फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mock Drill India Live: देशभर में कई जगहों पर मॉक ड्रिल शुरू, युद्ध जैसी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी हुई तेज

Wed, 07 May 2025 06:45 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Mock Drill in India Districts States Name Location Live Updates:  पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के भीतर भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक के बाद देशभर में कई जगहों पर मॉक ड्रिल हो रही है।  सरकार ने 7 मई को कई राज्यों में मॉक ड्रिल करवाने के निर्देश दिए थे। इस दौरान सिविल डिफेंस से जुड़े लोगों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
 
विज्ञापन
देशभर में मॉक ड्रिल - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:44 PM, 07-May-2025

दिल्ली IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर मॉक ड्रिल
केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) के आदेश पर बुधवार को देशभर में मॉक ड्रिल (आपातकालीन अभ्यास) आयोजित किया गया। इस कड़ी में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के टर्मिनल 3 पर भी एक बड़ी मॉक ड्रिल की गई। ड्रिल के दौरान सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट स्टाफ ने मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया और यात्रियों को दिशा-निर्देश दिए कि ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए और क्या नहीं।

 

05:59 PM, 07-May-2025

दिल्ली में मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को सिखाई गई आपातकाल में बचाव की तैयारी
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पश्चिमी दिल्ली की जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. किन्नी सिंह ने बताया कि डीएलएफ कैपिटल ग्रीन्स में मॉक ड्रिल की गई, जिसमें स्थानीय निवासियों को आपातकालीन हालात से निपटने की जानकारी दी गई। डॉ. सिंह ने आगे बताया कि लोगों को बताया गया कि संकट की घड़ी में क्या करना चाहिए, कहां शरण लेनी चाहिए और अफवाहों से कैसे बचा जाए। उन्हें सुरक्षित स्थानों और आश्रय स्थलों की जानकारी भी दी गई। इस अभ्यास का उद्देश्य लोगों को सतर्क करना और तैयार रहना सिखाना है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके।

05:57 PM, 07-May-2025

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले से बचाव को लेकर लोगों को किया गया सतर्क
देहरादून के इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर हर जगह मॉक ड्रिल की जा रही है। इसी कड़ी में एक जगह सायरन बजाकर अभ्यास किया गया और सिविल डिफेंस टीम के साथ मिलकर आम लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल का मकसद यह सिखाना है कि हवाई हमला या किसी भी तरह के हमले के समय कैसे खुद को सुरक्षित रखा जाए और किन बातों का ध्यान रखा जाए। इससे भविष्य में अगर कोई आपात स्थिति आती है, तो समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें। इस दौरान लोगों को बताया गया कि ऐसे हालात में घबराने की बजाय सतर्क रहना, अफवाहों से बचना और सरकारी निर्देशों का पालन करना कितना जरूरी है।

विज्ञापन
05:54 PM, 07-May-2025

मॉक ड्रिल के दौरान देहरादून के ISBT और कॉलोनी में बचाव अभ्यास, लोगों से सतर्क रहने की अपील
देहरादून के ISBT और एमडीडीए कॉलोनी में एक व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित किया गया।  इस दौरान सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन भी किया गया। मामले में एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि यह अभ्यास युद्ध जैसी स्थिति में लोगों को सही तरीके से प्रतिक्रिया देना सिखाने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि इस समय हालात युद्ध की ओर इशारा कर रहे हैं, ऐसे में जरूरी है कि लोग घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें, घरों के परदे खींचे रखें, लाइटें बंद रखें और अपने आस-पास के लोगों की खैरियत पूछते रहें।

 

04:51 PM, 07-May-2025

दिल्ली के NDMC ऑफिस में मॉक ड्रिल
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को NDMC ऑफिस में एक व्यापक मॉक ड्रिल (आपातकालीन अभ्यास) किया गया।

विज्ञापन
04:20 PM, 07-May-2025

देशभर में कई जगहों पर हो रही है मॉक ड्रिल
राजधानी दिल्ली, राजस्थान और हैदराबाद समेत देशभर में कई जगहों पर मॉक ड्रिल शुरू हो गई है। गृह मंत्रालय ने आज देश भर में मॉक ड्रिल का आदेश दिया था। जिसके बाद सिविल डिफेंस जिलों में इसका आयोजन किया जा रहा है।  

03:03 AM, 07-May-2025

मॉकड्रिल की तैयारी के बीच पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक
मॉकड्रिल की तैयारी के बीच भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक की है। वहीं, पहलगाम के दोषियों एवं साजिशकर्ताओं को सबक सिखाने के मद्देनजर आज को दो बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत पाकिस्तान सीमा पर भारतीय वायुसेना बड़े पैमाने पर सात और आठ मई को युद्धाभ्यास करेगी। इसमें राफेल, मिराज-2000, तेजस और सुखोई-30 जैसे सभी अग्रिम कतार के लड़ाकू विमान शामिल होंगे। वहीं, देश के 259 संवेदनशील जिलों में नागरिक सुरक्षा परखने के लिए मॉक ड्रिल की जाएगी।
 

12:44 AM, 07-May-2025

महाराष्ट्र में इन स्थानों पर मॉक ड्रिल 
महाराष्ट्र में मॉक ड्रिल के लिए जिन क्षेत्रों का चयन किया गया है उसमें मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक, उरण, तारापुर, रोहा-नागोठाणे, मनमाड, सिन्नर, पिंपरी-चिंचवड़, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद), भुसावल, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और थाल-वैशेट शामिल हैं। ये मॉक ड्रिल हवाई हमले के अलर्ट, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल और सार्वजनिक सुरक्षा उपायों की तैयारियों पर केंद्रित होगी। इसमें सिविल डिफेंस वार्डन, होमगार्ड, स्वयंसेवक, एनसीसी, एनएसएस के अलावा छात्र-छात्राएं व स्थानीय निवासी शामिल होंगे।

12:39 AM, 07-May-2025

राजस्थान के अजमेर में आज होने वाली मॉक ड्रिल से पहले नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए।

11:58 PM, 06-May-2025

महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे और ठाणे सहित 16 स्थानों पर बजेगा युद्ध का सायरन
पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध का सायरन बजने वाला है। बुधवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत महाराष्ट्र के ठाणे और पुणे जैसे प्रमुख शहरों में 16 स्थानों पर हमले की स्थिति में आपातकालीन तैयारियों का परीक्षण करने के लिए मॉक ड्रिल की जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में मुख्य सचिव और गृह सचिव के साथ बैठक की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 7 मई को राष्ट्रव्यापी नागरिक सुरक्षा अभ्यास की घोषणा की है, जिसमें महाराष्ट्र भी शामिल है। बुधवार को महाराष्ट्र में भी मॉक ड्रिल होगा। लेकिन, यह नहीं बता सकता कि किन-किन स्थानों पर ऐसा होगा। वहीं, महाराष्ट्र सिविल डिफेंस के निदेशक प्रभात कुमार ने कहा कि बुधवार को पूरे महाराष्ट्र में मॉक ड्रिल की जाएगी। इसमें तटीय क्षेत्र खासतौर से शामिल है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के अधीन आने वाली सभी एजेंसियां मॉक ड्रिल में हिस्सा लेंगी जिसमें करीब 10,000 प्रशिक्षित वॉलेंटियर शामिल होंगे।

10:46 PM, 06-May-2025

गुजरात के 13 जिलों में 19 स्थानों पर बुधवार को मॉक ड्रिल
गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मॉक ड्रिल के लिए अधिकारियों द्वारा तैयार की गई कार्य योजना की समीक्षा की गई। राज्य के जिन 19 स्थानों पर ‘मॉक ड्रिल’ होनी है, उनमें अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, काकरापार (सूरत), जामनगर, गांधीनगर, कच्छ, भुज (कच्छ), नलिया (कच्छ), कांडला (कच्छ), वाडिनार (जामनगर), भावनगर, भरूच, अंकलेश्वर (भरूच), ओखा (देवभूमि द्वारका), डांग, मेहसाणा, नर्मदा और नवसारी शामिल है।

