कई विपक्षी दलों ने महंगाई और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लेकर संसद में चल रहे गतिरोध व जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से आग्रह किया कि वे इन मामलों में हस्तक्षेप करें। विपक्षी दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति को इस संबंध में पत्र लिखा है। यह पत्र ऐसे समय लिखा गया है, जब ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से दूसरी बार पूछताछ की है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी किंग्सवे पुलिस कैंप से बाहर निकले। राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर किंग्सवे पुलिस कैंप में रखा गया।
दिल्ली पुलिस के जवान भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के बाल खींचते और पार्टी के विरोध के दौरान उनके साथ मारपीट करते दिखे। दिल्ली पुलिस ने मामले में बयान जारी करते हुए कहा कि हम कर्मचारियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। पहचान के बाद कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वो यह सब हतोत्साहित करने के लिए कर रहे हैं। वो कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं और CBI और ED का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। हम लोग जनता की समस्याओं के खिलाफ लड़ रहे हैं और वे हमें झुकाना चाहते हैं लेकिन हम झुकने वाले नहीं हैं।
सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ आज खत्म हो गई है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय से बाहर निकलीं। आज ईडी ने सोनिया से करीब छह घंटे पूछताछ की। एजेंसी ने सोनिया गांधी को कल फिर से बुलाया गया है।
महाराष्ट्र: प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में नागपुर में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
लंच ब्रेक के बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी दोबारा ईडी कार्यालय पहुंचीं। नेशनल हेराल्ड मामले के सिलसिले में उनसे आज पूछताछ का दूसरा दौर शुरू हुआ है। सुबह एक दौर की पूछताछ हो चुकी है।