हमारी जिम्मेदारी अभी खत्म नहीं हुई
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हादसे के बारे में बोलते हुए भावुक हो गए और कहा कि हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि लापता लोगों के परिवार के सदस्य उन्हें जल्द से जल्द ढूंढ सकें... हमारी जिम्मेदारी अभी खत्म नहीं हुई है।
बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर सीबीआई जांच की सिफारिश को लेकर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जांच एजेंसी इसमें अपना काम करेगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच का कदम उठाया गया है। यह राजनीति करने का समय नहीं है।
ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने रविवार शाम को बताया कि बालासोर कलेक्टर की रिपोर्ट के अनुसार सुबह 10 बजे तक मृतकों की संख्या 275 है, इसमें छिपाने वाली कोई बात नहीं है। हम स्थानीय लोगों के सहयोग और समर्थन के लिए आभारी हैं। अब तक लगभग 108 शवों की पहचान हो चुकी है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस रेल दुर्घटना को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा, "दुर्घटना स्थल पर रेल मंत्री भी गए, प्रधानमंत्री भी गए। केंद्र के सभी बड़े नेता वहां गए। बातचीत करके बचाव कार्य में तेज़ी लाई गई। राहुल जी ने अपने आप को इस श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है कि जब चीन की सेना ने अतिक्रमण करने का प्रयास किया तब आप (राहुल गांधी) चीन के अधिकारियों के साथ गुप्त बैठक कर रहे थे। आपने आज तक उसका जवाब नहीं दिया है।"
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन हादसे की सीबीआई जांच की सिफारिश की है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अब तक जो जानकारी मिली है उसके बाद रेलवे बोर्ड की तरफ से इस मामले की CBI जांच की सिफारिश की गई है। वैष्णव ने बताया कि दो लाइन में पटरी की मरम्मत का काम लगभग हो गया है। इस हादसे में जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड की तरफ से इस मामले की CBI जांच की सिफारिश की गई है
ओडिशा के बालासोर में तीन-ट्रेन दुर्घटना के स्थल पर मरम्मत का काम जारी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहना है कि, "1645 बजे अप-लाइन का ट्रैक लिंक किया गया है। ओवरहेड विद्युतीकरण का काम शुरू हो गया है।"
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता बनर्जी ने रेल मंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल मेरे साथ रेल मंत्री और धर्मेंद्र प्रधान दोनों खड़े थे लेकिन मैंने कुछ नहीं कहा, मैं बहुत कुछ कह सकती थी क्योंकि मैं खुद रेल मंत्री रही हूं...कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस में एंटी कोलिशन डिवाइस क्यों नहीं था? रेलवे को सिर्फ बेचने के लिए छोड़ दिया है। ममता यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने कहा कि मेरे पास एक मैसेज आया जिसमें एक बड़ी लिस्ट थी कि नीतीश, लालू और मेरे समय में कितने लोग मारे गए? क्या कभी इन लोगों ने सोचा कि मैंने अपने समय में रेलवे को कितना आधुनिक किया। सारी जानकारी गलत है...मैं पूछती हूं कि गोधरा में कितने लोग मारे गए थे?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बालासोर दुर्घटना को लेकर शोक जताया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में पश्चिम बंगाल के 62 लोगों की मृत्यु हो गई। यहां 206 लोगों का इलाज चल रहा है। ओडिशा में पश्चिम बंगाल के 73 लोग भर्ती हैं और 56 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। 182 लोगों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जिस दिन यह घटना हुई उसी दिन हमने 150 एम्बुलेंस, 50 डॉक्टर, नर्स, बस और आपदा प्रबंधन की टीम दुर्घटनास्थल भेजी। हम ओडिशा सरकार का पूरा सहयोग कर रहे हैं
केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने कटक के अस्पतालों में ट्रेन हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कई लोग घायल हुए हैं और राज्य के 5-6 अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। आज एक मीटिंग भी की गई जिसमें इलाज से जुड़े कई सुझाव आए हैं जिन्हें हम प्राथमिकता दे रहे हैं और यहां पर प्रशासन और मेडिकल टीम की मदद के लिए दिल्ली से स्थानीय प्रशासन और चिकित्सकों की टीम एक विशेष विमान से यहां पहुंच चुकी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओडिशा के बालासोर में हुए हादसे को लेकर रेल मंत्री का इस्तीफा मांगा है। उन्होंने रविवार को एक ट्वीट में कहा, "270+ मौतों के बाद भी कोई जवाबदेही नहीं! मोदी सरकार इतनी दर्दनाक दुर्घटना की ज़िम्मेदारी लेने से भाग नहीं सकती। प्रधानमंत्री को फ़ौरन रेल मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए!"
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय स्वास्थ्य-परिवार कल्याण मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया के साथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने श्रीराम चंद्र भंज मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने भर्ती मरीज़ों से बातचीत की और चिकित्सकों के साथ भी परिस्थिति पर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रेल हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत गंभीर और दुखद घटना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है और रेलवे मंत्री ने जांच के आदेश भी दिए हैं। ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। दोषियों पर कार्रवाई ज़रूर होगी।
बालासोर दुर्घटना पर एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी दुर्घटना है। बहाली का कार्य शुरू हो गया है। हमारी प्रतिक्रिया शीघ्र और प्रभावी थी। स्थानीय लोगों ने बहुत अच्छा काम किया है। हमारी पहली टीम लगभग 8 बजे के पास यहां पहुंच गई थी। हमारे 300 बचावकर्मी लगे हुए हैं...बचाव कार्य लगभग पूरा हो गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बालासोर ट्रेन हादसे पर चर्चा के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ बैठक की।
हमारी सरकार हर तरफ से काम कर रही है: हेमा मालिनी
बालासोर ट्रेन दुर्घटनास्थल पर ट्रैक ठीक करने का काम जारी है। शाम तक 2 लाइनें बहाल होने की संभावना है। बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। मैं सभी के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। हमारी सरकार हर तरफ से काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद वहां जाकर देखा है।
रेल मंत्री ने डॉक्टरों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भद्रक के सरकारी अस्पताल में करीब-करीब सभी मरीजों की अपने परिवार से बातचीत हो चुकी है। मैं भद्रक मेडिकल के सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों का धन्यवाद देना चाहूंगा। उन्होंने मरीजों की बहुत अच्छे से सेवा की है।
डाउन लाइन को ठीक कर लिया गया
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि डाउन लाइन को ठीक कर लिया गया है। दोपहर 12 बजकर पांच मिनट से इस पर परिचालन शुरू कर दिया गया है।
मरीजों और डॉक्टरों से मिले रेलमंत्री
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हम सोरो अस्पताल में मरीजों और डॉक्टरों से मिले। हैदराबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, रांची, कोलकाता और अन्य जगहों से स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि मरीज अपना इलाज कराकर अपने घर पहुंच सकें।
घायलों से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोरो अस्पताल में बालासोर ट्रेन दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि दोषियों पर भारत सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। रेलवे की जांच को पूरी होने दी जाए।
पूरी सरकार लोगों के साथ: वीके सिंह
केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह ने कहा कि यह बहुत दुखद हादसा है। इसकी जांच चल रही है। पूरी सरकार इस मामले में अपना समर्थन लेकर लोगों के साथ खड़ी है।
पीएम ने की रेलमंत्री से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेल दुर्घटना के संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली। रेल मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है।
हादसे की वजह आई सामने
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने मामले की जांच की है। हादसे के कारण का पता लग गया है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान भी कर ली गई है। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग में बदलाव के कारण यह दुर्घटना हुई है।
ओडिशा सरकार ने किया मुआवले का एलान
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे में राज्य के मरने वाले लोगों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए एक-एक लाख रुपए की घोषणा की है। ओडिशा CMO ने इसकी जानकारी दी है।
रेस्क्यू पूरा, मरम्मत का काम जारी: रेल मंत्री
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कल प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों पर तेजी से काम चल रहा है। कल रात एक ट्रैक काम लगभग पूरा हो गया। आज एक ट्रैक की पूरी मरम्मत करने की कोशिश रहेगी। सभी डिब्बों को हटा दिया गया है। शवों को निकाल लिया गया है। कार्य तेजी से चल रहा है। कोशिश है की बुधवार की सुबह तक सामान्य रूट चालू हो जाए।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एक बार फिर से घटनास्थल पर पहुंचे हैं। वे मौके पर हालात का जायजा ले रहे हैं। रेल मंत्री हादसे के बाद ही बालासोर पहुंच गए थे। वे करीब से राहत और बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैक बहाली का काम तेजी से चल रहा है। हमने बुधवार को सब कुछ ठीक करने का लक्ष्य रखा है। कोशिश कर रहे हैं कि आज शाम तक एक ट्रैक पर परिचालन बहाल कर दिया जाए।
हादसे के वक्त क्या हुआ था, रेलवे ट्रैफिक चार्ट से हुआ खुलासा
भारतीय रेलवे के ट्रैफिक चार्ट से पता चला है कि ओडिशा रेल हादसे के वक्त असल में क्या हुआ था। बता दें कि इस हादसे में अब तक 288 लोगों की मौत हो चुकी है और सैंकड़ों लोग घायल हैं। चार्ट में तीन ट्रैक दिख रहे हैं, जिनमें एक लूप लाइन लाइन, दूसरी अप लाइन और तीसरी डाउन लाइन।
जब ट्रैक से यात्री गाड़ी गुजरती है तो उन्हें मालगाड़ियों से आगे निकालने के लिए मालगाड़ी को लूप लाइन पर खड़ा कर लिया जाता है, जिससे मेन लाइन से यात्री ट्रेन गुजर जाए। ओडिशा हादसे में हुआ ये कि मालगाड़ी लूप लाइन पर खड़ी थी और अप लाइन पर कोरोमंडल एक्सप्रेस आ रही थी लेकिन आशंका जताई जा रही है कि सिग्नल में गड़बड़ी के चलते कोरोमंडल एक्सप्रेस भी लूप लाइन में चली गई और वहां खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। इससे कोरोमंडल एक्सप्रेस की बोगियां पटरी से उतरकर अप लाइन और डाउन लाइन पर पलट गईं। तभी डाउन लाइन पर बेंगलुरु एक्सप्रेस आ गई और वह ट्रैक पर पड़ी कोरोमंडल एक्सप्रेस की बोगियों से टकरा गई। इस तरह कुछ ही मिनटों में यह भीषण हादसा हो गया, जो करीब तीन सौ लोगों की जान लील गया।
मनसुख मंडाविया ने लिया चिकित्सा सहायता का जायजा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के घायलों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सहायता का जायजा लेने के लिए भुवनेश्वर पहुंचे। यहां वे घायलों से मुलाकात करेंगे।
ट्रैक से मलबा हटाया गया
दक्षिण पूर्व रेलवे के CPRO आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि जितनी भी बोगी पलटीं थीं उनको हटा दिया है। मालगाड़ी की तीन में से दो बोगियों को हटा दिया गया है और तीसरे को हटाया जा रहा है। थोड़ी देर में ट्रैक को भी साफ कर दिया जाएगा। अभी OHE का काम किया जा रहा है और दूसरी तरफ से ट्रैक लिंकिंग का कार्य चल रहा है। हम जल्द से जल्द कार्य खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। यहां चार-पांच डिविजन और दो-तीन जोन की टीम काम कर रही है। यहां रेलवे के सारे अधिकारी मौजूद हैं। अभी तक मृतकों की संख्या 288 है।
यह भी पढ़ें- Odisha Train Accident: लूप लाइन पर कैसे आ गई कोरोमंडल एक्सप्रेस, ट्रेनों में भिड़ंत कैसे? ग्राफिक्स में समझें