फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Session Live: लोकसभा स्पीकर ने राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मान्यता दी, कार्यवाही स्थगित

Thu, 27 Jun 2024 07:28 AM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Lok Sabha Session Live Updates In Hindi: 18वीं लोकसभा का स्पीकर ओम बिरला को चुन लिया गया है। लोकसभा में ध्वनिमत से बिरला को लगातार दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान पीएम मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी परंपरा के अनुसार आसन तक लेकर गए। ओम बिरला ने 18वीं लोकसभा के अपने पहले संबोधन में आपातकाल को याद किया। हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित कर दी गई। 
विज्ञापन
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला - फोटो : संसद टीवी
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:34 PM, 26-Jun-2024

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "ओम बिरला लगातार दूसरी बार लोकसभा के स्पीकर चुने गए हैं। उनका पिछला कार्यकाल भी बहुत अच्छा रहा और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चली। मुझे भरोसा है कि उनकी अध्यक्षता में लोकसभा अच्छे से चलेगा।"

06:31 PM, 26-Jun-2024

अब सत्ता पक्ष को सावधान रहकर बनानी पड़ेगी नीति: श्रीनेत
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "राहुल गांधी बहुत अच्छे नेता प्रतिपक्ष होने वाले हैं, वह सभी चीजों की अच्छे समझ रखते हैं। मुझे लगता है कि उनका एक विजन है बहुत निडर हैं और अब सत्ता पक्ष को सावधान रहकर नीति बनानी पड़ेगी।"

04:04 PM, 26-Jun-2024

राहुल गांधी के लोकसभा में विपक्ष के नेता चुने जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा घटनाक्रम है। हमने कांग्रेस कार्यसमिति में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया था कि उन्हें यह पद संभालना चाहिए। उन्होंने इसकी पुष्टि के लिए कुछ समय लिया था। लेकिन अब जब उन्होंने इसे स्वीकार किया है तो मेरी राय में यह बहुत अच्छा संकेत है कि क्योंकि वह देश में सबसे बडा विपक्ष हैं। यह उचित है कि उन्हें इस पद पर आसीन होना चाहिए। 

विज्ञापन
03:59 PM, 26-Jun-2024

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आधिकारिक रूप से मान्यता दे दी। लोकसभा सचिवालय की अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। राहुल गांधी का नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नौ जून, 2024 से प्रभावी रहेगा।

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने मंगलवार को लोकसभा के कार्यवाहक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) भर्तृहरि महताब को पत्र भेज कर कांग्रेस के इस फैसले के बारे में उन्हें अवगत कराया था कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष होंगे। बिरला बुधवार को ध्वनिमत से लोकसभा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वह लगातार दूसरी बार यह उत्तरदायित्व संभाल रहे हैं।

03:10 PM, 26-Jun-2024

खुशी है कि स्पीकर ने आपातकाल की कड़ी निंदा की: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा में आपातकाल की निंदा करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की सराहना की और कहा कि उन दिनों के पीड़ितों के सम्मान में मौन रखना एक अच्छा भाव था। बिरला ने लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने के तुरंत बाद आपातकाल की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पढ़ा और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार की आलोचना की। कांग्रेस सांसदों और कुछ अन्य विपक्षी सदस्यों के विरोध के बीच बड़ी संख्या में सांसद कुछ क्षणों के लिए मौन रहे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए एक पोस्ट में लिखा, 'मुझे खुशी है कि माननीय अध्यक्ष ने आपातकाल की कड़ी निंदा की, उस दौरान की गई ज्यादतियों को उजागर किया और यह भी उल्लेख किया कि किस तरह से लोकतंत्र का गला घोंटा गया था।' उन्होंने कहा कि 'आपातकाल 50 साल पहले लगाया गया था, लेकिन आज के युवाओं के लिए इसके बारे में जानना महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह इस बात का एक उदाहरण है कि जब संविधान को रौंदा जाता है, जनमत को दबाया जाता है और संस्थाओं को नष्ट किया जाता है, तो क्या होता है।' मोदी ने कहा कि 'आपातकाल के दौरान की घटनाएं इस बात का उदाहरण हैं कि तानाशाही कैसी होती है।'

विज्ञापन
03:01 PM, 26-Jun-2024

'मत विभाजन के बिना ही प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया'

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'नियम कहता है कि अगर सदन का कोई भी सदस्य मत विभाजन की मांग करता है तो प्रोटेम स्पीकर को मत विभाजन की अनुमति देनी होती है। आप लोकसभा के फुटेज में साफ तौर पर देख और सुन सकते हैं कि विपक्षी खेमे के कई सदस्यों ने मत विभाजन के लिए प्रस्ताव रखा और प्रस्ताव को मत विभाजन के बिना ही स्वीकार कर लिया गया। यह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि यहां सत्तारूढ़ भाजपा के पास संख्या नहीं है। यह सरकार संख्या के बिना चल रही है, यह अवैध, अनैतिक और असंवैधानिक है।'

02:33 PM, 26-Jun-2024

'संविधान की दुहाई देने वाले अपना रिकॉर्ड भी देखें'

इमरजेंसी के 50 साल पूरे होने पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, 'जो सबसे ज्यादा संविधान की दुहाइयां देते हैं उनको इस बात की भी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। वो अपनी दादी और पिताजी ने नाम पर वोट बटोरते हैं तो क्या वे उनके किए कारनामों की भी जिम्मेदारी लेते हैं? आज जो संविधान की सबसे ज्यादा दुहाइयां देते हैं वे खुद का भी ट्रैक रिकॉर्ड देखें।'

01:55 PM, 26-Jun-2024

आपातकाल की बरसीं पर एनडीए का प्रदर्शन

आपातकाल की 50वीं सालगिरह पर एनडीए नेताओं ने संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया और नारे लगाए।

01:23 PM, 26-Jun-2024

लोकसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित

स्पीकर के आपातकाल को याद और कल गुजरी आपातकाल की बरसीं पर मौन रखा गया। इस पर विपक्ष ने जमकर हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे को देखते हुए स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित कर दी। 

01:21 PM, 26-Jun-2024

बिरला ने दूसरे कार्यकाल के पहले संबोधन में आपातकाल को किया याद

आज लोकसभा में आपातकाल पर पेश किए गए प्रस्ताव पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, 'ये सदन 1975 में देश में आपातकाल(इमरजेंसी) लगाने के निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा करता है। इसके साथ ही हम, उन सभी लोगों की संकल्पशक्ति की सराहना करते हैं, जिन्होंने इमरजेंसी का पुरजोर विरोध किया, अभूतपूर्व संघर्ष किया और भारत के लोकतंत्र की रक्षा का दायित्व निभाया।'

01:09 PM, 26-Jun-2024

'लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी'

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा 'यह 18वीं लोकसभा लोकतंत्र का विश्व का सबसे बड़ा उत्सव है। अन्य चुनौतियों के बावजूद 64 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ चुनाव में भाग लिया। मैं सदन की ओर से उनका और देश की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। निष्पक्ष, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव प्रक्रिया संचालित करने के लिए और दूर-दराज के क्षेत्रों में भी एक भी वोट पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा किए गए प्रयासों के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बनी है। पिछले एक दशक में लोगों की अपेक्षाएं, आशाएं और आकांक्षाएं बढ़ी हैं। इसलिए, यह हमारा दायित्व बनता है कि उनकी अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को प्रभावी तरीके से पूरा करने के लिए हम सामूहिक प्रयास करें।'

12:46 PM, 26-Jun-2024

'विपक्ष को मिलना चाहिए डिप्टी स्पीकर पद'

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, 'हमने विरोध नहीं किया, परंपरा है कि चुनाव नहीं होना चाहिए, हमने ये भी दिखाया कि हम आपके सामने खड़े रहेंगे और हैं। ओम बिरला ने एक झटके में 100 से ज्यादा सांसदों को निलंबित कर दिया था आपातकाल में ऐसा नहीं हुआ था... डिप्टी स्पीकर विपक्ष को मिलना चाहिए। बातचीत हो रही है।'

11:41 AM, 26-Jun-2024

'लोकसभा स्पीकर पद से गौरवशाली परंपराएं जुड़ी हुई हैं'

अखिलेश यादव ने भी ओम बिरला को स्पीकर बनने की बधाई दी और कहा कि आप जिस पद पर बैठे हैं, उससे कई गौरवशाली परंपराएं जुड़ी हुई हैं। हम उम्मीद करते हैं कि आप निष्पक्ष रहकर आप हर सांसद की बात सुनेंगे। आप लोकतंत्र के न्यायाधीश के रूप में बैठे हैं। आपका अंकुश विपक्ष के साथ ही सत्ता पक्ष भी रहे। आपके इशारे पर सदन चले, इसका उल्टा न हो। हम आपके हर न्यायसंगत फैसले के साथ खड़े हैं। एक बार फिर आपको इस पद पर बैठने के लिए बहुत बहुत बधाई। 

11:37 AM, 26-Jun-2024

राहुल गांधी बोले- विपक्ष जनता की आवाज

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि संसद में सत्ता पक्ष के साथ ही विपक्ष की भी भूमिका बेहद अहम है। विपक्ष जनता की आवाज है और विपक्ष को भी अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए, तभी लोकतंत्र मजबूत रहेगा। विपक्ष सरकार के साथ सहयोग करना चाहता है, लेकिन सरकार को भी विपक्ष की बात सुननी होगी। 

11:35 AM, 26-Jun-2024

प्रधानमंत्री ने कहा, हमारा संसद भवन सिर्फ चारदीवारी नहीं। ये देश की जनता का आशा का प्रतीक है। संसद की कार्यवाही लोकतंत्र को और मजबूत बनाती है। 17वीं लोकसभा की उत्पादकता 97 प्रतिशत रही और उसके लिए सभी सदस्यों के साथ ही आप विशेष अभिनंदन के अधिकारी हैं। कोरोना के मुश्किल समय में आपने हर सांसद से फोन करके व्यक्तिगत हालचाल पूछा। कोरोना के समय में संसद का काम रुका नहीं। आपने जो फैसले किए, उसी का परिणाम है कि हम मुश्किल समय में भी काम कर पाए है। कोरोना काल में संसद की उत्पाकता 170 प्रतिशत रही, जो बहुत बड़ी बात है। 

आपने कभी कभी कठोरता के साथ भी फैसले लिए। ऐसे फैसलों से आपको पीड़ा भी हुई, लेकिन आपने संसद की गरिमा और व्यक्तिगत पीड़ा में से आपने संसद की गरिमा का चुनाव किया। मुझे विश्वास है कि आप तो सफल होंगे ही, लेकिन आपकी अध्यक्षता में ये संसद भी देश की आकांक्षाओं को पूरा करेगी। मैं आपको और इस संसद को बहुत बधाई देता हूं। 

11:34 AM, 26-Jun-2024

पीएम मोदी ने ओम बिरला की जमकर की तारीफ

पीएम मोदी ने कहा, आपका पिछला कार्यकाल संसदीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक कालखंड रहा है। आपकी अध्यक्षता में सदन में जो काम हुआ, वह अपने आप में सदन की भी और आपकी भी विरासत है। जब भी इस बारे में लिखा जाएगा तो भारत के भविष्य को दिशा देने में आपकी लोकसभा अध्यक्षता की बड़ी भूमिका रही है। आपकी अध्यक्षता में नारी शक्ति, जम्मू कश्मीर पुनर्गठन, डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन बिल, मुस्लिम महिला विवाह अधिकार कानून, डायरेक्ट टैक्स समेत सामाजिक आर्थिक और नागरिक कानून पास हुए हैं। जो काम आजादी के 70 साल में नहीं हुए, वो आपकी अध्यक्षता में हुए। लोकतंत्र की लंबी यात्रा में कई पड़ाव आते हैं। कुछ अवसर ऐसे होते हैं, जब हमें कीर्तिमान स्थापित करने का मौका मिलता है। 17वीं लोकसभा पर देश आज भी और भविष्य में भी उस पर गौरव करेगा। आज देश अपनी आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए हर तरह से प्रयास हो रहे हैं, मैं मानता हूं कि नया संसद भवन भी अमृतकाल के भविष्य को लिखने का काम करेगा। 

नए संसद भवन में हमारा प्रवेश आपकी अध्यक्षता में हुआ। आपने संसदीय कार्यप्रणाली को प्रभावी और जिम्मेदार बनाने में कई अहम फैसले लिए। लोकसभा में हम पेपरलैस और डिजिटल व्यवस्था से काम कर रहे हैं। पहली बार आपने सभी सांसदों को ब्रीफिंग के लिए व्यवस्था की थी, उसकी वजह से संसद की चर्चा अधिक बेहतर हुई। आदरणीय अध्यक्ष जी जी20 भारत की अध्यक्षता की खूब चर्चा हुई, लेकिन पी20 का सम्मेलन आपकी अध्यक्षता में हुआ और उस सम्मेलन में भी कई अहम फैसले हुए। उसने दुनिया में भारत के लोकतंत्र को गौरव देने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। 

11:23 AM, 26-Jun-2024

पीएम मोदी का संबोधन

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ये सदन का सौभाग्य है कि आप दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष के पद पर विराजमान हुए हैं। आपको और इस पूरे सदन को मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई देता हूं। इस पूरे सदन की तरफ से भी आपको अनेक-अनेक शुभकामनाएं। अमृतकाल के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दूसरी बार इस पद पर विराजमान होने से आपको बहुत बड़ा दायित्व मिल रहा है। आपके अनुभव और हमारे अनुभव से हमें विश्वास है कि आप हम सभी का मार्गदर्शन करेंगे। मुझे विश्वास है कि आप हर कदम पर नए कीर्तिमान गढ़ते रहेंगे। 18वीं लोकसभा में स्पीकर का कार्यभार दूसरी बार संभालना अपने आप में रिकॉर्ड है। बलराम जाखड़ जी पहले ऐसे अध्यक्ष थे, जो लगातार दो बार अपना कार्यकाल पूरा कर पाए थे। उनके बाद अब आपको यह उपलब्धि मिली है। 

ज्यादातर स्पीकर या तो चुनाव नहीं लड़े हैं या जीतकर नहीं आए हैं। आप समझ सकते हैं कि स्पीकर का काम कितना मुश्किल है कि उनका जीतना मुश्किल हो जाता है। आपने दोबारा जीतकर नया इतिहास गढ़ा है। इस सदन के ज्यादातर सासंद आपसे परिचित हैं और पिछली बार मैंने आपके संबंध में काफी कुछ बातें रखीं थी। आज उन्हें दोहराऊंगा नहीं लेकिन आप जिस तरह से सांसद के रूप में काम करते हैं, वह जानने योग्य और सीखने योग्य हैं। युवा सांसद भी आपसे प्रेरणा लेंगे। आपने अपने क्षेत्र में जिस तरह से स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु अभियान चलाया, वह वाकई प्रेरक है। 

11:15 AM, 26-Jun-2024

ओम बिरला चुने गए लोकसभा स्पीकर

भाजपा सांसद ओम बिरला को लोकसभा का नया स्पीकर चुन लिया गया है। ओम बिरला को ध्वनिमत से स्पीकर चुना गया। पीएम मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी नए स्पीकर ओम बिरला को परंपरा के अनुसार, आसन तक लेकर गए। लगातार दूसरी बार ओम बिरला लोकसभा स्पीकर पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। लोकसभा स्पीकर का चुनाव होते ही प्रोटेम स्पीकर भृतहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया। 

11:10 AM, 26-Jun-2024

शिवसेना यूबीटी सांसद अरविंद सावंत ने के.सुरेश के नाम का रखा प्रस्ताव

शिवसेना यूबीटी के सांसद अरविंद सावंत ने विपक्षी गठबंधन के लोकसभा स्पीकर पद के उम्मीदवार के सुरेश के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे विपक्षी सांसदों ने समर्थन दिया। 

11:07 AM, 26-Jun-2024

टीएमसी के. सुरेश का समर्थन करेगी

टीएमसी ने विपक्षी गठबंधन के लोकसभा स्पीकर पद के उम्मीदवार के सुरेश के नाम का समर्थन करने का एलान किया है। 

11:04 AM, 26-Jun-2024

पीएम मोदी ने ओम बिरला को स्पीकर बनाने का प्रस्ताव रखा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओम बिरला को लोकसभा का स्पीकर बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव का समर्थन रखा। 

11:00 AM, 26-Jun-2024

लोकसभा की कार्यवाही शुरू

प्रोटेम स्पीकर सदन पहुंच चुके हैं और थोड़ी देर में लोकसभा स्पीकर पद के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। फिलहाल बचे हुए सात सांसदों को शपथ दिलाई जा रही है। 

10:47 AM, 26-Jun-2024

'2024 से पहले और 2024 के बाद के सदन में जमीन-आसमान का अंतर'

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, 'सत्तापक्ष को अपना रवैया बदलने की जरूरत है। अगर वो सहमति चाहते हैं तो सबकी बातें सुनने के बाद सहमति होती है और सत्तापक्ष यह तय नहीं कर सकता कि कौन-से मुद्दों को पहले और कौन-से मुद्दों को बाद में लिया जाएगा। आज के बाद सत्तापक्ष को यह संदेश मिलना चाहिए कि 2024 के पहले का सदन और 2024 के बाद के सदन में जमीन-आसमान का फर्क है।'

10:30 AM, 26-Jun-2024

संसद भवन पहुंचे ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए NDA उम्मीदवार ओम बिरला संसद भवन पहुंचे।

10:09 AM, 26-Jun-2024

के. सुरेश बोले- संख्या कोई मुद्दा नहीं

लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए INDI गठबंधन के उम्मीदवार कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा, 'संख्या कोई मुद्दा नहीं है बल्कि एकमात्र मुद्दा परंपरा है। सत्तारूढ़ पार्टी, NDA ने परंपरा को तोड़ा है। इसीलिए हम (चुनाव) लड़ रहे हैं।'

10:04 AM, 26-Jun-2024

आप नेता आतिशी से मिलने पहुंचे अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव दिल्ली की मंत्री और AAP नेता आतिशी से मिलने LNJP अस्पताल पहुंचे। दिल्ली जल संकट और हरियाणा से पानी की आपूर्ति को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के दौरान आतिशी की तबीयत बिगड़ने के बाद 25 जून की देर रात उन्हें यहां लाया गया था।

09:57 AM, 26-Jun-2024

किसी विपक्षी दल के पर्याप्त सांसद न होने से 16वीं व 17वीं लोकसभा में नहीं था नेता प्रतिपक्ष

16वीं और 17वीं लोकसभा में विपक्ष के किसी भी दल के इतने सांसद नहीं जीते थे कि उसे नेता प्रतिपक्ष का पद दिया जा सके। नेता प्रतिपक्ष पद हासिल करने के लिए लोकसभा के कुल 543 सदस्यों के कम से कम 10 फीसदी यानी 54 सांसद होना अनिवार्य है। 16वीं लोकसभा में कांग्रेस के 44 व 17वीं में 52 सांसद जीते थे। इस बार पार्टी के 99 सांसद जीते हैं। हालांकि राहुल गांधी की ओर से वायनाड सीट खाली करने से यह संख्या 98 रह गई है। इसके बावजूद नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने के लिए यह पर्याप्त है।

09:30 AM, 26-Jun-2024

राहुल गांधी ने ममता बनर्जी से की बात

मंगलवार को जब विपक्षी गठबंधन ने लोकसभा स्पीकर पद के लिए के सुरेश का नामांकन कराया था तो टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि उनकी पार्टी से इस बारे में कोई चर्चा नहीं की गई। बनर्जी के इस बयान को गठबंधन में मतभेद के तौर पर देखा गया। अब खबर आई है कि राहुल गांधी ने आज टीएमसी चीफ ममता बनर्जी से बात की है। 

09:27 AM, 26-Jun-2024

...तो पर्चियों से होगा मत विभाजन
लोकसभा के पूर्व महासचिव पीडीटी आचार्य के मुताबिक नए सदन के सदस्यों को अभी सीटें आवंटित नहीं की गई हैं तो इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले प्रणाली का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। पेश किए गए प्रस्तावों को उसी क्रम में एक-एक करके रखा जाएगा, जिस क्रम में वे प्राप्त हुए हैं। यदि आवश्यक हुआ तो उन पर मत विभाजन के माध्यम से निर्णय लिया जाएगा।

यदि अध्यक्ष के नाम का प्रस्ताव पारित हो जाता है (सदन द्वारा ध्वनिमत से स्वीकृत हो जाता है), तो पीठासीन अधिकारी घोषणा करेगा कि सदस्य को सदन का अध्यक्ष चुन लिया गया है और बाद के प्रस्ताव पर मदतान नहीं होगा। यदि विपक्ष मत विभाजन पर जोर देता है तो वोट कागज की पर्चियों पर डाले जाएंगे। इसमें परिणाम आने में थोड़ा वक्त लगेगा।

09:05 AM, 26-Jun-2024

टीएमसी के रुख से राहत
टीएमसी के रुख ने मंगलवार को पहले कांग्रेस को असहज कर दिया था। उम्मीदवार उतारने के सवाल पर सहमति नहीं बनाने के आरोप के साथ टीएमसी ने कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। लेकिन शाम को टीएमसी के रुख में बदलाव दिखा और उसके के सुरेश को समर्थन पर राजी होने से कांग्रेस को राहत मिली।

08:52 AM, 26-Jun-2024

इसलिए विपक्ष को नहीं दे रहे उपाध्यक्ष पद
भाजपा विपक्ष को उपाध्यक्ष का पद देती तो उसे अध्यक्ष पद भी गंवाना पड़ता। अध्यक्ष पर अपने उम्मीदवार के समर्थन के बदले भाजपा ने उपाध्यक्ष पद राजग के दूसरे सबसे बड़े दल टीडीपी को देने का वादा किया है। अगर वह उपाध्यक्ष पद विपक्ष को देती तो अध्यक्ष पद टीडीपी को देने का दबाव बढ़ जाता। सदन में बहुमत से 32 सीट दूर भाजपा, अध्यक्ष पद किसी हाल में अपने हाथ से नहीं जाने देना चाहती।

08:52 AM, 26-Jun-2024

सुरेश को 235 तक का समर्थन संभव
नई लोकसभा में छोटे दलों के नौ और सात निर्दलीय सांसद चुन कर आए हैं। इनमें अकाली दल को छोड़कर अन्य सभी का झुकाव कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में हो सकता है। चूंकि टीडीपी राजग गठबंधन में है। कांग्रेस को वाईएसआरसीपी के साथ की उम्मीद थी, लेकिन वह राजग के समर्थन में है।

08:40 AM, 26-Jun-2024

कांग्रेस के लिए एकता की चुनौती
कांग्रेस के सामने चुनौती विपक्षी गठबंधन में एकता कायम रखते हुए राजग में सेंध लगाने और निर्दलीय व दूसरे छोटे दलों के 13 सांसदों को अपने खेमे में लाने की है। तीन निर्दलीयों पप्पू यादव, विशाल पाटील और मोहम्मद हनीफ के समर्थन के बाद विपक्षी गठबंधन के सांसदों की संख्या 235 हो गई है।

08:08 AM, 26-Jun-2024

अमित शाह तैयार कर रहे रणनीति
राजग की ओर से रणनीति की कमान गृह मंत्री अमित शाह के हाथ में है। उन्होंने मंगलवार को राजग के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक कर गठबंधन की एकता सुनिश्चित की। नेताओं को मतदान के नियम बताए गए और सभी सांसदों की हर हाल में उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

07:59 AM, 26-Jun-2024

राजग को आरामदायक बहुमत
संख्या बल की दृष्टि से भाजपा की अगुवाई वाले राजग को आरामदायक बहुमत हासिल है। राजग के पक्ष में 293 सांसद हैं जो जीत के लिए जरूरी संख्या से 21 ज्यादा हैं। भाजपा की चुनौती यह है कि मतदान के दौरान राजग में यह एकजुटता बनी  रहे। एक भी दल का राजग उम्मीदवार से किनारा करना, गठबंधन में फूट पड़ने का संदेश देगा।

07:59 AM, 26-Jun-2024

प्रतिष्ठा का सवाल
लोकसभा स्पीकर के लिए बुधवार को होने वाला चुनाव भाजपा और इंडिया गठबंधन की अगुवाई करने वाली कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। भाजपा के सामने जहां हर हाल में जीत के इतर राजग में एकजुटता बनाए रखने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस के सामने इंडिया ब्लॉक में शामिल दलों को एकसूत्र में बांधे रखने की। दोनों ही खेमे एकदूसरे के गठजोड़ में सेंध लगाने की कोशिश में भी जुट गए हैं।

07:56 AM, 26-Jun-2024

Lok Sabha Session Live: लोकसभा स्पीकर ने राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मान्यता दी, कार्यवाही स्थगित

Lok Sabha Session Live Updates In Hindi: 18वीं लोकसभा का आगाज स्पीकर के चुनाव के साथ ही डिप्टी स्पीकर पद पर विपक्ष की दावेदारी को लेकर सत्ता पक्ष से टकराव से हो रहा है। नए सदन के पहले दो दिन इन पदों के लिए जोड़-तोड़, चर्चाओं और आरोप-प्रत्यारोप के बीच नए सांसदों की शपथ के नाम रहे। अब सबकी नजर आज होने वाले लोकसभा अध्यक्ष पद के चुनाव पर टिक गई है...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें