झारखंड में पिछले 24 घंटों में 3,704 नए कोविड मामले सामने आए। इस दौरान 4 मौतें और 435 रिकवरी भी दर्ज़ की गई
डेनमार्क में ओमिक्रॉन संक्रमित लोगों में 90 फीसदी ऐसे हैं, जिन्होंने वैक्सीन की दोनों या बूस्टर खुराक ले रखी है। डेनमार्क के स्वास्थ्य मंत्रालय स्टेटन्स सीरम इंस्टिट्यूट की एक रिपोर्ट के अनुसार, ओमिक्रॉन से संक्रमित लगभग 90 फीसदी लोगों को कोरोना की दोनों डोज या बूस्टर डोज लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद खतरा टलता हुआ नहीं दिख रहा है।
डब्ल्यूएचओ ने गुरुवार को कहा कि नए कोरोना के मामलों की संख्या में पिछले सप्ताह की तुलना में 27 दिसंबर-2 जनवरी के सप्ताह के दौरान वैश्विक स्तर पर 71 फीसदी की तेजी से वृद्धि हुई है, जबकि नई मौतों की संख्या में 10 फीसदी की कमी आई है। नए ओमिक्रॉन की वजह से दुनिया में कोरोना के मामले बढ़े हैं।
वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा जारी कोरोना साप्ताहिक महामारी अपडेट में कहा गया है कि 27 दिसंबर से 2 जनवरी के सप्ताह के दौरान अक्तूबर से क्रमिक वृद्धि के बाद नए मामलों की वैश्विक संख्या में पिछले हफ्ते की तुलना में 71 फीसदी की तेजी से वृद्धि हुई है।
ओडिशा में गुरुवार को ओमिक्रॉन से संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई। यहां गुरुवार को कोविड-19 के 1,897 नए मामले सामने आए। जो पिछले पांच महीनों के दौरान एक दिन में सामने आए मामलों की सर्वाधिक संख्या है। स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक 16 वर्षीय लड़के को गलती से कोविशील्ड वैक्सीन की खुराक दे दी गई। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले महीने इस आयु वर्ग के किशोरों के लिए टीकाकरण शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा था कि 15-18 वर्ष की श्रेणी के बच्चों को केवल कोवाक्सिन वैक्सीन ही दी जाएगी। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि जिले की येओला तहसील के पटोदा गांव के रहने वाले लड़के को सोमवार को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में कुछ भ्रम की स्थिति में कोविशील्ड डोज दिया गया। हालांकि, बच्चे की सेहत ठीक बताई जा रही है।
चीन के शिआन ने कोविड-19 के बड़ी संख्या में मामले सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को निलंबित कर दिया है। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने गुरुवार को यह जानकारी दी। हालांकि, अधिकारियों ने कोरोना की स्थिति फिर से भयावह होने की आशंकाओं को खारिज किया है।
गुजरात में 4,213 नए कोविड मामले सामने आए। 860 रिकवरी और 1 मौत भी दर्ज़ की गई। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 14,000 के पार हो गई है।
पुडुचेरी में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पाबंदियां बढ़ा दी गई हैं। सरकार ने बताया कि 31 जनवरी (मध्यरात्रि) तक लागू किए गए प्रतिबंध में मॉल, बाजारों को सिर्फ 50% क्षमता के साथ अनुमति होगी। इंट्रा और इंटर डिस्ट्रिक्ट पब्लिक ट्रांसपोर्ट, सिनेमा, जिम, सैलून, पार्लर, ऑडिटोरियम में भी 50 फीसदी क्षमता के साथ अनुमति होगी।
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 5,031 मामले सामने आए, संक्रमित मामलों में 1 की मौत भी दर्ज़ की गई।
केरल में गुरुवार को 4649 नए कोविड मामले सामने आए। संक्रमित लोगों में 17 मौतें और 2180 रिकवरी भी दर्ज़ की गई। राज्य में सक्रिय मामले 25,157 हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने 7 जनवरी से सभी मामलों को केवल वर्चुअल मोड में सुनने का फैसला किया है। इस दौरान सभी न्यायाधीशों अपने आवासीय कार्यालयों से काम करेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने एक सर्कुलर के माध्यम से कहा है कि 10 जनवरी से केवल अत्यंत जरूरी, ताजा, स्थगन, नजरबंदी, जमानत और निश्चित तारीख के मामलों को अदालत के समक्ष सूचीबद्ध किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में प्रकोरोना के 3121 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमित मामलों में से 1 व्यक्ति की मौत दर्ज की गई है। इस दौरान सक्रिय मामलों की संख्या 8224 है। अब तक कुल 16,88,105 रिकवरी हुई हैं। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि कल प्रदेश में 1,96,205 सैंपल की जांच की गई। अब तक 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 12,98,89,556 लोगों को पहली डोज़ और 7 करोड़ 61 लाख से ज्यादा लोगों को दूसरी डोज़ भी लगाई जा चुकी है। 15-18 आयु वर्ग में 7,85,766 बच्चों को पहली डोज़ लगा चुके हैं।
केरल में कोरोना के नए वैरिएंट के 50 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 45 कम जोखिम वाले देशों और पांच उच्च जोखिम वाले देशों से हैं। संपर्क के माध्यम से कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। राज्य में अब तक कुल 280 लोग ओमिक्रॉन के संपर्क में आ चुके हैं। केरल स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री अमित देशमुख ने मुंबई में कहा कि अभी मॉल और सिनेमा हाल को बंद करने का कोई विचार नहीं है। अगर व्यापक जनहित में आवश्यकता हो तो हमें कुछ कदम उठाने होंगे जिस पर मंत्री मंडल में चर्चा होगी और अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री का होगा।
पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 129 मामले सामने आए हैं। यहां फिलहाल कोरोना के कुल 399 सक्रिय मामले हैं। पॉजिटिविटी दर 3.58 फीसदी बनी हुई है।