मंगलवार रात करीब दो बजे दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में सोनिया गांधी से मिलने के बाद राहुल गांधी बाहर निकले।
नेशनल हेराल्ड मामले में लगातार दूसरे दिन राहुल गांधी से पूछताछ के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार देर रात (करीब 12.30 बजे) पार्टी नेता और अपने भाई राहुल गांधी के आवास पर पहुंचीं।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला, एआईसीसी सचिव प्रणव झा और एनएसयूआई प्रमुख नीरज कुंदन के साथ-साथ पार्टी के अन्य नेता वसंत कुंज पुलिस थाने में 8 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रहे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने राहुल गांधी से पूछताछ के कानूनी आधार पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया, ‘‘ क्या भाजपा के प्रवक्ता कृपया निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर देंगे: पीएमएलए के तहत कौन सा 'अपराध' है, जिसकी ईडी ने जांच शुरू की है? किस पुलिस एजेंसी ने इस ‘अपराध' के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है? प्राथमिकी कहां है? क्या आप हमें प्राथमिकी की प्रति दिखाएंगे?’’
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े कथित धनशोधन के मामले में राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। मुख्य विपक्षी दल ने अपने नेता से ईडी की पूछताछ को ‘असंवैधानिक’ करार देते हुए दावा किया कि सरकार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष से परेशानी इसलिए है, क्योंकि उन्होंने किसानों, नौजवानों, मजदूरों की आवाज उठाई तथा कोरोना संकट एवं सीमा पर चीन की आक्रमकता को लेकर मोदी सरकार को घेरा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया और कहा कि यह कार्रवाई गांधी परिवार की विश्वसनीयता को खत्म करने एवं ‘कांग्रेस मुक्त’ भारत की बात करने के लिए की जा रही है, जिसे देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईडी को बताना चाहिए कि वह किसके दबाव में काम कर रही है।
राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ पर कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव का भी बयान आया है। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता है कि इनके पास ऐसा कोई सवाल है जो ये पूछना चाहते हैं। अगर उनके पास कोई मामला या सवाल होता तो वे सीधे पूछ लेते। आपको जानकारी लेने में इतना समय लग रहा है तो आप जानते ही नहीं है कि आपको क्या पूछना है।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि जिस तरह से राहुल गांधी से पूछताछ की जा रही है। जिस तरह से कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ व्यवहार किया जा रहा है, यह तो तानाशाही रवैया है। यह केंद्र सरकार की खीझ दिखाई पड़ रही है। ये लोग तानाशाही पर उतर आए हैं।
राहुल गांधी से ईडी पूछताछ के मामले में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस के नेताओं को वसंत कुंज पुलिस स्टेशन में रखा गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश, रणदीप सिंह सुरजेवाला, रघु शर्मा और अन्य नेताओं को आज सुबह ही हिरासत में लेकर यहां रखा गया।
लंच के दौरान राहुल गांधी अपने घर पहुंचे हैं। बताया गया है कि उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस दौरान घर पर ही मौजूद रहीं। राहुल को लंच के बाद पूछताछ के लिए फिर ईडी दफ्तर लौटना है।
ईडी से पूछताछ के बाद राहुल गांधी लंच के लिए दफ्तर से बाहर निकले हैं। बताया गया है कि ब्रेक के बाद वे फिर पूछताछ के लिए लौटेंगे। आज पहले चरण में ही उनसे 4.30 घंटे पूछताछ की गई है।
मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि इस केस में 2015 में इन्होंने खुद क्लीन चिट दी थी अब क्या हो गया? गांधी परिवार को जान बुझकर प्रताड़ित करने का षडयंत्र हो रहा है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जब तक ये लोग जुर्म उठाते रहेंगे हम लोग इसी प्रकार से प्रदर्शन करते रहेंगे। केंद्र सरकार हमें ये बता दें कि 8 साल में ईडी, आईटी और CBI ने भाजपा नेता के खिलाफ एक भी कार्रवाई की हो।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, भाजपा की तानाशाही चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ऐसा बर्ताव कर रही है, जैसे लग रहा है कि हम आतंकवादी हैं।