बीड लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे और इस सीट से राकांपा (एसपी) उम्मीदवार बजरंग सोनावने को उनके चुनाव खर्च में कथित अनियमितताओं को लेकर नोटिस भेजा गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर दीपा मुधोल मुंडे ने मंगलवार को पंकजा मुंडे और उनके प्रतिद्वंद्वी बजरंग सोनावने को नोटिस जारी किया। बीड में लोकसभा चुनाव चौथे चरण में 13 मई को हुए थे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोनावने को 22 अप्रैल से 10 मई के बीच 9.59 लाख रुपये के खर्च को अपने चुनाव खर्च रजिस्टर में शामिल नहीं करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। वहीं पंकजा मुंडे के मामले में, 2 मई से 10 मई के बीच 20.94 लाख रुपये की राशि खर्च की गई, लेकिन उनका व्यय रजिस्टर में इसका उल्लेख नहीं किया गया। अधिकारी ने बताया, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 77 के अनुसार, प्रत्येक उम्मीदवार को नामांकन दाखिल करने की तारीख से परिणाम की तारीख तक अपने खर्च का सही हिसाब देना चाहिए। व्यय पर्यवेक्षक, व्यय दस्तावेजों, वाउचर और रसीदों का उम्मीदवारों द्वारा उनके दैनिक व्यय रजिस्टर में रखे गए रिकॉर्ड से मिलान करते हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री व BJD प्रमुख नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में रोड शो किया।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार को झारखंड के रांची में एक चाय की दुकान पर पहुंचकर चाय का आनंद लिया। लोकसभा चुनाव पर उन्होंने कहा, 'झारखंड में 14 में से 14 सीटें भाजपा जीतेगी। मध्य प्रदेश में 29 में से 29 सीटें भाजपा जीतेगी। भाजपा की एकतरफा लहर है।'
पीएम मोदी ने दिल्ली के द्वारका में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आज ही कोलकाता हाई कोर्ट ने INDI गठबंधन को बहुत बड़ा तमाचा मारा है और 2010 से जारी सारे OBC प्रमाणपत्र रद्द कर दिए हैं, यह इसलिए किया गया क्योंकि पश्चिम बंगाल की सरकार ने मुसलमान वोट बैंक के लिए मुसलमानों को OBC प्रमाणपत्र दे दिए थे। यह वोटबैंक, तुष्टीकरण की राजनीति हर हद पार कर रही है।'
पीएम मोदी ने कहा, 'दिल्ली की प्रतिष्ठित जामिया मिलिया इस्लामिया सेंट्रल यूनिवर्सिटी 60 सालों तक बाकी यूनिवर्सिटी तक एक सामान्य शैक्षिक संस्थान की तरह चल रही थी, इसमें भी दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को आरक्षण मिलता था लेकिन चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस सरकार ने 2011 में अचानक जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी को अल्पसंख्यक यूनिवर्सिटी घोषित कर दिया, इससे जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में 50% आरक्षण मुसलमानों के लिए लागू हो गया।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की रैली में कहा, '5 चरणों के मतदान ने भाजपा, NDA की मजबूत सरकार पक्की कर दी है। देश भी समझ रहा है कि अगर INDI वालों को गलती से भी वोट पड़ गया तो वह वोट देश के लिए कोई काम नहीं आने वाला जबकि भाजपा को दिया गया हर वोट विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के द्वारका में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा 'यह INDI गठबंधन आज देश में फैली हर बुराई का प्रतीक है। INDI गठबंधन के जितने लोग हैं उनमें तीन चीज़ें समान हैं- घोर साम्प्रदायिकता, घोर जातिवाद और घोर परिवारवाद। दिल्ली इनकी साम्प्रायिकता की गवाह है। दिल्ली में जो लुटियन गैंग, जो खान मार्केट गैंग है उसने इन घोर साम्प्रदायिक लोगों की रक्षा करने में अपनी जिंदगी खपा दी।'
