दुबई सहित यूएई से आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्री जो मुंबई के निवासी हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से 7-दिवसीय होम क्वारंटाइन से गुजरना होगा। आगमन पर आरटी-पीसीआर भी कराना अनिवार्य होगा। ऐसे यात्रियों के लिए बीएमसी ने यह आदेश जारी किए।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में दी गई कोरोना रोधी टीकों की खुराक की संख्या बुधवार को 143.75 करोड़ से अधिक हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को शाम सात बजे तक टीकों की 57,03,410 खुराक दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि देर रात तक अंतिम रिपोर्ट के संकलन के साथ दैनिक टीकाकरण संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
कर्नाटक में आज ओमिक्रॉन के पांच नए मामलों की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों को अलग कर दिया गया है और प्राथमिक और माध्यमिक संपर्कों की पहचान की गई है और उनका परीक्षण किया गया है। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के ने यह जानकारी दी। यहां अब तक 43 लोग ओमिक्रॉन की चपेट में आ चुके हैं।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के कर्मियों को 10 जनवरी से कोरोना रोधी टीके की एहतियात खुराक दी जाएगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कर्मी “अग्रिम मोर्चे” के कर्मियों की श्रेणी में आते हैं इसलिए विशेष रूप से, वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के प्रसार के मद्देनजर उन्हें कोविड रोधी टीके की तीसरी खुराक देने के लिए आधिकारिक निर्देश दिए गए हैं।
पंजाब में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का पहला मामला सामने आया है। इस महीने 36 वर्षीय एक व्यक्ति स्पेन से राज्य में आया था, जिसके नमूने की जांच में वायरस के इस स्वरूप की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति चार दिसंबर को भारत पहुंचा था और पंजाब के नवांशहर में अपने रिश्तेदारों के यहां गया था।
अधिकारी ने कहा कि भारत पहुंचने के बाद व्यक्ति की जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को उसकी जांच में संक्रमण पाया गया। इसके बाद संक्रमित व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती किया गया और उसके नमूनों को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भेजा गया।
केंद्र सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित कोविड-19 रोधी टीके ‘कोवोवैक्स’ की सात करोड़ खुराक नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को निर्यात करने की अनुमति दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) में निदेशक (सरकार और नियामक मामले) प्रकाश कुमार सिंह ने भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) को एक आवेदन दिया था, जिसमें विदेशों में टीके की खुराक निर्यात करने के लिए अनापत्ति रिपोर्ट मांगी गई थी।
महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 85 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में बीते 24 घंटे 3,900 नए मामले और 20 मौतें दर्ज की गईं। राज्य में फिलहाल 14,065 मरीजों का इलाज चल रहा है।
गुजरात में बुधवार को कोरोना के नए वैरिएंट के 19 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह राज्य में अब तक 97 लोग ओमिक्रॉन की चपेट में आ चुके हैं।
तमिलनाडु में भी बुधवार को कोरोना के नए वैरिएंट के 11 मामले सामने आए हैं। यहां अब तक कोरोना के नए वैरिएंट के 45 मामले सामने आ चुके हैं। इसी के साथ देश में ओमिक्रॉन का आंकड़ा 800 के पार हो गया है।
नागपुर जिला प्रशासन ने नए साल की पूर्व संध्या पर पार्टियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि जब तक जनता जागरूक नहीं होगी और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करेगी, तब तक कोरोना वायरस महामारी को नियंत्रित नहीं किया जा सकता है। उन्होंने 15-18 आयु वर्ग के लोगों से भी अपील की कि वे तीन जनवरी से अपनी बारी शुरू होने पर जल्द से जल्द टीका लगवाएं।
अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में लगभग 50 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को समर्पित और आधारशिला रखने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक सभा को संबोधित करते हुए शाह ने प्रशासन से कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बारे में सतर्क रहने को भी कहा।
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि पिछले हफ्ते हम प्रति दिन 150 मामले दर्ज कर रहे थे। अब हम प्रति दिन लगभग 2000 मामले दर्ज कर रहे हैं। मुंबई में बुधवार को रोजाना संक्रमितों का आंकड़ा 2000 के पार हो सकता है।
आंध्र प्रदेश में भी बुधवार को कोरोना के 10 नए मामले सामने आए हैं। यहा अब तक कोरोना के नए वैरिएंट के मामले बढ़कर 16 हो गए हैं।
राजस्थान में ओमिक्रॉन के 23 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह राज्य में अब तक कोरोना के कुल 69 नए मामले सामने आए हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अधिकारियों से कोरोना की स्थिति की समीक्षा करने के लिए कहा। सीएम ममता ने आगे कहा कि यदि आवश्यक हो तो स्कूल और कॉलेज कुछ समय के लिए बंद किए जा सकते हैं।
भारत में ओमिक्रॉन के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बुधवार के आंकड़े के अनुसार देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या 781 हो गई है। दिल्ली 238 मामलों के साथ पहले स्थान पर आ गई है। वहीं महाराष्ट्र 167 मरीजों के साथ दूसरे स्थान पर है।
अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस समेत अन्य देशों में कोरोना के मामलों में लगातार तेजी देखी जा रही है। ऐसा लग रहा है कि हालात पिछली लहर जैसी होने वाली है। ब्रिटेन में बीते 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 1,29,471 मामले सामने आए हैं वहीं अमेरिका में साप्ताहिक संक्रमण में 57.7 फीसदी की वृद्धि देखी जा रही है। अमेरिका में 76 फीसदी लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए जा रहे हैं। फ्रांस में दैनिक 1,00,000 से अधिक संक्रमण के मामले सामने आने के बाद कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं।