फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra Political Crisis Live: शिंदे का शिवसैनिकों को संदेश, बोले- MVA के अजगर के चंगुल से मुक्त कराने के लिए संघर्ष कर रहे

Sun, 26 Jun 2022 02:17 AM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

Maharashtra Political Crisis Live Updates In Hindi: महाराष्ट्र में सियासी खींचातान जारी है। एक तरफ गुवाहाटी में बैठे एकनाथ शिंदे सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं तो सीएम उद्धव ठाकरे ने भी बगावत करने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त एक्शन की चेतावनी जारी कर दी है। ऐसे में सभी की नजरें आज होने वाले घटनाक्रम पर होंगी। महाराष्ट्र की पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहिए अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:17 AM, 26-Jun-2022

बागी विधायकों से मिलने पहुंचे असम के मंत्री

असम के मंत्री अशोक सिंघल शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे समेत महाराष्ट्र के बागी विधायकों से मिलने देर रात गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल पहुंचे।

01:38 AM, 26-Jun-2022

देर रात मातोश्री से बाहर निकले सांसद विनायक राउत

शिवसेना सांसद विनायक राउत मुंबई में सीएम उद्धव ठाकरे के पारिवारिक आवास मातोश्री से देर रात रवाना हुए।
 

12:15 AM, 26-Jun-2022

शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने बागी विधायकों पर साधा निशाना

शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि "यह महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है कि जब बेरोजगारी और महंगाई है, तो कुछ लोगों को केवल सत्ता में आने की चिंता है। शिवसेना प्रमुख के बिना उनका (बागी विधायक) अस्तित्व भी नहीं रह सकता और उनको कोई पूछेगा भी नहीं।" सावंत ने कहा कि "उनमें से कुछ दबाव और भय के कारण चले गए इसलिए उन्हें इतनी दूर असम ले जाया गया। कई विधायक हमें बोल रहे हैं कि वे वापस आना चाहते हैं।"

विज्ञापन
12:07 AM, 26-Jun-2022

ठाणे के जिला प्रमुख ने दिया इस्तीफा

ठाणे के पूर्व मेयर और शिवसेना के ठाणे जिला प्रमुख नरेश म्हस्के ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नरेश म्हस्के ने कहा कि महा विकास अघाड़ी के साथ राज्य में सत्ता में आने के बाद पिछले ढाई साल से शिवसेना के ‘राष्ट्रवादी’ का गला घोंट दिया गया है और वह विरोध में जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं। पूर्व मेयर नरेश म्हस्के ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

10:48 PM, 25-Jun-2022

शिवसेना प्रमुख के बिना उनका विद्रोही विधायक भी नहीं रह सकता: सावंत
शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि यह महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है कि जब बेरोजगारी और महंगाई है, तो कुछ लोगों को केवल सत्ता में आने की चिंता है। शिवसेना प्रमुख के बिना उनका विद्रोही विधायक भी नहीं रह सकता, उन्हें कोई नहीं पूछेगा। उनमें से कुछ दबाव और भय के कारण चले गए, इसलिए उन्हें इतनी दूर असम ले जाया गया। कई विधायक हमें फोन कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वे वापस आना चाहते हैं।

विज्ञापन
10:37 PM, 25-Jun-2022

यह सच और झूठ की लड़ाई: आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे की बगावत से पार्टी में पैदा हुआ मौजूदा राजनीतिक संकट सच और झूठ के बीच की लड़ाई है। हम जीतेंगे और सच्चाई की जीत होगी। इससे पहले शिवसेना अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने दक्षिण मुंबई के शिवसेना कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव इस साल के अंत में होने की उम्मीद है।

09:47 PM, 25-Jun-2022

शिंदे बोले- एमवीए के खेल को पहचानो
इस बीच एकनाथ शिंदे से ट्विटर पर एक खास अपील की। उन्होंने लिखा, 'प्रिय शिवसैनिकों, अच्छी तरह से समझें, एमवीए के खेल को पहचानो! मैं शिवसेना और शिवसैनिकों को एमवीए के अजगर के चंगुल से मुक्त कराने के लिए संघर्ष कर रहा हूं। यह लड़ाई आप शिवसैनिकों के लाभ के लिए समर्पित है। आपका एकनाथ संभाजी शिंदे।

09:08 PM, 25-Jun-2022

27 जून को शाम साढे पांच बजे तक बागियों से मांगे जवाब
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार पर जारी संकट के बीच विधानसभा उपाध्यक्ष नरहरी जिरवाल ने शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे सहित 16 बागी विधायकों को नोटिस जारी किया है। इन बागी विधायकों को 27 जून की शाम साढ़े पांच बजे तक जवाब देने के लिए कहा गया है। दूसरी ओर, शिवसेना ने भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल न होने पर सभी बागियों को नोटिस जारी किया है। पार्टी के मुख्य सचेतक सुनील प्रभु ने सभी 16 बागी विधायकों को अपात्र घोषित करने का नोटिस जारी कर दिया है। शिवसेना की तरफ से उन बागी विधायकों को 27 जून की शाम 5 बजे तक अनुपस्थित रहने पर लिखित जवाब देने के लिए कहा गया है। नोटिस में कहा गया है कि अगर विधायक जवाब नहीं देते हैं तो यह मान लिया जाएगा कि आपके पास कहने के लिए कुछ नहीं है। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई के संबंध में अंतिम फैसला लिया जाएगा।

09:01 PM, 25-Jun-2022

गुवाहाटी: होटल की बुकिंग दो और दिनों के लिए बढ़ाई
एकनाथ शिंदे गुट ने होटल प्रबंधन से गुवाहाटी में अपनी बुकिंग दो और दिनों के लिए बढ़ाने को कहा है। पहले यह बुकिंग 28 जून तक थी। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।

09:01 PM, 25-Jun-2022

शिवसेना का हर कार्यकर्ता स्वाभाविक गठबंधन चाहता है: बागी विधायक
एकनाथ शिंदे द्वारा ट्वीट किए गए एक वीडियो में शिवसेना के बागी विधायक चिमनराव पाटिल ने कहा कि हम परंपरागत रूप से एनसीपी और कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वी हैं। वे निर्वाचन क्षेत्रों में हमारी प्राथमिक चुनौती हैं। हमने सीएम उद्धव ठाकरे से अनुरोध किया था कि गठबंधन परंपरागत रूप से ही किया जाना चाहिए। चूंकि सीएम की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, इसलिए हमारे नेता एकनाथ शिंदे ने स्टैंड लिया। शिवसेना का हर कार्यकर्ता स्वाभाविक गठबंधन चाहता है। शिवसेना के दो तिहाई से अधिक विधायकों और 10 निर्दलीय विधायकों ने शिंदे का साथ देने का फैसला किया है।

08:18 PM, 25-Jun-2022

असदुद्दीन ओवैसी का तंज
महाराष्ट्र में चल रहे राजनीतिक संकट पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी तंज कसा है। ओवैसी ने कहा कि महा विकास अघाड़ी को इस ममले पर विचार करने दें। हम इस ड्रामे पर नजर रखे हुए हैं। यह बंदरों का डांस लग रहा है। एक शाखा से दूसरी शाखा में कूदने वाले बंदरों की तरह काम हो रहा है।
 

05:29 PM, 25-Jun-2022

शिंदे के बेटे के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
कुछ लोगों ने ठाणे जिले के कल्याण से लोकसभा सांसद और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे के कार्यालय के बाहर बोर्ड को नुकसान पहुंचाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को श्रीकांत शिंदे के उल्हासनगर कार्यालय पर पथराव करते हुए दिखाया गया है और उन्हें उद्धव ठाकरे के समर्थन में नारे लगाते हुए भी सुना जा सकता है। वीडियो में चार पुलिसकर्मियों को आठ से दस लोगों के समूह का पीछा करते हुए देखा जा सकता है।

05:28 PM, 25-Jun-2022

सुरक्षा हटाने के आरोपों से गृहमंत्री पाटिल का इनकार
शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने शनिवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार ने उनके आवास सहित 16 बागी विधायकों के आवास पर उपलब्ध कराई गई सुरक्षा वापस ले ली है। साथ ही शिंदे ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से किया गया कार्य बताया। हालांकि, गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने इन आरोपों से इनकार किया है। इस समय बागी विधायकों के साथ गुवाहाटी में डेरा डाले हुए शिंदे ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल के नाम एक पत्र ट्वीट किया। इसमें 16 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। इस पत्र में विधायकों ने कहा है कि अगर उनके परिवार के लोगों को कुछ हुआ तो मुख्यमंत्री ठाकरे और सत्तारूढ़ महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के नेता उसके लिए जिम्मेदार होंगे।

05:26 PM, 25-Jun-2022

शिवसेना को और कमजोर करने की योजना: भाजपा नेता
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि पार्टी को महाराष्ट्र में सरकार बनाने का दावा पेश करने की कोई जल्दी नहीं है, बल्कि वह तब तक इंतजार करेगी जब तक कि शिवसेना के मौजूदा संकट का असर शहरों में नगर निगमों तथा कस्बों और जिलों में नगर निकायों के स्तर पर उसकी क्षमता पर नहीं पड़ता। भाजपा नेता ने कहा कि महाराष्ट्र में मौजूदा सत्ता संघर्ष केवल राज्य में सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं है, बल्कि भाजपा द्वारा शिवसेना को और अधिक कमजोर किए जाने तथा हिंदुत्व के मुद्दे पर अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।

05:22 PM, 25-Jun-2022

निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने राष्ट्रपति शासन की मांग की
अमरावती से निर्दलीय लोकसभा सदस्य नवनीत राणा ने शनिवार को राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए ताकि उद्धव ठाकरे की गुंडागर्दी बंद हो और महाराष्ट्र के लोगों की इससे रक्षा की जा सके।

04:50 PM, 25-Jun-2022

हम किसी अन्य पार्टी के साथ विलय नहीं कर रहे: शिवसेना के बागी विधायक
  • शिवसेना के बागी विधायक दीपक केसरकर ने कहा कि हम अभी भी शिवसेना में हैं, गलतफहमी है कि हमने पार्टी छोड़ दी है। हमने अभी अपने गुट को अलग किया है। हमारे पास उस रास्ते पर चलने के लिए दो तिहाई बहुमत है, जो हम चाहते थे। हमारा नया नेता बहुमत से चुना गया। उनके पास 16-17 से ज्यादा विधायक नहीं थे। उन्होंने कहा कि विलय की कोई जरूरत नहीं है, हमारे गुट को अलग पहचान दी जाएगी और हम किसी अन्य पार्टी के साथ विलय नहीं कर रहे हैं। 
  • बागी विधायक दीपक केसरकर ने कहा कि हमारे गुट को मान्यता दी जानी चाहिए, अगर यह नहीं दिया गया तो हम अदालत जाएंगे और अपना अस्तित्व और संख्या साबित करेंगे। हमारे पास संख्या है, लेकिन हम सीएम उद्धव ठाकरे का सम्मान करते हैं, हम उनके खिलाफ नहीं बोलेंगे। हमें उस रास्ते पर चलना चाहिए जिस पर हमने विधानसभा चुनाव लड़ा था।
  • उन्होंने कहा कि कोई पार्टी हमारे खर्च (होटल के आवास का) का भुगतान नहीं कर रही है। हमारे नेता एकनाथ शिंदे ने हमें बुलाया और हम यहां (गुवाहाटी होटल) आए और रुके। इन सबके पीछे बीजेपी नहीं है।

04:29 PM, 25-Jun-2022

शिंदे गुट की बैठक जारी
गुवाहाटी के एक होटल में एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में बागी विधायकों की बैठक जारी है।
 

04:25 PM, 25-Jun-2022

शिंदे खेमे के 16 बागी विधायकों को नोटिस जारी
महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष ने एकनाथ शिंदे खेमे के 16 बागी विधायकों को नोटिस जारी किया। ये बागी वर्तमान में गुवाहाटी, असम में रह रहे हैं। इसके अलावा जिन 16 विधायकों को अयोग्यता नोटिस जारी किया गया है, उन्हें सोमवार यानी 27 जून तक अपना लिखित जवाब दाखिल करना है।

04:20 PM, 25-Jun-2022

शिवसेना भवन से बाहर निकले उद्धव
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे और राज्य के मंत्री आदित्य ठाकरे पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद शिवसेना भवन से बाहर निकले।

04:20 PM, 25-Jun-2022

राउत ने फिर बागियों को दी चेतावनी
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हमने 6 प्रस्ताव पारित किए हैं और तय किया है कि शिवसेना बालासाहेब ठाकरे की हिंदुत्व विचारधारा का पालन करेगी और संयुक्त महाराष्ट्र की विचारधारा से समझौता नहीं करेगी। पार्टी से गद्दारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सीएम ठाकरे के पास बागियों के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार है। हम उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे जिन्होंने अपनी आत्मकेंद्रित राजनीति के लिए बालासाहेब ठाकरे के नाम का इस्तेमाल किया है। जो चले गए हैं वे बालासाहेब के नाम का इस्तेमाल नहीं कर सकते। सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा है कि जिन नेताओं ने शिवसेना छोड़ दी है, वे शिवसेना और बालासाहेब ठाकरे के नाम पर वोट नहीं मांगें। अपने पिता के नाम पर वोट मांगो। महाविकास अघाड़ी एकजुट है। शाम तक पार्टी छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई के बारे में बताया जाएगा। सीएम उद्धव ठाकरे ने जो काम किया है वह काबिले तारीफ है। हम सब उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे।

03:52 PM, 25-Jun-2022

शिवसेना सांसद चतुर्वेदी बोलीं- धमकी भरे फोन आ रहे हैं 
शिवसेना से राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शनिवार को कहा कि उन्हें कुछ धमकी भरे फोन आए हैं। मैंने धमकी और अपमानजनक कॉल को लेकर मुंबई के पुलिस आयुक्त संजय पांडे से मिली थी। प्रियंका ने ट्वीट किया, 'मुंबई के पुलिस आयुक्त संजय पांडे से मुलाकात की, जो मुझे कल से वीओआईपी कॉल के माध्यम से राज्य में विकासशील राजनीतिक स्थिति पर धमकी और अपमानजनक कॉल मिल रहे हैं।' उन्होंने कहा कि उनके समय के लिए धन्यवाद और यह पता लगाने की उम्मीद है कि ये कायर कौन हैं?

03:40 PM, 25-Jun-2022

बालासाहेब ठाकरे के नाम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए: उद्धव
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि कुछ लोग मुझसे कुछ कहने के लिए कह रहे हैं लेकिन मैं पहले ही कह चुका हूं कि वे (बागी विधायक) जो चाहें कर सकते हैं, मैं उनके मामलों में दखल नहीं दूंगा। वे अपना फैसला खुद ले सकते हैं, लेकिन किसी को भी बालासाहेब ठाकरे के नाम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। 

03:39 PM, 25-Jun-2022

महाराष्ट्र के पूर्व महाधिवक्ता ने समझाया समीकरण
महाराष्ट्र के पूर्व महाधिवक्ता और संवैधानिक विशेषज्ञ श्रीहरि अणे ने बताया कि विधायकों की अयोग्यता कानूनी तर्क पर आधारित होगी। विधायकों की अयोग्यता पर निर्णय लेने से पहले डिप्टी स्पीकर को उन्हें सुनवाई का मौका देना होगा। यदि संवैधानिक तंत्र की विफलता है, तो राज्यपाल हस्तक्षेप कर सकता है। महाराष्ट्र में अभी तक वह स्थिति नहीं आई है। गुवाहाटी और मुंबई में दोनों समूहों से प्राप्त अनुरोध पत्रों की प्रकृति के आधार पर उप सभापति एक न्यायालय के रूप में कार्य करते हैं। श्रीहरि ने कहा कि यह मामला विधायिका में ही खत्म नहीं होगा, यह न्यायपालिका के पास जाएगा। ऐसे मामलों को विशेष आधार पर उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय में लाया जाता है। पीड़ित द्वारा न्यायिक समीक्षा की मांग न्यायालय में भी की जा सकती है। 

02:51 PM, 25-Jun-2022

गुवाहाटी में एकनाथ शिंदे की बैठक शुरू

शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बीच असम के गुवाहाटी में रुके एकनाथ शिंदे गुट ने भी बैठक शुरू कर दी है। बताया गया है कि इस बैठक में 40 से ज्यादा विधायक शामिल हुए हैं। 

02:46 PM, 25-Jun-2022

महाराष्ट्र: बागी विधायकों की सुरक्षा वापस लेने के दावों को गृह मंत्री ने किया खारिज

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने शनिवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार ने 16 बागी विधायकों के आवास पर उपलब्ध कराई गई सुरक्षा वापस ले ली है। शिंदे ने कहा कि उनकी भी सुरक्षा वापस ले ली गई है और यह “राजनीतिक प्रतिशोध” की भावना से किया गया है। हालांकि, महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने इससे साफ इनकार किया है। पाटिल ने कहा है कि विधायकों की सुरक्षा पहले की तरह ही बहाल है।

02:39 PM, 25-Jun-2022

महाराष्ट्र में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पार्टी के बागी विधायकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और खारघर में पार्टी कार्यालय के बाहर पुतला फूंका। इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता अशोक चव्हाण ने एकनाथ शिंदे के खेमे की तरफ से नवगठित शिवसेना बालासाहेब को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा, "जब तक इसे विधानसभा अध्यक्ष से कानूनी अनुमति नहीं मिलती, तब तक इस प्रकार के समूहों को अधिकृत नहीं किया जाएगा।"

02:35 PM, 25-Jun-2022

असम सीएम बोले- शिवसेना के बागी नेताओं से मेरा क्या लेना-देना

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को गुवाहाटी के होटल में बागी शिवसेना के नेताओं के रहने पर बयान दिया। उन्होंने हा कि गुवाहाटी में 200 होटल हैं और सभी में मेहमान हैं। अब असम में बाढ़ है तो क्या ये बोलकर मैं लोगों को होटल से भेज दूं? असम के लोग उनका बिल नहीं दे रहे हैं, बल्कि उनसे पैसा ले रहे हैं। इसमें हमारा फायदा हो रहा है। महाराष्ट्र में भाजपा उनका (शिवसेना के बागी विधायक) समर्थन करे या नहीं करे इसका मुझसे क्या लेना-देना। मैं तो बस इतना ही कहना चाहता हूं कि अगर असम में कोई मेहमान आया है तो उसे सुरक्षा और सहूलियत मिलनी चाहिए।

02:18 PM, 25-Jun-2022

एकनाथ शिंदे के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

महाराष्ट्र के ठाणे में शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वो इस समय असम के गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल में राज्य के अन्य बागी विधायकों के साथ ठहरे हुए हैं। 

02:15 PM, 25-Jun-2022

मुंबई में लागू हुई धारा 144

महाराष्ट्र में शिवसेना की अंदरुनी कलह अब हिंसा में तब्दील हो गई है। कई जगहों पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने बागी नेताओं के ठिकानों पर हमले किए। इस बीच मुंबई में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए धारा 144 लागू हो गई है। 

02:06 PM, 25-Jun-2022

एनसीपी-शिवसेना कार्यकर्ताओं ने बागी विधायकों के होटल के बाहर किया प्रदर्शन

शिवसेना असम राज्य इकाई के प्रमुख राम नारायण सिंह ने शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ वापस आने के लिए पत्र लिखा है। इस बीच एनसीपी और शिवसेना की असम इकाइयों ने असम के गुवाहाटी में रैडिसन ब्लू होटल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में उन्हें मौके से हटा दिया गया। इस होटल में फिलहाल महाराष्ट्र के बागी विधायक ठहरे हुए हैं।

02:02 PM, 25-Jun-2022

शिवसेना राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू, तीन प्रस्ताव पेश होंगे

शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को हुई। इसमें पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के साथ उनके बेटे आदित्य ठाकरे और कई बड़े नेता शामिल हुए। बैठक में मुद्दा बालासाहेब की विरासत को लेकर रहा। 

01:33 PM, 25-Jun-2022

शिंदे गुट का नया नाम- 'शिवसेना बालासाहेब'

महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री और बागी विधायक दीपक केसरकर ने खुलासा किया है कि एकनाथ शिंदे के खेमे की तरफ से शिवसेना विधायकों के समर्थन से 'शिवसेना बालासाहेब' नया समूह गठित किया गया है। गौरतलब है कि शिंदे गुट का दावा है कि उसके पास 40 से ज्यादा शिवसेना विधायकों और कई और निर्दलीयों का समर्थन है। 

01:20 PM, 25-Jun-2022

फडणवीस से अठावले की बैठक खत्म, बोले- गुंडागर्दी पर उतर आए हैं शिवसैनिक

महाराष्ट्र भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद आरपीआई नेता रामदास अठावले ने बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि शिवसैनिक अब गुंडागर्दी पर उतर आे हैं। उन्होंने साफ किया कि शिंदे गुट के साथ संख्याबल है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि फडणवीस ने शिवसेना के अंदरुनी विवाद से भाजपा के दूर रहने की बात की है।

01:15 PM, 25-Jun-2022

नवनीत राणा की अमित शाह से अपील- बागी विधायकों के परिवारों को सुरक्षा दें

बागी विधायकों को शिवसेना की ओर से धमकी मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील की कि वे बागी विधायकों के परिवारों को सुरक्षा मुहैया कराएं। राणा ने कहा कि जिन भी नेताओं ने उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ा है और खुद के फैसले कर रहे हैं, जो बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा के साथ हैं। अमित शाह जी को उन्हें सुरक्षा मुहैया करानी चाहिए। उद्धव ठाकरे की गुंडागर्दी खत्म होनी चाहिए। मैं राज्य में राष्ट्रपति शासन की मांग करती हूं।

12:57 PM, 25-Jun-2022

शिवसैनिकों की तोड़फोड़ के बीच पुणे में अलर्ट पर पुलिस

शिवसेना कार्यकर्ताओं की ओर से बागी विधायकों के आवास को निशाना बनाए जाने की घटना का पुणे पुलिस ने संज्ञान लिया है। तानाजी सावंत के कार्यालय में राजनीतिक संकट और तोड़फोड़ के बीच, पुणे पुलिस ने अलर्ट जारी किया और सभी पुलिस स्टेशनों को शहर में शिवसेना नेताओं से संबंधित कार्यालयों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा। पुणे पुलिस के पीआरओ ने इसकी जानकारी दी।

12:40 PM, 25-Jun-2022

राकांपा का सवाल- गुवाहाटी में कौन कर रहा बागियों के बिल का भुगतान

शिवसेना विधायकों के एक बड़े धड़े की बगावत के कारण महाराष्ट्र में पैदा हुए सियासी संकट के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पहली बार बागी विधायकों को लेकर तीखा बयान दिया है। पार्टी ने शनिवार को सवाल उठाए कि गुवाहाटी और सूरत में जिन होटलों में बागी विधायक रह रहे हैं, उन होटलों के बिल का भुगतान कौन कर रहा है। गौरतलब है कि शिवसेना के ये बागी विधायक पिछले कुछ दिनों से असम में डेरा डाले हुए हैं।

12:27 PM, 25-Jun-2022

देवेंद्र फडणवीस के घर पहुंचे अठावले 

महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के घर पहुंचे हैं। इसके साथ ही कई भाजपा नेता भी उनके घर पहुंचे हैं। 

12:12 PM, 25-Jun-2022

बागी विधायक तानाजी सावंत के कार्यालय में घुसे शिवसैनिक 

महाराष्ट्र में बागी विधायकों से नाराज शिवसैनिक सड़क पर उतर आए हैं। पुणे में विधायक तानाजी सावंत के कार्यालय में शनिवार को शिवसैनिक घुस गए और तोड़फोड़ की। तानाजी बागी विधायकों में से एक हैं। शिवसेना के पुणे शहर प्रमुख संजय मोरे ने कहा, हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तानाजी सावंत के कार्यालय में तोड़फोड़ की। हमारे प्रमुख उद्धव ठाकरे को परेशान करने वाले सभी बागी विधायकों को इस प्रकार की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उनके कार्यालय पर भी हमला होगा। 

11:40 AM, 25-Jun-2022

ठाणे में धारा 144 लागू 

राज्य में जारी राजनीतिक संकट के बीच ठाणे जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है। 30 जून तक जिले में किसी भी तरह के राजनीतिक जुलूस, सभा या नारेबाजी पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है।

11:36 AM, 25-Jun-2022

शिवसेना को हाईजैक नहीं किया जा सकता

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, हम साथ में बैठेंगे। पार्टी के भविष्य पर चर्चा करेंगे। पार्टी बहुत बड़ी है। इसे आसानी से हाईजैक नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, शिवसेना को पैसे से तोड़ा नहीं जा सकता है। इसे बनाने के लिए लोगों ने कुर्बानी दी है। उन्होंने कहा, एक बार बागी विधायक मुंबई वापस आ जाएंगे, वे फिर से हमारे पक्ष में लौट आएंगे। 

11:32 AM, 25-Jun-2022

राउत ने किया शिंदे के पत्र पर पलटवार 

बागी विधायकों के परिवारों की सुरक्षा को लेकर एकनाथ शिंदे द्वारा लिखे गए पत्र पर संजय राउत ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, आप विधायक हैं। इसलिए सुरक्षा आपको प्रदान की गई है। आपके परिवार को उसी समान सुरक्षा नहीं दी जा सकती। 

11:27 AM, 25-Jun-2022

शिंदे ने लिखा सीएम उद्धव ठाकरे को पत्र 

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बागी नेता एकनाथ शिंदे ने सीएम उद्धव ठाकरे, महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे और डीजीपी महाराष्ट्र को पत्र लिखा है। उन्होंने बागी 38 विधायकों के परिवारों की पर्याप्त सुरक्षा की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि बागी विधायकों के परिवार की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। 

09:48 AM, 25-Jun-2022

शिंदे ने बुलाई बागी विधायकों की बैठक

महाराष्ट्र में सियासी संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। उद्धव ठाकरे के एक्शन में आने के बाद शिवसेना के बागी नेता व मंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी बागी विधायकों की एक बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल में दोपहर दो बजे यह बैठक बुलाई गई है। इसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

09:41 AM, 25-Jun-2022

शिंदे बोले-बहुमत हमारे साथ

कार्रवाई के लिए शिवसेना की विधानसभा उपाध्यक्ष को चिट्ठी पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि लोकतंत्र में नंबर का महत्व होता है और नंबर उनके पास है। किसी के भी पास उन पर कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है। दो निर्दलीय विधायकों महेश बालदी और विनोद अग्रवाल ने विधानसभा उपाध्यक्ष झिरवाल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल किया है।

09:08 AM, 25-Jun-2022

कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे आदित्य ठाकरे

सरकार में बगावत के बाद सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे भी अपने पिता की शाख को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। खबर है कि आज शाम महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे शिवसैनिकों को संबोधित करेंगे। वह 6:30 बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

09:01 AM, 25-Jun-2022

अठावले से मिलेंगे फडणवीस

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच भाजपा ने भी हाथ-पैर मारने शुरू कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस शनिवार को सहयोगी दलों के साथ बैठक करने जा रहा हैं। वह आज 11 बजे रामदास अठावले से मुलाकात कर सकते हैं। 

08:24 AM, 25-Jun-2022

महाराष्ट्र में अलर्ट पर पुलिस 

महाराष्ट्र पुलिस ने पूरे राज्य भर में अलर्ट जारी किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राज्य में जारी सियासी संकट के बीच शिवसेना के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन कर सकते हैं। 

07:54 AM, 25-Jun-2022

राजनीतिक संकट के बीच नहीं रुकेंगे विकास कार्य: सीएम ठाकरे

महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच सीएम उद्धव ठाकरे ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि राज्य में जारी सियासी संकट का असर विकास कार्यों पर नहीं पड़ना चाहिए। सभी काम पहले की गति से होते रहेंगे। 

07:47 AM, 25-Jun-2022

16 विधायकों के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई

बगावत करने वाले विधायकों के खिलाफ शिवसेना ने भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस बीच आज पार्टी से बगावत करने वाले 16 विधायकों को अयोग्य घोषित करने को लेकर नोटिस जारी हो सकते हैं। डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल ने शिवसेना की अर्जी स्वीकार कर रही ली है। 

07:37 AM, 25-Jun-2022

Maharashtra Political Crisis Live: शिंदे का शिवसैनिकों को संदेश, बोले- MVA के अजगर के चंगुल से मुक्त कराने के लिए संघर्ष कर रहे

महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक के बीच उद्धव ठाकरे ने आज राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। इस बैठक में सीएम ठाकरे वर्चुअल रूप से भाग लेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि बैठक के दौरान ठाकरे अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर अहम फैसला भी कर सकते हैं। यह बैठक दोपहर एक बजे शिवसेना भवन में होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें