कर्नाटक में विपक्षी दल कांग्रेस की मेकेदातू पदयात्रा सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रही। कोविड संबंधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार समेत कई शीर्ष नेताओं पर पुलिस के मामला दर्ज करने के बावजूद पदयात्रा जारी रही। कावेरी नदी पर मेकेदातू बांध परियोजना का काम शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस यह पदयात्रा निकाल रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के करीब 30 नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिन प्रमुख लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है उनमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार, विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया और बेंगलुरु ग्रामीण से सांसद डीके सकुरेश शामिल हैं। इसके अलावा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली, पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर, अभिनेता दुनिया विजय और संगीत निदेशक एवं अभिनेता साधु कोकिला के भी नाम प्राथमिकी में शामिल हैं।
इस बीच राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने कर्नाटक के डीजीपी को पत्र लिखकर मेकेदातु पदयात्रा के दौरान स्कूली बच्चों के साथ कोविड-19 के उचित व्यवहार का पालन नहीं करने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई और जांच शुरू करने को कहा है।
तमिलनाडु सरकार ने 31 जनवरी तक लॉकडाउन की पाबंदियां बढ़ा दी है। 14 जनवरी से 18 जनवरी के बीच सभी धार्मिक स्थलों पर लोगों को जाने की इजाज़त नहीं है। पोंगल के मौके पर 75% क्षमता के साथ विशेष इंटर-स्टेट बसें चलेंगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कोरोना रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने अपना कोविड टेस्ट करवाया। मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है।अभी मैं स्वस्थ महसूस कर रहा हूं। डॉक्टर्स की सलाह पर मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग भी मेरे संपर्क में आए हैं, उनसे अनुरोध है कि अपनी जांच करवा लें।'
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हल्के लक्षणों के बाद उन्होंने अपना टेस्ट कराया था। उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि मेरा स्वास्थ्य ठीक है, मैं होम क्वारंटीन हूं।
केरल में ओमिक्रॉन के अब तक 345 मामले आए हैं। 24 घंटों में 17 नए मामले सामने आए हैं।
ओमिक्रॉन के मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने सभी स्कूल और कॉलेज को 26 जनवरी तक के लिए बंद किया है और ऑनलाइन क्लास की इजाजत दी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसका एलान किया।
कर्नाटक में 24 घंटे में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 146 मामले सामने आए हैं। कर्नाटक में ओमिक्रॉन के कुल 479 मामले हैं। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के ने यह जानकारी दी।
जीनोम सीक्वेंसिंग लैब में कोरोना के 32 नमूनों का परीक्षण किया गया, जिसमें से 27 नमूनों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इसके अलावा इसमें से चार में डेल्टा वरिएंट पाया गया है। इसके अलावा एक में एक अज्ञात प्रकार के वायरस की पुष्टि हुई है। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक ने यह जानकारी दी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।
बुल्ली बाई एप मामले में मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पहले आरोपी विशाल कुमार झा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे बीएमसी द्वारा संचालित एक संगरोध केंद्र में भर्ती कराया गया है, उनके वकील ने पुष्टि की।
तमिलनाडु सरकार ने जल्लीकट्टू के आयोजनों के लिए एसओपी जारी की। केवल 150 दर्शक या 50% बैठने की क्षमता दोनों में से जो भी कम हो उसकी अनुमति दी गई है। वैक्सीन की दोनों डोज़ का सर्टिफिकेट या आरटी-पीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट होना अनिवार्य है, जो कि 48 घंटे से ज़्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू की घोषणा की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी।
सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्री ओंग ये कुंग ने सोमवार को संसद में कहा कि पिछले साल शहर में कोरोना मरने वाले लोगों में 30 फीसदी उन लोगों का था जिन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज ले ली थी।
बिहार में विदेश से आए 32 लोगों की जांच में 25 में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। खतरे को देखते हुए राज्य में जांच की रफ्तार बढ़ा दी गई है।