पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री देवेन्द्र फडणवीस जी को बधाई। राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री एकनाथ शिंदे जी और श्री अजित पवार जी को बधाई। यह टीम अनुभव और गतिशीलता का मिश्रण है, और इस टीम के सामूहिक प्रयासों के कारण ही महायुति को महाराष्ट्र में ऐतिहासिक जनादेश मिला है। यह टीम राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और सुशासन सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। मैं महाराष्ट्र में विकास को आगे बढ़ाने में केंद्र की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन देता हूं।
महाराष्ट्र के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री रहते हुए मैंने आम आदमी की तरह काम किया, आगे भी करता रहूंगा। एकनाथ शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, उपमुख्यमंत्री के तौर पर मैं आम आदमी के लिए समर्पित व्यक्ति की तरह काम करूंगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को हर संभव सहयोग दूंगा।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, आज के ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, मैं उनका अभिनंदन करता हूं और मैं उनको भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं...महाराष्ट्र देश को वैचारिक दिशा देने वाला राज्य है और ऐसे राज्य का मुख्यमंत्री बनने का मौका मुझे मिला...प्रधानमंत्री मोदी ने भी हमें पूरा सहयोग किया और पूरी ताकत दी...हमने 2.5 साल में बहुत काम किया, हमने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं... 2.5 साल के कार्यकाल में जितने निर्णय हमारी सरकार ने लिए वो ऐतिहासिक हैं, यह सुनहरे अक्षरों से लिखा जाएगा...हमारा एजेंडा केवल विकास करने का है।
विपक्ष के इस आरोप पर कि उद्योग महाराष्ट्र से गुजरात जा रहे हैं, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, हमने विपक्ष को बार-बार आंकड़ों के साथ जवाब दिया है। आज मैं आपको एक और नई बात बताऊंगा कि पिछले साल जितना एफडीआई हमें मिला था, उसका 90 फीसदी हमें सिर्फ 6 महीने में मिला है। मैं जल्द ही कुछ उद्योगों की घोषणा करूंगा, मेरी चर्चा अंतिम चरण में है जिससे महाराष्ट्र के लोग बहुत खुश होंगे।
मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "पिछले 2.5 सालों में हमने महाराष्ट्र के विकास के लिए काम किया है और यहां से भी हम महाराष्ट्र के विकास के लिए काम करेंगे और हम अब नहीं रुकेंगे, दिशा और गति वही है केवल हमारी भूमिकाएं बदल गई हैं... हम महाराष्ट्र की बेहतरी के लिए फैसले लेंगे। हम उन कामों को पूरा करना चाहते हैं जिनका जिक्र हमने अपने घोषणापत्र में किया था..."
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस का मुंबई में मंत्रालय में अभिनंदन किया गया।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कोलाबा में शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद, देवेंद्र फडणवीस ने पुणे के मरीज चंद्रकांत शंकर कुर्हाड़े को अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण उपचार के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए।
महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, आज महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। महायुति सरकार बन गई है। त्रिमूर्ति- देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजित पवार के नेतृत्व में महाराष्ट्र की प्रगति और विकास सुनिश्चित है।
एनसीपी नेता दिलीप वलसे पाटिल ने कहा, महाराष्ट्र को आज एक मजबूत और स्थिर सरकार मिली है। इस सरकार द्वारा लोगों के मुद्दों का समाधान किया जाएगा।
मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा, आज जनादेश का सम्मान हुआ है और देवेंद्र फडणवीस जी ने मुख्यमंत्री पद की और एकनाथ शिंदे जी और अजित पवार जी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर जनादेश का सम्मान किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महाराष्ट्र विकास की ऊंचाईयों को छुएगा।
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, मैं देवेंद्र फडणवीस को अभिनंदन देना चाहती हूं। वे बहुत अभ्यासी नेता हैं...मैं एकनाथ शिंदे जी और अजित पवार जी को भी अभिनंदन देना चाहती हूं...ये तीनों एक विकसित महाराष्ट्र के लिए काम करेंगे।
भाजपा नेता अशोक चव्हाण ने महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण पर कहा, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। लोगों में काफी उत्साह है...आज महाराष्ट्र विकास की ओर चल पड़ा है, राज्य को स्थिर सरकार मिली है और 7, 8, 9 को विधायकों का शपथ ग्रहण होगा।
भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण पर कहा, तीनों ने महाराष्ट्र की प्रगति में बहुत योगदान दिया है, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित दादा को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
