स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मंगलवार को कहा कि तीन लोगों ने कोविड-19 के ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। जम्मू और कश्मीर में ऐसा पहला मामला सामने आया है। अधिकारियों ने कहा कि तीनों का कोई विदेश जाने का इतिहास नहीं है और उनकी हालत स्थिर है। विभाग ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, "जम्मू में एक क्लस्टर से एनसीडीसी, दिल्ली द्वारा तीन ओमिक्रॉन मामलों की पुष्टि की गई। 30 नवंबर को नमूना लिया गया। पूरे इलाके के आरटीपीसीआर परीक्षण का आदेश दिया गया।"
विदेशों से यात्रा कर मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंचे 13 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 11 का अब भी उपचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ बी एस सैत्या ने आज इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिसंबर महीने में सामने आए इन 13 विदेश से लौटे नागरिकों के उपचार और स्वास्थ्य प्रगति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए इनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेजे गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को ओमिक्रॉन वायरस के प्रति आगाह किया है। भूषण ने इन्हें पत्र लिखा कि ओमिक्रॉन डेल्टा वैरिएंट की तुलना में कम से कम तीन गुना अधिक संक्रामक है। इसलिए, स्थानीय और जिला स्तर पर और भी अधिक दूरदर्शिता, डेटा विश्लेषण, तेज निर्णय लेने और सख्त व त्वरित रोकथाम कार्रवाई की आवश्यकता है।
इसमें डेटा एनालिसिस पर जोर देते हुए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से अपनी सीमा में आने से पहले ही संक्रमण रोकने के उपाय करने के लिए कहा गया है। लेटर में कुछ उपाय भी सुझाए गए हैं। इनमें जरूरत होने पर नाइट कर्फ्यू, भीड़ जुटने पर रोक, ऑफिस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़ी पाबंदियों का जिक्र है। अस्पताल में बेड, एंबुलेंस, ऑक्सीजन उपकरण और दवाओं के लिए इमरजेंसी फंड इस्तेमाल करने का सुझाव भी दिया गया है।
कोरोना वायरस के चलते ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को पूर्वी इंग्लैंड के नॉरफॉक में अपने सैंड्रिघम एस्टेट में पारंपरिक क्रिसमस योजनाओं को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। कोरोना वायरस मामलों में वृद्धि के बीच वह विंडसर कैसल में रहेंगी। सोमवार को बकिंघम पैलेस ने एक व्यक्तिगत निर्णय लेते हुए सैंड्रिंघम की यात्रा करने की योजना को भी रद्द कर दिया, जहां शाही परिवार के सदस्य क्रिसमस की सुबह चर्च के लिए इकट्ठा होते हैं। 95 वर्षीय सम्राट ने पहले ही शाही परिवार के सदस्यों के लिए एक वार्षिक प्री-क्रिसमस लंच परंपरा को बंद कर दिया था, क्योंकि देश में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले बढ़ रहे हैं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को कहा कि लोक नायक अस्पताल में भर्ती 34 ओमिक्रॉन पॉजिटिव मरीजों में से तीन का कोई यात्रा इतिहास नहीं है। जैन ने सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रोकने की मांग दोहराते हुए कहा कि यह भारत में नए कोविड वैरिएंट के प्रसार को रोकने का एकमात्र तरीका है। एलएनजेपी अस्पताल ने अब तक ओमिक्रॉन के 34 मामलों की सूचना दी है। उनमें से 17 को छुट्टी दे दी गई है। 34 रोगियों में से तीन का यात्रा इतिहास नहीं है। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वे ओमिक्रॉन से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए थे, जो विदेश से लौटे थे।
केंद्र सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा में जानकारी दी कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि मौजूदा टीके कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट पर काम नहीं करते हैं। हालांकि स्पाइक जीन पर रिपोर्ट किए गए कुछ म्यूटेशन मौजूदा टीकों के असर को कम कर सकते हैं।
बसपा से लोकसभा सांसद दानिश अली कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने इसकी जानकारी ट्विटर पर दी है। दानिश अली ने लिखा है कि वह संसद का शीतकालीन सत्र के दौरान संसद में भी मौजूद रहे थे।
देश भर में ओमिक्रॉन संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 200 पहुंच गई, जो सोमवार तक 174 थी। यहां सबसे ज्यादा मामले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सामने आए हैं। महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में भी कुल संक्रमितों की संख्या 54 हो गई है। जबकि, सोमवार तक यहां 30 ओमिक्रॉन संक्रमित थे।
देश में 24 घंटे के भीतर 5,326 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश भर में कोरोना से 453 लोगों की मौत बीते 24 घंटे में हो गई।
विदेश से भारत आ रहे लोगों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इंदौर में विदेश से लौटै छह लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। सीएमएचओ डॉ. भूरे सिंह का कहना है कि सभी के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।
ओमिक्रॉन के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इस्राइल ने अमेरिका व कनाडा को 'लाल सूची' में डाल दिया है और अपने नागरिकों से अपील की है कि बिना किसी विशेष कारण के इन दोनों देशों की यात्रा न करें।
दिल्ली में सोमवार को ओमिक्रॉन के आठ नए मामले सामने आए। वहीं कनार्टक में पाचं तो केरल में भी चार नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा राजस्थान व गुजरात में एक-एम ओमिक्रॉन संक्रमित की पुष्टि हुई। सोमवार को इन पांच राज्यों में सामने आए 19 मामलों के बाद देश भर में 174 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित हो चुके हैं।
ओमिक्रॉन वैरिएंट धीरे-धीरे खतरनाक होता जा रहा है। अमेरिका में इस संक्रमण से पहली मौत दर्ज की गई है। इससे पहले ब्रिटेन में भी ओमिक्रॉन से एक मौत हो चुकी है।