फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बालेन शाह का दौरा: पीएम मोदी बोले- नेपाल के बिना राम अधूरे, नेपाली प्रधानमंत्री ने क्यों कहा शुक्रिया?

Mon, 23 Nov 2026 06:22 PM IST
अस्मिता त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया। इस यात्रा को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी। बालेंद्र शाह के भारत दौरे की हर छोटी-बड़ी खबर और सभी ताजा अपडेट यहां पढ़ें।
 
विज्ञापन
नेपाली पीएम का भारत दौरा - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत किया। इसके साथ ही उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया।
विज्ञापन

 
 
Trending Videos

सरयू-कमला एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के उनके समकक्ष बालेन्द्र शाह सोमवार को अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या में होंगे।

यह रेल सेवा उत्तर प्रदेश की अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को सीधे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दोनों शहरों का रामायण परंपरा में विशेष स्थान है। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में विश्वभर में श्रद्धा का केंद्र है। ऐसे में यह रेल संपर्क केवल दो शहरों के बीच आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दोनों देशों की साझा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाला माध्यम भी बनेगा।
 

 

604 किलोमीटर का सफर, कई शहरों को मिलेगा रेल का तोहफा

करीब 604 किलोमीटर लंबी यह रेल सेवा बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगी। ट्रेन के व्यावसायिक ठहराव जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर में होंगे। इसके अलावा अयोध्या धाम और दोनों अंतिम स्टेशन भी इसके मार्ग में शामिल होंगे। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। इसका परिचालन शनिवार को जनकपुर धाम से और सोमवार को अयोध्या कैंट से होगा।

नई रेल सेवा से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी। खास तौर पर अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही दोनों देशों के नागरिकों को शिक्षा, कारोबार, पारिवारिक और अन्य जरूरतों के लिए यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

इस रेल संपर्क का लाभ केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। मार्ग में पड़ने वाले शहरों और कस्बों में पर्यटन, होटल, परिवहन, स्थानीय कारोबार और पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े लोगों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं। बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों के बीच सामाजिक और आर्थिक संपर्क को भी इससे बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

भारत और नेपाल के संबंधों की बुनियाद साझा इतिहास, धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और लोगों के आपसी जुड़ाव में रही है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा और पारिवारिक-सामाजिक रिश्ते इस साझेदारी को विशिष्ट बनाते हैं। अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा इसी ऐतिहासिक जुड़ाव को आधुनिक परिवहन सुविधा से जोड़ने की एक अहम पहल है।

इससे रामायण सर्किट को भी नई गति मिलने की संभावना है। अयोध्या से जनकपुर तक रेल संपर्क बनने से श्रद्धालुओं के लिए राम और सीता से जुड़े स्थलों की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी। यह पहल भारत-नेपाल संबंधों में धार्मिक पर्यटन और जनसंपर्क को सहयोग के एक महत्वपूर्ण आयाम के रूप में आगे बढ़ा सकती है।
 

भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश साझेदार

भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा, साझा परंपराओं और लोगों के आपसी संपर्क पर आधारित विशेष संबंध हैं। दोनों देशों के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग के लिए 40 से अधिक संस्थागत व्यवस्थाएं हैं। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक, पारगमन और निवेश साझेदार है। नेपाल को भारतीय बाजार में शुल्क मुक्त पहुंच मिली हुई है। भारत नेपाल का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य भी है और नेपाल के कुल निर्यात का लगभग 80 प्रतिशत भारत आता है। नेपाल में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) का करीब एक तिहाई हिस्सा भारत से आता है। भारत ने नेपाल के 74 जिलों में 600 से अधिक सामुदायिक विकास परियोजनाएं पूरी की हैं। इनकी कुल लागत नेपाली मुद्रा में 1,662 करोड़ रुपये से अधिक है। दोनों देशों के बीच सीमा पार रेल लाइन, पेट्रोलियम पाइपलाइन और एकीकृत जांच चौकियां भी प्रमुख संपर्क परियोजनाओं में शामिल हैं।

भूकंप और बाढ़ के दौरान भी भारत ने की नेपाल की मदद

साल 2015 में आए विनाशकारी गोरखा भूकंप के बाद भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण में मदद की थी। इसके तहत 50 हजार घरों, 71 शैक्षणिक परियोजनाओं और 128 स्वास्थ्य केंद्रों के पुनर्निर्माण में सहयोग दिया गया। इस साल अगस्त में आई बाढ़ के बाद भी भारत ने नेपाल को मानवीय सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराई। इसमें 140 टन आपातकालीन सामान शामिल था।

 राष्ट्रपति भवन से रवाना हुए नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह औपचारिक स्वागत के बाद राष्ट्रपति भवन से रवाना हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें विदा किया।
 