केंद्रीय मंत्री बी.एल वर्मा ने कहा, मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उनकी टीम को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं और जिस प्रकार से महाराष्ट्र में रिकॉर्ड बना है, मैं कहूंगा कि ये जीत महाराष्ट्र की जनता की है।
भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण पर कहा, मैं तीनों (देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजित पवार) को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देती हूं।
NCP नेता छगन भुजबल ने महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण पर कहा, बहुत अच्छा है, बहुत आनंद है। बहुत अच्छा माहौल है। देश भर से बड़े-बड़े नेता, उद्योगपति, अभिनता यहां आए थे।
महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा सांसद नारायण राणे ने कहा, मैं उन्हें (महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, अजित पवार) बधाई देता हूं और शुभकामनाएं देता हूं। यह अच्छी बात है कि उन्होंने (शिंदे) उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर कहा, 23 नवंबर को चुनाव नतीजे आए, उन्हें प्रचंड बहुमत मिला और सरकार में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह तय होने में 11-12 दिन लग गए। जिस सरकार की शुरुआत ऐसे होती है, उसका अंत कैसा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। मुझे लगता है कि आज का उपमुख्यमंत्री कल फिर मुख्यमंत्री बन सकता है, उसे कौन मुख्यमंत्री बनाएगा, यह तो भगवान ही जाने।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा, मुझे बहुत खुशी है कि देवेंद्र जी ने आज तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है, और वे छठी बार के विधायक हैं, उन्होंने अपना पूरा जीवन सार्वजनिक सेवा में व्यतित किया है और आगे भी ऐसा करते रहेंगे।
महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने के बाद एकनाथ शिंदे और अजित पवार महाराष्ट्र मंत्रालय पहुंच गए हैं। जानकारी के मुताबिक, शाम सात बजे राज्य कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित होगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के बाद मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस पहुंचे।
मुंबई: महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात की।
महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, अजित पवार ने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ तस्वीर खिंचवाई।
एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली।
पीएम मोदी ने अजित पवार को दी बधाई
शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली।
पीएम मोदी ने एकनाथ शिंदे को दी बधाई
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
पीएम मोदी ने देवेंद्र फडणवीस को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई के आजाद मैदान में पहुंच गए हैं, इसके साथ ही महाराष्ट्र में महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया है। अब बारी-बारी से देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार सीएम और डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए मुंबई के आजाद मैदान पहुंचे।
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन महाराष्ट्र के भावी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को शपथ दिलाने के लिए आजाद मैदान पहुंचे।
महाराष्ट्र की राजधानी में महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में बस कुछ ही समय बाकी है। वहीं मुख्यमंत्री पद और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार आजाद मैदान में बने मंच पर पहुंच गए हैं।
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अपने पति डॉ. श्रीराम नेने के साथ महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंची।
गायक कन्हैया मित्तल मुंबई के आजाद मैदान में महाराष्ट्र के भावी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में प्रस्तुति देते हुए।
महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और एनडीए शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम, केंद्रीय मंत्री, एनडीए नेता मौजूद।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ लेने से पहले देवेंद्र फडणवीस ने पहले अपनी मां का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनकी मां ने उनको तिलक भी लगाया।
मुंबई के आजाद मैदान में बने मंच पर भाजपा के तमाम नेता जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी मंच पर दिखाई दे रहे हैं।
महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में तमाम फिल्मी कलाकार शामिल हो रहे हैं, इसमें शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान, संजय दत्त, विद्या बालन के साथ-साथ तमाम फिल्मी कलाकार शामिल हुए हैं।
महायुति के नेता भावी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए मुंबई के आजाद मैदान में पहुंचने लगे हैं।
मुंबई में महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में अभिनेता रणबीर कपूर और रणवीर सिंह शामिल हुए।
पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि और आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के साथ महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
महाराष्ट्र के भावी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस मुंबई में शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर पहुंचीं।
मुंबई के आजाद मैदान में नेताओं-राजनेताओं और दिग्गजों का पहुंचना जारी है। जहां थोड़ी देर में महायुति सरकार के तीन शीर्ष नेता शपथ ग्रहण करेंगे।
मुंबई: शिवसेना के एकनाथ शिंदे आजाद मैदान में शपथ समारोह में भाग लेने के लिए अपने आवास से रवाना हुए।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने मुंबई पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने मुंबई पहुंचे।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले महाराष्ट्र के भावी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा, 'यह एक खूबसूरत दिन है जब देवेंद्र जी छठी बार विधायक बने हैं और तीसरी बार उन्हें मुख्यमंत्री पद मिला है। हम इसे लेकर खुश हैं लेकिन जिम्मेदारी का अहसास इससे भी बड़ा है।'
महाराष्ट्र: शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा, शपथ ग्रहण समारोह के बाद एकनाथ शिंदे की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक होगी और गृह मंत्री के साथ-साथ अन्य पदों को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुंबई पहुंचे।
मुंबई: शिवसेना नेता उदय सामंत ने कहा, एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुंबई पहुंचे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुंबई पहुंचे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने मुंबई पहुंचे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी महायुति सरकार के शपथग्रहण के लिए मुंबई पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, "यहां महायुति गठबंधन को भारी बहुमत मिला है। सभी ने देवेंद्र फडणवीस को अपना नेता चुना है, मैं उन्हें बधाई देता हूं और शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में महाराष्ट्र तेजी से विकास की ओर बढ़ेगा।"
राकांपा नेता छगन भुजबल ने कहा है कि मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के शपथग्रहण के बाद एक हफ्ते के अंदर मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राकांपा प्रमुख अजित पवार, जो कि गुरुवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, उनकी वित्त विभाग पर अच्छी पकड़ है। गौरतलब है कि अजित पवार इससे पहले महायुति सरकार में महाराष्ट्र के वित्त मंत्री रहे हैं।
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा महायुति के शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंचीं। यहां उन्होंने कहा, "यहां के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के विकास, डबल इंजन सरकार में अपना विश्वास व्यक्त किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री और मैं शपथ ग्रहण समारोह के लिए आए हैं, हम देवेंद्र फडणवीस को शुभकामनाएं देते हैं, हम सभी उनके साथ हैं।"
देवेंद्र फडणवीस ने शपथ ग्रहण से पहले मंदिर में पूर्जा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गौ माता की भी पूजा की।
शिवसेना नेता उदय सामंत ने कहा कि अगर एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार नहीं करते हैं तो कोई भी शिवसेना विधायक नई सरकार में कोई जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करेगा।
महाराष्ट्र के मनोनीत मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले आज श्री सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की।
देवेंद्र फडणवीस ने सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की।
देवेंद्र फडणवीस सिद्धिविनायक मंदिर पहुंच गए हैं। यहां वे भगवान का आशीर्वाद लेंगे।
पीएम मोदी भी करेंगे शिरकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र की नव निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग करेंगे। जिसके मद्देनजर मुंबई में तैयारियां की गई हैं।
सागर बंगले के बाहर का फुटेज
महाराष्ट्र के मनोनीत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ लेंगे। वीडियो उनके निवास सागर बंगले के बाहर से लिया गया है।
पीएम मोदी, 19 सीएम व डिप्टी सीएम पहुंचेंगे
विधान भवन में हुई बैठक में आमराय से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद फडणवीस ने अजीत व शिंदे के साथ राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।