अमित शाह ने रामकृष्ण मिशन की संपत्तियों की तोड़फोड़ पर कहा, 'ममता बनर्जी की इस टिप्पणी की मैं घोर निंदा करता हूं। भारत सेवाश्रम संघ वह संस्था है जिसके कारण आज पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा है... भारत सेवाश्रम संघ, इस्कॉन, रामकृष्ण मिशन इस प्रकार की संस्थाओं को बदनाम कर वे मुसलमान मतदाताओं को खुश करना चाहती है... ममता बनर्जी सिर्फ चुनाव जीतने के लिए इन संस्थाओं की प्रतिष्ठा को आहत करने की कोशिश कर रही हैं, मैं इसकी घोर निंदा करता हूं... मैं बंगाल की जनता को अपील करता हूं कि वोट बैंक की राजनीति के लिए ममता बनर्जी अगर इस प्रकार की प्रतिष्ठित संस्थाओं पर आरोप लगाती है तो जनता को भी इसपर गंभीर से सोचना चाहिए।'
पश्चिम बर्धमान के दुर्गापुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणी पर कहा, 'यह मामला मूलतः वहां से है जब ममता बनर्जी ने 118 मुसलमान जातियों को बिना किसी पिछड़ेपन के सर्वे प्रक्रिया के OBC का आरक्षण दे दिया, कोई कोर्ट में गया और कोर्ट ने इसका संज्ञान लेकर 2010 से 2024 तक जितने प्रमाणपत्र जारी हुए हैं उसका स्थगन आदेश दिया। ममता बनर्जी पिछड़े वर्ग के आरक्षण पर डाका डालकर मुसलमानों को देना चाहती हैं। मैं हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं। मैं बंगाल की जनता से पूछना चाहता हूं कि कोई मुख्यमंत्री, संवैधानिक पद पर बैठा कोई व्यक्ति ऐसा हो सकता है कि हाई कोर्ट के आदेश को न मानें, किस प्रकार की मानसिकता से बंगाल का लोकतंत्र गुजर रहा है। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं... हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हाई कोर्ट के फैसले का अमल हो और पिछड़े वर्ग को उनका अधिकार मिले न कि तुष्टीकरण और वोट बैंक की नीति के कारण उन्हें मिले जो पिछड़े नहीं है... भाजपा इसका विरोध करती है क्योंकि संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की कोई अनुमति नहीं देता।'
झारखंड में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रांची में स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक नृत्य किया।
ओडिशा की सत्ताधारी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने बुधवार को भाजपा नेता संबित पात्रा के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। आरोप है कि पुरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार संबित पात्रा ने अपने एक विज्ञापन में श्री जगन्नाथ मंदिर की तस्वीर का इस्तेमाल किया। बीजद का आरोप है कि विज्ञापन की पृष्ठभूमि में श्री जगन्नाथ मंदिर के साथ ही संबित पात्रा की तस्वीर है और भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का निशान भी है।
बीजद ने संबित पात्रा के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें कथित तौर पर पात्रा ने कहा था कि भगवान जगन्नाथ भी मोदी के भक्त हैं। इस बयान से करोड़ों ओडिशा वासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। हालांकि पात्रा ने कहा कि वह टिप्पणी अनजाने में की गई थी और उन्होंने माफी भी मांगी। बीजद ने विज्ञापन को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया।
हरियाणा के पंचकुला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'दो मुख्यमंत्री गिरफ्तार हुए लेकिन आदिवासी मुख्यमंत्री अब भी जेल में हैं। वे पहले जेल गए लेकिन अब तक बाहर नहीं आए... मायावती भ्रष्ट हैं लेकिन नवीन पटनायक भ्रष्ट नहीं है, लालू यादव भ्रष्ट हैं, बड़ी अजीब बात है अपने आप फ्रेमिंग हो जाती है।'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय मंत्री और बांकुड़ा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुभाष सरकार के समर्थन में रोड शो किया।
लोकसभा चुनाव के दौरान 20 मई को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक पुलिसकर्मी पर कथित तौर पर चिल्लाने को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटिल के खिलाफ गैर-संज्ञेय अपराध दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय राज्य पंचायती राज मंत्री भिवंडी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और इस बार भी इसी सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं।
अपनी शिकायत में, पुलिस उप-निरीक्षक ने कहा कि मंत्री और चार अन्य लोग कुछ मुद्दों पर 20 मई को भिवंडी के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे, जहां वह तैनात थे। उस दिन राज्य में आम चुनाव के पांचवें और आखिरी चरण में भिवंडी और महाराष्ट्र की 12 अन्य सीटों पर मतदान हुआ। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि मंत्री कथित तौर पर पुलिसकर्मी पर चिल्लाए, उन्हें धमकाया और उनके काम में बाधा डाली। उन्होंने कहा, पाटिल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 186 (लोक सेवक को कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत गैर-संज्ञेय अपराध दर्ज किया गया है। गैर-संज्ञेय अपराधों में, पुलिस अदालत की अनुमति या निर्देश के बिना न तो एफआईआर दर्ज कर सकती है, न ही जांच कर सकती है और गिरफ्तारी भी नहीं कर सकती है।
झारखंड के गोड्डा में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा सांसद और गोड्डा से भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे के साथ रोड शो किया।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'जो घमंडिया गठबंधन बना है उसमें न नेता है, न नीति। अगर इनकी सरकार बनती है तो ये पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब दे सकते हैं क्या? घुसपैठ रोक सकते हैं? गाय तस्करी रोक सकते हैं? इनके पास कोई नेता नहीं है। दीदी का मकसद सिर्फ और सिर्फ अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना है।'
चुनाव आयोग ने भाजपा और कांग्रेस को नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में आयोग ने दोनों पार्टियों के स्टार प्रचारकों को प्रचार के दौरान जाति, धर्म, भाषा के आधार पर बयानबाजी न करने को कहा है। आयोग ने दोनों पार्टियों के प्रचारकों को धर्म और संप्रदाय के आधार पर बयानबाजी करने से मना कर दिया है। आयोग ने कहा है कि समाज को बांटने वाले बयानों से बचा जाना चाहिए। आयोग ने कांग्रेस को संविधान, अग्निवीर पर बयानबाजी न करने को कहा है और कहा है कि सशस्त्र बलों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'कांग्रेस की नीतियां हमेशा आपको मजबूती देने के लिए रही हैं। भाजपा सरकार आपको नहीं जानती और उचित नीतियां नहीं बना पा रही है...आपके मुख्यमंत्री को फर्जी बयानों और मुकदमों के आधार पर चुनाव से पहले जेल भेजा गया है। उनके खिलाफ दायर मामला कभी भी सच नहीं हो सकता...आप उनके बिना चुनाव लड़ने के लिए मजबूर हैं...प्रधानमंत्री मोदी ने सोचा होगा कि वे हेमंत सोरेन को जेल में डालकर आसानी से चुनाव जीत लेंगे...लेकिन आज कल्पना जी हेमंत जी की लड़ाई लड़ रही हैं। वो शेरनी की तरह सभी समस्याओं का सामना कर रही हैं...मैं उन्हें अपनी छोटी बहन और 'नारी शक्ति' का प्रतीक मानती हूं।'
उत्तर प्रेदश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'आजादी के बाद देश में लगातार सत्ता में रहने के बाद झूठ कांग्रेस बोलती है। कांग्रेस तो झूठ बोलने की मशीन है। उनके पास हमारे खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। जब भी कांग्रेस की सरकार रही उन पर बड़े-बड़े भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप लगते रहे लेकिन पीएम मोदी के खिलाफ एक भी आरोप नहीं है। पीएम मोदी ने गरीबों की भलाई के लिए 10 सालों में जितने काम किए वे(कांग्रेस) 60 सालों में भी नहीं कर सकते... उनको विकसित भारत का स्वप्न देखने का भी साहस नहीं हुआ और पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का नारा भी दे चुके हैं।'