09:54 PM, 06-May-2025

 पंजाब में बुधवार को 20 स्थानों पर होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारी
पंजाब सरकार में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि बुधवार को राज्य में जिन 20 स्थानों पर मॉक ड्रिल की जाएगी, उनमें फिरोजपुर, लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, पटियाला, पठानकोट, बरनाला और मोहाली शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और इस अभ्यास के दौरान गृह मंत्रालय के निर्देशों का पालन किया जाएगा।

09:42 PM, 06-May-2025

ओडिशा के 12 जिलों में मॉक ड्रिल 
ओडिशा सरकार ने मंगलवार को यहां एक तैयारी बैठक की, जिसमें अग्निशमन सेवा के महानिदेशक सुधांशु सारंगी ने बताया कि गृह मंत्रालय ने ओडिशा समेत सभी राज्यों से बुधवार को शाम चार बजे मॉक ड्रिल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल अंगुल, खुर्दा, बालासोर, भद्रक, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, गंजम, ढेंकनाल, पुरी, कोरापुट, संबलपुर और सुंदरगढ़ में की जाएगी।
 

09:40 PM, 06-May-2025

मध्यप्रदेश में भोपाल और इंदौर सहित पांच जिलों में ‘मॉक ड्रिल’ की जाएगी 
प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य में ‘मॉक ड्रिल’ के लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। यादव ने मंगलवार को कहा कि बुधवार को होने वाली ‘मॉक ड्रिल’ के संबंध में जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बुधवार को इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और कटनी में शाम चार बजे से ‘मॉक ड्रिल’ की जाएगी।

09:40 PM, 06-May-2025

7 मई को देश भर में आयोजित होने वाली मॉक ड्रिल पर कांग्रेस विधायक और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा, पूरे देश में युद्ध की आशंका है और तैयारियां चल रही हैं लेकिन यहां हमारी राजस्थान की सरकार गायब है... आज पूरा देश चिंतित है... सरकार अप्रशिक्षित लोग चला रहे थे और सरकार काम नहीं कर पा रही थी।

05:11 PM, 06-May-2025

 पाकिस्तान 18 फीसदी बढ़ायेगा रक्षा बजट
पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पनपे तनाव के चलते पाकिस्तान की सरकार ने अगले बजट में रक्षा खर्च में 18 प्रतिशत की वृद्धि करने जा रहा है। पाकिस्तान रक्षा बजट 2,500 अरब रुपये से अधिक करने की तैयारी कर रही है। सरकार एक जुलाई से शुरू होने वाले नए वित्त वर्ष से पहले जून के पहले सप्ताह में 2025-26 का बजट पेश करने की तैयारी में है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे।

समाचार पत्र ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बजट मामलों पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनकी आर्थिक टीम से मुलाकात की।पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने प्रमुख सहयोगी पीपीपी के साथ लगभग 17,500 अरब रुपये के नए बजट ढांचे को साझा किया, जो रक्षा व्यय में 18 प्रतिशत की वृद्धि पर सहमत हो गई है।
 

04:25 PM, 06-May-2025

सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर महबूबा ने उपराज्यपाल को लिखा पत्र
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखकर कहा कि पहलगाम हमले पर सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया ‘‘मनमानी कार्रवाई’’ प्रतीत होती है। उन्होंने सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिए जाने या कड़े सार्वजनिक सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किए जाने की ओर इशारा किया। आगामी दिनों में अमरनाथ यात्रा शुरू होने का जिक्र करते हुए महबूबा ने गिरफ्तारी और दंडात्मक उपायों की नीति को समाप्त करने तथा निर्दोष लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सिन्हा से हस्तक्षेप करने का भी आग्रह किया।

03:09 PM, 06-May-2025

संभावित ब्लैकआउट की स्थिति में जरूरी चीजें रखें पास

सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय में चल रही बैठक में देश भर में 244 नागरिक सुरक्षा प्रतिष्ठानों की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। समीक्षा इस बात पर केंद्रित है कि मौजूदा उपकरण काम कर रहे हैं या उनकी मरम्मत की आवश्यकता है। बैठक में यह भी देखा जा रहा है कि आपातकालीन हालात में नागरिकों को कैसे प्रशिक्षित किया जाए। हवाई हमले के सायरन के प्रति जनता की प्रतिक्रिया, ब्लैकआउट के दौरान की जाने वाली कार्रवाई और आवश्यक आपूर्ति की तैयारियों पर भी बात की गई। अधिकारियों ने संभावित ब्लैकआउट के लिए तैयार रहने के लिए घरों में चिकित्सा किट, मशालें, मोमबत्तियां और नकदी रखने की जरूरत पर जोर दिया। 

03:08 PM, 06-May-2025

किन-किन जिलों में अभ्यास की तैयारी

राजस्थान, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर जैसे सीमावर्ती राज्यों में स्थित इन जिलों को अभ्यास करने का निर्देश दिया गया है। दिल्ली, पश्चिम बंगाल और पंजाब जैसे राज्यों में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक सक्रिय हैं। ये नियमित रूप से यातायात और भीड़ प्रबंधन सहित नागरिक कर्तव्यों में लगे रहते हैं। भारत की नागरिक सुरक्षा प्रणाली मुख्य रूप से स्वैच्छिक आधार पर संचालित होती है, जिसे वेतनभोगी कर्मियों के एक छोटे से समूह की ओर से नियंत्रित किया जाता है। आपात स्थिति के दौरान इसे बढ़ाया जाता है।

02:46 PM, 06-May-2025

कल पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक

पीएम मोदी की अध्यक्षता में कल सुबह 11 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। 

02:22 PM, 06-May-2025

मॉक ड्रिल में इन बातों पर किया जाएगा फोकस

मॉक ड्रिल के दौरान इन चीजों का प्रशिक्षण दिया जाएगा-

1. हवाई हमले के सायरन की जांच और उसके प्रति जागरूकता का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
2. हमले की स्थिति में नागरिकों और छात्रों को अलर्ट करना।
3. हवाई हमले के दौरान ब्लैकआउट यानी लाइट बंद करने का अभ्यास।
4. दुश्मन के विमानों से बचाव के लिए संयंत्रों को ढंकने और छुपाने की ट्रेनिंग।
5. हमले के संभावित स्थानों को खाली कराने का रिहर्सल।

02:15 PM, 06-May-2025

महाराष्ट्र सिविल डिफेंस के निदेशक प्रभात कुमार ने बताया कि 'साल 2010 तक सिविल डिफेंस का मुख्य उद्देश्य युद्ध के समय वालंटियर्स को रिक्रूट करना होता था, लेकिन 2010 के बाद आपदा प्रबंधन को भी इसमें शामिल कर लिया गया। कल राज्य के तटीय इलाकों में मॉक ड्रिल किया जाएगा। विभिन्न एजेंसियां कलेक्टर के नेतृत्व में मॉक ड्रिल में हिस्सा लेंगी, जिसमें देखा जाएगा कि हम अपनी तैयारियों को किस तरह से और बेहतर कर सकते हैं। हमें सरकार और अपनी सेना में पूरा भरोसा है और अगर कुछ होता है तो हम उसके लिए मानसिक तौर पर तैयार रहें और छोटी छोटी चीजों का ध्यान रखें, जिससे मदद मिल सके।'
 

02:10 PM, 06-May-2025

Mock Drill India Live: देशभर में कई जगहों पर मॉक ड्रिल शुरू, युद्ध जैसी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी हुई तेज

पाकिस्तान के तनाव के बीच मंगलवार को एनएसए अजित डोभाल ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात करीब 40 मिनट तक चली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक में दुश्मन से निपटने की भारत की रणनीति पर चर्चा हुई। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें