केंद्रीय चुनाव आयोग ने 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे से एक जून की शाम 6:30 बजे के बीच एग्जिट पोल के संचालन, प्रकाशन या प्रसारण पर रोक लगा दी है। 19 अप्रैल से एक जून के दौरान लोकसभा और चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाले जाएंगे। आयोग ने बृहस्पतिवार को इस संदर्भ में अधिसूचना जारी की। इसमें साफ किया गया है कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत, मतदान से 48 घंटे पूर्व ओपिनियन पोल या अन्य पोल सर्वे के प्रसारण पर रोक रहेगी।
समर्थकों से चर्चा के बाद तय करेंगी आगे की रणनीति: सुमालता
मांड्या से मौजूदा सांसद सुमलता अंबरीश ने कहा कि वह अपने समर्थकों के साथ चर्चा के बाद आने वाले दिनों में अपनी भविष्य की रणनीति का खुलासा करेंगी। गौरतलब है कि सुमलता अंबरीश को इस बार भाजपा ने टिकट नहीं दिया है। मांड्या सांसद ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। तब उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) के संरक्षक एचडी देवेगौड़ा के पोते निखिल कुमारस्वामी को हराया था।
फिल्म अभिनेत्री से नेता बनीं सुमलता अंबरीश ने दोहराया कि भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में अपने सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) को सीट देने के बजाय अपने लिए सीट आरक्षित करनी चाहिए थी।
रूपाला ने क्षत्रिय समुदाय से एक बार फिर माफी मांगी
केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पुरुषोत्तम रूपाला ने देशी रियासतों के पूर्व शासकों पर अपनी टिप्पणी के लिए शुक्रवार को एक बार फिर माफी मांगी। क्षत्रिय समुदाय ने रूपाला की टिप्पणी पर आपत्ति जताई थी। रूपाला ने 22 मार्च को राजकोट में एक सभा को संबोधित करते हुए टिप्पणी की थी कि तत्कालीन महाराजाओं ने विदेशी शासकों और अंग्रेजों के आगे घुटने टेक दिए थे। रूपाला ने कहा था कि इन महाराजाओं ने उनके साथ रोटी-बेटी का संबंध रखा। रूपाला ने अपनी टिप्पणियों के लिए पहले भी माफी मांगी थी, लेकिन समुदाय की समन्वय समिति ने उसे स्वीकार नहीं किया था।
इस बीच, भाजपा-जेडीएस समन्वय समिति की बैठक हुई। जेडीएस अध्यक्ष एच.डी. देवेगौड़ा ने इस बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सभी नेता बैठक में पहुंचे थे। हम राज्य में सभी 28 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस को हराएंगे।
कांग्रेस ने शुरू की अपनी कुराजनीति
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे सौभाग्य मिला, मेरी प्रसन्नता की कोई सीमा ही नहीं है। अपने घर, अपने लोग, अपने देश वापस आकर कौन खुश नहीं होगा, लेकिन कांग्रेस को ये खुशी नहीं भाई। उन्होंने अपनी कुराजनीति शुरू कर दी।
मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार कंगना रणौत ने रोड शो किया।