मिजोरम में मतदान संपन्न हो गया है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शाम पांच बजे तक 77.04% लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मिजोरम में दोपहर तीन बजे तक 69.87% मतदान हुआ। चुनाव आयोग की ओर से यह जानकारी सामने आई है।
मिजोरम में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर एक बजे तक 52.73 फीसदी वोटिंग हुई है। गौरतलब है कि राज्य में कुल 8,51,895 लाख मतदाता हैं। वहीं, कुल मतदान केंद्रों की संख्या 1,276 है।
एमएनएफ केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए का हिस्सा है, लेकिन मिजोरम में यह पार्टी किसी गठबंधन में नहीं है। सीएम जोरामथांगा ने एमएनएप के पूर्ण बहुमत पाने में पीछे रह जाने पर भगवा पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर किए गए सवाल पर कहा, 'मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी। यह एमएनएफ सरकार होगी और मुझे इसपर पूरा भरोसा है। यहां भाजपा गठबंधन में नहीं है। एनडीए केंद्र में हैं, लेकिन मिजोरम में भाजपा या किसी अन्य पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं है।' पढ़ें पूरी खबर...
मिजो नेशनल फ्रंट के (एमएनएफ) अध्यक्ष और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने मंगलवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी सत्ता विरोधी लहर को मात देकर फिर एकबार राज्य में सरकार बनाने में सक्षम होगी। राज्य के 40 सदस्यीय विधानसभा सीट पर मंगलवार को चुनाव होगा, जिसमें 16 महिलाओं समेत 174 उम्मीदवार चुनावी मैदान पर उतरे हैं। सत्तारूढ़ एमएनएफ, कांग्रेस और जोराम पीपल्स मूवमेंट सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पढे़ं पूरी खबर...
मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच. लियानजेला ने बताया कि मतदान ‘‘शांतिपूर्ण चल रहा है और अभी तक कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में कोई दिक्कत नहीं है।’’ एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आइजोल में एक मतदान केंद्र में ईवीएम में तकनीकी खामी की खबर आई, जहां मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने वोट डाला है। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सुबह रामलुन वेंगलई प्राइमरी स्कूल में बने मतदान केंद्र में गए लेकिन उस समय ईवीएम काम नहीं कर रही थी। इसलिए वह घर लौट गए और वोट डालने सुबह नौ बजकर 40 मिनट पर फिर आए।’’
मिजोरम के 11 जिलों में लॉन्गतलाई में सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक लॉन्गतलाई में 39.88 प्रतिशत, खौझौल में 36.98 प्रतिशत और सेरचिप में 36.86 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सैतुल में शुरुआती चार घंटों में सबसे कम 26.15 प्रतिशत, आइजोल में 29.62 प्रतिशत और लुंगलेई में 30.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान से पहले म्यांमार से लगी 510 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा और बांग्लादेश से लगी 318 किलोमीटर लंबी सीमा को सील कर दिया गया है। राज्य में शाम चार बजे तक मतदान जारी रहेगा।
मिजोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा ने मिजोरम विधानसभा चुनाव 2023 के लिए आइजोल उत्तर-द्वितीय विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इससे पहले जब सुबह वे वोट डालने पहुंचे थे, तब ईवीएम में कुछ खराबी आ गई थी, जिसकी वजह से सीएम को बिना वोट डाले ही लौटना पड़ा था।
मिजोरम में 1,276 मतदान केंद्रों में से 149 सुदूर मतदान केंद्र हैं, जबकि अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा के आसपास के करीब 30 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में 7,200 कर्मियों को तैनात किया गया है।
सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), मुख्य विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 23 सीट पर चुनाव लड़ रही है और आम आदमी पार्टी (आप) ने चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। इसके अलावा 27 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
जोराम पीपुल्स मूवमेंट के अध्यक्ष के सपदंगा ने मिजोरम में मतदान के दौरान कहा कि सीएम जोरामथांगा का सपना सत्ता में वापस आने का है। लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता। वे फिर सत्ता में नहीं आ रहे। उनके खिलाफ चुनाव में एंटी-इन्कंबेंसी काफी ज्यादा है।
मिजोरम में विधानसभा चुनाव में लोग बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। सुबह 9 बजे तक राज्य की 40 सीटों पर 12.80 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने कहा, "मैं मिजोरम के सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे मतदान करें और चुनाव में भाग लें और लोकतंत्र को मजबूत करें...मुझे लगता है कि मिजोरम में लोग अपने अधिकारों के बारे में अच्छी तरह से जानते हैं।"
मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने आइजोल दक्षिण-2 में मतदान केंद्र पर वोट किया।
आइजोल दक्षिण 1 निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए एक बुजुर्ग महिला पहुंची।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मिजोरम के लोगों से रिकॉर्ड संख्या में पहुंचकर वोट देने की अपील की। उन्होंंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं खास तौर पर युवाओं और पहली बार वोट करने वाले लोगों से अपने मत की शक्ति का इस्तेमाल कर लोकतंत्र के इस पर्व को मजबूत करने का आह्वान करता हूं।"
मिजोरम कांग्रेस प्रमुख लालसावता ने आइजोल के वेंगथलांग में एक मतदान केंद्र में वोट डाला।
मिजोरम के मिशन वेंगथलांग में मतदान केंद्र 27 पर बड़ी संख्या में मतदाता वोट डालने पहुंचे।
मतदान के बाद सीएम जोरामथांगा ने कहा कि इस बार त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी। मुझे भरोसा है कि इस बार पूर्ण रूप से एमएनएफ सरकार आएगी। केंद्र में एनडीए की सरकार है लेकिन राज्य में हमारा किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं है। हम सिर्फ केंद्र में ही एनडीए में हैं।
सीएम ने की वोटिंग
मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा सुबह सात बजे से पहले ही मतदान केंद्र पहुंचे और वोटिंग शुरू होते ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुख्यमंत्री ने आइजोल उत्तर- दो विधानसभा क्षेत्र में वोट डाला है।
इन पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला
राज्य में मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), जोरम पीपुल्स मूवमेंट, कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। राज्य में फिलहाल एमएनएफ की सरकार है।
मिजोरम की सभी 40 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि मतदाताओं में मतदान को लेकर बहुत जोश है, इसी वजह कई मतदाता तो सुबह सात बजे से पहले ही मतदान केंद्र पहुंच गए थे।
सभी सीमाएं सील : सीईओ
मिजोरम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मधुप व्यास ने कहा है कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए सारे इंतजाम कर लिए गए हैं। राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की 50 कंपनियों की तैनाती की गई है। असम, मणिपुर व त्रिपुरा की अंतरराज्यीय और म्यांमार व बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं सील कर दी गई हैं। अब तक 40 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थों को जब्त किया जा चुका है।
ऑइजोल की डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर नाजुक कुमार ने बताया कि मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस और सीएपीएफ की तैनाती की गई है। सभी अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद हैं।
विधानसभा चुनाव में इस बार 16 महिलाएं भी चुनाव मैदान में लड़ रही हैं। पूरे राज्य में 1,275 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी राजनीतिक दल और उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
पूर्वी राज्य मिजोरम में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होंगे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा। राज्य के 8,51,895 मतदाता 40 सीटों पर खड़े 174 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए चुनाव आयोग ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बस थोड़ी ही देर में वोटिंग शुरू हो जाएगी।