इंग्लैंड में कोरोना के मामलों में अब भी 99 फीसदी से अधिक मामले डेल्टा वैरिएंट से जुड़े हैं। हालांकि, यहां ओमिक्रॉन के 75 और मामले सामने आए हैं। यहां अक तक कोरोना के नए वैरिएंट के कुल संख्या 104 मामले सामने आ चुके हैं। स्कॉटलैंड में 16 और मामले सामने आने से मामलों की संख्या 29 हो गई है। एक मामला वेल्स में सामने आया है। इस तरह ब्रिटेन में इस स्वरूप से जुड़े मामलों की कुल संख्या 134 है। ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (यूकेएचएसए) ने शुक्रवार को कहा कि इंग्लैंड में डेल्टा अब भी प्रमुख स्वरूप बना हुआ है।
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ने शनिवार को कहा कि उसने कोविड-19 के लिए रैपिड पीसीआर परीक्षण के शुल्क को पहले के 4,500 रुपये से घटाकर 3,900 रुपये कर दिया है। सीएसएमआईए ने एक बयान में कहा कि इसके साथ ही हवाईअड्डे पर 600 रुपये प्रति यात्री की सामान्य आरटी-पीसीआर जांच भी उपलब्ध है।
दुबई में हिंद महासागर सम्मेलन 2021 में मालदीव के उपराष्ट्रपति फैसल नसीम ने कहा कि हमारे मेहमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमारे 95% फ्रंटलाइन पर्यटक कर्मचारियों को पूरी तरह से टीका लगाया गया है। समानता के सिद्धांत के आधार पर सभी नागरिक सामाजिक स्थिति की परवाह किए बिना टीके प्राप्त करने के पात्र हैं।
दुबई में हिंद महासागर सम्मेलन 2021 में श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने कहा कि हमने अब तक 85% आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक दे दी हैं। 98% आबादी को पहली खुराक मिल चुकी है। हम भारत, चीन, अमेरिका और जापान की उदारता की बहुत सराहना करते हैं, जिन्होंने हमें सीधे या कोवैक्स के माध्यम से टीके दान किए। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा टीके ओमिक्रॉन के लिए अप्रभावी हैं तो दुनिया जल्द ही बंद सीमाओं और अन्य प्रतिबंधों पर लौट सकती है। इसलिए मैं राष्ट्रों से कम धनी देशों के टीकाकरण अभियान का अधिक प्रभावी ढंग से समर्थन करने का आह्वान करता हूं।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कल्याण-डोंबिवली का एक 33 वर्षीय व्यक्ति जो हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लौटा है, वो ओमीक्रोन से संक्रमित पाया गया है। 33 वर्षीय यात्री 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन से दुबई और दिल्ली के रास्ते मुंबई पहुंचा। उन्होंने कोई टीका नहीं लगवाया है। उनके हाई रिस्क संपर्कों में से 12 और कम रिस्क वाले संपर्कों में से 23 का पता लगा लिया गया है, सभी का टेस्ट नेगेटिव आया है। दिल्ली-मुंबई उड़ान के 25 सह-यात्रियों का भी टेस्ट नेगेटिव आया है। अभी और संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।
देश में ओमिक्रॉन का चौथा मामला सामने आया है। विदेश से मुंबई लौटे युवक में कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने बताया कि 33 साल का व्यक्ति जो विदेश से मुंबई के पास कल्याण डोंबिवली नगरपालिका क्षेत्र में लौटा, उसमें कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि इसके ससाथ दिल्ली-मुंबई की फ्लाइट के 25 अन्य लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। संक्रमित के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है।
गुजरात के जामनगर में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का तीसरा मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति दो दिन पहले ही जिम्बाब्वे से भारत आया था। उसकी जांच रिपोर्ट में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है।
ओमिक्रॉन पर दक्षिण अफ्रीका में हुए अध्ययन में सामने आया है कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों में ओमिक्रॉन का खतरा ज्यादा है। विशेषज्ञों का कहना है कि पहली और दूसरी लहर में कोरोना ने बच्चों व युवाओं को संक्रमित नहीं किया था, लेकिन तीसरी लहर में युवा इसकी चपेट में आए थे और अब ओमिक्रॉन के प्रांरभिक निष्कर्ष बता रहे हैं कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए यह खतरनाक साबित हो सकता है।
भारत में पिछले 24 घंटे के अंदर 8603 कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस दौरान 415 लोगों की मौत की पुष्टि हुई तो वहीं 8190 लोग ठीक होकर घर लौट गए। अब देश में कोरोना के 99974 सक्रिय मामले बचे हैं।
चंडीगढ़ में क्वारंटीन प्रोटोकाल तोड़ने पर एक युवती पर मुकदमा दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने बताया कि युवती एक दिसंबर को युवती दक्षिण अफ्रीका से लौटी थी, उसका आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया था, जो निगेटिव आया था। इसके बाद भी युवती को क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया था, लेकिन युवती दो दिसंबर को प्रोटोकाल एक होटल में गई थी। इसलिए उस पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं होटल संचालक से पिछले 15 दिन की ट्रैवल हिस्ट्री मांगी गई है।
ओमिक्रॉन के खतरे के बीच दक्षिण अफ्रीका से लौटे यात्रियों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, ऐसे कई लोग सामने आए हैं, जो दक्षिण अफ्रीका से लौटे तो हैं, लेकिन उसके बाद से लापता हैं। बेंगलुरू से अब तक ऐसे 10 दक्षिण अफ्रीकी यात्रियों के लापता होने की खबरें सामने आ चुकी हैं।
इस्राइल में ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो मामले सामने आने के बाद सरकार ने अपने देश की सीमाओं को पूरी तरह से बंद कर दिया था। इसके बावजूद ओमिक्रॉन वैरिएंट का संक्रमण यहां तेजी से बढ़ रहा है। देश में अब तक सात संक्रमित सामने आ चुके हैं। वहीं 27 लोगों में संदेह के घेरे में हैं। वहीं कनाडा में ओमिक्रॉन के 15 मामले अब तक सामने आ चुके हैं।
ओमिक्रॉन के खतरे के बीच राहत की बात यह है कि अभी तक इस वैरिएंट से मौत की एक भी खबर सामने नहीं आई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के वैज्ञानिकों का कहना है कि नए वैरिएंट के कई गुना ज्यादा संक्रामक होने की पुष्टि हुई है, लेकिन अभी तक 38 संक्रमित देशों में इस वैरिएंट से एक भी मौत नहीं हुई है।