गुजरात के मंत्री जीतूभाई चौधरी ने बुधवार को कहा कि टेस्ट में वह कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं, जबकि तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में भी राज्य में संक्रमण का पता चला है। नर्मदा, कल्पसार और मत्स्य पालन राज्य मंत्री चौधरी ने नौ महीने में दूसरी बार वायरस संक्रमित हुए हैं।
संस्कृति मंत्रालय ने आज कहा कि कोरोना के चलते राष्ट्रीय संग्रहालय की सभी दीर्घाएं आज से अगले आदेश तक आगंतुकों के लिए बंद रहेंगी। हालांकि संग्रहालय के सभी विभाग आदेशानुसार खुले रहेंगे।
महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय नगर निगम द्वारा संचालित मुंबई के अस्पतालों के लगभग 160 रेजिडेंट डॉक्टर पिछले तीन दिनों में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (एमएआरडी) के जेजे अस्पताल चैप्टर के अध्यक्ष गणेश सोलुनके ने कहा कि मध्य मुंबई के सरकारी अस्पताल के 62 रेजिडेंट डॉक्टर पिछले 72 घंटों में कोरोना संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा किंग एडवर्ड मेमोरियल अस्पताल में 40 रेजिडेंट डॉक्टर, लोकमान्य तिलक म्युनिसिपल जनरल अस्पताल में 50 और आरएन कूपर अस्पताल में अन्य सात डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
कर्नाटक के बेल्लारी स्थित विजयनगर मेडिकल कॉलेज के 21 छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कॉलेज प्रशासन ने बुधवार को बताया कि छात्रावास में रहने वाले 250 छात्रों की औचक कोरोना जांच की गई। इसमें 21 छात्र संक्रमित मिले हैं। सभी संक्रमित पहले और दूसरे वर्ष के छात्र हैं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। आईआईटी प्रशासन ने बुधवार को बताया कि बीते छह दिनों में छात्रों, फैकल्टी सदस्यों के साथ कुल 50 से अधिक लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। संक्रमण के बढ़ते मामले को देख प्रशासन ने कई पाबंदी लगाई है। डीन परमेश्वर अय्यर ने बताया कि 99 फीसदी मामले उन लोगों से जुड़े हैं जो छुट्टियों के बाद बाहर से असम लौटे हैं।
झारखंड में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच डीजी और एडीजी रैंक के अधिकारियों समेत करीब 150 पुलिसकर्मियों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को जहां 98 लोग कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए, वहीं आज लगभग 50 अन्य लोग इस बीमारी से संक्रमित थे। अकेले रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के परिसर में कुल 35 कर्मी वायरस से पीड़ित हैं।
गुजरात में बुधवार को ओमिक्रॉन के 50 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में इस तरह के मामलों की संख्या 204 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। दूसरी ओर ओमिक्रॉन के 16 रोगियों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, जिससे ओमिक्रॉन संक्रमण से उबरने वालों की कुल संख्या 112 हो गई। अकेले अहमदाबाद शहर में 50 नए मामलों में से 34 का योगदान था, जिससे ओमिक्रॉन संक्रमण की संख्या बढ़कर 93 हो गई। शहर में अब तक ऐसे 41 मरीज ठीक हो चुके हैं। वडोदरा शहर में ओमिक्रॉन के पांच नए मामले, खेड़ा जिले में चार, आणंद और सूरत में तीन-तीन और कच्छ में एक मामला सामने आया।
महाराष्ट्र में आज 26,538 नए मामले सामने आए, 8 मौतें हुईं और 5,331 मरीज ठीक हुए। सक्रिय मामले बढ़कर 87,505 हो गए हैं। राज्य के ओमिक्रॉन मामले की संख्या 797 पहुंच गई जिनमें से 330 मरीज ठीक हो गए हैं।
राजस्थान में आज 1883 मरीजों के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या 5006 पार पहुंची। अकेले जयपुर में ही मरीजों की संख्या 1138 हो गई है, वही जोधपुर में 230 मरीज मिलने से हड़कंप मचा गया। सबसे भयानक स्थिति ये है कि 73 मरीजों का तो पता ही नहीं चल रहा है। प्रदेश में अजमेर, अलवर, कोटा, सीकर, उदयपुर भी तीसरी लहर के मुहाने पर खड़े हैं। पूरे प्रदेश में कोरोना की स्थिति समय के साथ-साथ खतरनाक होती जा रही है। प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है, रैली, समारोह पर पाबंदी लगा दी गई है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बुधवार को कहा कि अभी 100 प्रतिशत लॉकडाउन की आवश्यकता नहीं है, लेकिन जहां भी भीड़ हो वहां प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। राज्य के कोविड -19 टास्क फोर्स और स्वास्थ्य, योजना और वित्त विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए टोपे ने कहा कि राज्य ने मंगलवार को 16,000 से अधिक मामले दर्ज किए और बुधवार को यह संख्या बढ़कर 25,000 हो सकती है। उन्होंने कहा कि अच्छी बात यह है कि 90 फीसदी मामले बिना लक्षण वाले होते हैं। राज्य में पिछले दो सप्ताह से दैनिक मामलों में तेज वृद्धि देखी गई है।
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में 14,022 नए मामले सामने आए और 17 मौतें हुईं जबकि 6,438 ठीक हुए। सक्रिय मामलों की संख्या 33,042 पर पहुंची।
वहीं, मुंबई में कोरोना से तीन की मौत हुई जबकि यहां 15,166 नए मामले सामने आए हैं। कुल सक्रिय मामले 61,923।
बिहार में बुधवार को छह महीने में सबसे अधिक 1659 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सक्रिय मामलों ने 3000 का आंकड़ा पार कर लिया है। अधिकारी ने कहा कि ताजा मामलों की संख्या एक दिन पहले की तुलना में लगभग दोगुनी है। सक्रिमय मामले पिछले दिन से 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ गए हैं।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गोवा से मुंबई लौटे कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर सवार 1,827 यात्रियों में से 143 कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं।
बीएमसी के कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ मंगला गोमारे ने पीटीआई को बताया कि नागरिक निकाय को जहाज पर सवार सभी 1,827 यात्रियों की आरटी-पीसीआर परीक्षण रिपोर्ट मिली है, जो मंगलवार शाम को गोवा से मुंबई लौटे थे और उनमें से 143 संक्रमित मिले।
भारत बायोटेक ने कहा है कि उसने कोवाक्सिन का टीका लगने के बाद किसी भी पैरासिटामोल या दर्द निवारक की सिफारिश नहीं की है।
ओडिशा सरकार: नए दिशानिर्देश 7 जनवरी की सुबह 5 बजे से 1 फरवरी की सुबह 5 बजे तक प्रभावी रहेंगे। 12 वीं कक्षा तक के स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे। कक्षा 10, 12 के लिए ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी। दुकानें प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक खुलेंगी। बाजार/सिनेमा हॉल रात 9 बजे बंद रहेंगे।
महाराष्ट्र: नागपुर शहर में कक्षा एक से 8 तक के सभी स्कूल 31 जनवरी तक बंद रहेंगे। मंत्री डॉ. नितिन राउत ने दी जानकारी।
छत्तीसगढ़: रायपुर में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक रात का कर्फ्यू रहेगा। होटल/रेस्टोरेंट, बेकरी, फूड कोर्ट और फूड डिलीवरी रात 11 बजे तक चलेगी। रायपुर जिला कलेक्टर ने यह जानकारी दी।
छत्तीसगढ़- बिलासपुर में पहले ओमिक्रॉन वैरिएंट का पहला मामला सामने आया है । 52 वर्षीय मरीज का संयुक्त अरब अमीरात का यात्रा इतिहास रहा है। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी है।
बढ़ते कोरोना वायरस मामलों के बीच महाराष्ट्र सरकार 15 फरवरी तक कॉलेजों, विश्वविद्यालयों में शारीरिक कक्षाएं बंद कर देगी। इन संस्थानों में सभी परीक्षाएं 15 फरवरी तक ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। महाराष्ट्र के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने यह जानकारी दी।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 10,665 नए मामले सामने आए और 8 मौतें हुईं। सक्रिय मामले 23,307 पर। संक्रमण दर बढ़कर 11.88% हुई।
आंध्र प्रदेश में ओमिक्रॉन के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है क्योंकि बुधवार को चार और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक पी हाइमावती ने कहा कि अमेरिका से आए एक 60 वर्षीय व्यक्ति और यूके से आए एक पिता-पुत्र की जोड़ी ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए। तीनों प्रकाशम जिले के रहने वाले हैं। हिमावती ने कहा कि गुंटूर जिले में एक 14 वर्षीय लड़की जो एक विदेशी यात्री के संपर्क में आई थी वह भी संक्रमित पाई गई।