आज दिल्ली में हुई NDA की बैठक में लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छुए।
PM मोदी ने कहा कि जब गठबंधन सत्ता की मजबूरी से होता है, जब गठबंधन भ्रष्टाचार के इरादे से हो, जब गठबंधन परिवारवाद की नीति पर आधारित हो, जब गठबंधन जातिवाद और क्षेत्रवाद को ध्यान में रखकर किया जाता है तो वह गठबंधन देश को बहुत नुकसान पहुंचाता है।
यहां पढ़ें पूरी खबर- NDA Meeting: 'नकरात्मकता के साथ बने गठबंधन कभी भी सफल नहीं हो पाए', एनडीए की बैठक में PM मोदी का विपक्ष पर तंज
2024 के लोकसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन 'INDIA' से मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त रणनीति तैयार करने के लिए NDA के नेताओं की बैठक शुरू हुई, इस दौरान NDA के नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को माला पहनाई गई। बैठक में 38 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NDA की बैठक के लिए 'द अशोक होटल' पहुंचे। उनकी अध्यक्षता में एनडीए गठबंधन के साथी दलों की बैठक चल रही है।
विपक्षी दलों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'यह बहुत की खुशी की बात है कि हमारे एनडीए गठबंधन के साथी आज दिल्ली में एकत्र हुए हैं। हमारा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरने वाला गठबंधन है, जो राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाना और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है।'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह NDA की बैठक के लिए 'द अशोक होटल' पहुंचे।
दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के संस्थापक संजय निषाद एनडीए की बैठक के लिए 'द अशोक होटल' पहुंचे।
NDA की बैठक से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक चल रही है। बैठक में संसद के आगामी सत्र समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हो रही है। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव और अन्य नेता मौजूद हैं।
महाराष्ट्र CM एकनाथ शिंदे एनडीए की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा कि NDA की आज बैठक हो रही है। इसमें लगभग 38 पार्टियां शामिल होंगी। शिवसेना-भाजपा का पुराना गठबंधन है, एक तरफ एक विचारधारा वाला गठबंधन है। वहीं दूसरी तरफ वह गठबंधन है जहां इतने सारे लोग मिलकर भी एक नेता नहीं बना पाए। इसके अलावा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल में दिल्ली पहुंच गए हैं।
भासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने विपक्ष की बैठक पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, "विपक्ष की जो बैठक हो रही है वे 24 में होने वाले चुनाव में विपक्ष को मजबूत करने के लिए हो रही है। दिल्ली में जो बैठक हो रही है वे देश में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए हो रही है। इधर 38 हैं और उधर 26 हैं दोनों को 2 तराजू पर रख दीजिए तो दिख रहा है कि सरकार कहां बन रही है।"
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) के प्रमुख चिराग पासवान ने एनडीए बैठक में जाने को लेकर कहा, "लंबे समय से (NDA के साथ) बातचीत का दौर चल रहा था, हमारी कुछ प्राथमिकताएं थी जिन पर चर्चा हुई और दोनों तरफ से सहमति बनी। लक्ष्य हमारा 2024 और 2025 के विधानसभा है जिसके लिए NDA आगे बढ़ रही है।
केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने कहा है कि उन्हें एनडीए की बैठक के लिए न्योता भेजा गया है। हमारी पार्टी के सांसद चंदन सिंह और मैं खुद बैठक के लिए जा रहे हैं। देश के लोग पीए मोदी के तीसरी बार फिर प्रधानमंत्री बनने का इंतजार कर रहे हैं। एनडीए को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा। पटना में जो 17 पार्टियां विपक्ष की बैठक में थीं, उनमें से तीन अब एनडीए में शामिल हो गई हैं। विपक्ष खुद ही नहीं जुड़ पाएगा।
बेंगलुरु में हो रही विपक्ष की बैठक को लेकर पीएम ने आगे कहा, "ये जो जमात इकट्ठी हुई है, उनके कुनबे में बड़े से बड़े घोटालों पर, अपराधों पर इनकी जुबान बंद हो जाती है। जब किसी एक राज्य में इनके कुशासन की पोल खुलती है, तो दूसरे राज्यों के ये लोग फौरन उसके बचाव में तर्क देने लगते हैं।"
पीएम मोदी ने विपक्ष की बैठक पर तंज कसे। उन्होंने कहा, "2024 के लिए देश के लोगों ने हमारी सरकार वापस लाने का मन बना लिया है। ऐसे में भारत की बदहाली के जिम्मेदार कुछ लोग अपनी दुकान खोलकर बैठ गए हैं। इन्हें देखकर मुझे एक कविता याद आती है, "गायित कुछ है, हाल कुछ है, लेबिल कुछ है माल कुछ है"। 24 के लिए 26 होने वाले दलों पर ये फिट बैठता है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए की बैठक से पहले विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक भारत में विकास का दायरा कुछ दलों की स्वार्थ भरी राजनीति के कारण देश के दूर दराज वाले इलाकों तक पहुंचा ही नहीं। ये दल उन्हीं कामों को प्राथमिकता देते थे जिसमें इनका खुद का भला हो इनके परिवार का भला हो, नतीजा ये हुआ कि जो आदिवासी क्षेत्र और द्वीप हैं वहां की जनता विकास से वंचित रही, विकास के लिए तरसती रही।
एनडीए की बैठक से पहले भाजपा की सहयोगी पार्टी असोम गण परिषद के प्रमुख अतुल बोरा ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह काफी अहम बैठक होगी। लोकसभा चुनाव काफी करीब हैं। पीएम मोदी पिछले नौ साल से विकास कार्यों को आगे ले जा रहे हैं, जो कि जबरदस्त उपलब्धि है, पूरे देश में हवा एनडीए के साथ है।
हाल ही में एनडीए गठबंधन का हिस्सा बने सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने एनडीए की बैठक को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में अब लड़ाई नाम की कोई चीज़ नहीं रह गई है। लखनऊ में ही देखें तो विपक्ष कहां जीतेगा? भाजपा का पूरे देश में जनाधार है। उन्होंने कहा, "वह राजनीति का एक हिस्सा है, जाना सभी को दिल्ली होता है। अब मेरा रास्ता NDA के साथ ही 100% रहेगा।"
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बताया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने राजग में शामिल होने का फैसला किया है। मैं राजग परिवार में उनका स्वागत करता हूं।
एनडीए की मंगलवार को होने वाली बैठक से पहले सोमवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एनडीए का गठबंधन भारत को मजबूत करने के लिए है, जबकि यूपीए नेतृत्वहीन और नीतिहीन है। यह फोटो खिंचवाने के अवसर के लिए अच्छा है। मोदी सरकार की योजनाओं, नीतियों के सकारात्मक प्रभाव के कारण एनडीए के घटक दल उत्साहित हैं।
विपक्षी दलों की एकजुटता के लिए बेंगलुरु में चल रही बैठक के जवाब में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की आज अहम बैठक होगी। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दावा किया कि हमारे 38 सहयोगियों ने मंगलवार को होने वाली एनडीए बैठक में शामिल होने की पुष्टि की है। बता दें कि बेंगलुरु में सोमवार को शुरू हुई दो दिवसीय विपक्षी दलों की बैठक में 26 राजनीतिक दलों के इकट्ठा होने की खबर सामने आई है। ऐसे में एनडीए की बैठक को सत्ता पक्ष के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।