 

राजघाट पहुंचे नेपाली पीएम 

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा के दूसरे दिन राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और फिर विजिटर्स डायरी में हस्ताक्षर किए।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह से की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और भारत-नेपाल सहयोग को लेकर चर्चा हुई।
 

भारत-नेपाल के बीच व्यापार और बुनियादी ढांचे पर होगा सहयोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुलाकात में आर्थिक सहयोग मजबूत करने पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसमें व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे का विकास प्रमुख मुद्दे होंगे। दोनों देश शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। इसके अलावा कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग पर भी विशेष जोर रहेगा। दोनों देशों के बीच इन क्षेत्रों में पूरी हो चुकी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और नई योजनाओं का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इससे सीमा पार सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे

भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित होने जा रहा है। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ होगा। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं। इससे पहले सीएम ने रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। 
 

यह भी पढ़ें- यूपी: सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ से पहले सीएम योगी ने रामलला के किए दर्शन, पीएम दिखाएंगे हरी झंडी

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। साथ ही द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने तथा नए क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के रास्ते तलाशे जाएंगे। इस मुलाकात का उद्देश्य दोनों पड़ोसी देशों के बीच आपसी संबंधों को नई दिशा देना और सहयोग को और गहरा करना है।
 

अयोध्या-जनकपुर ट्रेन उद्घाटन समारोह में सीएम योगी ने नेपाल से रिश्तों को किया याद

अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के 500 साल के संघर्ष में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं, बहनों और श्रद्धालुओं के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय जनकपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपहार लेकर अयोध्या पहुंचे थे। सीएम योगी ने पशुपतिनाथ, काशी विश्वनाथ, गोरखनाथ मंदिर और देवीपाटन शक्तिपीठ का उल्लेख करते हुए दोनों देशों की साझा आस्था और परंपराओं को रेखांकित किया।

सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन की तैयारियां जारी

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन की तैयारियां जारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ेगी। इस सेवा से दोनों देशों के बीच रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
 

अयोध्या-जनकपुर के बीच चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस

अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअली इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। ट्रेन की तस्वीरें सामने आई हैं। इस सेवा से भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रियों का सफर आसान होगा।
 

विदेश मंत्रालय ने जारी किया भारत-नेपाल की दोस्ती का वीडियो

विदेश मंत्रालय ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे को लेकर एक वीडियो जारी किया है। इसमें भारत और नेपाल के बीच गहरी दोस्ती, सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सहयोग की झलक दिखाई गई है। बालेन शाह राजकीय दौरे पर भारत पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय ने वीडियो के जरिए दोनों देशों के ऐतिहासिक और मजबूत रिश्तों को दिखाया है।


 

पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह ने देखा पीएम गतिशक्ति का प्रेजेंटेशन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पीएम गतिशक्ति योजना पर आधारित प्रेजेंटेशन देखा। इस दौरान दोनों नेताओं को योजना के तहत देश में इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।
 
 

अयोध्य जनकपुर ट्रेन सेवा का शुभारंभ

पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।  इसके साथ ही दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल के बीच कनेक्टिविटी और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। दोनों नेताओं ने कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इन पहलों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच परिवहन, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना है।
 
 

नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास पैकेज देगा भारत: पीएम मोदी

नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। भारत नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा करता है।

 

पीएम मोदी बोले- बालेन शाह के विजन में दिखती है नेपाल के भविष्य की उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का भारत में स्वागत करते हुए कहा कि उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है। मोदी ने कहा कि कुछ महीने पहले संयुक्त राष्ट्र में दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में बालेन शाह के संबोधन से उनका विजन और दूरदर्शिता सामने आई थी। उन्होंने कहा कि हाल की बातचीत में भी नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेन शाह की प्रतिबद्धता दिखाई दी। नेपाल की जनता ने उन्हें जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह देश की नई पीढ़ी की उम्मीदों और आकांक्षाओं को दर्शाता है।

पीएम मोदी बोले- नेपाल के बिना अधूरी है हमारी राम की यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के आपसी जुड़ाव से जुड़े हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने 2018 में जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के तीर्थस्थल नेपाल के बिना अधूरे हैं और हमारी राम की यात्रा भी नेपाल के बिना अधूरी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत के साथ दोनों देशों के इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम दिया जा रहा है।

अयोध्या आने वाले श्रद्धालु अब आसानी से जा सकेंगे जनकपुर: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह के साथ संयुक्त बयान में कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के आपसी जुड़ाव पर आधारित हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। पीएम मोदी ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत से दोनों देशों के पवित्र रिश्तों को नया आयाम मिलेगा। इस ट्रेन से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को नेपाल के जनकपुर धाम जाने में आसानी होगी और माता सीता के दर्शन करना भी सुविधाजनक होगा।

नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा की अपार संभावनाएं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा पैदा करने की अपार संभावनाएं हैं। भारत का बड़ा ऊर्जा बाजार इन संभावनाओं को नेपाल की आर्थिक समृद्धि का मजबूत आधार बना सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल की युवा पीढ़ी प्रतिभा, ऊर्जा और बड़े सपनों से भरी है। भारत इन युवाओं के सपनों को पूरा करने में एक मजबूत और प्रतिबद्ध साझेदार बनना चाहता है। पीएम मोदी ने भारत-नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग और युवाओं के विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

रामायण को दुनिया तक पहुंचाएंगे भारत-नेपाल के युवा क्रिएटर्स: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फिल्म और आधुनिक तकनीक के जरिए रामायण की कहानी दुनिया भर के युवाओं और दर्शकों तक पहुंच रही है। भारत चाहता है कि दोनों देशों के युवा क्रिएटर्स मिलकर इस साझा विरासत को नए प्लेटफॉर्म के जरिए दुनिया तक पहुंचाएं। इसके लिए आगामी WAVES समिट में नेपाल के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया जाएगा। पीएम मोदी ने खेल, खासकर क्रिकेट में भी सहयोग बढ़ाने की बात कही। इसके तहत नेपाल में खेल सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों की ट्रेनिंग में भारत सहयोग करेगा।

विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के लिए जारी हुआ संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल अपने साझा भविष्य को नई दिशा देने के लिए संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट जारी कर रहे हैं। यह विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के संकल्प को साकार करने का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के पास स्पष्ट लक्ष्य, आपसी विश्वास और उन्हें पूरा करने की क्षमता है। माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध का आशीर्वाद भी दोनों देशों के साथ है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलकर भारत-नेपाल संबंधों में नया अध्याय लिखा जाएगा।

भारत-नेपाल के बीच कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, पीएम मोदी ने किए कई एलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह के साथ संयुक्त बयान में कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला में सड़क पुल का उद्घाटन किया गया है। वहीं, बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई है। नेपाल के दोधारा चांदनी में भी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का काम तेज किया जाएगा। इन परियोजनाओं से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश समेत भारत के अन्य राज्यों के साथ नेपाल की सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को भी गति दी जाएगी।

नेपाल के पीएम बालेन शाह बोले- भारत ने हर मुश्किल वक्त में हमारा साथ दिया

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण और भारत में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्तों की नींव आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना पर टिकी है। दोनों देशों के लोगों के बीच गहरा जुड़ाव इस रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है। बालेन शाह ने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं और मुश्किल समय में भारत की ओर से मिलने वाली मदद के लिए भारत सरकार और जनता का आभार व्यक्त किया।

नेपाल को कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक मिलेगी पहुंच

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नेपाल के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भारत कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देगा। उन्होंने कहा कि इससे नेपाल के आर्थिक विकास और निवेश को गति मिलेगी। ऊर्जा सहयोग पर पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल की नदियों में स्वच्छ बिजली पैदा करने की अपार संभावनाएं हैं। आज लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई है और अरुण-3 परियोजना को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई गई है। इसके अलावा मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का उद्घाटन और नेपाल में जैपा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। इससे ईंधन और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति मजबूत होगी।

नेपाल में आईआईटी का ऑफशोर कैंपस खुलेगा, स्टार्टअप इनक्यूबेटर और इनोवेशन हब भी बनेगा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा। इसके साथ ही नेपाल के छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीक के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों की वैल्यू बढ़ाने के लिए नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी भारत सहयोग करेगा।

भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे आज के समझौते और परियोजनाएं: बालेन शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि भारत के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में दोनों देशों के सदियों पुराने संबंधों को मजबूत और आधुनिक बनाने पर चर्चा हुई। इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सहमतियां बनीं। साथ ही कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। बालेन शाह ने कहा कि इन समझौतों और परियोजनाओं का लाभ किसानों, युवाओं, छात्रों और उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए। इससे रोजगार, नए बाजार, निवेश और कारोबार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ये उपलब्धियां भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊंचाई देंगी।
विज्ञापन

नेपाली पीएम बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई। बालेन्द्र शाह का राष्ट्रपति भवन पहुंचना भारत और नेपाल के बीच उच्चस्तरीय संपर्क के लिहाज से अहम है। नेपाल के प्रधानमंत्री की इस मुलाकात से दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों और सहयोग को लेकर बातचीत का रास्ता खुला है। हालांकि, मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा हुई और क्या फैसले लिए गए, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें