है। रिपोर्ट पूरी तरह से अधूरी जानकारी पर आधारित है। भारत सरकार के मुताबिक, सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन ने कोवाक्सिन की शेल्फ लाइफ को 9 महीने से बढ़ाकर 12 महीने करने की मंजूरी दे दी है। इसी तरह राष्ट्रीय नियामक द्वारा 22 फरवरी 2021 को कोविशील्ड की शेल्फ लाइफ को 6 महीने से बढ़ाकर 9 महीने कर दिया गया है।
गोवा सरकार ने सोमवार को कोरोना के बढ़ते मामले को मद्देनजर स्कूलों और कॉलेजों को 26 जनवरी तक बंद करने का फैसला किया। सोमवार को कोरोना टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने संवाददाताओं से कहा कि गोवा सरकार राज्य में रात का कर्फ्यू भी जारी रहेगा।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि जब से ओमिक्रोन आया है तब से दिल्ली में 10-15 दिनों में तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। लोगों में बहुत मामूली लक्षण है। मामले बढ़ रहे हैं लेकिन लोग गंभीर रूप से बीमार नहीं पड़ रहे हैं। पिछले दो दिन में 84 फीसदी मामले ओमिक्रोन के थे।
गुजरात की राजधानी गांधीनगर में 15-18 साल के किशोर-किशोरियों के लिए आज से कोविड वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरुआत की।
देश में कोरोना की रफ्तार आए दिन बढ़ती ही जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोरोना के 33,750 नए मामले सामने आए हैं जबकि इस दौरान 123 लोगों की मौत हो गई। हालांकि इस दौरान लगभग 10,846 लोग स्वस्थ भी हो गए। सबसे अधिक चिंता करने वाली बात यह है कि सक्रिय मामले 1,45,582 हो गए हैं।