तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए साथ आए भाजपा और एआईएसएमके
तमिलनाडु में भाजपा और अभिनेता आर सरथ कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी, एआईएसएमके आगामी लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेगी। सरथ कुमार ने बुधवार को कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन की बातचीत पूरी हो चुकी है और हमने उन्हें आम चुनावों के निर्णय लेने के लिए भी अधिकृत कर दिया है।
ऑल इंडिया समतुवा मक्कल काची (एआईएसएमके) के संस्थापक और पूर्व विधायक ने कहा कि मंगलवार को उनकी भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात हुई थी, जिसमें केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, राष्ट्रीय सचिव एच राजा और पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरविंद मेनन शामिल थे। उन्होंने कहा, एक समृद्ध भारत और केंद्र में एक अच्छा शासन फिर से सुनिश्चित करने, एकता बनाए रखने और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में चुनने के लिए हमने भाजपा के साथ संयुक्त रूप से काम करने का फैसला किया है।
कांग्रेस पार्टी की घोषणापत्र समिति द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को मसौदा घोषणापत्र सौंपा गया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना की कांग्रेस में वापसी
पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना बुधवार को कांग्रेस में लौट आये। जेना को 2019 में कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कांग्रेस ने निष्कासित कर दिया था। एआईसीसी मुख्यालय में पार्टी के ओडिशा प्रभारी अजॉय कुमार ने जेना का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कुछ गलतफहमियां थीं, जो अब स्पष्ट हो गई हैं। मैंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की।
CEC की बैठक में पार्टी उम्मीदवारों पर कांग्रेस करेगी फैसला
कांग्रेस आलाकमान आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को दिल्ली में बैठक करेगा। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों पर विचार और निर्णय लेने वाली कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की पहली बैठक सात मार्च को शाम छह बजे होगी। गौरतलब है कि कांग्रेस ने अभी तक कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। पिछले हफ्ते भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।
गुजरात के कांग्रेस नेता अरविंद लदानी ने माणावदर से विधायक पद से इस्तीफा दिया है, उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को इस्तीफा सौंप दिया है। अरविंद लदानी ने कहा कि हां, समय आने पर मैं भाजपा में शामिल हो जाऊंगा...मुझे उनकी तरफ से कोई कमिटमेंट नहीं दिया गया है, मैंने उनसे कुछ नहीं मांगा।
तापस रॉय ने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा है। नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। गौरतलब है कि संदेशखाली के मुद्दे पर टीएमसी के रुख को लेकर तापस रॉय खासा नाराज थे।
भाजपा नेता तापस रॉय ने कहा कि टीएमसी छोड़ने के कई कारण हैं, जैसे अराजकता, संदेशखाली और माताओं-बहनों के आंसू, मैं यह सब बर्दाश्त नहीं कर सका।
त्रिपुरा का विपक्षी दल 'टिपरा मोथा' भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होगा।
तपन कुमार चंद ने थामा भाजपा का दामन
लोकसभा और ओडिशा विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को ओडिशा में विपक्षी भाजपा में नाल्को के पूर्व सीएमडी तपन कुमार चंद और पांच अन्य पूर्व सैनिक शामिल हो गए। भारतीय जनता पार्टी की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने पार्टी में शामिल होने वाले लोगों को बधाई दी। सामल ने कहा कि मैं सभी का स्वागत करता हूं। उनकी उपस्थिति से ओडिशा में भाजपा मजबूत होगी।
मुंबई में लोकसभा चुनाव के सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए महा विकास अघाड़ी के नेताओं की बैठक हुई।
कर्नाटक में कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची 2-3 दिनों में आएगी: सीएम सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि राज्य में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची दो-तीन दिनों में घोषित की जाएगी। पार्टी के स्थानीय नेताओं की राय के आधार पर उम्मीदवारों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सिद्धारमैया ने कारवार में संवाददाताओं से कहा कि दो से तीन दिनों में कांग्रेस की सूची भी जारी हो सकती है। कल केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है। कर्नाटक के उम्मीदवारों को भी दो से तीन दिनों में अंतिम रूप दिया जाएगा और उनकी घोषणा की जाएगी।
लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सोमवार को पार्टी से इस्तीफा देने वाले कद्दावर नेता तापस रॉय आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
ओडिशा: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में बीजेडी और कांग्रेस के कई नेता बीजेपी में शामिल हुए।
2019 में 7 चरणों में हुआ था मतदान
2019 में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच सात चरणों में हुए थे और वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी। 2019 में वोटर लिस्ट में 90 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल थे, जबकि 2014 के आम चुनाव में 81 करोड़ 45 लाख मतदाता थे। वहीं, इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में 96.8 करोड़ से अधिक नागरिक मतदान करेंगे।
लोकसभा के साथ-साथ 2019 में अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा की विधानसभाओं के लिए भी चुनाव हुए थे। विधानसभा चुनाव के नतीजे भी लोकसभा के परिणाम के साथ घोषित किए गए थे।
2019 में लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को हुआ था। पहले चरण में कुल 20 राज्यों के 91 लोकसभा या संसदीय क्षेत्रों में वोटिंग हुई थी। दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को हुआ था। इस दौरान 13 राज्यों की कुल 97 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ था। तीसरे चरण के लिए 23 अप्रैल को 14 राज्यों की कुल 115 सीटों पर वोटिंग हुई थी।
लोकसभा चुनाव 2019 के चुनाव में चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को निर्धारित था। इस दौरान मतदाताओं ने 9 राज्यों के कुल 71 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, पांचवें चरण के लिए 6 मई को 7 राज्यों की 51 सीटों पर वोटिंग हुई, जबकि छठे चरण में 6 राज्यों की 59 सीटों के लिए 12 मई को वोटिंग हुई। सातवें और आखिरी चरण के लिए 2019 में 8 राज्यों की 59 सीटों पर 8 राज्यों में मतदान हुआ था।
13 मार्च तक पीएम मोदी राज्यों के दौरे पर
चुनाव की घोषणा से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न राज्यों के दौरे पर हैं। पीएम 10 दिन में 12 राज्यों और केंद्र शासित राज्यों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे 29 कार्यक्रमों में भाग लेंगे। पीएम मोदी इस दौरान तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, जम्मू-कश्मीर, असम, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली का दौरा करेंगे। पीएम मोदी 5 मार्च से लगातार 13 मार्च तक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि पीएम के दौरे खत्म होने के बाद चुनाव आयोग कभी भी चुनाव की तारीखों का एलान कर सकता है।
इस दिन हो सकता है लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान
चुनाव आयोग आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का एलान 14-15 मार्च को कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि 2019 के लोकसभा चुनावों की तर्ज पर ही इस बार भी सात चरण में ही चुनाव कराए जा सकते हैं। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में पहले चरण के लिए मतदान हो सकता है।
सूत्रों का कहना है कि चुनाव आयोग अगले हफ्ते किसी भी दिन लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। फिलहाल आयोग आम चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए कई राज्यों के दौरे पर है। सभी राज्यों में तैयारियों का आकलन करने के बाद ही आयोग चुनाव की तारीखों की एलान करेगा।
आयोग के अफसर अभी पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। इसके बाद टीम उत्तर प्रदेश और फिर जम्मू-कश्मीर का दौरा करेगी। ये टीम 13 मार्च तक अपना दौरा पूरा कर लेगी। इस बीच चुनाव आयोग राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ लगातार बैठक भी करेगा।
इस बीच चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक दल भी अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हैं। चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही कई पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सत्तारूढ़ भाजपा ने हाल ही में 195 सीट पर अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। वहीं आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल ने भी अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है।