गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने आणंद लोकसभा सीट पर एक चुनावी रैली को संबोधित किया।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, 'पहले चरण का मतदान 19 तारीख को होगा और कल प्रचार का आखिरी दिन है। सिर्फ राजस्थान में ही नहीं बल्कि पूरे देश में बदलाव की चाह है। कांग्रेस के घोषणापत्र और INDIA गठबंधन को लोग आर्शीवाद देना चाहते हैं। बीजेपी सरकार को लोग परख चुके हैं, हर मोर्चे पर वो नाकामयाब रहें। मैं मानता हूं कि ये चुनाव निर्णायक चुनाव है।..राजस्थान में मैं कह सकता हूं कि बीजेपी से अधिक कांग्रेस सीट जीतेगी।'
भारत निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों से चुनाव प्रचार के लिए इस्तेमाल किए जा रहे विमानों, हेलीकॉप्टरों के बारे में विवरण देने को कहा है, जिसमें उनके मूल और गंतव्य स्थान तथा उनमें सवार लोगों का विवरण भी शामिल है। मुंबई उपनगर जिले के उप निर्वाचन अधिकारी तेजस सेमल के 12 अप्रैल के एक पत्र में कहा गया है कि यात्रा करने से तीन दिन पहले जिला निर्वाचन कार्यालय को यह जानकारी देनी होगी। पत्र के अनुसार आदर्श आचार संहिता के तहत यह जानकारी जमा करनी होगी जिसे निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में झारग्राम जिले के संकरैल में प्रचार अभियान के दौरान उनके उम्मीदवार पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने हमला कराया। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या उसके कार्यकर्ताओं से अधिक थी। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, 'झारग्राम (लोकसभा सीट) पर हार भांपते हुए तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने भाजपा उम्मीदवार प्रणत टूडू और पार्टी कार्यकर्ताओं पर पुलिस के सामने उस वक्त हमला कर दिया जब वे इलाके में रोहिणी से रोघरा जा रहे थे।' भाजपा ने निर्वाचन आयोग से अनुरोध किया कि घटना का संज्ञान लें और राज्य में निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए उचित कदम उठाएं। उसने एक पोस्ट में कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। पश्चिम बंगाल पुलिस मूकदर्शक बनी रही। ममता बनर्जी एक आदिवासी नेता को निशाना बना रही हैं क्योंकि वह नेता लोकप्रिय हैं और उन्हें झारग्राम का समर्थन मिल रहा है।' तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को निराधार बताया। पार्टी के एक स्थानीय नेता ने कहा, 'भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक थी जबकि मौके पर हमारे सात से आठ लोग ही थे। उन्होंने ही हमारा पीछा किया।'
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में गृहमंत्री अमित शाह का रोड शो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी में किया रोड शो। पीएम मोदी जब गुवाहाटी पहुंचे तो सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने उनका स्वागत किया।
राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शोभा करंदलाजे ने कहा, 'संविधान को ख़त्म करने का काम हमने नहीं कांग्रेस ने किया है... संसद में प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार संविधान पर चर्चा की और हमारी सरकार ने बीआर अंबेडकर को सम्मान दिया।'
आप नेता संजय सिंह बोले- विपक्षी गठबंधन एकतरफा अंदाज में चुनाव में जीत दर्ज करेगा।
कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए झारखंड में 3 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। दीपिका पांडे सिंह गोड्डा से चुनाव लड़ेंगी कृष्णा नंद त्रिपाठी चतरा से चुनाव लड़ेंगी अनुपमा सिंह धनबाद से चुनाव लड़ेंगी।
भाजपा सांसद हेमामालिनी पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई की है। चुनाव आयोग ने रणदीप सुरजेवाला को 48 घंटे प्रचार करने से रोक दिया है। इस दौरान सुरजेवाला प्रचार करते नहीं दिखेंगे, न ही कोई रैली या जनसंपर्क कर सकेंगे। सुरजेवाला ने बीते दिनों हरियाणा के कैथल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद हेमामालिनी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसे लेकर भाजपा ने सुरजेवाला को निशाने पर ले लिया था। आलोचना होने पर सुरजेवाला ने सफाई देते हुए कहा था कि उनका इरादा हेमामालिनी का अपमान करना नहीं था। सुरजेवाला ने ये भी दावा किया कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।
सहारनपुर में योगी आदित्यनाथ का रोड शो, जमकर उमड़ी भीड़।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक के काफिले की तलाशी ली। निशिथ प्रमाणिक कूच बिहार लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। कूच बिहार के दिनहाता नाका चेकिंग पर भाजपा उम्मीदवार की कार की तलाशी ली गई। हाल ही में आयकर विभाग ने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के हेलीकॉप्टर की तलाशी ली थी। पुलिस ने बताया कि यह एक रुटीन चेकिंग थी और तलाशी में कुछ नहीं मिला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'TMC के बंगाल में किस चीज की परमिशन मिलेगी, किसकी परमिशन नहीं मिलेगी, ये कानून तय नहीं करता। ये TMC के तोलाबाज और गुंडे तय करते हैं। बंगाल में रामनवमी की शोभायात्रा की अनुमति नहीं मिलती। उसके लिए श्रद्धालुओं को कोर्ट जाना पड़ता है। लेकिन रामनवमी और दुर्गा पूजा की शोभा यात्राओं पर पत्थर फेंकने वालों को TMC सरकार ने पूरी परमिशन दे रखी है।'
केंद्रीय मंत्री और गुना निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'जिस पार्टी ने अपने सिद्धांत से हटकर भगवान राम के मंदिर का निमंत्रण ठुकराया हो, उस दल को जनता आने वाले 4 जून को (जब चुनाव के नतीजे आएंगे) ठुकराकर उसे जवाब देगी।'
बंगाल की रैली में पीएम मोदी ने कहा कि 'TMC को लगता है कि दलित, आदिवासी, गरीब अपनी मर्जी से चलने के लिए आजाद नहीं हैं, लेकिन ये चुनाव इन्हें बताएगा कि बाबा साहेब अंबेडकर के लोकतंत्र में दलित, वंचित, आदिवासी, TMC के गुलाम नहीं हैं। आदिवासी महिलाओं को घुटनों पर बैठाने वाली TMC, जल्द ही घुटनों पर आ जाएगी।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, 'बंगाल के विचार आज बीजेपी के विजन का हिस्सा है। अपने इसी विजन के साथ बीजेपी ने संकल्प पत्र जारी किया है। बीजेपी का ये संकल्प पत्र मोदी का गारंटी कार्ड है। रायगंज का उत्साह ये बता रहा है कि बंगाल में ये नया साल नई आशा लेकर आया है...आज हर कोई यही कह रहा है कि 4 जून 400 पार....फिर एक बार मोदी सरकार।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हमारा सपना है कि पूर्वी भारत में भी बुलेट ट्रेन दोड़नी चाहिए।'
आम आदमी पार्टी ने जारी की अपने स्टार प्रचारकों की सूची। 40 नामों में सीएम अरविंद केजरीवाल, सुनिता केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, राघव चड्ढा आदि का नाम शामिल है।
केरल की वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ को समर्थन देने का एलान किया है। वेलफेयर पार्टी, जमात ए इस्लामी हिंद की राजनीतिक शाखा मानी जाती है। वेलफेयर पार्टी ने कहा कि कांग्रेस को ज्यादा सीटें मिलेंगी, जो संघ परिवार को सत्ता से बेदखल करने में अहम है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रजाक पालेरी ने कहा कि 'वेलफेयर पार्टी की कार्यसमिति ने तय किया है 2019 के आम चुनाव की तरह उनकी पार्टी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ का समर्थन करेगी, जो कि INDIA गठबंधन की अहम पार्टी है।'
कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पीएम मोदी भ्रष्ट नेताओं को टिकट दे रहे हैं और पूछा कि ऐसे प्रधानमंत्री कैसे भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि बंगाल में भाजपा की वॉशिंग मशीन जोर-शोर से चल रही है। कांग्रेस के महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने बंगाल में भाजपा की रैली पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जब पीएम मोदी बंगाल में हैं तो एक सवाल है, क्या ईडी तापस रॉय को भूल गई है? क्या भाजपा गोरखालैंड को लेकर सिर्फ खोखले वादे कर रही है? क्या पीएम मोदी जस्टिस गांगुली को गांधी और गोडसे के बीच चुनने में मदद करेंगे?
पश्चिम बंगाल के बालुरघाट में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "...ये पहली रामनवमी है जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला विराजमान हो चुके हैं। मुझे पता है कि TMC ने हमेशा की तरह यहां रामनवमी उत्सव को रोकने के लिए पूरी कोशिश की। परन्तु जीत सत्य की ही होती है। इसलिए कोर्ट से अनुमति मिल गई है और कल पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ रामनवमी की शोभायात्राएं निकलेंगी।"
पीएम मोदी ने कहा कि यहां के आदिवासी समाज के त्याग और बलिदान का देश पर बड़ा कर्ज़ है...आज भाजपा यहां आदिवासियों और दलितों के सम्मान के लिए लड़ रही है...भाजपा ने ही देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति दी है...TMC जैसी पार्टी दलित, आदिवासी महिलाओं को अपना बंधक बनाकर रखना चाहती है...ये चुनाव इन्हें बताएगा कि दलित, वंचित और आदिवासी TMC के गुलाम नहीं है और नहीं रहेंगे।