हरियाणा में शुक्रवार को कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के एक दिन में सबसे अधिक 26 मामले सामने आए, जिससे यहां मामलों की कुल संख्या बढ़कर 63 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है।
तमिलनाडु में शुक्रवार को ओमिक्रॉन के नए मामलों में अचानक तेजी नजर आई और एक दिन में कोरोना वायरस के इस नए वैरिएंट के 76 मामले सामने आने के साथ इससे संक्रमितों की कुल संख्या 120 हो गई है। इसके मद्देनजर राज्य में शादी और अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों लोगों की संख्या निर्धारित करने और अलग-अलग तरह के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की संख्या आधी करने सहित कई पाबंदियों की घोषणा की गई।
बताया गया कि रेस्तरां, होटल और बेकरी 50 फीसदी क्षमता के साथ काम करेंगे और यही सीमा मनोरंजन पार्क के लिए भी होगी। कपड़ों और गहनों की दुकानों, जिम और योग केंद्र, मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल, स्पा, सैलून और इंडोर खेलो में भी कुल क्षमता के 50 फीसदी लोग ही एक समय में मौजूद रह सकेंगे। मेट्रो रेल का परिचालन भी 50 फीसदी बैठने की क्षमता के साथ होगा, जबकी सरकारी बसों में सीटों के बराबर ही यात्री सवार हो सकेंगे। विवाह समारोह में अधिकतम 100 और अंतिम संस्कार में अधिकतम 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे।
अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में शुक्रवार को कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो मामलों का पता चला है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। दोनों लोगों को यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को कोरोना के 3451 नए मामले सामने आए, जिनमें से 1954 यानी 56 फीसदी मामले अकेले कोलकाता से हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। इससे पहले गुरुवार को राज्य में कोरोना के 2,128 मामले सामने आए थे, जिनमें महानगर से 1,090 मामले थे। पिछले 24 घंटे में राज्य में नए मामले 62 फीसदी बढ़े हैं जबकि इस पूर्वी महानगर में यह वृद्धि 79 फीसदी है।
वहीं, ओमिक्रॉन खतरे के बीच सिक्किम ने 10 जनवरी, 2022 तक नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। पब, डिस्को, सिनेमा हॉल, रेस्तरां, फास्ट फूड सेंटर, बेकरी, जिम, नाई की दुकान, स्पा और सैलून केवल 50 फीसदी बैठने की क्षमता के साथ संचालित करने के लिए कहा गया है।
होटल, होम स्टे, गेस्ट हाउस को भी अब केवल 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करना होगा। सभी सामाजिक और राजनीतिक सभाओं का आयोजन उपायुक्त की पूर्व अनुमति और 50 फीसदी स्थान क्षमता के साथ किया जाना चाहिए।
बृहन्मुंबई नगर निगम ने जानकारी दी कि मुंबई के धारावी में पिछले 24 घंटों में 34 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में सक्रिय मामले बढ़कर 95 हो गए। वहीं, पुणे ने आज कोरोना के 412 नए मामले दर्ज किए गए। यहां कुल सक्रिय मामले 1,799 हैं।
महाराष्ट्र में आज ओमिक्रॉन वैरिएंट के चार मामलों सहित कोरोना वायरस के 8,067 नए मामले सामने आए हैं। कुल 1,766 मरीज ठीक हुए जबकि 8 मौतें हुई हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण और आईसीएमआर के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को विभिन्न स्थानों पर चौबीसों घंटे एक्टिव आरएटी बूथ स्थापित करने, मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ को शामिल करने और घरेलू परीक्षण किट के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए पत्र लिखा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि खांसी, सिरदर्द, गले में खराश, सांस फूलना, शरीर में दर्द, स्वाद या गंध की हाल ही में कमी, थकान और दस्त के साथ बुखार या बिना बुखार वाले किसी भी व्यक्ति को कोविड 19 का संदिग्ध मामला माना जाना चाहिए।
कर्नाटक में भी कोरोना के नए वैरिएंट के मामले बढ़ने लगे हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के ने बताया कि कर्नाटक में शुक्रवार को ओमिक्रॉन के 23 नए मामले सामने आए। इनमें से 19 संक्रमित अमेरिका, यूरोप, मध्य-पूर्व और अफ्रीका के अंतरराष्ट्रीय यात्री हैं।
आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन संग्रहालय का दौरा 1 जनवरी से बंद रहेगा। चेंज ऑफ गार्ड समारोह भी अगली सूचना तक नहीं होगा। राष्ट्रपति भवन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
केरल में ओमिक्रोन के 44 नए मामले सामने आए हैं, जिससे राज्य में इन मामलों की कुल संख्या 107 हो गई है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने यह जानकारी दी।
मुंबई में ओमिक्रॉन व कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए धारा 144 लागू की गई है। ऐसे में मुंबई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शाम पांच बजे के बाद सुबह पांच बजे तक वे समुद्र किनारे, पार्कों, सार्वजनिक जगहों जैसी जगहों पर न जाएं। यह प्रतिबंध 15 जनवरी तक लागू रहेगा।
बिहार में ओमिक्रॉन का पहला मामला सामने आने के बाद राज्य सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है। शुक्रवार को सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि राज्य में ओमिक्रॉन के पहले मामले की पुष्टि हुई है। हमें अब और भी ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है। इसलिए, कोरोना के बढ़ते मामलों और ओमिक्रॉन संक्रमण को रोकने के लिए शाम को आपात बैठक बुलाई गई है।
राजस्थान में ओमिक्रॉन संक्रमित व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। कोरोना के इस नए वैरिएंट से देश में यह दूसरी मौत है। इससे पहले महाराष्ट्र में नाइजीरिया से लौटे व्यक्ति की भी मौत हुई थी, वह भी ओमिक्रॉन संक्रमित था। राजस्थान में उदयपुर के 73 वर्षीय बुजुर्ग की मौत की पुष्टि हुई है।
दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल के एमडी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि उन्हें अब तक 360 मरीज मिले हैं, जिसमें से 110 ओमिक्रॉन से संक्रमित थे। इनमें से 89 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। बाकी मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है। खास बात यह है कि किसी भी मरीज को आईसीयू में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी क्योंकि सभी का ऑक्सीजन लेवल सामान्य था।
पुदुचेरी में ओमिक्रॉन व कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रात 11 बजे से शाम पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। यह प्रतिबंध 31 जनवरी 2022 तक लागू रहेगा।
देश में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में 16,746 नए मामले सामने आए। यह गुरुवार के मुकाबले तीन हजार ज्यादा मामले हैं। वहीं इससे पहले बुधवार को भी चार हजार से ज्यादा संक्रमित बढ़े थे। अब देश में कोरोना के 91,361 सक्रिय संक्रमित हो गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रॉन के मामलों में कमी आई है। इसके बाद यहां नाइट कर्फ्यू काे तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। सरकार का कहना है कि ओमिक्रॉन से लोगों के संक्रमित होने की दर ज्यादा है, लेकिन अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या कम है।