हम असंतुष्ट नहीं: CM शिंदे
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना विधायकों और सांसदों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि एनसीपी के सरकार में शामिल होने से हम असंतुष्ट नहीं हैं। सब कुछ ठीक है। मुझे पता है कि मीडिया के बीच खबरें कौन फैला रहा है। हम एनसीपी के साथ मिलकर महाराष्ट्र के विकास के लिए काम करेंगे।
एकनाथ शिंदे ही राज्य के मुख्यमंत्री रहेंगे: बावनकुले
भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही कहा है कि एकनाथ शिंदे ही राज्य के मुख्यमंत्री रहेंगे। वे अच्छा काम कर रहे हैं, उनको बदलाव की जरूरत नहीं है। हमारे नेता एकनाथ शिंदे हैं और वही मुख्यमंत्री रहने वाले हैं।
देवेंद्र महादेवराव भुयार ने अजित से की मुलाकात
निर्दलीय विधायक देवेंद्र महादेवराव भुयार ने आज मुंबई में डिप्टी सीएम अजीत पवार से उनके आवास पर मुलाकात की। भुयार आज सुबह वाईबी चव्हाण केंद्र में आयोजित राकांपा अध्यक्ष शरद पवार की बैठक में उपस्थित थे।
पदाधिकारियों के लिए तैयार किया जा रहा शपथ पत्र
अनिल देशमुख ने किया पलटवार
वहीं, अजीत पवार की शरद पवार के लिए सेवानिवृत्ति वाली टिप्पणी पर अनिल देशमुख ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि 82 साल का शेर अभी भी जिंदा है। वे आज भी एक शेर की तरह लड़ रहे हैं।
महाराष्ट्र की स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण - दीपेंद्र हुड्डा
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हु्ड्डा ने कहा कि महाराष्ट्र की स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा इस तरह से तंत्र का प्रयोग कर ऐसी कार्रवाई कर रही है, लेकिन हरियाणा में उल्टा हो रहा है। पिछले एक साल में 29 पूर्व विधायक भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हैं।
इस बीच, सभी को चौंकाते हुए अजित पवार ने दावा किया है कि 30 जून को कार्यकारिणी की बैठक हुई थी, एनसीपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शरद पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से शरद पवार को हटाने के संबंध में प्रस्ताव पारित हुआ था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अध्यक्ष चुन लिया गया था। उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल पटेल ने यह बैठक बुलाई थी।
मुंबई के MET बांद्रा में बैठक के बाद अजित पवार गुट के NCP नेताओं को बस से एक होटल ले जाया जा रहा है।
एनसीपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने मुंबई में कहा कि हमारा अपमान करें, लेकिन हमारे पिता शरद पवार का नहीं। यह लड़ाई बीजेपी सरकार के खिलाफ है। बीजेपी देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है। सुले ने कहा कि मूल राकांपा शरद पवार के साथ है और मूल प्रतीक हम हैं।
अजित पवार के बाद शरद पवार के गुट ने पलटवार किया। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'उन्होंने हमारी पार्टी को भ्रष्टाचारी कहा। कहा कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा, लेकिन जब जरूरत पड़ी तो पार्टी को ही खा गए। भाजपा इस देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी होगी।'
अजित पवार ने कहा कि नौकरीपेशा लोग 58 साल में रिटायर हो जाते हैं। आईपीएस-आईएएस 60 साल में रिटायर होते हैं। नेता 75 की उम्र में रिटायर हो जाते हैं। आडवाणी-मुरली मनोहर जोशी भी रिटायर हुए थे। आपकी उम्र ज्यादा हो गई है। आप रिटायर होंगे या नहीं? आप कभी रुकेंगे या नहीं? साहेब बोले कि सुप्रिया को अध्यक्ष बनाओ। हम तैयार हो गए। फिर उन्होंने इस्तीफा वापस ले लिया। आपको जब इस्तीफा वापस ही लेना था तो दिया ही क्यों? मैं झूठ नहीं बोलता। झूठ बोला तो पवार की औलाद नहीं कहलाऊंगा। मुझे लगता है कि हमारे वरिष्ठों को आराम करना चाहिए। जिद नहीं करनी चाहिए।
अजित पवार ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक मोदी का प्रभाव है। ऐसे में हम उनका साथ क्यों न दें। हम उनके पीछे क्यों न खड़े रहें। उन्होंने शरद पवार पर बड़ा हमला बोला और कहा कि वे 80 साल के हो गए हैं। आखिर रिटायर क्यों नहीं होते। उम्र ज्यादा हो गई है, उन्हें अब अपना आशीर्वाद देना चाहिए।
शरद पवार के करीबी रहे और अब अजित पवार के साथ गए राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने बैठक के दौरान कहा, "जब हम शिवसेना की विचारधारा को स्वीकार कर सकते हैं तो फिर बीजेपी के साथ जाने में क्या आपत्ति है? हम एक स्वतंत्र इकाई के रूप में इस गठबंधन में शामिल हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में महबूबा मुफ्ती और फारूक अब्दुल्ला बीजेपी के साथ चले गए और अब वे संयुक्त विपक्ष का हिस्सा हैं। मैं शरद पवार के साथ पटना में संयुक्त विपक्ष की बैठक में गया था और वहां का दृश्य देखकर मुझे हंसने का मन हुआ। वहां 17 विपक्षी दल थे, 7 में से लोकसभा में केवल 1 सांसद है और एक पार्टी ऐसी है जिसके पास 0 सांसद हैं। उनका दावा है कि वे बदलाव लाएंगे... हमने यह फैसला (एनडीए में शामिल होने का) देश और अपनी पार्टी के लिए लिया है, व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं।"
राकांपा नेता अजित पवार ने अपने गुट की बैठक में बड़ी बात कही। उन्होंने कहा, "2004 के विधानसभा चुनाव में NCP के पास कांग्रेस से ज्यादा विधायक थे अगर हमने उस समय कांग्रेस को मुख्यमंत्री पद नहीं दिया होता, तो आज तक महाराष्ट्र में केवल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का ही मुख्यमंत्री होता।"
मुंबई के वाईबी चव्हाण केंद्र में शरद पवार के नेतृत्व वाली बैठक में कुल 13 विधायक, 3 एमएलसी और 5 सांसद मौजूद हैं। 13 विधायकों में अनिल देशमुख, रोहित पवार, राजेंद्र शिंगणे, अशोक पवार, किरण लहमाटे, प्राजक्ता तानपुरे, बालासाहेब पाटिल, जीतेंद्र अव्हाड, चेतन विट्ठल तुपे, जयंत पाटिल, राजेश टोपे, संदीप क्षीरसागर और देवेंद्र भुयार शामिल हैं। 5 सांसदों में श्रीनिवास पाटिल (लोकसभा), सुप्रिया सुले (लोकसभा), अमोल कोल्हे (लोकसभा), फौजिया खान (राज्यसभा) वंदना चव्हाण (राज्यसभा) शामिल हैं। 3 एमएलसी में शशिकांत शिंदे, बाबाजानी दुरानी, एकनाथ खडसे शामिल हैं।
राकांपा नेता छगन भुजबल ने अजित पवार गुट की बैठक के दौरान कहा कि हम पर कानूनी मामलों के डर से यहां (अजित पवार के साथ) आने का आरोप लगाया जा रहा है। यह सही नहीं है। धनंजय मुंडे, दिलीप वाल्से पाटिल और रामराजे निंबालकर के खिलाफ कोई मामला नहीं है। हम यहां केवल इसलिए हैं क्योंकि आपके (शरद पवार) साहब के आसपास कुछ करीबी सहयोगी हैं, वे पार्टी को खत्म करना चाहते हैं। एक बार जब आप उन्हें किनारे कर देंगे तो हम आपके पास वापस आने के लिए तैयार हैं।
राकांपा प्रमुख शरद पवार राकांपा में टूट की अटकलों के बीच समर्थकों के साथ बैठक के लिए वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंच गए हैं।
अजित पवार गुट के नेता छगन भुजबल ने दावा किया है कि 40 से अधिक विधायक और एमएलसी उनके साथ हैं। हमने शपथ लेने से पहले पूरी मेहनत की है। हमने शपथ ऐसे ही नहीं ले ली।
राकांपा प्रमुख शरद पवार द्वारा बुलाई गई बैठक के लिए नेता अनिल देशमुख व अन्य नेता-कार्यकर्ता वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंचे। बैठक के थोड़ी देर में शुरू होने के आसार हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उनके गुट के नेता ने NCP की बैठक के लिए मुंबई के एमईटी बांद्रा में इकट्ठा होकर शक्ति प्रदर्शन किया।
अजित पवार गुट एमईटी बांद्रा में पहुंचे राकांपा नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से उनके समर्थन के लिए शपथ पत्र ले रही है।
महाराष्ट्र में राकांपा संकट को लेकर मुंबई में एक साथ दो अलग-अलग बैठकें हो रही है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने MET बांद्रा में सभी राकांपा सांसदों, विधायकों, एमएलसी, जिला प्रमुखों और राज्य प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है। वहीं, शरद पवार ने वाईबी चव्हाण सभागार में सभी सदस्यों की बैठक बुलाई है।
राकांपा नेता जितेंद्र आव्हाड मुंबई में वाईबी चव्हाण केंद्र पहुंचे, जहां राकांपा के शरद पवार गुट की बैठक होनी है। उन्होंने कहा, "हम देखेंगे कि दोपहर 1 बजे क्या होता है, और भी नेता आएंगे।"
बांद्रा के एमईटी सेंटर पहुंचे राकांपा नेता अजित पवार।
राकांपा नेता अजित पवार अपने समर्थकों के साथ बैठक के लिए निकल चुके हैं। बताया गया है कि थोड़ी देर में ही वे नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे।
राकांपा (शरद पवार गुट) के नेता अनिल देशमुख मुंबई में वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, "अभी जब शरद पवार बाहर निकलेंगे तब कितनी बड़ी तादात में लोग उनसे जुड़ते हैं, आप यह देखिएगा।
NCP (अजित पवार गुट) के नेता प्रफुल्ल पटेल बांद्रा में मुंबई एजुकेशन ट्रस्ट परिसर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राकांपा नेता अजित पवार द्वारा पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ बुलाई गई बैठक के लिए पहुंचे।
मुंबई में राकांपा के वाईबी चव्हान सेंटर के बाहर शरद पवार के समर्थक बड़ी संख्या में जुट गए। गौरतलब है कि पवार ने आज दोपहर 1 बजे के बाद यहां राकांपा के नेताओं की बैठक बुलाई है।
शरद पवार गुट ने दक्षिण मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में तो अजित गुट ने बांद्रा स्थित एमईटी परिसर में पार्टी विधायकों समेत प्रदेश, जिला व तालुका स्तर के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है। शरद पवार गुट की ओर से जितेंद्र आव्हाड ने व्हिप जारी किया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को शरद पवार ने दोपहर एक बजे बैठक बुलाई है। बैठक में सभी विधायकों का उपस्थित होना जरूरी है। वहीं, अजित पवार गुट की ओर से सुनील टाटकारे बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसके लिए शिवाजीराव गरजे ने बैठक बुलाई है।
राकांपा (शरद पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले मुंबई में वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंचीं।
अजित पवार गुट के नेता छगन भुजबल NCP नेता छगन भुजबल ने कहा है कि आप देखेंगे कि हमारे साथ कितने नेता आएंगे। उन पर (कार्यकर्ताओं पर) जबरदस्ती नहीं है। लेकिन लोग कह रहे कि धोखे से हस्ताक्षर लिए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और NCP नेता अजित पवार बांद्रा में मुंबई एजुकेशन ट्रस्ट परिसर में पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। छगन भुजबल (अजित पवार गुट) बैठक के लिए पहुंचे हैं।
पुणे एनसीपी शहर कार्यसमिति ने बैठक कर शरद पवार को समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया। साथ ही, पार्टी को तोड़ने के लिए भाजपा की आलोचना की गई। वहीं, नागपुर जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल की तस्वीरें निकाल दी। दूसरी ओर, नासिक में पार्टी दफ्तर पर कब्जे के लिए शरद पवार और अजित पवार गुट के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए जिससे पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। नासिक अजित गुट के नेता छगन भुजबल का गृह जिला है।
अजित पवार द्वारा बुलाई गई राकांपा नेताओं की बैठक से पहले महाराष्ट्र में अजित के समर्थकों ने उनसे मुंबई स्थित उनके देवगिरी बंगले पर मुलाकात की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुट आज शक्ति प्रदर्शन करेंगे। एनसीपी प्रमुख शरद पवार की ओर से विधायकों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया गया है। पवार ने विधायकों को खुद फोन भी किया। वहीं, उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुट एनसीपी के 53 में से 40 विधायकों के समर्थन का दावा कर रहा है। इससे शरद पवार गुट आशंकित है।