बिहार में शनिवार को कोरोना के 4526 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमण के मामले बढ़कर 7,40,377 हो गए हैं। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 12,311 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। संक्रमण के मामले बढ़ने पर राज्य के मुख्य विपक्षी दल राजद ने राजधानी में स्थित अपना कार्यालय शनिवार को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई है। अब तक 71,5966 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जिसमें से 704 लोग पिछले 24 घंटे में संक्रमण मुक्त हुए।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में तेज वृद्धि के बीच सुप्रीम कोर्ट में भी संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। कोर्ट में चार न्यायाधीश और लगभग पांच फीसदी कर्मचारी कोविड-19 से संक्रमित हो गए हैं। शीर्ष अदालत के एक अधिकारी ने बताया कि शीर्ष कोर्ट के 32 न्यायाधीशों में से कम से कम चार न्यायाधीश और लगभग 3,000 कर्मचारियों में से 150 वर्तमान में वायरस से संक्रमित हैं।
नेपाल सरकार ने सरकारी कार्यालयों, होटलों, सिनेमा हॉल, स्टेडियम और घरेलू उड़ानों जैसे सार्वजनिक स्थानों में प्रवेश करने के लिए टीकाकरण कार्ड अनिवार्य करने का निर्णय लिया है। यह फैसला 17 जनवरी से लागू होगा। कोरोना संकट प्रबंधन केंद्र की प्रवक्ता सुनीता नेपाल ने इसकी जानकारी दी है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गर्भवती महिलाओं और केंद्र सरकार के दिव्यांग कर्मचारियों को कार्यालय जाने से छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उपलब्ध रहना होगा और घर से काम करना होगा। कार्मिक राज्यमंत्री ने कहा कि कोरोना हॉटस्पॉट वाले इलाकों में रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी तब तक कार्यालय जाने से छूट दी गई है, जब तक कि उस इलाकों को कोरोना से कम प्रभावित न घोषित कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि अवर सचिव स्तर से नीचे के सरकारी कर्मचारियों की कार्यालय में उपस्थिति वास्तविक क्षमता के 50 फीसदी तक सीमित कर दी गई है और शेष 50 फीसदी घर से काम करेंगे।
केरल में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 6,238 मामले आए, 2,390 रिकवरी हुईं और 30 लोगों की मौत हुई। यहां सक्रिय मामले 34,902 हैं। केरल सरकार के मुताबिक केंद्र सरकार के नए दिशानिर्देशों के अनुसार 14 लोगों की मौतों को कोविड मौतों में जोड़ा गया है।
कर्नाटक में रविवार को 12,000 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इसमें सिर्फ बेंगलुरु में 9,020 मामले सामने आए हैं। राज्य में सकारात्मकता दर 6.33 फीसदी है। यहां फिलहाल सक्रिय मामले 49,602 है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया सोमवार को कोरेाना स्थिति पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बातचीत करेंगे। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।
त्रिपुरा सरकार ने राज्य में रात का कर्फ्यू (सुबह 9 बजे से 5 बजे) लागू करने का फैसला किया है। यह 10 जनवरी से 20 जनवरी तक लागू रहेगा। इस दौरान मूवी हॉल, खेल परिसर और स्टेडियम, मनोरंजन पार्क, बार 50 फीसदी क्षमता के साथ खुल सकेंगे। जिम और स्विमिंग पूल तिहाई क्षमता के साथ संचालित होंगे।
महाराष्ट्र में ब्यूटी और हेयर कटिंग सैलून को लेकर कोरोना प्रतिबंधों में संशोधन किया गया है। नए नियम के तहत दोनों सैलून को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा। इसके अलावा जिम में भी 50 फीसदी लोगों की ही अनुमति होगी। हालांकि, सभी व्यक्ति पूर्ण रूप से टीकाकरण करा चुके हों।
मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मेयर किशोरी पेडनेकर ने गेटवे ऑफ इंडिया का दौरा किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शहर में सख्त प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिशा-निर्देश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को टीम-9 के साथ बैठक में कहा कि प्रदेश में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है। अतः डरने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सभी एहतियात अवश्य बरते जाएं। प्रदेश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या वर्तमान में 25,974 है। इनमें 25,445 लोग होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इटली से आए यात्रियों में से कई के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने और कई यात्रियों द्वारा उनकी जांच रिपोर्ट गलत होने का आरोप लगाया है। अब प्रशासन ने निजी प्रयोगशाला के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। यात्रियों ने प्रयोगशाला के जांच के तरीके पर भी सवाल उठाया था और हवाई अड्डा पर हंगामा भी किया था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में रविवार को 24 घंटे में कोविड-19 के 22 हजार मामले दर्ज होने की आशंका है। उन्होंने लोगों से मास्क पहनने की अपील की। केजरीवाल ने कहा कि कोविड-19 मामलों का बढ़ना चिंता की बात है, लेकिन घबराने की कोई जरूरत नहीं है। बहुत कम लोग अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। मास्क पहनना बहुत महत्वपूर्ण है। यदि आप मास्क पहनना जारी रखेंगे, तो लॉकडाउन नहीं लगेगा। फिलहाल लॉकडाउन लागू करने की कोई योजना नहीं है।
टीवी अभिनेत्री हिना खान ने कहा है कि उन्हें छोड़कर उनका पूरा परिवार कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया है। 34 वर्षीय अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर शनिवार को कहा कि कोविड की चिंता के बीच पूरे परिवार का ध्यान रखना ‘कड़वी सच्चाई’ है। उन्होंने कहा कि जब परिवार में हर कोई कोविड से संक्रमित हो और घर में सिर्फ आप ही ऐसे हो, जो संक्रमित नहीं हो, तो आपको 24 घंटे मास्क लगाना पड़ता है और सेनेटाइज करना पड़ता है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकार दी। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि कोरोना से ठीक होकर मैं वापिस आपकी सेवा में हाजिर हूं। दोपहर 12 बजे वो एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं।
देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण और बिगड़ते हालातों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक बुलाई है। शाम 4.30 बजे होने वाली इस बैठक में पीएम कोरोना मामलों की समीक्षा करेंगे।
पिछले 24 घंटे में सामने आए 1,59,632 कोरोना संक्रमितों के बाद देश में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 5,90,611 पहुंच गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में 327 मौतें दर्ज की गईं।
देश में कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट भी तेजी से अपने पैर पसार रहा है। अब तक इसके 3623 मामले सामने आए हैं। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में है। यहां ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या एक हजार पार कर गई है। वहीं दिल्ली में 513 लोग इससे संक्रमित हैं।
पश्चिम बंगाल देश के उन राज्यों की सूची में शामिल हो गया है जहां कोरोना के सबसे ज्यादा सक्रिय मामले हैं। राज्य में कोरोना के 51 हजार से ज्यादा ऐक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र के बाद बंगाल दूसरा राज्य है जहां कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है।
तमिलनाडु में बेकाबू होते कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की चेन तोडने के लिए आज पूर्ण रूप से राज्य में लॉकडाउन है।
संसद भवन में जबरदस्त कोरोना विस्फोट हुआ। दरअसल छह और सात जनवरी को संसद में काम करने वाले कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों का कोविड-19 जांच के लिए सैंपल लिया गया था, जिसमें से 400 से ज्यादा लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।