महाराष्ट्र के मंत्री और कांग्रेस नेता नितिन राउत ने सिय़ासी घमासान पर कहा है कि राज्य सरकार को अस्थिर करने की भाजपा की ये कोशिश सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष शासित राज्यों में सरकार को गिराने की कोशिश करना बीजेपी के स्वभाव में है।
एकनाथ शिंदे का अपने समर्थक विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में डेरा जमाए जाने की घटना के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट गहरा गया है। इस बीच जानकारी मिली है कि महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक कल दोपहर 1 बजे होगी।
कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी एचके पाटिल ने राज्य में मचे सियासी संकट के बीच कहा है कि सुबह जैसी स्थिति दिखाई गई थी, वैसी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को कोई खतरा नहीं है और हमारे पार्टी के नेता सीएम उद्धव ठाकरे से बातचीत कर रहे है। सभी विधायकों से हमारा संपर्क हो चुका है। हमारे सिर्फ एक विधायक विदेश गए हैं जो वापस लौट रहे हैं और वह भी हमारे संपर्क में हैं। हमारा कोई भी विधायक नॉट रीचेबल नहीं है।
शिवसेना ने शिंदे की जगह अजय चौधरी को नेता बनाया। एकनाथ शिंदे को पद से हटाने वाली चिट्टी पर 22 लोगों ने दस्तखत किए हैं। वहीं, सूरत में मिलिंद नार्वेकर बागी विधायकों से मुलाकात कर होटल से बाहर निकलें हैं। करीब डेढ घंटे तक मिलिंद नार्वेकर की बागी विधायकों से बातचीत हुई। इस दौरान शिवसेना नेता रवि पाठक भी मौजूद थे।
शिवसेना नेताओं ने महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष नरहरि जिरवाल से मुलाकात की और उन्हें एक पत्र सौंपा, जिसमें एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता के पद से हटाने और उनकी जगह अजय चौधरी को शिवसेना विधायक दल का नेता बनाने का अनुरोध किया गया है।
महाराष्ट्र में शुरू हुई उथल-पुथल के बीच अजीत पवार उद्धव ठाकरे से मिलने पहुंचे। उद्धव ठाकरे के आवास पर दोनों नेताओं के बीच वार्ता होगी। इस बीच यह भी सामने आया है कि उद्धव ठाकरे ने सात बजे शिवसेना सांसदों की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना के बागी विधायकों से पिछले एक घंटे से बातचीत चल रही है। शिवसेना के नेता मिलिंद नार्वेकर बागी विधायकों से बातचीत कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में शुरू हुई उथल-पुथल के बीच महाराष्ट्र कांग्रेस ने बयान जारी कर बालासाहेब थोराट से जुड़ी खबर को खारिज किया है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने कहा है कि कांग्रेस के सभी विधायक प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट के संपर्क में हैं और विधायकों के संपर्क में नहीं होने की जो भी खबरें हैं वह पूरी तरह निराधार हैं। बालासाहेब थोराट के कांग्रेस विधायक दल के नेता पद से इस्तीफे से जुड़ी खबर भी गलत है क्योंकि वह अपने आवास से ही पूरे हालात पर नजर रख रहे हैं।
महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट पर कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत का बयान भी आया है। उन्होंने दिल्ली में कहा है कि हमारा गठबंधन शिवसेना से है, उनके घर में क्या चल रहा है इसे उद्धव ठाकरे देखेंगे। इससे भाजपा का असली चेहरा दिखाई दे रहा है, वे कहीं भी विरोध बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है। हमारी सरकार ही चलेगी क्योंकि BJP भी सरकार नहीं बना सकती।
वे कुछ हलचल कर सकते हैं, खरीद फरोख्त करके अस्थिरता पैदा कर सकते हैं, लेकिन उनके मंसूबे पूरे नहीं होंगे। इससे साफ पता चलता है कि भाजपा सिर्फ सत्ता की भूखी है।
कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने महाराष्ट्र में उथल-पुथल के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि कुछ समय पहले एनसीपी में भी भाजपा ने ऐसा करने की कोशिश की थी। शरद पवार के साथ भी ऐसा किया गया जब डिप्टी सीएम अजीत पवार ने बगावती तेवर अपनाए थे। अब उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना में यही हो रहा है। उद्धव के करीबी एकनाथ शिंदे ने बगावती तेवर अपना लिए हैं।
शिवसेना विधायकों और एकनाथ शिंदे को लेकर कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमारी सरकार महाराष्ट्र में मजबूत है। सभी कांग्रेस विधायक और हमारा गठबंधन मजबूत है। जहां तक शिवसेना का सवाल है, उनके प्रमुख उद्धव ठाकरे सफलतापूर्वक इसका हल निकालेंगे।
महाराष्ट्र में शुरू हुए राजनीतिक संकट के बीच जानकारी मिली है कि शिवसेना नेता मिलिंद नार्वेकर और रवि पाठक बागी विधायकों से मिलने सूरत स्थित ले मेरिडियन होटल पहुंच चुके हैं। इसी होटल में शिव सेना के बागी नेताओं ने डेरा जमाया हुआ है। मिलिंद और रवि पाठक ने एकनाथ शिंदे से भी मुलाकात की है।
महाराष्ट्र में गहरा रहे सियासी संकट के बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि सूरत में हमारे विधायकों को डरा-धमका कर रखा गया है। भाजपा ऑपरेशन लोटस की तरह रणनीति अपना रही है लेकिन देखते हैं कि यह कितना सफल रहता है। उन्होंने आगे कहा कि हमारी बात उन विधायकों से बात हुई है। उन्होने आगे कहा कि एकनाथ शिंदे हमारे साथ हैं, उनकी कुछ गलतफहमियां हैं वो दूर हो जाएगी।
एकनाथ शिंदे का अपने समर्थक विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में डेरा जमाए जाने की घटना के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट गहरा गया है। इस बीच कांग्रेस ने अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। कांग्रेस विधायकों की बैठक साढ़े पांच बजे होगी।
महाराष्ट्र में गहरा रहे राजनीतिक संकट के बीच मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि एकनाथ शिंदे के बगावती तेवरों के बाद उद्धव ठाकरे ने आपात बैठक बुलाई थी, जिसमें सिर्फ 20 विधायक पहुंचे थे। शिवसेना के 35 विधायक बैठक में नहीं पहुंचे।
इस बीच महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि राज्यसभा और MLC चुनावों के लिए BJP को निर्दलीय और छोटे राजनीतिक दलों का समर्थन मिला है। हमारी जानकारी के अनुसार एकनाथ शिंदे और 35 विधायक जा चुके हैं। इसका मतलब है कि तकनीकी रूप से राज्य सरकार अल्पमत में है, लेकिन व्यावहारिक रूप से सरकार को अल्पमत में आने में कुछ समय लगेगा। अभी तक ऐसी कोई स्थिति नहीं है जो अविश्वास प्रस्ताव के लिए विशेष सत्र बुलाए जाने की मांग करे। 18 जुलाई से विधानसभा का सत्र शुरू होगा और फिर हम इस पर गौर करेंगे।
एकनाथ शिंदे का अपने समर्थक विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में डेरा जमाए जाने की घटना के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट गहरा गया है। इस बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल ने मुंबई में कहा कि एकनाथ शिंदे कल शाम से गुजरात गए हैं और उनके साथ विधानसभा के सदस्य भी हैं। हमने राष्ट्रवादी कांग्रेस की कोई बैठक नहीं बुलाई। हमारे कई MLA मुंबई में ही हैं और मेरी बात उनसे लगातार हो रही है, हमारे संपर्क में सारे MLA हैं।
एकनाथ शिंदे का अपने समर्थक विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में डेरा जमाए जाने की घटना के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट गहरा गया है। इस बीच सीएम उद्धव ठाकरे ने विधायकों के साथ आपात बैठक भी की। शिवसेना आज शाम चार बजे शक्ति प्रदर्शन करेगी। कुछ दी देर में शिवसेना का शक्ति प्रदर्शन होगी।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार को गिराने की तीसरी बार कोशिश की गई है, लेकिन उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे हालात संभाल लेंगे।
एकनाथ शिंदे और शिवसेना विधायकों पर महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, हम फिलहाल इंतजार कर रहे हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। न ही एकनाथ शिंदे ने भाजपा को सरकार गठन का प्रस्ताव भेजा है और न ही भाजपा ने उन्हें कोई प्रस्ताव भेजा है।
शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हम बालासाहेब के कट्टर शिवसैनिक हैं। बालासाहेब ने हमें हिंदुत्व सिखाया है। उनके विचार और आनंद दिघे साहेब की सीख की वजह से हमने सत्ता पाने के लिए कभी धोखा नहीं दिया और न ही देंगे।